मेरे लिए साहित्य सिनेमा से ज्यादा महत्वपूर्ण है

माडत्त तेक्केप्पाट्ट वासुदेवन नायर (1932-2024) को एमटी के नाम से साहित्य जगत के लोग जानते और मानते हैं। वे मलयालम भाषा के महान लेखक, पटकथाकार और फिल्म निर्देशक रहे हैं। एमटी आधुनिक मलयालम के एक प्रमुख साहित्यकार थे। उन्होंने 23 साल की उम्र में अपना पहला उपन्यास ‘नालुकेट्ट’ लिखा था। इसे 1958 का केरल साहित्य अकादमी पुरस्कार मिला। उनके अन्य चर्चित उपन्यास मंज (बर्फ), कालम (जमाना), असुरावित्त (हरामजादा) और रंडामूषम (दूसरी बारी) आदि हैं।

एमटी अपने बाद की पीढ़ी के कई प्रसिद्ध लेखकों को प्रोत्साहन और आकार देने में सक्षम थे। ‘मातृभूमि’ साप्ताहिक के संपादक के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कई नए लेखकों को आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण कार्य किया।

एम. टी. वासुदेवन नायर से कई बार में  बातचीत यहां सुव्यसस्थित रूप से प्रस्तुत है। इसे एमटी का अंतिम साक्षात्कार मान सकते हैं।

एन.पी. हाफिस मुहम्मद: ख्याति और पुरस्कारों के शिखर पर विराजमान, मलयालम भाषियों के सबसे बड़े आकर्षणों में से आप एक हैं। अपने साहित्यिक विकास की व्याख्या कैसे करेंगे?

एमटी वासुदेवन नायर: मैंने उस समय लिखना शुरू किया था जब इतना भी नहीं पता था कि यह छपकर आएगा, लोग इसे पढ़ेंगे, पुरस्कार मिलेगा या फिर कुछ पारिश्रमिक भी मिलेगा। मैंने महान प्रतिभाओं द्वारा लिखी कई किताबें पढ़ी हैं और मलयालम के वरिष्ठ लेखकों की कृतियां भी देखी हैं। मैं उन सबकी तरह अपने ढंग से लिखना चाहता था। इसलिए मैंने थोड़ा-थोड़ा लिखना शुरू किया। मुझे नहीं पता था कि यह मेरी नौकरी होगी या इसके लिए वेतन मिलेगा। अप्रत्याशित रूप से मुझे एक कहानी पर पांच रुपए का पारिश्रमिक मिला। बशीर, एसके, तकष़ी, देव, उरुब आदि के जैसे कुछ लिख पाने की सोच कभी मेरी नहीं थी। उनकी जैसी हमारी भी एक अलग दुनिया है। मैंने कई कहानियां लिखीं। अच्छी नहीं लगीं तो उनमें से कइयों को मैंने निर्दयतापूर्वक काटा। फिर से प्रयास किया। मुझे विश्वास था कि यह किसी भी देश के लेखक के लिए एक महत्वपूर्ण सबक है। इस तरह कुछ कहानियां तत्कालीन प्रमुख पत्रिकाओं में छपकर आईं। पत्र मिले। बहुतों ने फोन किया। मैंने लिखना जारी रखा। पाठक भी खूब मिले। अब, यहां तक पहुंच गया हूँ।

सवाल: क्या परिवार में कोई लेखन को प्रोत्साहित करता था?

एमटी वासुदेवन नायर: मिट्टी के तेल के लैंप जलाकर रात भर स्टोर रूम में जागते हुए हम क्या और क्यों लिखते हैं – मां सहित परिवार वालों का यह सवाल था। वह केरोसिन की तंगी का समय था। मां की चिंता इसलिए भी थी। मैं पन्नों पर जो लिखता था उसे किसी ने नहीं देखा। किसी ने पता भी नहीं किया।

हम छोटे तबके के किसान थे। हमारे दो मवेशी थे। उन्हें बिना दाना खाए खेत से होते हुए घाट के पार ले जाना पड़ता था। यह काम आमतौर पर चाचाओं द्वारा किया जाता था। हम उस काम को अच्छे से कर लेने पर चाचा हमारी चिंता करते थे। मैं ऐसी ही स्थितियों में बड़ा हुआ हूँ। आसपास कोई किताब नहीं। कोई पत्रिका नहीं। पढ़ने के लिए बहुत दूर तक चल कर जाना पड़ता था। जो मिलता था, मैं पढ़ लेता था। कहीं से उधार लेकर पढ़ता था।

सवाल: आपके लेखन के बारे में चाचा और मां को कब पता चला? उन लोगों ने कब आपका लिखा हुआ कुछ पढ़ा?

