यूनिवर्सिटी ऑफ टोरंटो में लेक्चरर के पद पर कार्यरत। यॉर्क यूनिवर्सिटी, टोरंटो में हिंदी कोर्स डायरेक्टर एवं भारतीय विश्वविद्यालयों में सहायक प्राध्यापक रह चुकी हैं। लोक साहित्य पर पुस्तक, चार उपन्यास एवं आठ कहानी संग्रह प्रकाशित। राष्ट्रीय निर्मल वर्मा सम्मान।

 

 

घर का इकलौता बेटा चारू, उर्फ चिरायु। इकलौती बेटी अन्वी, उर्फ अनुड़ी।

अन्वी के लिए चारू भाई। बाकी सबका चारू। यूं चारू लड़कियों का नाम था, मगर घर का नाम कट-पिट कर कुछ भी मतलब दे! फिर लड़के का नाम चाहे लड़की-सा हो जाए इससे कोई फर्क नहीं पड़ता। चारू का खास दोस्त गोविंद बंगाली परिवार से था। गोविंद से गोबिंद और शॉर्ट हो गया, गोबी। गोबी से गोभी। लोग मजाक उड़ाते, पत्ता गोभी, फूल गोभी! गोल-मटोल आलू जैसे पड़ोसी की दुबली-पतली पत्नी को भिंडी कहते। जैसे लोगों के नाम न हुए सब्जियों की दुकान हो गए।

बहरहाल, नाम में क्या रखा है! चारू पढ़ाई से करियर तक आते-आते अपने दोस्तों में सबसे नीची पायदान पर रहा। वही चारू, जो स्कूल में सबसे ऊपर था।

हाथों की लकीरें भी कभी-कभी गलत दिशा में मुड़ जाती हैं। रास्ता भटकतीं। जाना होता कहीं और, चली जातीं कहीं और।

कई दिनों से नौकरी की तलाश में खाली हाथ बैठा रहा। जमाने भर के ताने सुनने पड़ते थे। कल तक सफलता सिर चढ़कर बोलती थी, आज असफलता उसे तोड़ती जा रही थी। हर दिन एक उम्मीद लेकर आता, बगैर कुछ दिए लौट जाता। सिद्धार्थ जब घर से निकले थे तो गौतम बुद्ध बन कर लौटे थे। चारू रोज घर से निकलता, अपनी ऊर्जा की लौ को और मंद करके लौटता। बहुत कुछ तलाशने जाता था मगर वैसे ही खाली-खाली वापस आ जाता। उसमें आयु की रोशनी दिनों-दिन कम से कमतर होती जा रही थी। तेल तो था, लेकिन मन की बाती सुस्त हो गई थी। बगैर मजबूती से लौ को थामे लटक-लटक-सी गई थी।

घरवाले पूछते- ‘क्या हुआ आज?’

जवाब रोज बदलते रहते। पहले कहा करता था उसका सारा काम नेट पर है। वर्क फ्रॉम होम।

बुजुर्ग बा सवाल करती- ‘जब सबकुछ ऑनलाइन है, फिर दिन भर जाता कहां है यह लड़का!’

पहले खुद से, फिर चारू की मम्मी पग्गू से यही सवाल करती। पग्गू बताती जो उसे मालूम होता, वही जो चारू अपनी मम्मी को बता कर जाता। कभी कहता, आज मेरा इंटरव्यू है। कभी कहता किसी ने कॉफी पर बात करने के लिए बुलाया है।

चारू अपने रास्ते खोज रहा था। अंधे मोड़ आते रहे, बस…। एक कंपनी से दूसरी, दूसरी से तीसरी। इन सबके बीच दौड़ लगाते-लगाते वह थक गया था। उम्र से जवान होते हुए भी थकना कई आनेवाली निराशाओं का आभास था। छोटी-सी उम्र की यह हार आगे बढ़ने के उसके रास्ते में रुकावट बन रही थी।

मन दगाबाज हो गया था। कुछ नया सोचने ही न देता। गया कल आज को ढांप लेता। बहुत उमंग थी जब डिजिटल प्यार उमड़-उमड़ कर आया था। एक क्लिक से लाखों कमाने का विश्वास। नौकरी के बजाय नेट की काबिलियत पर विश्वास करता रहा। नौकरी नहीं मिली, पर खतरे उठाता रहा। फिर डिजिटल करंसी ने लुभाया। बिटकॉइन। खूब पैसा बनाया और फिर खोता चला गया। अपनी विशेषज्ञता से वह विश्वस्त था, आश्वस्त भी कि सब कुछ हासिल कर लेगा। आईटी का नशा था। पूरी दुनिया उंगलियों की पोरों में। दुनिया को उंगलियों पर नचाने का हौसला। रिस्क लेता रहा। केलक्यूलेटेड से कहीं ज्यादा। बस मात खा गया। हौसले हवा हो गए। हवा में उड़ते पैरों को जमीन की रेत भी नसीब न हुई।

लाखों खोए, कर्ज भी लेना पड़ा। पैसे जब आते थे तो आते चले गए थे। सोचने का भी मौका नहीं मिला था कि जिस तरह आए हैं, उसी तरह जाएंगे, तब क्या होगा! हर बार यह लगा कि अगली बार कवर कर लेगा। लेकिन ऐसा हुआ नहीं। दिशाविहीन रास्ते गड्ड-मड्ड होकर बीच रास्ते में छोड़ गए। न इधर, न उधर। जाए तो जाए कहां!

