
वरिष्ठ लेखक। चार उपन्यास सहित कहानी संकलन ‘बर्फ होती नदी’, ‘उधर भी सहरा’, ‘अंतिम पड़ाव’, ‘वजूद के लिए’, ‘ सुबह-सवेरे’, ‘किस मुकाम तक’, ‘महफिल’ और ‘कलम’ प्रकाशित। अद्यतन उपन्यास ‘माटी राग’।

वह शहर के एक किनारे में बसा बायो-डायवर्सिटी पार्क था। जब शहर फैलते-फैलते दूर तक चला गया, बड़ी-बड़ी बिल्डिंगें बन गईं, बड़े-बड़े मॉल बन गए, चौड़ी-चौड़ी सड़कें बन गईं और बहुतेरे लोग रहने आ गए तो लोगों की सेहत का ख्याल करते हुए नगर निगम ने बायो-डायवर्सिटी पार्क बना दिया। जिस जगह पर बायो-डायवर्सिटी पार्क बनाया गया था, वहां किसी जमाने में घना जंगल था। अधिकांश जंगल तो ठेकेदारों और बिल्डर माफिया की भेंट चढ़ चुका था। जो थोड़ा-बहुत बचा था उसे बचाए रखने और प्राकृतिक संतुलन को बनाए रखने की अपनी छवि को बरकरार रखने के लिए सरकार ने यहां बायो-डायवर्सिटी पार्क बना दिया था। खूब लंबा-चौड़ा पार्क था। चारों ओर पैदल चलने के रास्ते थे। बीच-बीच में बैठने के लिए बेंचें थीं। खूब सारे और तरह-तरह के पेड़ लगाकर नगर निगम ने यह सौगात इस इलाके में रहने वाले लोगों को दी थी। लोग सुबह-शाम इस बाग में सैर करने आते और यहां की मनोरम छटा का आनंद लेते। लेकिन शाम को अंधेरा होने से पहले यह बाग सुनसान हो जाता। लोगों को रात के वक्त इस बाग में लूटे जाने का खतरा रहता था। इसलिए अंधेरा होने से पहले ही लोग अपनी सैर का लुत्फ ले कर यहां से चले जाते। केवल पार्क के बाहर की सड़कों पर कारों का चलना बदस्तूर जारी रहता था। इस बाग के एक कोने में एक मिट्टी और पत्थरों के ऊंचे टीले पर एक अवशेष कहीं जाने वाली एक खंडहर-सी दीवार थी। इस दीवार को देखकर ऐसा लगता था कि या तो अंग्रेजों के समय की बनी हुई थी या उससे भी पहले की। कहानियां सुनाने वाले तो यहां तक कहते थे कि मुगलों की फौज इसी इलाके में रहती थी। वक्त के हिसाब से सब कुछ उजड़ गया और सिर्फ यह दीवार रह गई थी। खंडहरनुमा इस दीवार को देखकर यह कहा जा सकता था कि अपने जमाने में इमारत बुलंद रही होगी। आठ-दस फुट ऊंची दीवार के नीचे चारों ओर आयताकार सीढ़ियों के दो पायदान थे, जहां कभी-कभार पास के कॉलेज के कुछ लड़के एकांत की तलाश में इस दीवार के पास आ जाते थे। वे यहां आकर अपनी पढ़ाई करते और आपस में बहसें करते जिससे उनका अपना ज्ञान बढ़ता था।