एमटी वासुदेवन नायर: चाचा लोगों ने कभी देखा ही नहीं। कुछ समय बाद जब मैंने ‘करक्किडकम’ नामक कहानी लिखी तो वह छपकर आई। भानजे-भतीजों के घर पर आते समय अतिथि सत्कार करने वाली मां की परेशानी का उसमें जिक्र था। बाद में कभी, पिता के घर जाने पर भतीजों में से एक ने कहा, ‘हमने तुम्हारी कहानी शंकुन्नी मामा को पढ़ कर सुनाया। चुपचाप वह उठ कर चले गए।’ मुझे बड़ा डर लगा कि जरूर कुछ दिक्कत होगी। उन लोगों के लिए कहानी लिखना कोई गंभीर बात नहीं थी। वे ठेठ गंवार थे। इसी दुनिया में मेरी सारी शुरुआती कहानियों का जन्म हुआ था।

सवाल: कालिकट आने पर जिंदगी बिलकुल बदल गई न?

एमटी वासुदेवन नायर: हां, बाद में कालिकट शहर आ गया। कालिकट में महान लेखक जैसे एसके, तिकोडियन, उरुब आदि रहते थे। मैं प्रशिक्षु पत्रकार के रूप में कालिकट आया था। बीच-बीच में एक कॉलेज में पढ़ाता भी था। मुझमें महान लेखकों की श्रेणी में शामिल होने का साहस नहीं था। कुछेक कहानियां ही लिखी थीं। एनपी मुहम्मद से मिलने का साहस मैंने किया। एनपी मुझसे चार साल बड़े थे। वह मुझे मिठाईतेरु के लकी होटल ले गए। सीढ़ियां चढ़कर हम ऊपर की मंजिल पर बैठ गए। चाय के लिए कहा। उन्होंने पूछा कि कुछ खाने को चाहिए। जबरदस्ती एक केला खिलाया। उस दिन नौकरी के बारे में बातचीत हुई। साहित्य की कोई चर्चा नहीं हुई। मेरी पुरस्कृत कहानी ‘वलरतुमृगंगल’ (पालतू जानवर) को एनपी ने मातृभूमि कार्यालय में पढ़ा था।

सवाल: बाद में मुलाकातों का वह संबंध साथ उपन्यास लिखने तक के रिश्ते में बदल गया?

एमटी वासुदेवन नायर: किताबें पढ़ना हमें करीब ले आया। एनपी गंभीर पुस्तकें कहीं से भी ढूंढ़ कर लाते थे। कालिकट या एर्नाकुलम में तब  अंग्रेजी किताबें मिलती नहीं थीं। कालिकट के पीके ब्रदर्स और केआर ब्रदर्स केवल मलयालम किताबें बेचते थे। लंबे समय बाद बालाकृष्ण मरार ने कोर्ट रोड में किताबें बेचनी शुरू की। जिनमें अच्छी किताबें खोजने की प्रतिभा है, उनके पास अच्छी किताबें ढूंढ़ती हुई आ जाती हैं। पुस्तक एक जीव है। हेमिंग्वे, फॉल्कनर और दोस्तोयेव्स्की हमें ढूंढ़ते हुए आए!

उस समय की एक बहुचर्चित किताब ट्रूमैन कपोटी की ‘अदर वॉयसेस अदर रूम्स’ को एनपी कहीं से जुगाड़ कर ले आया। डीएच लॉरेंस की ‘लेडी चैटरलीज लवर’ के प्रकाशन पर अदालत ने रोक लगा दी थी। सुनने में आया कि अनुकूल फैसला आने पर अप्रत्याशित रूप से पूर्णा बुक्स ने इस पुस्तक को प्रकाशित किया था। मद्रास के वी. अब्दुल्ला के माध्यम से पुस्तक की प्रति एनपी ने प्राप्त की। हमने प्रकाशित पुस्तक और प्रतिबंधित प्रति को साथ रखकर तुलनात्मक अध्ययन किया।

सवाल: सुना है, यह दोस्ती सिर्फ साथ पढ़ने तक नहीं थी। क्या यह सही है?

