
वरिष्ठ लेखक, ‘नवभारत टाइम्स’ से समाचार संपादक के पद से सेवा निवृत्ति। पुस्तकें ‘मीडिया शब्दकोश’, ‘क्राइम रिपोर्टर’, ‘उत्तर-आधुनिक मीडिया तकनीक’, ‘ऑनलाइन पत्रकारिता तथा क्राइम’, ‘कानून और रिपोर्टिंग’।

परचुरे जी का अभिनंदन हो रहा है, किंतु हमेशा हँसने-मुस्कराने वाला उनका चेहरा चिंता और उदासी से बेजार है। उनके बगल की कुर्सी पर कॉलोनी के सेक्रेटरी विराजमान हैं। भाषणों का सिलसिला जारी है। माइक संभालने से पहले हर वक्ता परचुरे जी को माला पहनाता है, फिर उनके गुणगान से अपनी बात शुरू करता है। महिलाएं ऐसे हर कथन का स्वागत ‘भोले बाबा की जय’ से करती हैं फिर झोले में से मुट्ठी भर फूल मंच की ओर उछाल देती हैं।
लेकिन परचुरे साहब प्रशंसकों की इस भीड़ में खुद को कुछ ज्यादा अकेला और असहाय महसूस कर रहे थे। वह सूखे होंठों पर बार-बार जीभ फेरते, उनकी आंखों में लाचारगी और सूनापन तैर रहा था। उन्हें इन महिलाओं से भी कम शिकायत नहीं थी। आफत की बुनियाद इन्हीं की तो रखी हुई है। शिवजी की पिंडी की प्रतिष्ठा उन्होंने अपनी पूजा के लिए की थी, परंतु इन औरतों ने उसपर आधिपत्य जमा लिया। पिछले बुधवार को ऐसा कोहराम मचा कि दहशत ही फैल गई। धर्म महासभा और शंकर सेवा संघ वालों ने जुलूस निकाले। रास्ते जाम कर दिए। पुलिस आई। शहर में तनाव और सनसनी दौड़ गई।
मंच पर सकुचाए-से बैठे परचुरे जी अपने ख्यालों में खोए हुए थे कि सभास्थल के सामने वाले छोर पर खलबली-सी हुई। पुलिसवाले लंबी-लंबी सीटियां बजाने लगे। हटिए, रास्ता छोड़िए, चलिए, एक तरफ हट जाइए… अबे किनारे हो जा… जैसी रौबीली आवाजें कई ओर से आने लगीं। पुलिस का एक घेरा धीरे-धीरे मंच की ओर आता दिखाई दिया। कुछ ही पल में मुख्यमंत्री सूर्यशेखर जी परचुरे साहब के सामने हाथ जोड़े आ खड़े हुए- ‘भई परचुरे जी, यह तो हमारी और इस शहर के लोगों की खुशकिस्मती है कि आप सरीखे धर्मप्राण, परोपकारी और सच्चे ईश्वरभक्त अपने पुण्य-कार्यों से पाप के बढ़ते अंधकार को दूर करने में लगे हुए हैं। धन्य हैं आप और आपके कारण इस कॉलोनी के निवासी।’ मुख्यमंत्री ने इतना कहकर गुलाब के फूलों का बड़ा-सा हार परचुरे जी के गले में पहना दिया। फिर माइक पर परचुरे साहब का अभिवादन किया। धर्म की आड़ लेकर समाज को बांटने वाली फरेबी ताकतों से सावधान रहने का आगाह करते हुए सूर्यशेखर जी ने परचुरे साहब के पूजास्थल के लिए समाज कल्याण कोष से दो लाख रुपये की राशि देने की घोषणा की। इसके उपरांत परचुरे जी के मंदिर में शिव की नई पिंडी के समक्ष नारियल फोड़ा, पुष्प अर्पित किए और लौटकर मंच की सबसे बड़ी कुर्सी पर बैठते हुए परचुरे जी के कान में बोले, ‘बस, अब दो मिनट में अपना भाषण निपटा दीजिए, हाईकमान से मिलने जाना है, वह तो मंदिर का मामला था, इस वजह से ये प्रोग्राम रखना पड़ा।’
परचुरे साहब ने बुझी हुई, बेजान आवाज में मुख्यमंत्री और कॉलोनीवासियों का आभार जताया, ईश्वर का परम भक्त कहकर उनकी प्रशंसा की और सबकी उन्नति-सद्गति की कामना करके कुर्सी पर टिक गए। सूर्यशेखर जी ने विदा लेने से पहले बेहद विनम्रता के साथ झुककर उनको प्रणाम किया। मुख्यमंत्री के मंच से उतरते ही एक बार फिर भीड़ में हलचल हुई।
परचुरे जी सभा खत्म होने से पहले ही बगल के पार्क में पीपल के पेड़ के नीचे बेंच पर जा बैठे। वह घुटन महसूस कर रहे थे। उनके हाथ-पैर कांप रहे थे और मन में अजीब-सा भय समाता जा रहा था। हताशा और नाउम्मीदी का घना अंधेरा उन पर फिर तारी होने लगा। बेटा तो पहले ही मां के साथ अलग रहने चला गया। अब उन्हें भी घर में हर समय लाचारगी का बोझ सताता है। मंदिर के नाम पर आए दिन कोई-न-कोई लफड़ा होता रहता है। आस-पड़ोस वालों को अपने उपासना घर में पूजा-पाठ की छूट उन्होंने यह सोचकर दी थी कि भक्ति का पुण्य उन्हें भी मिलेगा, आपस में प्रेम बढ़ेगा और धर्म की प्रभावना होगी, लेकिन लोगों का ध्यान पूजा-पाठ से ज्यादा मंदिर पर हक जताने में रहता है। तड़के ही पांच-छह औरतें ठाकुरजी के ठौर की सफाई वगैरह के लिए आ धमकती हैं। फिर जलाभिषेक के बाद आरती और उसके उपरांत कीर्तन शुरू हो जाता है। मंदिर पर जमघट तो हर समय ही लगा रहता है। पिछले साल सावन में कॉलोनी वालों ने अहाता घेरकर कांवड़ियों के लिए टेंट लगा दिए। दस-बारह दिन तक वह चैन से सो-बैठ भी न सके। उन्हीं दिनों कोई वहां पीतल का बड़ा-सा घंटा भी लटका गया, जिसे लोग टन्न की झन्नाटेदार आवाज के साथ दिनभर बजाते रहते हैं।
