|
सरसुराम |
|
अनुवादक : हिंदी, मलयालम, संस्कृत, तमिल और अंग्रेजी भाषाओं में परस्पर अनुवाद।अखिल भारतीय अनुवाद परिषद का. ‘डा. गार्गी गुप्ता अनुवाद श्री सम्मान’। |

मैं अपनी ड्यूटी पर थाने के लिए निकल ही रही थी कि हेड कांस्टेबल दुरै का फोन आया।
‘मैडम! एक केस आया है।भाई-भाई के बीच संपत्ति का मामला है।बड़ा भाई ने नशे में आकर छोटे भाई को बुरी तरह मारा है।जान से मार देने की धमकी भी दी है।छोटे भाई ने आकर शिकायत की है।बड़े भाई पलनिवेल को हमने पकड़ रखा है, मैडम।’
पलनिवेल! यह नाम काफी परिचित लगता है।
‘क्या नाम बताया? पलनिवेल?’
‘जी हां मैडम! पलनिवेल।कहते हैं कि वे आपकी सहेली सुंदरी के पिता हैं।क्या आप उनको जानते हैं मैडम?’
‘क्यों नहीं?’ गुस्से में आंखें लाल हो गईं।इतना गुस्सा आया कि अगर वह सामने मिले तो उसे मार ही डालूं।क्या वह भी कोई इनसान है? क्या कहा उसने, मुझे जानता है? ठीक है, आकर देखती हूँ।
‘निकल ही रही हूँ दुरै’, कहते हुए रिसीवर रख दिया।
मेरी सुंदरी का पिता।यह विचार ही घिनौना लगा।
सुंदरी! उसके मरे अब दस साल से ज्यादा बीत गए।उसकी मृत्यु के दिन जितना दुख मेरे मन में था वह आज भी मुझे कचोट रहा है।स्कूली दिनों में लिया गया हम दोनों का चित्र पास में ही पड़ा था।मैंने उसमें सुंदरी को देखा।कद में जितनी नाटी थी, बुद्धि में उतनी ही ऊँची।गोल चेहरा, माथे पर छोटी सी बिंदी, होंठों पर हमेशा मोहक मुस्कान तिरती रहती।याद करने पर आज भी मेरे मन के आसमान पर उड़ रही तितली है वह।
देखते ही आंखें गीली हो गईं।न, रोना नहीं चाहिए, किसी तरह उस आवेग पर काबू पा लिया।सुंदरी! तुम्हारी मृत्यु आत्महत्या नहीं।परोक्ष हत्या है वह, जो कानूनन दंडनीय नहीं है।
मैंने अपनी थानेदारवाली वर्दी पहन ली।बेल्ट को कस लिया।टोपी पहनकर एक बार आईने में देख लिया।पुलीसी रोब हावी हो रही थी।शोक की एक हलकी सी छाया।
यह चेहरा देखते ही मेरे पति विवेक ने पूछा, ‘क्या हुआ शरण्या?’
‘कुछ नहीं’ मैंने कहा।
‘सुंदरी की याद आ गई क्या?’
वे जानते हैं कि किस विषय को लेकर मैं चिंतित हूँ।उन्होंने धीरे से मेरी पीठ थपथपाई।मुझे थोड़ी सी सांत्वना मिली।
मैं निकल पड़ी।मेरी बेटी ने हाथ हिलाकर टा-टा कहा।तीन साल की है वह।नाम है सुंदरी।अपनी सहेली का नाम रखना जिंदगी में थोड़ा सा आश्वासन दे रहा था।लेकिन मेरा मन कह रहा था कि सुंदरी के लिए मुझे और भी कुछ करना है।
बाहर आई।दरवाजे पर पुलिस जीप खड़ी थी।मैं सवार हुई तो गाड़ी चल पड़ी।बाहर बहती ठंडी हवा से मन तो जरा हल्का हुआ, लेकिन वह सुंदरी की याद को हटा नहीं पाई।वह भी मेरे साथ यात्रा करने लगी।जीप तालाब वाली गली से निकल रही थी।उस स्थान ने मेरी याददाश्त को और भी तीव्र कर दिया।इसी गली से तो मैं और सुंदरी स्कूल जाया करती थीं!