एमटी वासुदेवन नायर: हम दोनों की रुचियां कुछ हद तक एक जैसी थीं। हम तमिल फिल्में देखने जाते थे। क्राइम उपन्यासों को पढ़कर मन को शांत रखते थे। मुझे नगरपालिका पुस्तकालय का सदस्य बनना था तो काउंसिलर का हस्ताक्षर एनपी ने ही करवा दिया था। एनपी के पिता अबू ही उस समय नगरपालिका के काउंसिलर थे।

सवाल: आपकी मित्रता बढ़ती गई? ‘अराबिप्पोन्नू’ मलयालम का प्रथम सामूहिक लेखन कार्य है।

एमटी वासुदेवन नायर: अरब देशों के सोने के कारनामे से संबंधित जोश भरी कहानियां सुनने पर एक क्राइम उपन्यास लिखने की हमारी योजना बनी। जब हम दोनों ने मिलकर लिखने के लिए जानकारी जुटाई तो यह एक अपराध कथा से अलग सामाजिक उपन्यास में बदल गया। ‘अराबिपोन्नु’ का पहला ड्राफ्ट दस दिनों में मेलाट्टूर के पास करुवाराकुंड के त्रिकडीरी ब्राह्मण के भंडार गृह में लिखा गया था। फिर दोबारा लिखने और पुस्तक रूप देने में एक साल लग गया था।

सवाल: आपकी कहानियां ‘मातृभूमि’ साप्ताहिक में प्रकाशित हुई हैं। आप उसके संपादकीय बोर्ड के सदस्य थे, क्या इस कारण ऐसा हुआ?

एमटी वासुदेवन नायर: मेरे लंबे कार्य काल के दौरान ‘मातृभूमि’ साप्ताहिक में मेरी केवल छह या सात कहानियां ही प्रकाशित हुई हैं। वह भी मजबूरी की स्थिति में। मैं जिस पत्रिका में नौकरी कर रहा हूँ, उसमें मेरी रचनाओं का छपना ठीक नहीं लगने के कारण ऐसा हुआ था। मैं समझता था कि उच्च अधिकारियों के जाने बगैर मेरी रचनाओं को छापना अनुचित नहीं तो क्या है।

सवाल: लेखन में खोज की तरह बहुत कुछ काटना-छांटना भी होता है?

एमटी वासुदेवन नायर: लिखी हुई सामग्री को कई बार पढ़ेंगे। अनुच्छेदों को बदल देंगे। कुछ वाक्यों को सुधारा जाएगा। कई शब्दों को निकाल देंगे। फिर से लिखा जाएगा। तब यदि संतोषजनक हुआ तब प्रकाशन हेतु भेजा जाएगा। मेरी कई कहानियां आधी-अधूरी छोड़ दी गई हैं। फेंके गए पन्ने अकसर कागज के पुराने बंडलों में पाए जाते हैं। जब उन्हें देखेंगे तो आपको याद आएगा कि आपने उन्हें क्यों छोड़ा था। वे अजन्मे शब्दों के रूप में वैसे ही पड़े रहेंगे।

सवाल: क्या बाद में कभी आपने उस रचना को पूरा करने के बारे में सोचा है जिसे एक बार अधूरा छोड़ दिया था?

एमटी वासुदेवन नायर :  ऐसा शायद ही कभी हुआ हो। लेकिन अब मैं पहले की तुलना में अधिक सावधान हूँ। बहुत अधिक उपयोगी लगने पर उसका किसी तरह उपयोग कर लेता हूँ। एक अनुभव हुआ तो कहानी लिखी। उसे अंग्रेजी में भी प्रकाशित किया। एक बार किसी ने फोन करके कहा, ‘मैंने आपकी मलयालम रचना नहीं पढ़ी, लेकिन अंग्रेजी में पढ़ी। यू हैव रिटन एबाउट मी।’ मैंने कहा, ‘नहीं, बिलकुल नहीं’ वह किसी दूसरे व्यक्ति के अनुभव के आधार पर लिखी कहानी थी। ये सारी बातें उन्हें बताईं। मैंने उस व्यक्ति का परिचय भी दिया। तब भी वह गृहस्थिन विश्वास नहीं कर रही थी।

सवाल: कौन-सी कहानी है?