वे चार थे और चारों भी हर शनिवार पार्क में शाम सात बजे तब आते जब पार्क सुनसान हो जाता। चारों अलग-अलग घरों से थे और चारों के घरों का माहौल भी अलग-अलग था। उन चारों में जो सबसे लंबा था उसका नाम दीपक था। दीपक के दादा पाकिस्तान के पेशावर में इत्र का कारोबार करते थे और जब पार्टीशन में लोगों की अदला-बदली हुई, तो वे भी अपनी जान बचाकर अपने परिवार सहित इस शहर में आ गए थे। उन्होंने पेशावर में इत्र का जमा-जमाया कारोबार छोड़कर इस शहर में नए सिरे से शुरू किया था और अपने कारोबार को फिर से जमाने में उनका सारा जीवन चला गया। वे बड़े अफसोस से कहा करते थे यदि मुसलमान पाकिस्तान की मांग पर न अड़े होते, तो न तो मुल्क का बंटवारा होता और न ही हमें इस तरह भागकर यहां आना पड़ता। अपनी बरबादी का सारा दोष वे मुसलमानों को देते थे और मुसलमानों की पूरी कौम को हत्यारी कहते थे। उनकी यही भावना उनके बेटे महेश सेठी में समा गई जो अपनी हर असफलता का दोष मुसलमानों के सिर पर मढ़ते और अनजाने में ही उनसे नफरत करते थे। यह अलग बात थी कि इत्र की उनकी दुकान में कई मुस्लिम कारीगर काम करते थे और उन कारीगरों के बिना उनका धंधा नहीं चल सकता था। महेश सेठी ने इस कारोबार के जरिए इस शहर में खूब पैसा कमाया और अपने कारोबार में अपने बेटे दीपक सेठी को भी शामिल कर लिया। दीपक सेठी ने एमए तक पढ़ाई की और कॉलेज में उसकी दोस्ती विमलेश से हो गई और यह दोस्ती बदस्तूर जारी रही।
विमलेश इलाहाबाद का रहने वाला था। उसके पिता कमलेश सरकारी सेवा से रिटायर हुए थे। रिटायरमेंट के बाद पंडिताई का काम फुल टाइम करते थे। लोगों की शादियां करवाने, नामकरण करवाने, हवन करवाने में मशगूल रहने लगे थे। पंडिताई के इस धंधे से उनकी अच्छी-खासी आमदनी होने लगी थी। उन्हें संतोष भी रहता कि वह हमेशा से चली आ रही सनातन प्रथाओं का निर्वाह कर रहे हैं। वे अपने बच्चों को अपनी संस्कृति का पाठ पढ़ाते हुए अक्सर कहा करते थे कि मैं अपने बच्चों को सुसंस्कृत नागरिक बना रहा हूँ और सुसंस्कृत नागरिक का प्रतीक था उनका बेटा विमलेश जो अपने पिता की तरह मुसलमानों को हेय नजर से देखता था। कॉलेज के दिनों में विमलेश की मुलाकात दीपक सेठी और तपन से हुई थी और यह मुलाकात प्रगाढ़ दोस्ती में तब्दील हो गई।
तपन उड़ीसा का रहने वाला था और इस शहर में पढ़ाई करने और आईएएस बनने का सपना लिए आया था। उसके पिता सुधीर मोहंती ने तीन बार आईएएस का इम्तिहान पास करने की कोशश की, लेकिन कर नहीं पाए। उनका मानना था कि उनके शहर में कोचिंग की कोई सुविधा न होने के कारण वे आईएएस का इम्तिहान पास नहीं कर पाए। उन्होंने अपने बेटे से कहा, ‘बेटा, इस छोटे शहर में रहोगे तो मेरी तरह कहीं छोटे-मोटे अफसर बन कर रह जाओगे। बड़ा बनना है तो किसी भी तरह आईएएस को क्रैक करो और इसके लिए कोचिंग लेना बेहद जरूरी है।’ लिहाजा तपन इस शहर में आ गया और कॉलेज में एमए में दाखिला ले लिया। साथ ही उसने कॉलेज के हॉस्टल में एक कमरा भी ले लिया। एमए करने के बाद उसने पीएचडी में दाखिला ले लिया। पीएचडी में दाखिला लेने का मकसद अपने रहने का एक ठिकाना बनाए रखना था।