परचुरे जी एक जानी-मानी न्यूज एजेंसी में काम करते हैं। सरल-सौम्य स्वभाव के धर्मकांत शिवकांत परचुरे महाराष्ट्र के शोलापुर से हैं। खबरों की पैनी पकड़ और तीखी विश्लेषण शैली के कारण उन्हें पहले मुंबई और कुछ महीने बाद ही दिल्ली बुला लिया गया। कर्मठ और काम के प्रति समर्पित परचुरे दिल्ली में जल्दी ही तरक्की पा गए। काम के अतिरिक्त बोझ की वजह से कई बार उन्हें दफ्तर में देर रात तक रुकना पड़ता। कभी-कभी तो घर पहुंचकर जब वह नींद के इंतजार में होते कि मंदिर में चहल-पहल शुरू हो जाती। हर सोमवार को वहां मेला जुड़ने लगा। शुरू में वह कुछ दिन की परेशानी मानकर मन को समझाते रहे। फिर उन्होंने आशा बांधी कि शंकर भगवान की प्रेरणा से जल्दी ही कोई हल निकल आएगा, लेकिन धीरे-धीरे उनकी समझ में आ गया कि यह समस्या उनके आर्थिक, पारिवारिक, व्यक्तिगत और सामाजिक सुख-चैन को दीमक की तरह चाट रही है। उनकी जानकारी के बिना ही फ्लैट के साथ खाली पड़ी तिकोनी जमीन को कंटीले तार लगाकर अहाते में बदल दिया गया। वहां हर वक्त नशाप्रेमी शिवभक्तों का जमघट रहता है। कई बार श्रद्धालु महिलाएं तड़के ही नींद से जगाकर हंगामा कर चुकी हैं कि अहाते में शराब की खाली शीशियां और बीड़ी-सिगरेट के टुकड़े पड़े हैं। परचुरे जी करीब दो साल से ये हालात झेल रहे हैं।
इस बीच कुलिंदर ने भी मंदिर में अच्छी-खासी पैठ बना ली है। वह डीडीए में माली है और उसकी ड्यूटी इसी इलाके में है। सबसे पहले उसने अहाते के कंटीले तारों के साथ मेंहदी और तुलसी के पौधे लगाए। फिर रोज आकर उनकी सिंचाई और काट-छांट करने लगा। एक दिन पूछने पर उसने परचुरे साहब को अपने बारे में इतना ही बताया कि वह डीडीए का अदना-सा कर्मचारी है और मंदिर में सेवा-टहल करके पुण्य का भागी बनना चाहता है। परचुरे जी ने यह सुनकर चुप साध ली। धीरे-धीरे कुलिंदर की ड्यूटी का ज्यादातर वक्त अहाते में ही बीतने लगा। सोमवार को तो वह मुंह अंधेरे ही आ जाता। देखते-देखते उसके दोस्तों की मंडली तैयार हो गई। सर्दी की धूप में कई बार उसको ताश खेलते देखा जाता। एक दिन परचुरे साहब ने पूछ लिया, ‘कभी अपनी ड्यूटी भी करते हो?’ अगले ही दिन वह एई पुरी और जेई राठी को शिवजी के दर्शन कराने ले आया। दोनों इंजीनियरों को परचुरे जी से मिलवाने भी ले गया। उन्होंने परचुरे जी की दिल खोलकर तारीफ की। फिर बोले, ‘इस नेक काम में हम भी आपके साथ हैं। भक्तों की सुविधा के लिए हम यहां चार-पांच हेलोजन लाइटें, एक हैंडपंप और धूप-बारिश से बचने के लिए आधे हिस्से में शेड लगवा देंगे। मंदिर के बढ़ते महात्म्य से परेशान परचुरे जी ने यह सुनते ही अचकचाकर कहा, ‘इस बारे में दस-बारह दिन बाद आपको बताऊंगा’, लेकिन पुरी मुंह बिचकाकर बोले, ‘धरम के काम में हमारा भी फर्ज बनता है जी। आप सोचो, ये काम होने पर यहां आने वाले श्रद्धालुओं के लिए कितना आराम हो जाएगा।’ उसी शाम परचुरे जी के पास आठ-दस महिलाओं के साथ कपूरनी आ पहुंची, ‘कुलिंदर को मंदिर की देखभाल की जिम्मेदारी हम लोगों ने सौंपी है। वो बेस्वारथ भगवानजी की सेवा करता है, आप उस बेचारे को डांटा न करें।’ परचुरे जी उनकी बात पर कसमसाकर रह गए।