एमटी वासुदेवन नायर : बिक्री के लिए यदि किसी को परेशानी हो सकती है, तो मैं उसके बारे में नहीं लिखता हूँ। यदि उसकी सख्त जरूरत महसूस होती है तो उपयोग किए बिना रहता भी नहीं हूँ।

सवाल: लेखक के रूप में, आप स्वयं एमटी वासुदेवन नायर का मूल्यांकन यानी रेटिंग कैसे करेंगे?

एमटी वासुदेवन नायर: ऐसा तो नहीं है कि मैंने जो लिखा सब अच्छा है। मैं एक ऐसा व्यक्ति हूँ जिसने कमोबेश अच्छा लिखा है। मैंने बहुत कुछ पढ़ा जरूर है। विश्व साहित्य की महत्वपूर्ण रचनाओं को मैंने पढ़ा है। मैंने कुछ अच्छी रचनाएं लिखी हैं। बस, इतना काफी है।

सवाल: क्या आगे कुछ लिखने के लिए बाकी है?

एमटी वासुदेवन नायर: यदि वक्त मिलता है तो मुझे और भी लिखना है। अभी भी लिखने की अदम्य इच्छा है। बीमारियां अड़चन बन जाती हैं। अब फिल्म से जुड़ कर कार्य करने की शक्ति नहीं है। फिल्मी दुनिया मेरी उम्र के साथ तालमेल नहीं बिठा पाएगी।

सवाल: अपने लेखन के बारे में आप क्या कहना चाहेंगे?

एमटी वासुदेवन नायर: मैंने केवल देखी-परिचित बातें ही लिखीं। गांव की कई कहानियां मेरी मां ने सुनाईं। मां, दादी, चाचा आदि की सुनाई पुरानी कहानियां मन में कहीं न कहीं अंकित रहती हैं। कहानी लिखते समय अनजाने वे चीजें बाहर निकल आती हैं।

सवाल: कहानी लिखते समय के महत्वपूर्ण क्षणों के बारे में क्या कहना चाहेंगे?

एमटी वासुदेवन नायर: मेरे लिए यह एक अद्भुत अनुभव है। जब मैं कोई कहानी लिख रहा होता हूँ, कुछ ऐसी परिस्थितियां सामने आ जाती हैं जिनके बारे में मुझे पता ही नहीं रहता। खुद की जानकारी के बगैर हमारे जेहन में सुरक्षित कोई पात्र या कथानक आकर हमें आश्चर्यचकित कर देता है।

सवाल: कोई सुखद अनुभव…

एमटी वासुदेवन नायर: मैं सात बार अमेरिका जा चुका हूँ। मेरी बिटिया सितारा के वहां पढ़ने जाने के बाद ही ये यात्राएं हुईं। वे यात्राएं तब होती थीं जब मुझे व्याख्यान देने या भाषण देने का निमंत्रण मिलता था। एक बार डॉ. अक्कु के साथ मेरे रहने की व्यवस्था की गई थी। उनके पास एक बिल्ली थी। उन्होंने मुझसे कहा, डरो मत। हमने उसके नाखूनों का ऑपरेशन करके निकाल दिया है। पंजों के बिना ‘बिल्लीपन’ खो जाता है। मैंने सोचा, फिर यह कैसी बिल्ली है! अमेरिका की उस कहानी में बिल्ली आ गई। बिल्ली के अगल-बगल में पात्र भी तैयार हुए। ‘शरलक’ नामक कहानी तैयार हुई। अमेरिका की यात्राओं के लंबे समय बाद ‘शरलक’ लिखना हुआ। इस तरह आश्चर्यचकित कर देने वाले कई क्षण कहानी लिखने वालों के साथ जरूर होंगे।

सवाल: यह सर्वविदित है कि कहानी और फिल्म दोनों क्षेत्रों में आप सिद्धहस्त हैं। कहानी लेखन में फिल्म कभी उपयोगी साबित हुई है?

एमटी वासुदेवन नायर: फिल्म से कहानी को काफी फायदा होता है। फिल्म की दृश्यात्मकता कहानी में भी आ जाती है। कहानी और फिल्म दोनों आपस में फायदा उठाती हैं। ये एक-दूसरे पर निर्भर भी रहती हैं।

सवाल : फिल्म की लोकप्रियता बहुत अधिक है। आप इसे किस प्रकार देखते हैं?