तपन की दोस्ती कॉलेज में चराग से हो गई थी। चराग के पिता रफीक शहर में होम्योपैथिक क्लिनिक चलाते थे। अपने परिवार को वे इस्लाम के कायदे-कानून के अनुसार रखते थे। पांचों वक्त की नमाज पढ़ते थे। वे अपने बेटे को इतिहास पढ़ाते थे और उसे इतिहास का प्रोफेसर बनाना चाहते थे। ताकि उनका बेटा कॉलेज के बच्चों को इतिहास की ठीक-ठीक जानकारी दे सके। कॉलेज में इतिहास पढ़ने के दौरान ही उनके बेटे चराग की दोस्ती दीपक, तपन और विमलेश से हो गई।
बीए से लेकर एमए करने तक वे चारों पक्के दोस्त बने रहे, इतने पक्के कि एक-दूसरे के घर में आना-जाना, खाना-पीना शुरू हो गया। एक दूसरे के सुख-दुख में भागी हो गए और एक- दूसरे के त्योहारों में आने-जाने और खुशियां मनाने लगे।
कॉलेज खत्म होने के बाद भी ये चारों दोस्त बायो-डायवर्सिटी पार्क के कोने में अवशेष के रूप में खड़ी दीवार की सीढ़ियों पर हर शनिवार की शाम यहां इकट्ठे होते और शहर के बनते बिगड़ते हालातों पर तब्सरा करते। उन्होंने एक नियम बना रखा था कि हर शनिवार को सूरज ढलने के बाद वे पार्क की इसी दीवार की सीढ़ियों पर मिला करेंगे और यदि किसी शनिवार कोई नहीं आ सकता तो एक-दूसरे को मोबाइल से इत्तिला कर दिया करेंगे। अलग-अलग परिवारों और अलग-अलग परिवेश से आए इन चारों को जो चीज सबसे ज्यादा जोड़ती थी वह थी मदिरा। दीवार की सीढ़ियों पर बैठकर मदिरा पीते वक्त ये लोग अलग-अलग मजहब के न होकर एक हो जाते थे और तब कोई तरुन्नम में गाना सुनाता ‘जिंदगी ख्वाब है, ख्वाब में झूठ क्या और भला सच है क्या’, कोई अपनी किस्मत को कोसता कि मैं जो होना चाहता था, हो न सका और कोई अपने आप को गालियां देते हुए अफसोस करता कि वह अपने लिए कोई अलग राह नहीं बना पाया, बाप के दिखाए रास्ते पर ही चलता रहा। और जब किसी को कुछ नहीं मिलता तो देश-दुनिया की लानत-मलामत करते, क्रिकेट, बेरोजगारी से लेकर शहर की टूटी सड़कों के बीच गुजरती उनकी बातें किसी मोड़ पर आकर ठहर जातीं।
यह सिलसिला बदस्तूर चलता रहा।
एक दिन जब उनके पास सारी बातें खत्म हो गईं और किसी के पास कहने के लिए कुछ नहीं बचा तो विमलेश ने कहा, ‘कुछ भी कहो यार, दम है बंदे में। गोल-गोल टोपी पहनने वालो को सीधा कर दिया है, अब मजाल है कि कोई लाऊड स्पीकर लगा दे। अगले दिन ही बंदा उसका बैंड बजा देगा।’
