वरिष्ठ कवि। कविता संग्रह ‘दो शब्दों के बीच में छूटी हुई जगह’।

 बचकर लिखने वाले

वे भयग्रस्त रहे
इसलिए उन्होंने चुना अपने लिए अलग रास्ता
बचकर निकले ताकि कपड़ों पर न लग जाए दाग
इसलिए उन्होंने लिखा संभलकर

बचकर लिखने की कला में माहिर लोग
जल्दी नजदीक आ जाते हैं
सरकारी आलोचक कला प्रेमी और ज्यूरी के
जिनके हाथ में होते हैं कई पुरस्कार

उन्हें फर्क नहीं दिखता कि
बदलता है राजा रोज कपड़े
और
लोगों के पास बदलने के लिए कुछ नहीं
अंग पोंछने के लिए एक फटा तौलिया
और दो फटी बनियान बस

बचकर लिखने वाले
नहीं लिख सकते ऐसा कुछ
जो दिन को दिन और
रात को कह सकें रात

उन्हें रहना है दरबार में
और अपनी अंतिम सांस तक चर्चा में
और ऐसे लोग कभी-कभी पूछ लेते हैं
कि आपको शहर में कितने लोग जानते हैं!

बचकर लिखने वाले
अपने वारिसों के अलावा नहीं सोचते कुछ
बचकर लिखने वाले
बहुत डरे हुए होते हैं।

संपर्क :हनुमान विद्यालय के पास, वार्ड क्रमांक 21, गौशाला, अशोकनगर, मध्य प्रदेश–473331मो.9993622733