एमटी वासुदेवन नायर: मैंने प्रारंभ से ही सिनेमा और साहित्य को दो श्रेणियों में रखा है। इसलिए कहानीकार के तौर पर मुझे कोई दिक्कत महसूस नहीं हुई। सिनेमा की एक खास दुनिया है। लोग कहानी पढ़ने से ज्यादा फिल्म देख रहे हैं। सिनेमा लोकप्रिय मीडिया है। जो लोग फिल्में देखते हैं, जरूरी नहीं कि वे कहानियों के पाठक हों। कहानी पढ़ने वाले बहुत-से लोग फिल्म देखने वाले होते हैं। जब मिलते हैं तो फिल्म के प्रशंसक पूछेंगे ‘अभी कुछ कर रहे हैं?’ यानी वे अगली फिल्म की जानकारी चाह रहे होते हैं। लेकिन पाठक ऐसा नहीं पूछेंगे। वे पूछेंगे कि आपने आखिरी बार अमुक कहानी लिखी थी, उसके बाद कोई कहानी आपकी नहीं आई!

सवाल: कई लेखकों के लिए सिनेमा देखना छुट्टी मनाने की तरह है। आपने स्वयं कहा था कि प्रसिद्ध नाटककार आर्थर मिलर हॉलीवुड के लिए लिखकर पैसा कमा रहे थे, बाद में अपनी पसंद के नाटक लिखने के लिए ऐसा कर रहे होते हैं।

एमटी वासुदेवन नायर: फिल्म के माध्यम से आपको अधिक आय प्राप्त होगी। लेकिन मेरे लिए साहित्य सिनेमा से ज्यादा महत्वपूर्ण है। फिल्म के लिए लिखने के बाद अच्छा पारिश्रमिक  मिलेगा। रचनाकारों का ऐसा कोई पेंशन नहीं होता है। लेकिन पाठक रचनाकारों को पेंशन देते रहेंगे। मेरी पुस्तक मेरी अपनी है। फिल्म कई लोगों की सृष्टि है। मेरे लिए कहानी लिखना महत्वपूर्ण है।

सवाल: फिल्म कई लोग मिलकर बनाते हैं, फिल्म में अलग-अलग तरह के लोग होते हैं। आप लेखन में निर्धारित शर्तों का सख्ती से पालन करते आए हैं। फिल्म में? क्या कहानी जैसी आजादी फिल्म में होती है?

एमटी वासुदेवन नायर: फिल्म क्षेत्र से जुड़े केवल वे लोग मेरे पास आते हैं जो मेरी शैली से वाकिफ होते हैं। सिनेमा में मेरा अपना अलग रास्ता है। जिन्हें वह पसंद नहीं है वे अपना अलग रास्ता तय करेंगे। मैं अखबार में नौकरी करते हुए फिल्मों से जुड़कर काम करता था। मैंने फिल्म के लिए अखबार की नौकरी नहीं छोड़ी। मुझे जो लिखने का मन है वह तो मैं लिखूंगा ही। दोनों कार्यों के अलावा मैंने फिल्म के लिए लिखने का प्रयास किया था। मैंने केवल उन लोगों के साथ फिल्मों में साझेदारी की है जो मेरे अनुकूल रहे हैं। पचास से अधिक पटकथाएं मैंने लिखीं।

सवाल : आपने अपनी फिल्म का निर्देशन स्वयं किया है। ‘निरमाल्यम’ आपकी पहली फिल्म थी। उस फिल्म को स्वतंत्र रूप से करना संभव हुआ था?

एमटी वासुदेवन नायर:‘निरमाल्यम’ मेरे गांव में बिना किसी रोक-टोक के स्वतंत्र रूप से बनाई गई फिल्म है। यह मेरी लिखी कहानी ‘पल्लीवालुम कालचिलंपुम’ पर आधारित थी। इसमें मेरी पूरी आजादी थी। आर्थिक तंगी के अलावा कोई दिक्कत नहीं हुई थी। उसमें भी मदद के लिए दो-तीन दोस्त थे। मैंने सीमित सुविधाओं के साथ फिल्में बनाई हैं।

सवाल : कूडल्लूर की तरह या फिर उससे ज्यादा कालिकट आपका पसंदीदा शहर है। कालिकट ने आपको क्या दिया?