उसकी बातें सुनकर दीपक, तपन और चराग सकते में आ गए कि यह एकाएक विमलेश ने क्या कह दिया। अलबत्ता दीपक जरूर मुस्करा दिया पर तपन और चराग को विमलेश की यह बात नागवार गुजरी। एकाएक विमलेश ने यह मुद्दा कहां से उठा दिया। चराग उनके साथ ही बैठा था। विमलेश, दीपक और तपन कई बार चराग के घर में जाकर ईद की सेवइयां खा चुके थे। उस समय तो किसी ने किसी को कुछ नहीं कहा और बात वहीं खत्म हो गई लेकिन तीनों के मन में एक सवाल कुलबुलाने लगा कि एकाएक विमलेश ने ऐसा क्यों कहा। वे इतने सालों तक साथ-साथ रहे लेकिन कभी इस तरह की बात विमलेश ने नहीं की। आज अचानक उसे क्या हो गया। यह सवाल उनके जेहन में किसी अंकुर की तरह उग आया था।
कुछ दिनों बाद कुछ ऐसा घटा कि उनके जीवन में बदलाव आ गया।
हुआ यह कि शहर में नगर निगम के चुनाव घोषित हो गए और चुनावों के घोषित होते ही शहर में सरगर्मियां बहुत बढ़ गईं। भाषणों और रैलियों का दौर शुरू हुआ। हर चौराहे, हर सड़क, हर बिल्डिंग, हर मोड़, हर खंभे पर चुनावी पोस्टर दिखाई देने लगे जिनसे शहर की सूरते-हाल ही बदल गई। पूरा शहर चुनावी पोस्टरों, बैनरों और झंडियों से अंट गया। चुनाव के इन पर्चों में अपने खोए हुए गौरव को फिर से वापस लाने के संकल्प थे। विश्व गुरु बनाने की बातें थीं, हवा और पानी को साफ करने की बातें थीं। चुनाव लड़ने वाली पार्टियों ने शहर में जगह-जगह अपने झंडे, बैनर और पोस्टर लगाने शुरू कर दिए। बायो-डायवर्सिटी पार्क की इस दीवार पर भी कुछ लोग एक बड़ा-सा बैनर लगाने आ गए। चूंकि यह दीवार सड़क के पास से दिखाई देती थी तो लोगों ने सोचा कि इस दीवार पर बैनर लगाने से खूब प्रचार होगा। यहां से गुजरने वाले हर आदमी की नजर उनके पोस्टर पर पड़ेगी।
जब इस दीवार पर बैनर लगाने के लिए बीस-बाईस साल के दो लड़के टीले की सीढ़ियों पर चढ़े, तो उनकी नजर दीवार की सीढ़ियों पर लिखी एक इबारत पर पड़ी। अजीब टेढ़े-मेढ़े अक्षरों वाली इबारत थी। उस इबारत पर धूल की मोटी परत चढ़ी हुई थी। इबारत को देखकर एक लड़के में कौतूहल जगा। उसने उस धूल को साफ करना चाहा। दीवार की धूल आसानी से साफ होने वाली नहीं थी, उन लड़कों ने धूल को खुरच-खुरच कर साफ किया। जब धूल काफी हट गई तो उन्हें लगा कि टेढ़े-मेढ़े अक्षरों में कुछ लिखा है। वे दोनों लड़के न हिंदी पढ़ सकते थे और न ही अंग्रेजी। लेकिन उन्हें इस इबारत से कोई मतलब नहीं था। उनका काम तो दीवार पर बैनर टांगना था। उन्होंने दीवार पर बैनर टांग दिया और अपनी राह चलते बने।
अगले शनिवार जब दीपक, विमलेश, तपन और चराग उस टीले की दीवार पर आए तो विमलेश की नजर दीवार की सीढ़ियों पर खुदी इस उस इबारत पर पड़ी जो बैनर लगाने वाले लड़के द्वारा खुरचने पर साफ-साफ दिखाई दे रही थी।
‘अमा यह क्या है यार?’