छठी कक्षा से शुरू हुआ था हमारा परिचय।परिचय बस इतना ही था कि कक्षा में एक ही बेंच पर बैठने से एक दूसरे का नाम जानते थे।बारिश का मौसम था वह।शाम को बारिश हो रही थी।मैं भीगती हुई कदम बढ़ा रहा थी।अचानक मेरे सर पर एक छतरी उग गई।देखा तो सुंदरी ने अपनी छतरी की छाया में मुझे भी ले लिया है।
फिर क्या? रास्ते भर दोनों चहचहाते हुए चलने लगे।तभी दोनों परिवार का विस्तृत परिचय मिला।उसके पिता जी अकसर नशे में आकर मां को पीटते थे, यही बात उसे अखरती थी।अचानक बादल जोर से गरजा और बिजली कौंधी तो दोनों ‘अर्जुन, अर्जुन’ रटते हुए उसी सड़क पर एक दूसरे से चिपक गईं।हमारी मित्रता और भी गाढ़ी हो गई।
उसके बाद दोनों एकसाथ ही स्कूल आतीं, एक साथ लौटतीं।दोपहर का भोजन भी एक साथ करतीं।कक्षा में बात करते हुए कई बार चंद्रा टीचर के द्वारा पकड़ी जातीं।उसके बाद की तिमाही परीक्षा में सुंदरी को सभी विषयों में पचानवे से ज्यादा अंक मिले।चंद्रा टीचर से लेकर सभी को आश्चर्य हुआ।
‘सुंदरी! तुम इतना अच्छा पढ़नेवाली हो क्या?’ आश्चर्य से मैंने पूछा।
‘हां, इसके पहलेवाले स्कूल में भी मैं ही तो अव्वल आती थी।’
मुझे गर्व था कि अच्छी पढ़नेवाली लड़की के साथ मेरी गाढ़ी मित्रता है।उसके बाद पाठ्य विषय में कभी भी कोई भी शंका होती तो मैं टीचर से पूछने के बजाय सुंदरी से पूछ लेती थी।आठवीं कक्षा तक पहुंचते पहुंचते ऊंची मीठी आवाज में गाने लग गई सुंदरी।मशहूर गायिका एम.एस. राजेश्वरी की आवाज उसे बहुत भाती थी।उनके मशहूर गानों को वह इतना सुंदर गाती थी कि सुननेवाला मुग्ध रह जाए।उस समय वह मुझे सुंदर तितली लगती थी।
दसवीं कक्षा में जैसी उम्मीद थी, वही पहले नंबर पर आई।इसके बाद दोनों उसी स्कूल में प्लस टू में एक ही ग्रुप में शामिल हुईं।जब मैंने उससे पूछा कि वह भविष्य में क्या बनना चाहती है तो सुंदरी ने कहा ‘डाक्टर बनना चाहती हूँ, उसके बाद किसी गांव में जाकर जनता की सेवा करना चाहती हूँ।’
उसके स्वभाव के अनुरूप की इच्छा।यह उसके लिए मुमकिन है।
‘तुम क्या बनना चाहती हो शरण्या?’ उसने पूछा।
‘अभी तक मैंने इसपर विचार नहीं किया है’, मैंने उत्तर दिया।
‘तुम्हारे लंबे कद और साहस को देखते हुए मुझे लगता है पुलिस अफसर का पद ठीक रहेगा’, उसने कहा।
यह ख्याल मुझे अच्छा लगा।मेरे मन में एक लक्ष्य का बीज बो दिया मेरी सुंदरी ने।
बारहवीं की परीक्षा समाप्त हुई।रिजल्ट आया।पूरे जिले में दूसरे स्थान पर आई सुंदरी।पूरे शहर में वाहवाही हुई।लेकिन उसके घर में जो वबाल उठ खड़ा हुआ उसने सुंदरी के जीवन को ही उलट पुलट कर दिया।उसके पिता उसे आगे पढ़ाना नहीं चाहते थे।एक संपन्न परिवार से सगाई का प्रस्ताव आया।फिर लड़की देखने का रस्म भी हुआ।पिता ने उसी लड़के से सुंदरी का विवाह करने का निश्चय कर लिया।सुंदरी और उसकी मां ने खूब लड़कर देख लिया।पिता माननेवाले नहीं थे।
सुंदरी ने रोते हुए मुझसे कहा, ‘मुझे पढ़ना है शरण्या।जैसे भी हो आगे पढ़ना है।किसी तरह मेरी मदद करो।’
इसे छोड़कर उसके मुंह से और कोई शब्द नहीं निकला।मुझे बड़ा आघात-सा लगा।
सुंदरी के यहां जाकर उसके पिता से साहस के साथ बोलकर देखा।