एमटी वासुदेवन नायर: जब से आया मुझे कालिकट शहर से एक तरह का अनोखा प्रेम महसूस हुआ। यह बॉम्बे होटल की बिरयानी या लकी होटल की चाय के कारण नहीं है। इस शहर ने मेरी जो देखभाल की है, उसके कारण है। मैं यहां किसी भी आधी रात को पहुंच सकता हूँ। यह शहर हमेशा खुली आंखों से मेरा इंतजार करता रहेगा। रात में किसी भी गली से मैं गुजर सकता हूँ। मुझे आधी रात को कुछ खाने को मिल जाएगा। कालिकट के लोग अच्छे हैं। कोई बड़ा नाम बनने से पहले मैं इस शहर में पहुंच गया था।

मैं पत्रकार या लेखक बनकर यहां नहीं आया था। दुकान वाले और सभी तरह के लोगों ने मुझसे उदारता दिखाई है। ‘पैसा बाद में दे दूंगा’ कहने पर बिना किसी पूर्व परिचय के वे लोग मुझसे कहते थे ‘कोई बात नहीं!’ इस तरह की भलमनसाहत का प्रत्यक्ष अनुभव कालिकट में मुझे भरपूर हुआ है। अब कालिकट बदल गया है। जिस समय मैं आया था, उस समय का शहर अब नहीं रहा।

सवाल: कालिकट का लेखक संघ काफी प्रसिद्ध है!

एमटी वासुदेवन नायर: मैं सभी लोगों से मित्रतापूर्ण व्यवहार रखता था। एनपी के साथ आकाशवाणी के सामने पहुंच जाता था। उरुब और तिकोडियन भी शामिल होते थे। हम समुंदर के तट पर गोलाकार में बैठ जाएंगे। पढ़ी गई किताब के बारे में बात करेंगे। किसी को लेखन में विशेष सफलता मिलने पर उस बहाने चाय पी लेंगे। कालिकट के लेखकों की दोस्ती बेदाग है। सभी की इच्छा थी कि सभी का भला हो।

सवाल : यह शहर आपको अपना गौरव मानता है… आदर करता है…!

एमटी वासुदेवन नायर :जब मैं आया तो मैंने भी शहर की मदद की है। स्वास्थ्य शिक्षा मेलों के नोटिस तैयार करना, शहर के शताब्दी समारोह के कार्यक्रमों में भागीदारी, नाटक उत्सवों के आयोजन में सहभागिता और भी बहुत कुछ। यह शहर मुझसे बेहद प्यार करता है।

सवाल :‘शहर को सलाम’ कहकर अन्यत्र नहीं गए…?

एमटी वासुदेवन नायर :नहीं। जहां भी गया, लौट कर वापस आया। जब आत्मीय साथी की मौत हुई, कुछ लोगों ने पूछा था, अब यहां क्यों रहेंगे? मैं यहां सुरक्षित हूँ। जब अफ्रीका गया तो एसके पोटेक्काड ने मुझे लिखा: ‘वासु, मुझे कालिकट वापस आने की जल्दी है।’ सुरक्षा की हवा और एक प्रकार की रोशनी का माहौल कालिकट में सदैव है।

सवाल : शहर में सांप्रदायिक मैत्री भी जरूरी है!

एमटी वासुदेवन नायर: सांप्रदायिक एकता कालिकट की पहचान है। यहां विभिन्न सोच-विचार वाले हैं। कई रीति-रिवाजों का पालन करने वाले हैं। यह विविधता कालिकट की विशेषता है। मैं प्रार्थना करता हूँ कि ऐसा ही बना रहे।

 

मूल मलयालम साक्षात्कारकर्ता
एन.पी. हाफिस मुहम्मद
मलयालम भाषा के कहानीकार और प्राध्यापक। कई महत्वपूर्ण पुरस्कार जैसे केंद्रीय साहित्य अकादमी, केरल साहित्य अकादमी, इडश्शेरी अवार्ड, एन.जे. जोर्ज अवार्ड आदि से पुरस्कृत।

एन. पी. हाफिस मुहम्मद मानसम, हरितापुरम, चेवायूर, कोषिक्कोड – 673017         मो. 9847553763

सुमित पी.वी. मो. 9497388529