विमलेश के यह कहते ही दीपक, तपन और चराग चौंक गए। सबकी नजरें इस इबारत की ओर चली गईं। उन्होंने देखा कि टेढ़े-मेढ़े अक्षरों में कुछ लिखा था।
‘यह कौन सी भाषा है?’ दीपक ने सवाल किया।
‘फारसी लगती है। मैंने कहा था तुम लोगों को, मुगलों की सेनाएं यहां रहती थीं। उनके समय की इबारत है यह।’ तपन ने बताने की कोशिश की।
‘मुझे तो यह उर्दू लगती है।’ विमलेश ने कहा।
‘उर्दू कैसे हो सकती है?’ दीपक का सवाल था।
‘लगता तो उर्दू है। क्यों चराग, देखना यह तुम लोगों की लैंग्वेज है क्या?’ विमलेश ने कहा।
मन में तो आया चराग के कि कहे कि उर्दू हम लोगों की लैंग्वेज कैसे है? क्या तुम लोगों की लैंग्वेज नहीं है? क्या सरकार ने इसे संविधान में नहीं रखा है? लेकिन कुछ कहा नहीं, मन मसोस कर रह गया।
चराग ने दीवार की सीढ़ियों पर लिखी इबारत को गौर से देखा और फिर कहा, ‘हां, उर्दू है।’
‘देखा न, मैं कहता था उर्दू है।’ विमलेश चहक उठा।
दीपक और तपन भी इस इबारत को ध्यान पूर्वक देखने लगे।
‘उर्दू यानी मुगलों की भाषा।’ इबारत को देखकर दीपक ने कहा।
‘उर्दू केवल मुगलों की भाषा नहीं थी।’ चराग को उनके आधे-अधूरे ज्ञान पर अफसोस था।
‘अच्छा ठीक है, तुम्हारी ही बात सही है पर लिखा क्या है?’ विमलेश ने सवाल किया।
‘कुरान की एक आयत लिखी हुई है।’ चराग ने बताया।
‘कौन-सी आयत?’ तपन ने पूछा।
चराग ने उस आयत को पढ़कर सुनाया।
‘इसका मतलब क्या हुआ?’ विमलेश ने फिर पूछा।
‘इसका मतलब है कि ‘सभी मनुष्य एक ही व्यक्ति आदम की संतान हैं और इसलिए एक दूसरे के भाई हैं।’ चराग ने बताया।
‘वह सब ढकोसला है। मैं तो कहता हूँ इनको इनके देश भेज देना चाहिए। बहुत कुछ सहा है हमने इनकी खातिर। कहते कुछ हैं करते कुछ हैं और बताते कुछ हैं’ दीपक सेठी ने कहा।
उसके मन में उसके दादा का दर्द समाया हुआ था।
दीपक की यह बात तपन को कुछ अच्छी नहीं लगी। उसने कहा, ‘कौन-सा देश है इनका? क्या ये इस देश के नहीं हैं?’
इस बात से ऐसा विस्फोट हुआ कि सबकी रगों में खून तेजी से दौड़ने लगा। एक नशा-सा छा गया। पता नहीं कहां-कहां की बातें हवा में उछलने लगीं।
‘इनके गहने, इनकी नौकरियां, सब छीन ली जानी चाहिए इनसे। गांधी-नेहरू की गलती का खामियाजा आज तक हम लोग भुगत रहे हैं।’ दीपक की आवाज थी।
‘पटेल बन जाता न प्रधानमंत्री, तो आज एक न दिखाई देता। हमें पता है कितनी कुरबानियां दी हैं हमने।’ विमलेश की आवाज थी।
विमलेश भीतर ही भीतर उद्वेलित था लेकिन बाहर से शांत, सौम्य और गंभीर दिखने की कोशिश कर रहा था।
‘ऐसा नहीं है। तुम चीजों को टोटेलिटी में नहीं समझ रहे हो।’ तपन ने विमलेश को शांत करने की कोशिश की।
‘इन्होंने हमारे ऊपर सदियों तक राज किया और हमको गुलाम बनाकर रखा। अब आया है ऊंट पहाड़ के नीचे। बंदा एक-एक की खाल खींच लेगा।’ विमलेश लगातार बोले जा रहा था।
‘ये लोग कभी इस देश को प्यार नहीं कर सकते, न इस पावन भूमि को अपनी पितृ भूमि मानते हैं और न ही पुण्य भूमि। इन लोगों ने हमारे पूजा स्थल तोड़े हैं।’ यह दीपक था।
यह सब चराग हुसैन की मौजूदगी में हो रहा था। वह काफी देर तक चुप रहा, फिर बोला- ‘कभी तुम लाइब्रेरी जलाने लगते हो तो कभी पढ़ाई के कोर्स को दुरुस्त करने लगते हो। यह हक किसने दिया तुमको?’
‘देने वाला कौन होता है, यह हमारा अधिकार है। संविधान में लिखा है।’
‘हम भी यहीं पैदा हुए हैं। हमारी कई पुश्तें भी यहीं पैदा हुई हैं। यहां की हवाओं में सांस लिया है। हमारे बाप-दादाओं ने भी कुर्बानी दी है। हमें हक है यहां रहने का।’
इन चारों में तपन चुप था। उसे समझ में नहीं आ रहा था कि एकाएक इन तीनों को क्या हो गया। कहां से सीख लिया यह सब इन्होंने और किसने सिखाया? इतने सालों से वह इनके साथ था। पहले कभी इस तरह की बातें नहीं हुईं। अब एकाएक क्या हो गया?