परचुरे साहब को अकस्मात वह दिन याद आ गया, जब डीडीए फ्लैट का नंबर आने पर वह फूले नहीं समाए थे। फ्लैट ग्राउंड फ्लोर पर था एकदम कोने का। सत्तर-अस्सी गज फालतू जमीन का टुकड़ा भी साथ में था। इस जमीन की तरफ उनके स्टोर रूम की खिड़की खुलती थी। उनकी पत्नी और बेटा किराए के मकानों की परेशानी से आजिज आ चुके थे। जल्दी अपने घर में रहने की आजादी और बेफिक्री का सुख उठाने के इरादे से परचुरे का परिवार फिनिशिंग कराए बिना ही शिफ्ट हो गया। इसी उपलब्धि का उत्सव मनाते हुए एक दिन वह पत्नी शालिनी ताई और पुत्र दामोदर राव के साथ गंगास्नान से लौटते हुए शिवजी की सुंदर-सी पिंडी खरीद लाए। पिंडी को उन्होंने स्टोर रूम में एक छोटा-सा खूबसूरत चबूतरा बनवाकर स्थापित कर दिया। अब हर सुबह परचुरे साहब वहीं पूजा करते, जलाभिषेक के बाद दीया-बत्ती करते और ‘शंकर भगवान की जय’ का हुंकारा लगाकर मुलतानी मिट्टी से माथे पर छोटा-सा त्रिपुंड बनाते।
कुछ दिन बाद एक नया सिलसिला यह शुरू हुआ कि ऐन पूजा के वक्त ऊपर की मंजिल से उतरकर मिसेज कपूर बाहर खिड़की पर हाथ जोड़े आ खड़ी होतीं। जल्दी ही यह उनका रोज का नियम बन गया। एक दिन उन्होंने शालिनी ताई से चिरौरीभरे अंदाज में कहा, ‘भेन जी, आप मंदिर वाले कमरे की खिड़की हटवाकर दरवाजा क्यों नहीं लगवा देतीं, हम भी ठीक से पूजा कर लिया करेंगे।’ ताई ने परचुरे जी को इस अनुरोध के बारे में बताया तो वह खुशी-खुशी राजी हो गए। अगली ही छुट्टी में उन्होंने खिड़की की जगह गेट लगवाने का काम पूरा करा दिया।
दो हफ्ते भी न बीते होंगे कि एक सुबह कपूरनी सीधे परचुरे जी के सामने आ खड़ी हुई, ‘मंदिर के गेट की एक चाबी हमें दे दीजिए, आप साढ़े आठ-नौ बजे गेट खोलते हैं, हम लोग उस वक्त नाश्ते और खाने के काम में बिजी होते हैं।’ परचुरे जी को इसमें भी कुछ गलत नहीं लगा, वरन उन्हें एक तरह का अपराध बोध महसूस हुआ। इसलिए तुरंत बोले, ‘मैं दूसरी चाबी ढूंढ़कर दे दूंगा। नहीं मिली तो कल ही डुप्लीकेट बनवा लाऊंगा।’ परचुरे जी ने डुप्लीकेट चाबी दे तो दी, पर इससे नित नई परेशानियों और मुश्किलों का बंद न होने वाला नया दरवाजा खुल गया।
परचुरे जी को काफी देर बाद याद आया कि वह पार्क में बैठे हैं। उन्होंने घूमकर समारोह स्थल की ओर देखा, वहां सन्नाटा पसरा था। गहरी ऊहापोह और खीझ के कारण उन्हें सूझ ही नहीं रहा था कि क्या करें। तभी वह उठे और तेजी से बाजार की ओर चल पड़े। लगा, जैसे कोई उपाय उनके हाथ लग गया है। दरअसल वह सीधे प्रॉपर्टी डीलर आहूजा के दफ्तर जा पहुंचे। आहूजा शायद अभी-अभी आया था। वह जितनी बार ऑफिस में आता, सबसे पहले धूपबत्ती जलाता। परचुरे साहब ने अपनी बेचैनी पर जब्त रखने के लिए सिगरेट सुलगा ली। चार-पांच मिनट में ही आहूजा आ गया और एक शानदार कुर्सी पर पीठ टिकाकर परचुरे साहब के लिए चाय मंगवाने के बाद बोला, ‘अच्छा, हुकम करो जी, कैसे तकलीफ की?’ परचुरे तीन-चार बार पहले भी फ्लैट की समस्या के बारे में बात कर चुके थे, इसलिए अपनेपन के साथ बोले, ‘डियर, मैं अब जल्दी इस समस्या से छुटकारा चाहता हूँ।’ आहूजा ने चाय की चुस्की लेकर कहा, ‘समस्या का समाधान एक ही है, फ्लैट को बेच दो। माल आपका सौ टका खरा है, खड़े-खड़े बिक जाएगा, पैसे भी अच्छे मिलेंगे, पर पूजाघर का पचड़ा हटाना पड़ेगा।’
परचुरे साहब के माथे पर बल पड़ गए, खिसियाहट और गुस्से से उनकी सांस तेज हो गई। बोले, ‘मंदिर मेरा है, मेरे घर में है, जब चाहूंगा, बंद कर दूंगा। मुझे किसी से पूछना थोड़े ही है।’ लगा, जैसे वह खुद को ही समझा रहे हों, लेकिन आहूजा ने उनकी परेशानी की आग में थोड़ा घी और डाल दिया। बोला, ‘ओ ना जी ना, बापजी! मंदिर अब तुम्हारा नहीं, भगवान का है। दूर-दूर से लोग पूजा करने वहां आते हैं। कल माली कुलिंदर आया था, कहता था, आहूजा साहब, आप मीटिंग बुलाओ, थाने चलो, मंदिर को बंद करने की कोशिश हो रही है। वह बेचारा बड़ा दुखी था।’