‘बड़ी आई समझानेवाली’, कहते हुए मुझे मारने आए।नशे में थे। ‘भले ही मुझे मारें, सुंदरी को आगे पढ़ाएं’, बोलते हुए मैं उनके सामने सीना तानकर खड़ी हो गई।परंतु उनपर इसका कोई असर नहीं पड़ा।
मैं जाकर शकुंतला टीचर से मिली, जो भी हुआ था उसका बयान किया।उन्होंने भी जाकर सुंदरी के लिए पैरवी की, ‘पढ़ाई बहुत अहमियत रखती है, जो लड़कियों के लिए बहुत ही जरूरी है।मुझे देखिए, अपने पति से तिरस्कृत होने के बावजूद मैं आज नौकरी के सहारे सम्मान के साथ जी रही हूँ।इसका पूरा श्रेय मेरी पढ़ाई को ही है।इसलिए सुंदरी को भी पढ़ाएं।जब भी कोई जरूरत हो सहायता करने के लिए मैं तैयार हूँ।’ पिता के कानों में जूँ तक न रेंगा।
टीचर ने आकर कहा, ‘मैं कुछ भी नहीं कर सकी शरण्या! पिता बार-बार यही कहते रहे कि पढ़कर क्या खाक होनेवाला है।लड़की को कितना भी पढ़ाओ एक न एक दिन शादी करके किसी के साथ भेजना ही है न?’ टीचर का प्रयत्न भी व्यर्थ गया।यह सुनकर मैं फूट फूटकर रोई।
इसके बाद जो कुछ भी घटित हुआ उन्हें जीवन की क्रूरता कहनी चाहिए॥ अगले तीन महीने में सुंदरी की शादी हुई।खाते-पीते घर का बेटा था।मैं शादी में नहीं गई।निमंत्रण भी नहीं मिला था।उस जुल्म को देखने की मेरी इच्छा भी नहीं थी।
शादी के बाद सुंदरी सेलम चली गई।मैं कालेज में दाखिल हुई।उसके दो महीने के अंदर ही सुंदरी के ससुरालवाले आकर उसे मायके छोड़ गए।उनकी शिकायत थी कि सुंदरी अकसर अकेले में बड़बड़ाती है।रात को अचानक जागकर चिल्लाती है।किताबों को फाड़ती है।ससुरालवालों का आरोप था कि उसमें भूत-प्रेत का आवेश हुआ है।
इसे सुनते ही मैं भागती हुई उसके घर पहुंची।मगर वह मुझे देखना भी नहीं चाहती थी।जल्द से उसने दरवाजा खींचकर बंद कर लिया।मैं चकित रह गई।हाय, यह क्या हो गया मेरी सुंदरी को? मुझे रोना आ गया।अंदर वाले कमरे में सुंदरी गुस्से में आकर किसी चीज को तोड़ रही थी, इसकी आवाज आई।
मैंने उसके घर वालों को सलाह दी कि सुंदरी को एक अच्छे डाक्टर के पास ले जाकर दिखाएं।लेकिन वे तो उसे भूत भगानेवाले के पास ले गए।अगली बार जब सुंदरी को देखा तो मैं उसे पहचान भी नहीं पाई।शरीर दुबला और चेहरा काला पड़कर वह बदरंग तितली जैसी दिखाई पड़ी।लग रहा था कि उसके सूखे होंठ ‘मुझे पढ़ना है, मुझे पढ़ना है’ -रट रहे हों।
सुना कि उसके पिता उसे यही कहकर बराबर पीटते हैं कि उसकी वजह से एक अच्छा संबंध टूट गया।यह सब देख सुनकर कुछ भी कर न पाने की अपनी असमर्थता के बारे में सोचकर मुझे अपने ही ऊपर क्रोध आया।
मैं जब कालेज में दूसरे साल में थी तब यह दुखद समाचार आया कि सुंदरी अपने घर की छत से कूद पड़ी।गर्दन की हड्डी टूट गई।इस खबर ने मुझे एकदम हिला दिया।
चिल्लाते हुए मैं सरकारी अस्पताल पहुंची।वहां मैं सुंदरी की लाश ही देख पाई।उसकी खुली आंखों में अधूरा सपना दिखाई दे रहा था।