और देखते ही देखते इन चारों की बातें बायो-डायवर्सिटी के इस टीले से निकलकर इस बाग में फैल गईं और अगले दिन पूरे शहर में फैल गईं।
जब दूसरी पार्टी ने देखा कि टीले की दीवार पर एक पार्टी का झंडा और बैनर लगे हुए हैं तो दूसरी पार्टी ने भी अपना झंडा और बैनर उस दीवार पर टांग दिया और देखते ही देखते चुनाव लड़ रही सभी पार्टियों के उम्मीदवारों ने अपने बैनर और झंडे उस टीले पर टांग दिए।
इसी दौरान जब एक पार्टी के दो लड़के उस दीवार पर पोस्टर लगाने आए तो उनकी नजर दीवार पर लिखी इबारत पर गई।
‘यह क्या लिखा है?’ उनमें से एक ने कहा।
उसके यह कहते ही झंडा लगाने आए दूसरे लड़के ने गौर से उस इबारत को देखा। उनमें वह दसवीं तक पढ़ा था। उसने गंभीर मुद्रा बनाकर कहा, ‘उर्दू में कुछ लिखा है।’
उर्दू का नाम सुनते ही दूसरा लड़का ऐसे चौंका गोया उसने ‘उर्दू’ नहीं ‘एटम बम’ सुन लिया हो॥
‘यहां इसकी क्या जरूरत है?’ उसने दार्शनिक मुद्रा में आकर कहा।
उस टीले की दीवार पर उर्दू की कोई जरूरत थी या नहीं इसका कोई अंदाजा उन दो लड़कों को नहीं था। वे फौरन अपने आका के पास गए। उसे दीवार पर लिखी उर्दू के बारे में बताया और अगले ही पल एक काले पेंट का डिब्बा और एक हाथ में ब्रश लेकर टीले की दीवार के पास आ गए जहां उर्दू लिखी थी। उन्होंने एक-दूसरे को देखा और आस-पास देखते हुए जल्दी से उस इबारत पर कालिख पोत दी। कालिख पोतते वक्त वे मुस्करा रहे थे और उनके चेहरों पर गर्व का भाव था।
उस इबारत पर कालिख पोते जाने की खबर को अखबारों ने पूरे शहर में फैला दिया और लोगों ने अपने-अपने पक्ष तलाशने शुरू कर दिए। शहर के बाजारों में, दफ्तरों में, मेट्रो रेल में, बस अड्डों में, टीवी के हर चैनल में इस इबारत पर कालिख पोते जाने की खबर धूम मचा रही थी।
उसके बाद क्या हुआ, पता नहीं चला लेकिन अगले शनिवार ठीक सात बजे जब तपन उस टीले पर पहुंचा तो वहां न तो दीपक आया, न विमलेश आया और न ही चराग। किसी ने एक दूसरे को फोन तक नहीं किया। तपन ने सबको बारी-बारी फोन किया पर सबके फोन बिजी थे। तपन ने काफी देर तक उनके फोन का इंतजार किया और जब किसी का फोन नहीं आया तो चुपचाप अपने हॉस्टल के कमरे में आ गया। उस दिन तपन का मन काफी व्यथित था। पिछले कई सालों से चला आ रहा सिलसिला पहली बार टूटा था।
सब व्यथित थे पर सबसे ज्यादा व्यथित तपन था। वह समझ नहीं सका कि उस इबारत पर कालिख पोत कर क्या हासिल होगा। क्या कालिख पोतने से इतिहास को मिटाया जा सकता है या किसी के रहन-सहन, किसी के रीति-रिवाज, किसी की बोली-बानी, किसी के त्योहारों को मिटाया जा सकता है। वह ज्यों-ज्यों सोचता, उसकी बेचैनी और बढ़ती जाती। तभी उसने तय किया कि वह उस इबारत पर पुती