परचुरे साहब ने नई सिगरेट जला ली और कुछ सोचते हुए आहूजा से कहने लगे, ‘डियर, तुम्हीं कोई रास्ता बताओ। मैं तो आजिज आ चुका हूँ। अगर बेचने के अलावा कोई उपाय नहीं है तो फिर वही सही। आप आसानी से निपटा दो तो इतना कर सकता हूँ कि कमीशन के पैसे बढ़ा दूं। कहोगे तो कुछ और भी खर्चा उठा लूंगा।’ लेकिन आहूजा पर कोई असर नहीं पड़ा। वह बोला, ‘पूजाघर का मामला तो देखो जी आपने ही सुलटाना पड़ेगा। रिस्क भी है। मैं इतनी मदद कर सकता हूँ कि मूरत हटाने के लिए भरोसे की लेबर दे दूं। मेरे खयाल से तुम सबेरा होने से पहले ही पिंडी को गायब करा दो। हम रात को ही लेबर के साथ मेटाडोर तुम्हारे दरवाजे पर लगवा देंगे। लेबर वहीं सो जाएगी। जितने बजे चाहो, मूरत उठवा देना। बाकी मैं देख लूंगा।’
मूर्ति को ठिकाने लगाने की बात पर परचुरे ‘शिव-शिव’ करके न में दोनों हाथ हिलाने लगे। लेकिन आहूजा ने नरमी-गरमी दिखाते हुए कहा, ‘या तो वाहवाही लूट लो, या फिर अपने फ्लैट के पैसे खड़े करने की सोचो। तुम दो नावों पर पैर रखना चाहते हो।’ आखिर आहूजा के साथ परचुरे ने सारा प्रोग्राम तय कर लिया।
ऑपरेशन अगली ही रात होना था। योजना के मुताबिक मेटाडोर और साथ में लेबर भी आ गई। भोर तकरीबन साढ़े तीन बजे कार्रवाई अंजाम दे दी गई। कहीं चूं तक नहीं हुई। बुधवार तड़के नियमानुसार औरतें आईं तो अचानक हाहाकार का एक समवेत शोर फूट पड़ा। कुछ ही देर में परचुरे साहब के घर पर स्त्रियों के साथ-साथ पुरुषों की भीड़ जमा होने लगी। किसी ने पुलिस को भी फोन कर दिया। तब तक कॉलोनी की वेलफेयर एसोसिएशन के लोग भी आ पहुंचे। कुछ लोग थाने भी पहुंच गए और मूर्ति चोरी की रिपोर्ट लिखवा दी। लोग पूरे दिन मूर्ति चुराने वालों को कोसते रहे। साथ-साथ वे परचुरे साहब के ईश्वर-प्रेम, त्याग और परोपकारी भावना जैसे गुणों का बखान भी करते रहे।
कॉलोनी की महिलाओं की चिंता देखने लायक थी। उनका कहना था कि धर्म पर विपदा आन खड़ी हुई है। इस संकट के समाधान के लिए उसी शाम वेलफेयर एसोसिएशन की इमरजेंसी मीटिंग बुलाई गई। कुलिंदर ने बड़े जोश के साथ मीटिंग के समय और स्थान की सूचना सभी लोगों तक पहुंचाई। तय हुआ कि हर फ्लैट से पांच सौ रुपये जमा किए जाएं। जो पैसा इकट्ठा हो, उससे भव्य शिवलिंग की प्रतिष्ठा की जाए। कुलिंदर के सौजन्य से एई पुरी और जेई राठी ने भी मीटिंग की शोभा बढ़ाई। उन्होंने भक्तों की खातिर अहाते में कई और काम कराने का ऐलान कर दिया। प्रॉपर्टी डीलर आहूजा ने मीटिंग में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। मूर्ति स्थापना के कार्यक्रम में मुख्यमंत्री को बुलाने और उसमें परचुरे साहब के अभिनंदन का प्रस्ताव भी उसी ने रखा। आहूजा के इस सुझाव पर सभी वाह-वाह कर उठे। राय बनी कि यह भव्य समारोह इसी रविवार को संपन्न हो।
आहूजा ने इस कार्यक्रम के लिए अपनी तरफ से एक-एक हजार के दस नोट सेक्रेटरी को वहीं थमा दिए। इसके अलावा मंच का खर्च उठाने की बात कहकर तालियां भी लूटीं। कुलिंदर के जरिए परचुरे साहब को बुलाकर मीटिंग के फैसलों की जानकारी दी गई तो उन्होंने न खुशी जाहिर की, न अफसोस जताया। बस, पलकें झपकाते कहीं शून्य में ताकते रहे। आने वाली विपदा का पूरा खाका उनकी आंखों के सामने खिंच गया।
इन धर्मसेवियों से नजर बचाने की खातिर परचुरे जी वहां से उठकर नहर की मुंडेर पर जा पहुंचे और भावी अनिष्ट से छुटकारा पाने की गुत्थी सुलझाने में फिर उलझ गए। सिगरेट के गहरे कश लेते हुए वह स्वयं से ही सवाल करने लगे, ‘क्या मैं कभी अपना घर और सुख-चैन वापस पा सकूंगा? गलती मेरी रही या कुछ लोगों ने मेरे व्यवहार का गलत फायदा उठाया? मैंने तो जो कुछ किया, नेक इरादे से ही किया, मेरा उद्देश्य तो प्रभु की सेवा और लोगों की भलाई था।’
वह इसी तरह आशा-निराशा में गोते लगा रहे थे कि वहां कई और लोग शाम की चहलकदमी करते पहुंच गए। तभी बनवारी पंडित भी आ गए। वह उन्हीं के बगल में जम गए। बोले, ‘परचुरे साहब, आप बड़े त्यागी, नेक इंसान हैं। भला, कौन अपने घर को भोले बाबा का ठौर बनाता है। मेरी मानो तो अब अपने रहने के लिए आप कोई दूसरी जगह तलाश कर लो।’ गुस्से और खीझ से भरे परचुरे ने कहा, ‘तो क्या अपने फ्लैट को कुलिंदर और आहूजा जैसे धंधेबाजों और हर घर की जासूसी करने वाली उस मोटी कपूरनी के हवाले कर दूं?’
