‘वरिष्ठ कवि। पिता की नींद’, ‘उदास आंखों के सपने’ कविता संग्रह। संप्रति वकालत।

तुम्हारा होना

अक्टूबर के अंत में
आती है दीये भर ठंड
नवंबर में
गर्म कपड़ों और आग की तरफ
झुकाव होता है आदमी का
जैसे पृथ्वी अपने अक्षांश पर घूमते हुए
दूर हुई सूर्य से
और ऐसे में तुम्हारा होना
एक ऊष्मा की तरह है मेरे लिए

चाय की गरम पतीली को
साड़ी के पल्लू से पकड़ कर
छन्नी से छानना
और दो प्याले चाय के भरना
तुम्हारे होने से है सुबह
गुनगुनी धूप की आहट से पहले
यह हुई सुबह-सुबह की ऊष्मा

जब दिन की गरमाहट होती है खत्म
रसोई से आती खुशबू
और
तुम्हारे गरमागरम भोजन
और स्वाद में ऊष्मा
तुम्हारे होने से ही तो है
इसलिए
अच्छा लगता है नवंबर में
पाकर तुम्हारा सान्निध्य।

एक दिन

उस एक दिन के लिए ही
साल, महीने, दिन और घंटे
घटते बढ़ते रहे चांद की तरह
दिन निकला और ढल गया
शाम आई और रात गई
एक दिन आएगा कब
सिर्फ और सिर्फ इंतजार

उस एक दिन के लिए पिता जोहते बाट
और उस दिन के इंतजार में
मां संभालती रही घर गृहस्थी
प्रेमिकाएं संभालती रहीं किताबों में प्रेम पत्र
प्रेमी यादों में संजोए रहे मिलन के ख़्वाब
दुकानदार जैसे राह देखता है खरीददार की
और किसान उम्मीद से देखता है आसमान
नौजवान की आंखों में पलता है सपना
जैसे संगीतकार मिलाता है लय और ताल

वह एक दिन
जिसका वह करता है इंतजार
हो सकता है किसी का घर
हो सकता है किसी काम का मिल जाना
हो सकता है प्रेम पा जाना
यह भी हो सकता है किसी को मिले अच्छी दृष्टि
जो देख सके बिलकुल साफ-साफ
कहीं जाने की बात भी हो सकती है
हो सकता है किसी मुराद का पूरा होना

वह एक दिन
किसी अच्छाई के लिए लड़ने का दिन हो
एक ऐसी भोर
जो ला सके सबके जीवन में सवेरा
मैं मानता हूँ
ऐसी भोर के लिए
सभी चाहते होंगे एक दिन।

संपर्क : हनुमान विद्यालय के पास, वार्ड क्रमांक 21, गौशाला, अशोकनगर, मध्य प्रदेश-473331/ मो.9993622733