कालिख को मिटा देगा। पर क्या वह अकेला यह काम कर पाएगा? नहीं, इस काम के लिए वह अपने दोस्तों विमलेश और दीपक को भी कहेगा कि वे भी उसके साथ आएं और यदि वे नहीं आए तो वह अकेला ही यह काम करेगा। भले ही उसके दोस्त उसके इस काम से नाराज हों, फिर सोचा नाराज हुए भी तो कितने दिन तक नाराज रह पाएंगे। दो-चार दिन तक उनकी नाराजगी रहेगी, फिर सब ठीक हो जायेगा। आखिर इतनी पुरानी दोस्ती है।
तपन ने दीपक और विमलेश के मोबाइल पर मैसेज दिया और अपना मकसद बताया। सबने उसके मैसेज को पढ़ा पर किसी ने कोई जवाब तपन को नहीं दिया। पर तपन मन ही मन ठान चुका था।
उसने हार्डवेयर की दुकान से तारपीन का डिब्बा और दो ब्रश लिए। साथ में पानी की दो बिसलरी की बोतलें लीं। यह सारा सामान एक थैले में रखकर वह बायो-डायवर्सिटी पार्क के टीले में अवशेष रह गई दीवार पर पहुंच गया। दीवार के चारों ओर कई पार्टियों के झंडे और बैनर लगे थे। उस समय रात बाकी थी। आकाश में तारे दिखाई दे रहे थे। हवा ठंडी थी जो मन को सुकून दे रही थी, पर उसे डर भी लग रहा था कि अचानक कदमों की आहट सुनाई दी। तपन का दिल जोर से धड़क उठा। आहट उसके पीछे से आ रही थी। उसने पीछे मुड़कर देखा दीपक था। वह खड़ा-खड़ा मुस्करा रहा था। दीपक को उस दीवार के पास देखकर तपन खुश हुआ। आते ही दीपक से कहा, ‘मैंने सोचा तुम अकेले नहीं कर पाओगे यह काम, इसलिए चला आया।’
बड़ा अच्छा किया मुझे उम्मीद थी कि तुम जरूर आओगे।’
‘मुझे तो आना ही था’, दीपक ने कहा।
‘कुछ देर और देखते हैं, शायद विमलेश और चराग भी आ जाएं।’
‘आज नहीं आए तो न सही पर कल जरूर आएंगे।’ कहते हुए उसने अपने थैले से दो ब्रश निकालकर एक ब्रश उसके हाथ में दिया। उस ब्रश को दीपक ने जोर से पकड़ा और कहा, ‘जो भी करना है जल्दी करो।’
तपन और दीपक दोनों ने पूरी ताकत से उस इबारत की कालिख की इबारत पर तारपीन का तेल पोत दिया। तेल पोतते वक्त उन दोनों के हाथ और उनकी सांसें तेज-तेज चल रही थीं। कुछ ही देर में इस इबारत पर पुती कालिख पूरी तरह मिट गई। तपन ने अपने थैले से पानी की बोतलें निकाली और पानी से इबारत को अच्छी तरह धो दिया। इबारत को धोते-धोते तपन ने कहा, ‘यह बहुत गलत है, इस तरह इस इबारत पर कालिख नहीं पोतनी चाहिए। अतीत पर इस तरह कालिख नहीं पोती जा सकती। यह हमारा अतीत है। बीते हुए कल से सबक लेकर ही हम आने वाले कल की ओर बढ़ सकते हैं।’
पानी से धोने के बाद जो इबारत पहले धुंधली थी, वह और उजली हो गई।
संपर्क : वी – 27 /15, डीएलएफ फेज – 3, कुतुब एन्क्लेव, गुरुग्राम, हरियाणा – 122002 मो. 9873225505


संकीर्ण मानसिकता को एक मानवीय और बहुलतावादी सोच की दिशा देने का प्रयास करती है कहानी। रचनाकार को साधुवाद