बनवारी पंडित अपनी आवाज में नरमी और आत्मीयता पैदा करते हुए एक-एक शब्द पर जोर देकर बोले, ‘यार परचुरे, तुम तो सचमुच भोले-भंडारी हो, अपना फ्लैट दे दो किराए पर, मंदिर में सेवा पूजा के लिए रखो एक पुजारी। हर सोमवार को जोरदार भंडारा कराओ। देखो, कैसी भीड़ होती है। तुम्हारे वारे-न्यारे हो जाएंगे। तुम जैसा नादान भी नहीं होना चाहिए।’
घर लौटने के बाद परचुरे जी ने रात का भोजन भी नहीं किया। बेचैनी के कारण वह चहलकदमी के लिए घर से फिर बाहर निकल आए। उन्होंने बनवारी पंडित की योजना पर गौर किया। उन्हें लगा कि वह आहूजा और कुलिंदर का ही एक और अवतार है। इन तीनों के शातिर चेहरे एक-एक कर उनकी आंखों के सामने घूमने लगे। उन्हें गांधी जी के तीन बंदरों की याद आ गई। आहूजा, कुलिंदर और बनवारी की शक्ल में उन्हें तीन बंदर दिखने लगे।
परचुरे साहब को लगा कि गांधी की सीख को ध्यान में रखकर बुरा कहने, बुरा सुनने और बुरा देखने के पाप से बचना चाहिए। एक साथ पश्चाताप और प्रायश्चित का भाव लिए वह घर लौटे और सोने के लिए सीधे बिस्तर पर पसर गए।
फ्लैट बचाने की चिंता ने परचुरे जी में भय का स्थायी भाव पैदा कर दिया था। घर में तो सन्नाटा पसरा ही रहता था। वे अकेले बैठे सिगरेट फूंकते रहते। गहरी चिंता से पार पाने का कोई रास्ता सूझ ही नहीं रहा था। कभी-कभी देर रात कोई भक्त घंटे की जोरदार टन्न से कानों को सुन्न कर देता तो उनकी आंखों में चिंता के साथ गुस्सा तैरने लगता, कभी आत्मालाप करने लगते। एक शाम ऐसे ही बैठे हुए थे कि उनको आहूजा की याद आ गई। इसी ऊहापोह में उन्होंने फोन कर आहूजा को कहा, ‘कुछ मेरी भी फिक्र है, आओ मुझसे मिलो।’
परचुरे जी की उमर पिछले कुछ ही महीनों में कई साल लांघ चुकी थी। वैसे भी रिटायरमेंट को दो साल बचे थे। बार-बार सोचते कि मैं कहां जाऊंगा, क्या करूंगा। इसी बीच आहूजा प्रकट हो गया। सुरजीत आहूजा ने थोड़े ही समय में प्रॉपर्टी डीलिंग के धंधे में अपनी धाक जमा ली थी। वह पटाने की कला में माहिर था। फायदे की तलाश करने वाली उसकी आंखें चील की तरह काम करती थीं और रसूख बनाना उससे अच्छा शायद ही कोई जानता हो। आहूजा परचुरे के घुटनों पर हाथ लगाकर बैठते हुए बोला- ‘जी, सेवा बताइए महाराज जी।’
‘अरे आपको क्या बताना है, सब तो जानते हो। मेरी परेशानी से खूब वाकिफ हो। अभी तक तुमने मेरी मदद की है, अब इस भंवर से तुम्हीं निकाल सकते हो। मुझे तुम पर भरोसा है।’
आहूजा आवाज में गहराई लाते हुए बोला- ‘शाह जी, हम तो आपके बच्चे जैसे हैं, जैसा हुकम करेंगे हो जाएगा। बस बता दो करना क्या है। वैसे भी ये परोपकार का काम है, दूसरों के भले के लिए सेवा है ये। परोपकार के लिए तो समझो भगवान जी ने हमें जन्म ही दिया है।’
‘मुझे इस भंवर से निकालो और क्या करना है। कैसे भी करो। मेरी मदद नहीं करोगे तो मुझे कुछ भी हो सकता है।’
‘न जी न। ऐसा क्या सोचना। हम बैठे किसलिए हैं। बस आप तो बोल दो, करना क्या है, कैसे करना है!’
आहूजा का हर वाक्य बड़ा नपा-तुला और घाघपन से भरा होता था। कुछ पल चुप रहने के बाद बोला, ‘मुझे तो एक ही ट्रंप कार्ड समझ आता है, क्योंकि आपके आशियाने का मसला बहुत गड़बड़ हो गया है, वह अब आपसे संभलने वाला नहीं है। न तो आपका परिवार यहां चैन से रह पाएगा और न आप। मेरे पास दो-तीन अच्छे सौदे हैं। मैं आपका काम जल्दी और आसानी से करा दूंगा।’
परचुरे जी अपनी खीझ, अपनी लाचारी काबू नहीं कर पा रहे थे। बोले, ‘बताओ, मुझे किस बात की सजा मिल रही है। लोग मेरे घर में घुस आते हैं और तुम कहते हो कि दूसरा मकान ले लो। सवाल ये है कि क्यों छोड़ूं मैं अपना घर। पूजा-पाठ ही मेरे लिए अपराध बन गया। मैं नहीं घुसने दूंगा तो कोई मेरा क्या कर लेगा। आप भी समस्या हल करने की बजाय मकान छोड़ने को ही कह रहे हो, ठीक है। सोचो, कहां जाऊंगा मैं। रिटायरमेंट में दो साल बचे हैं। बेटे की एक साल की पढ़ाई बची है। पूरी जिंदगी नौकरी में काटी है। न मैंने ऊपरी आमदनी की और न कभी सोचा इस बारे में। अब मकान बदलने का मतलब है कि फालतू पैसा। वो मैं कहां से लाऊंगा?