बिटकॉइन में पैसा गंवाने के बाद नेट से नफरत हो गई थी उसे। माउस की क्लिक अब चुभती थी। अपने सुनहरे दिनों की यादों को उमगते हुए सामने ले आता। विश्वास, मेहनत और लगन सब कुछ कहीं खो गए थे। कभी किसी और नौकरी के बारे में सोचा नहीं था। अब कोई भी नौकरी करने के लिए तैयार था, कोई भी! खर्च भर के पैसे मिल जाए बस।

दोस्त, प्यार, मां-बाप। उमड़ता जुनून और उसमें बहते युवा। एक से दूसरे ने, दूसरे से तीसरे ने। एक के पीछे एक। सबने वही किया। खोया, संभाला, फिर देर हो गई। बहुत कुछ खो दिया।

हर नया दिन थकी-सी दस्तक देता आता और यूं ही थका-सा ढल जाता। इतने बड़े शहर में परिवार के साथ रहता इंसान भी कितना अकेला हो गया था। साथ तो सभी थे मगर वह अकेला महसूस करता। यह वही शहर था जो लोगों को अपनी ओर खींचता था पर चारू उससे दूर भाग जाना चाहता था। वहां, जहां उसे कोई जाने न, पहचाने न। ऊपर से धड़ाम नीचे गिरना सांसें रोकने के लिए पर्याप्त था। खड़े होने के लिए दम लगाए तो कैसे जब पैर ही मना कर दे।

चारू के अपने तनाव ऐसे थे, जिनमें ट्रिशा से करीबी रिश्ते का वजूद भी गुम होता गया। एक के बाद एक आती उलझनों में रिश्तों की भाषा समझना मुश्किल होता गया। कई दिनों से ट्रिशा से मिलने से भी कतराता रहा। उसकी अपनी हाई स्कूल की दोस्त। हर राज की राजदार। लेकिन इस बार का धक्का बहुत बड़ा था। ट्रिशा को बताने में डर था। अनजाना डर। यही वजह थी कि ट्रिशा से दूर रहना ही एक उपाय लगा था।

धीरे-धीरे राज बाहर आने लगे थे। सबको पता चल गया था कि वह बेगार है, बेकार है। किसी काम का नहीं। पता न भी चलता तो उसकी हालत देखकर अंदाज लगा लेते लोग। अमूमन इंसान का विश्वास बोलता है। जब बोलना बंद कर दे तो टूटा विश्वास और भी ज्यादा बोलने लगता है। यही हुआ। चारू का मन अपनी व्यथा सबके सामने लाकर रख देता।

चारू के पास काम नहीं था, खाना-पीना सब दुश्वार हो गया था। पेट भरने के लिए रोटी के टुकड़े तोड़ना भी पाप जैसा लगता। रोटी खाई कहां जाती, निगलनी पड़ती। शरीर और मन की इस गुत्थी को वही समझ पाता, जो काम की तलाश में दर-दर भटक रहा हो। हर अन्न का दाना हिसाब मांगता। मानो पूछता हो- ‘क्या तुम मेरे लायक हो?’

समय आगे बढ़ता रहा। सुबह-दोपहर-शाम-रात, हर पहर, हर घड़ी का अपना समय बिना रुके, आगे बढ़ता जाता। लेकिन चारू रुक गया था। एक जगह, एक सोच में। वहां से आगे बढ़ने के रास्ते बंद हो गए थे। जिसे दिमाग से दूर रखना चाहता, वही दिमाग में घर किए हुए था। कभी बहते पानी की आवाज सुन लेता था। हवाओं से बातें कर लेता था। बरबस गुनगुना उठता था। अब सारी आवाजें कहीं कैद थीं। बस एक ही आवाज गूंजती थी- काम, नौकरी, पैसे। हवा ने ताजी बयार को कहीं छुपा दिया था। उसके आसपास दुर्गंध टहलती रहती। अशुभ विचार हावी थे। भावनाएं मास्क में छुपती नहीं थीं। शरीर बेजान हो चला था। नौजवान उम्मीदें असमय बुढ़ा गई थीं।