मुझे रोना नहीं आया, बल्कि क्रोध उभर आया।पास में खड़े उसके पिता रो रहे थे।मैं तेजी से उनके पास गई।उनके कुर्ते को कसकर पकड़ा।तूने ही मार डाला न? तूने ही मार डाला? कहते-कहते उन्हें जोर से झकझोर दिया।मेरी मां मुझे पीछे की ओर खींचने लगी।फिर पुलिस के दो सिपाही मुझे खींचकर बाहर ले गए।पगली जैसी मेरी चिल्लाहट उस पूरे क्षेत्र में गूंज उठी ‘छोडूंगी नहीं तुझे, छोडूंगी नहीं, मेरी प्यारी तितली को तूने मार डाला।’ मां मेरी पीठ थपथपा रही थी।मैं काफी देर तक अस्पताल के दरवाजे पर बैठी रोती रही।
समय बीतता गया।परंतु कभी न मिटती सुंदरी की यादों को मन में ही ढोते हुए मैंने उपाधि प्राप्त की।उसके बाद पुलिस विभाग में नौकरी पाने के लिए सभी परीक्षाओं में आसानी से पास हो गई।पुलिस प्रशिक्षण के दौरान मेरा उत्साह देखकर पूरा विभाग आश्चर्यचकित रह गया।
मुझे जीतना है, अपने लिए नहीं, सुंदरी के लिए।उसके बोए बीज को वृक्ष बनाना है।जब मैं एक सब–इंस्पेक्टर बनी, तो उसे देखने के लिए सुंदरी नहीं रही, इस कमी ने मुझे रुला दिया।
पदभार ग्रहण किए छह साल पूरे हो गए।मैंने कई मुश्किल मामलों को आसानी से सुलझाकर नाम कमाया।जिस शहर में रहती हूँ उसे कम अपराधोंवाला शहर बनाने का श्रेय मुझे मिला है।
हाल ही में पदोन्नति मिल गई।अब मैं इंस्पेक्टर के पद पर आसीन हूँ।फिर भी कोई अवर्णनीय असंतोष मन को कुरेदता रहता है।
थाने में मेरा प्रवेश होते ही सनसनी-सी फैल गई।सुंदरी के पिता चुपचाप सर झुकाकर कोने में बैठे थे।उन्हें देखने की इच्छा नहीं थी मुझमें।
उनके छोटे भाई के सिर और चेहरे पर चोटें थीं।मैंने उन्हें बुलाकर पूछताछ की।वह अपनी पत्नी के साथ उठ आए।उनकी पत्नी के सिर पर भी छोटी सी पट्टी थी।छोटे भाई ने रोते-रोते घटना का बयान किया।मैं पलनिवेल को एक अलग कमरे में ले गई, विचारण के कमरे में।उनका सिर अभी भी झुका हुआ था।वे वैसे ही बैठे रहे।मैंने उनसे कुछ भी पूछताछ नहीं की।
‘अपने को बड़ा तीसमारखां समझ रखा है क्या?’ यों पूछते हुए मैंने उनके गाल पर जोर का थप्पड़ लगाया।गाल सूज गया।होंठ की कोर से खून बह रहा था।लेकिन उनको रोना आया ही नहीं।इनसान हो तभी न रोना आता?
मेरी सांस फूलने लगी।लगा कि युगों का मेरा क्रोध धीरे से थम रहा था।मैं बेल्ट खोलने लगी कि वे धड़ाम से मेरे पांवों में गिर पड़े, जोर से रोने लगे।
‘जी हां, ठीक है कि मैंने भाई को मारा।उन लोगों ने मुझे धोखा दिया, इसलिए मारा।’
‘किसलिए धोखा दिया?’
‘मैं लिखना-पढ़ना नहीं जानता।यह जानकर इन लोगों ने कोरे कागज पर अंगूठे का निशान लगवाकर मेरी पूरी जायदाद हड़प ली।मैंने जो उधार लिया था उसके एवज में मेरी सारी संपत्ति अपने नाम लिखा ली।यह मुझसे सहा नहीं गया कि सगे छोटे भाई ने ही मेरी निरक्षरता से फायदा उठा लिया।उसी क्रोध के मारे मैंने उसे मारा।इसके लिए जो भी सजा बनती है, दिलवा दीजिए।’ वे फिर से रोने लगे।
अब सब कुछ मेरी समझ में आ गया।
किस तरह पूछताछ करने पर उन लोगों से सचाई उगलवानी है, वह रास्ता मुझे मालूम है।उसे मैं देख लेती हूँ।गुस्से में आकर मैंने उनका सिर ऊपर उठाया और गरजकर पूछा, ‘शिक्षा का महत्व अब तो समझ गया न?’ मेरी आवाज सुंदरी की आवाज बनकर पूरे स्टेशन में गूंज उठी।
अलमेलु कृष्णन – ६८, नार्थ पार्क स्ट्रीट, वेंकटपुरम, अंबत्तूर, चेन्नई–६०००५३ दूरभाष : ०४४–२६५७२९६२