‘आहूजा भैया, मैं कुछ बोल नहीं पा रहा हूँ और न कुछ सोच पा रहा हूँ। मैंने जीवनभर ईश्वर की भक्ति की है फिर भी पता नहीं किस अपराध का दंड मिल रहा है। हमदर्दी के साथ मेरी समस्या पर सोचो। कोई ऐसा रास्ता सुझाओ कि जो मुझे इस आफत से बचा सके।’ उनका गला भर आया था और वह कुछ भी बोल नहीं पा रहे थे।
आहूजा पर परचुरे जी की लाचारी में डूबी दयनीयता और हमदर्दी की चाहत का कोई असर नहीं पड़ा। उल्टे उनकी पूजा अर्चना पर सवाल खड़े करते हुए बोला- ‘माईबाप, मुझे माफ करना। हर आदमी भगवान को सुआरथ के लिए याद करता है। आप परमारथी बनने क्यों चले थे। पूजा सेवा अपने लिए करते हैं। लेकिन आपकी नीयत दूसरों की भक्ति से वाहवाही लूटने की थी। भाई जी, धरम तो निजी व्यवहार है। आप उसे दूसरों के साथ बांटने के लालच में फंस गए। उसका ही यह नतीजा है। आप हमारे बाप जैसे हैं, आपको क्या समझाया जाए। लोग तो हर मौके का फायदा उठाने की ताक में रहते हैं। खैर, अब आप जैसा बताइए हो जाएगा।’
परचुरे के चेहरे पर निरीहता के गहरे भाव उभर आए। उनको नहीं सूझ रहा था क्या कहना चाहिए। संयत होकर बोले- ‘आप ही निपटारा करो। कैसे करना है रास्ता बताओ।’
आहूजा ने पूरा माहौल तैयार कर लिया था। बोला- ‘साहजी, मेरी मानो तो फ्लैट से जल्दी पीछा छुड़ाने की सोचो, और कोई रास्ता नहीं है। मैं कोशिश करूंगा कि आपकी जेब से कोई पाई-पैसा खर्च न हो। बस आपके हुकम की देर है।’
परचुरे ने हताशा में डूबी आवाज में कहा, ‘अब इस उमर में मुझे बेघर होने की कह रहे हो, भगवान की उपासना का यही फल मिलना था!’
आहूजा बोला- ‘कोई और तरीका नहीं है, मेरी अकल से पूछो तो। आप हर तरह की चिंता परेशानी से फ्री हो जाओगे।’ इतना कहकर वह जाने के लिए उठ खड़ा हुआ। बोला, ‘ठीक है महाराज जी, मुझे सोचकर-समझकर जवाब दे देना, अब रात काफी हो चुकी है, चलता हूँ।’
परचुरे ने समझ लिया था कि मामले को और टालना संभव नहीं है, फैसले की घड़ी आ पहुंची है, फिर वह जो भी हो। आहूजा ही एकमात्र ऐसा शख्स है, जिसके पास उनकी समस्या की चाबी है और वह घर की अदल-बदल के लिए कह रहा था। इसके बावजूद परचुरे आश्वस्त नहीं हो पा रहे थे। एक अनजानी आशंका उनको लगातार घेरे हुए थी। उनकी छटपटाहट उस मां की तरह थी जो अपने खोए बच्चे को तलाश कर रही हो। तभी अंधेरे में जुगनू की तरह एक आइडिया उनके मन में कौंधा और वह अपनी कोशिशों को आगे बढ़ाने के लिए दिमागी तौर पर तैयारी करने लगे।
अगले दिन दफ्तर पहुंचते ही परचुरे ने क्राइम बीट वाले सभी रिपोर्टरों को बुला भेजा और उनको अपनी व्यथा कथा सुनाई। बोले, ‘आप लोग सामाजिक तौर पर परिपक्व हैं और नागरिक चेतना के धनी हैं। मेरे लिए आपके सुझाव बहुत मायने रखते हैं। आपकी राय में मुझे क्या करना चाहिए कि मैं इस अनचाही विपदा से पीछा छुड़ा सकूं?’
परचुरे की परेशानी में हँसने का मसाला ढूंढ़ते हुए भानु ने कहा, ‘सर जी, आपने खिड़की हटाकर दरवाजा लगवाया तो इसका फायदा मिला होगा! चढ़ावा खूब आता होगा!’
परचुरे थोड़ा खिसियाए अंदाज में बोले, ‘हो सकता है, पर मुझे नहीं मालूम, चढ़ावा कितना आता है, कौन ले जाता है, क्या होता है उसका? मैं आप लोगों की सलाह चाहता हूँ, क्योंकि मैं जीवन की शांति और सुकून खो बैठा हूँ, खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहा हूँ और लगता है जैसे अपमानित और पराजित हो गया हूँ। यह सब पूजास्थल के कारण देखना पड़ रहा है।’
भानु के होठों पर एक विद्रूप हँसी तैर गई, जिसमें मनीष ने भी भानु का साथ दिया। बहरहाल, उनमें सबसे परिपक्व और सीनियर अवधेश ने विमर्श को सही दिशा देते हुए कहा, ‘सर उपाय तो बहुत हैं, लेकिन आप शायद कर नहीं पाएंगे। ऐसा भी हो सकता है कि नई परेशानियां उठ खड़ी हों। एक सीधा-सरल तरीका तो यह है कि मैं तीन-चार दबंग किस्म के लोगों को यह जिम्मा सोंप दूं, वे वहां आने वालों के साथ ऐसी नंगई से पेश आएंगे कि मुफ्त का चंदन घिस रहे लोगों की सारी भक्ति उड़न-छू हो जाएगी। किसी ने चूं-चपड़ की तो मरम्मत भी कर देंगे। पुलिस से भी उनकी सेटिंग रहेगी, आपको कोई परेशानी नहीं होने देंगे।’
परचुरे जी के चेहरे पर घबराहट पसर गई, माथे पर बल पड़ गए और लगा जैसे किसी ने रंगे हाथ चोरी करते पकड़ लिया हो। वे अवाक होकर देखने लगे। फिर संयत होते हुए बोले, ‘अवधेश, ये तो गुंडागर्दी का रास्ता है, क्या हमलोग अब गुंडों से मदद लेंगे और उन्हें संरक्षण देंगे? तुम्हारा जमीर इजाजत देगा यह सब करने के लिए?’
अवधेश ने थोड़े तंज के साथ कहा- ‘फिर आपके लिए सबसे अच्छा रास्ता है कि आप अदालत का दरवाजा खटखटाइए! वहां से आपको न्याय भी मिलेगा और किसी तरह की ग्लानि भी नहीं होगी। बस, समय जरूर लग सकता है, तो कोई बात नहीं, आपके बाद आपके बच्चे तारीखों पर हाजिर होते रहेंगे।’
परचुरे और अवधेश एक दूसरे को कई मिनट तक देखते रहे मानो एक-दूसरे की गहराई नाप रहे हों!