कभी दिन बहुत अच्छे हुआ करते थे। बीत गए। शायद आखिरी थे। फिर नहीं लौटे। यादों में भी नहीं। ऐसा नहीं कि कैरियर के साथ टूटते मन ने गिरते-पड़ते रिश्तों को थामने की भरपूर चेष्टा न की हो। लेकिन रिश्ते थामे न थमे। रेत की तरह फिसलते चले गए। ट्रिशा से रिश्ते की टूटन ने उसके लिए सांसें लेना मुश्किल कर दिया था। आर्थिक टूटन के साथ भावनात्मक टूटन। करेला और नीम चढ़ा। मानसिक रूप से शून्य। जीने के लिए जरूरी सारे घटक नकारात्मक हो गए थे। बुझा-बुझा-सा इसी प्रयास में रहता कि किसी भी ओर से कोई उम्मीद की किरण दिखाई दे।

कैरियर न सही रिश्ते ही सुधार ले। कैरियर और रिश्ते एक-दूसरे से भिन्न होते हैं। जीवन के दो कोण, अलग होते हुए भी एक दूसरे से जुड़े हुए थे। कैरियर के हाथों में रिश्तों की डोर होती है। एक ने हाथ थामा तो दूसरा भी उंगली पकड़ने के लिए तैयार हो जाता है।

बा कहती थी- ‘नौकरी गई, छोकरी गई।’

बा के शब्दों का वजन जिंदगी पर असर दिखाने लगा। रोटी की जुगाड़ पहले हो, फिर इतर विषय, चाहे वह प्रेम ही क्यों न हो। रिश्ते की नाजुक डोर एकाएक संतुलन खो बैठी। सालों से दोस्ती थी, बस बंधन भर की देर थी। शादी के लिए ट्रिशा और चारू दोनों ने बहुत सोचा। सोचते ही रह गए बस। और अब बीच में काम न मिलने की रुकावट सबकुछ रोक गई थी।

बा उससे कहती- ‘ट्रिशा से बात करो।’ जवाब मिलता- ‘अभी नहीं, लेट मी थिंक।’

बा सिर हिलाती- ‘ये लोग सोचते बहुत हैं। हमने तो एक-दूसरे को देखा भी नहीं था और फेरे ले लिए थे।’

कहती- ‘तमे लोको थिंक बउ करो छो।’

शब्दों का घालमेल भाषा के सौंदर्य को कम नहीं करता बल्कि मिठास को उसके सार को दोगुना कर देता। बा के गुजराती-अंग्रेजी शब्दों का मिश्रण कानों में शहद भी घोलता और अपनी बात को भी दिल तक पहुंचाता। सच ही तो कहा बा ने। बा के शब्दों में जो था उसका सार यही था कि सोचने में समय लगाने के बजाय बात करे उससे। बात करे कैसे। रिश्ते बर्फ की तरह जम गए थे, पत्थर-से।

दिन पर दिन निकलते जा रहे थे। चारू टूट चुका था। उसकी हालत हर दिन गुजरने के साथ खराब हो रही थी। बा से देखा नहीं जाता। चारू की मम्मी पग्गू कहती- ‘बा इस लड़के का क्या करें! कैसे इसे शांति मिले।’

पापा विपुल को लगता- ‘इसे कोई बुरी आदत न घेर ले। शराब और ड्रग्स के कई केस एक-एक करके आंखों के सामने आकर अपनी उपस्थिति दर्ज करा जाते। जिंदगी से हारा इंसान किसी भी मोड़ पर मुड़ जाए, जहां से वापस न लौट पाए। सबकी चिंताएं बा को भी चिंतित करतीं।

‘सब ठीक हो जाएगा।’ बा सबको सांत्वना जरूर देती, लेकिन कैसे सब ठीक हो जाएगा? यह सवाल मुंह बाए खड़ा रहता। किसी को कुछ सूझ नहीं रहा था। अन्वी भी भाई को बहलाने की कोशिश करती, लेकिन भाई और उदास हो जाता।

आज रविवार था। छुट्टी का दिन। बा हर रविवार मंदिर जाती थी। आज खासतौर से बा ने चारू से मंदिर छोड़ने के लिए कहा तो वह कोई बहाना ढूंढ़ नहीं पाया। बीस मिनट लंबा रास्ता खामोशी से बीता। कोई बातचीत नहीं।

मंदिर पहुंचने के बाद उसने बा से पूछा- ‘कितनी देर बाद लेने आऊं बा?’

‘आधे घंटे में।’ उसे आश्चर्य हुआ। दो-तीन घंटे मंदिर में बिताने वाली बा आधे घंटे में वापस आने के लिए कह रही थी। आधे घंटे में जाने और वापस आने के बजाय यहीं रुक जाता हूँ। यही सोच कर बोला- ‘आधे घंटे में?’