अवधेश के इस तंज के बाद गौरव सिंह ने बोलना शुरू किया, उसकी आंखों में शातिराना चमक थी- ‘मेरे पास भी एक अच्छा उपाय है जो आपके सोच के लिहाज से भी शिष्ट और सौजन्यपूर्ण है। मैं एक पोलिटिकल पार्टी के जिम्मे कर दूं पूरा मामला तब तो आपको कोई एतराज नहीं होगा! पार्टी के कार्यकर्ता शिवजी की सेवा के लिए पहुंच जाएंगे। वे वहां अपना दफ्तर खोल लेंगे कुछ दिन के लिए। न पुलिस का झंझट और न गुंडागर्दी की तोहमत! वे लोग तो जरूरत पड़ने पर कोर्ट से भी निपट लेंगे।’
शांति से पूरी बात सुनने के बाद परचुरे जी ने बुझी हुई आवाज में कहा, ‘मित्रो, क्या यह जरूरी है कि हम अपराधियों या राजनीतिक दलों से गुहार करें और उनके पीछे चलें। क्या हमारे पास सच के लिए लड़ने की हिम्मत नहीं है, क्या हममें अनैतिक लोगों के प्रपंच से लड़ने की कुव्वत नहीं है? मेरा कहना तो यह है कि गलत ताकतों से समझौते के वजाय हमको कुर्बानी के लिए भी तैयार रहना चाहिए। मैं मानता हूँ कि अपनी मान्यताओं के कारण कई बार हमको मानसिक कष्ट झेलने पड़ते हैं, हम इस वजह से कभी-कभी तबाह भी हो सकते हैं लेकिन भला अपने जीवन मूल्यों को छोड़ कैसे सकते हैं? जीवन के मूल्य सिखाते हैं कि हम अपनी परंपराओं और सिद्धांतों पर खरे उतरें, किसी भी परिस्थिति में उनसे डिगें नहीं। यदि हम लोग ही इन बातों का ध्यान नहीं रखेंगे तो दूसरों से क्या अपेक्षा कर पाएंगे?’
क्राइम के साथ प्रशासन की बीट देखने वाले चंद्रकांत ने उनकी बात बीच में काटते हुए दखल देने के अंदाज में कहा- ‘सर, माफ करिएगा, क्या आपको लगता है कि जो लोग आपकी परेशानी की वजह बने हुए हैं, वे समझाने या मना करने भर से मान जाएंगे! आप भी समझ रहे हैं कि वे लोग गलत इरादे से ऐसा कर रहे हैं। उन लोगों को तो ‘शठे शाठ्यम’ वाले फार्मूले से ही रास्ते पर लाना पड़ेगा। आप भी जानते हैं कि अदालतों से इंसाफ पाना हमारी व्यवस्था में दूर की कौड़ी बन चुका है। सर, बुरा मत मानिएगा, मुझे लगता है कि आप खुद भी तय नहीं कर पाए हैं कि आप करना क्या चाहते हैं! आपको ही तय करना है कि कौन से रास्ते को पकड़ना है।’ इतना कहकर चंद्रकांत ने परचुरे जी पर अपनी निगाहें टिका दीं। चंद्रकांत की छवि दफ्तर में औरों से हटकर अलग पहचान और आदर्शवादी सोच वाले व्यक्ति की थी।
परचुरे कुछ देर मनन करते रहे। फिर थोड़ा ठहरकर कहना शुरू किया, ‘बेशक मैं स्वीकार करता हूँ कि गंभीर परेशानी में हूँ, यह भी सही है कि उसका फायदा उठाने के लिए कुछ लोग ताक में हैं। लेकिन इस वजह से मैं उन मानदंडों को नहीं छोड़ सकता, जिनपर अब तक चलता आ रहा हूँ और न उन्हें तोड़ सकता हूँ। यह शाश्वत सत्य है कि न्याय के लिए संघर्ष करना पड़ता है, व्याकुलता, विक्षोभ और उद्वेगों से जूझना पड़ता है। इसके लिए जो धैर्य, साहस, उद्दीप्त आत्मगरिमा चाहिए, उसे मैंने अभी भी जीवित रखा हुआ है। मेरी कोशिश रहेगी कि कमजोर हो जाने के बावजूद वह दीपक टिमटिमाता रहे। मैं जीवन का 70-80 फीसद हिस्सा जी चुका हूँ, अब बचे हुए वक्त के लिए मैं अपनी मान्यताओं को बनाए रखते हुए ही आगे की राह पकड़ सकता हूँ।’ उनकी आंखें छलछला आईं थीं। गले से आवाज नहीं निकल पा रही थी।
अगले दिन सुबह-सवेरे ही आहूजा कागजों का मोटा सा पुलिंदा थामे परचुरे के फ्लैट पर आ पहुंचा। कुछ देर बाद चाय-नाश्ते की ट्रे लिए परचुरे आए और आहूजा को ड्राइंग रूम बुलाकर सोफे पर बैठ गए।
‘इतने सवेरे कैसे आ गए आहूजा भाई?’
‘मैंने रजिस्ट्री के कागजात तैयार करा लिए हैं, आप देख लो और किसी को दिखाना हो तो तसल्ली करके इस किस्से को जल्दी निपटाओ। जितनी देर होगी, उतना ही उलझेगा ये मसला।’ आहूजा अपनी बात कहकर जवाब का इंतजार करने लगा।
परचुरे ने हैरानीभरी आवाज में पूछा, ‘इतनी जल्दी कागज बन गए? मुझे तो आपने बताया ही नहीं कि खरीदार कौन है? आगे क्या करना होगा, मैं कहां जाऊंगा?’