बा ने हामी भरी।

‘तो ठीक है मैं यहीं हूँ बा, आपका हो जाए तो बाहर आ जाना।’

बा की ट्रिक काम कर गई। यही तो चाहती थी वह। जानबूझकर आधा घंटा कहा था ताकि वह वापस न जाए। बा जानती थी कि कई लोग आएंगे-जाएंगे और चारू का दिल थोड़ा हल्का होगा। कुछ संकेत भी दिए- ‘पुराने दोस्त मिले तो बात करना। किसी की भी कोई सलाह काम आ सकती है, बच्चूड़ा।’

मंदिर में पूजा हो रही थी। एक के बाद एक कई लोग आ-जा रहे थे। आज फटाफट दर्शन करके बा की नजरें किसी को खोज रही थीं। भीड़ में नहीं देख पाई तो लगा शायद खो दिया उसे, हमेशा-हमेशा के लिए। चारू के लिए एक ही आस की डोर थी- ट्रिशा। टूटी जिजीविषा को थामने के लिए। इसी उम्मीद में आज आई थी बा। अपने लिए नहीं, अपनों के लिए कुछ मांगने।

चारू पर गुजर रहे समय के इस मोड़ से घर में सभी परेशान थे। पग्गू-दामाद-अन्वी और खुद बा। सब के सब। बा सोचती, बात से बात बन जाती है। ज्यादा सोचने से रिश्ते बनते नहीं, टूट जाते हैं। चारू को इस बात का अहसास दिलाने के लिए कुछ तो करना था। अंधेरे में तीर फेंका था। निशाना नहीं लगा। ट्रिशा नहीं मिली। बेबस-सी वापस लौट रही थी बा कि सामने से ट्रिशा को आते देखा। वह बा को देखकर मुस्कुराई। बा ने इशारे से बताया कि चारू वहां है।

उन दोनों की नजरें आपस में टकराईं। चारू हतप्रभ था। क्या करे, क्या न करे! अपना अहं भी तो आड़े आता था। पहल करे भी तो कैसे! जब उधर से कोशिश की गई थी, तब उसने नकार दिया था। अब किस मुंह से जाए उसके पास। दिल-दुनिया सबकुछ वीरान थे। हारे हुए इंसान के लिए पहला कदम उठाना कितना मुश्किल था, ये चारू के पैर बता रहे थे। जितना आगे बढ़ने की कोशिश करता उतना ही पीछे खिंच जाता। दिमाग की ग्रंथियों से शरीर के अंगों का तालमेल कुछ ऐसा था कि चाहकर भी सकारात्मकता की ओर कदम नहीं बढ़ पा रहे थे।

अपने पीछे जाते कदमों को चारू संभाले, उसके पहले ही देखा कि बा वहां है। ट्रिशा से मिलते हुए। कुछ समझ नहीं आ रहा था कि अब क्या होगा! लेकिन एक हिम्मत की लहर उठी। बा के बहाने ही सही, ट्रिशा के करीब जाने का मन किया। ऐसा लगा, जैसे कदमों को अदृश्य सहारा मिला और वे उठते चले गए।

दो हथेलियां आगे बढ़ीं, मौन…! एक-दूसरे को थाम लिया। वह स्पर्श ऐसा था, जैसे छूटे हुए हाथों ने अपनी मंजिल पा ली हो। रगों से दौड़ता हुआ सुकून दिमाग तक पहुंचा। सारे किंतु-परंतु मिलकर एक अनजानी चेतना को जन्म दे रहे थे।

चारू की आंखों ने बा को देखा। मानो शिकायत कर रहा हो- ‘बा पहले ही कह देती तो इतने दिन स्ट्रैस में नहीं रहता।’

बा के होठों पर अर्थपूर्ण मुस्कान थी। एक रुई के फाहे ने घाव के दर्द को राहत दी थी। मौन जवाब था- पहले कहना आसान नहीं था। युवा बच्चे, युवा सोच। बूढ़ी धारणाएं अपनी जगह। समय ने, समय पर अपना काम कर दिया। बच्चे को राहत मिली। अब आगे क्या होगा, इसकी चिंता नहीं। एक मोर्चा जीता तो दूसरे मोर्चे की मुश्किलें एक हद तक दूर होंगी या बढ़ेंगी, समय के मोड़ ही बता सकेंगे। पर हां, अंधे मोड़ से पार पा लिया था। रत्ती भर रोशनी ने आने वाले दिनों को एक नई दिशा दे दी थी।

फिलहाल तो तिनका था हाथ में, डूबते को बचाने के लिए।

संपर्क :22 फैरेल एवेन्यू, नॉर्थ यॉर्क, टोरंटो, ON – M2R1C8, कनाडा, फोन : 001 647 213 1817 hansadeep8@gmail.com