जवाब में आहूजा बोला, ‘जो तीन फ्लैट आपको दिखा चुका हूँ, उनमें जो पसंद हो, ले लो। आपको इस सौदे में कोई पैसा नहीं देना है। मैं आपको कम से कम तकलीफ होने दूंगा। जो फ्लैट आप लेंगे और इस फ्लैट के लेन-देन वगैरह की सारी कार्रवाई मैं खुद निपटा लूंगा। केवल सामान शिफ्ट करना है आपको और उसके लिए भी लेबर मैं दे दूंगा।’
फिर भी आहूजा उन सभी सवालों और शंकाओं के जवाब के लिए तैयार होकर आया था जो उससे किए जा सकते थे। परचुरे से मुखातिब होकर बोला, ‘बाऊ जी, आप परेशान क्यों होते हो! कौन खरीद रहा है, कौन बेच रहा है, इन सब बातों से ध्यान हटाकर आप तो फ्लैट की पसंद बता दो। बाकी सब मुझ पर छोड़ दो। इसके बाद बस एक बार आपको रजिस्ट्री के लिए चलना होगा। आप हमारे पूज्य हैं, आपके किसी भी काम आ सकें तो समझो हमारा जीवन सुकारथ हो गया। मैं तो इसलिए भी दिलचस्पी ले रहा हूँ कि ये परोपकार का काम है।’
परचुरे हर चाबी का ताला खोलकर रास्ता तलाश चुके थे, बचा था एकमात्र सहारा आहूजा का। वो कांख में दबी नीम की पत्तियों के पीछे लपकती बकरी की तरह फ्लैट की पसंद पर मुहर लगाने के लिए आहूजा के साथ शानदार कार में जा बैठे। उन्हें ऋषि नगर का फ्लैट पसंद आया। फ्लैट काफी बड़ा था, आस-पड़ोस भी ठीक-ठाक लगा। बस एक ही कमी थी कि कॉलोनी अप्रूव्ड नहीं थी। इस पर आहूजा ने भरोसा दिला दिया कि कॉलोनी को बहुत जल्द एमसीडी अपनी सीमा में शामिल करने वाली है। आहूजा ने बनावटी गुस्सा दिखाते हुए कहा, ‘मालिक, आप फजूल सवाल बहुत करते हो, जब मैं बैठा हूँ तो आप चिंता क्यों करते हो? हम आपकी हर परेशानी दूर करने को गांठ बांधे तैयार हैं। आप चाहें तो आज ही रजिस्ट्री करवा लें और जब चाहें सामान शिफ्ट कर लें, सब आपके हाथ में है।’
ऋषि नगर से लौटने पर परचुरे ने आहूजा से पूछा भी नहीं कि कहां जा रहे हैं! दरअसल उनका मन न कुछ कहना चाह रहा था, न सुनना। उन्हें अनहोनी की हद तक अकेलापन महसूस हो रहा था।
कार अब रजिस्ट्री दफ्तर पर पहुंचकर रुकी। आहूजा ने अपने एक कारिंदे को कागजात वो पुलिंदा थमा दिया और दूसरे कारिंदे नंदू को परचुरे जी के दस्तखत कराने के काम पर लगा दिया गया। परचुरे के लिए एकसाथ इतने हस्ताक्षर करने का यह पहला मौका था। इसके बाद उनके अंगूठे और उंगलियों की छाप ली गई। काफी देर बाद रजिस्ट्रार के सामने नंबर आया। वहां कुछ ही देर में निपट गए। आहूजा ने झट से मिठाई का डिब्बा निकाला और परचुरे को पूरा लड्डू एक ही बार में खिला दिया। वह बेइंतहा खुश था।
परचुरे के फ्लैट की रजिस्ट्री आहूजा ने अपने नाम और दूसरी परचुरे के नाम कराई थी। खुशी से उल्लसित आहूजा उन्हें कार की ओर करीब-करीब धकेलने की तरह आगे बढ़ाते हुए बोला, ‘आज आप गंगा नहा गए बाऊ जी, अब आप अपने फ्लैट पर जाओ, वहां लेबर बैठी मिलेगी। आप अपना सामान नए फ्लैट पर पहुंचवा दो। कोशिश करो, आज वहीं सोने का इंतजाम हो जाए।’
परचुरे चौंकते हुए बोले- ‘वहीं क्यों सोना है? आज ही सारी व्यवस्था कैसे हो पाएगी?’
आहूजा ने समझाते, लेकिन नसीहत देने के अंदाज में कहा- ‘बाऊ जी, वहां कब्जा भी लेना जरूरी है। आप लेबर को सामान के बारे में बता दो, पहले क्या जाना है। मेरे पास लेबर की कमी नहीं है। आप वहां जाकर सामान मनचाहे मुताबिक एडजस्ट करवा लो। मैं भी आकर देख लूंगा। जो जरूरत होगी, इंतजाम कर दूंगा। आज बहुत बड़ी परेशानी सुलझ गई आपकी। नए फ्लैट में चैन की नींद ले पाओगे।’
पूजा घर वाले फ्लैट पर पहुंचकर परचुरे जी अकबका गए। एकबारगी तो उनको लगा कि गलत जगह आ गए हैं। वहां अकस्मात पूरा मार्केट उग आया था। 7-8 दुकानें सज गईं थीं। एक में बनवारी तिवारी तुलसी और रुद्राक्ष वगैरह की मालाएं सजाए हुए थे तो बगल में कपूरनी अगरबत्ती-धूपबत्ती के साथ देवताओं की तस्वीरें करीने से लगा रही थी। कुलबिंदर ने तमाम साइज के दीपक रखे हुए थे और ‘यहां असली घी के दीपक मिलते हैं’, लिखा बोर्ड लगा रखा था। जो कभी परचुरे का स्टोररूम हुआ करता था, उसकी छत पर पीले धूसर रंग का एक बड़ा सा झंडा लहरा रहा था।
परचुरे जी ने लेबर को बुलाकर कहा- ‘ये सामान रखना शुरू करो। सबसे पहले इन किताबों को उस कार्टन में आहिस्ता से लगाओ, देखो कोई फटे नहीं, खराब न हो।’
संपर्क :506, राधे हाइट्स, पश्चिमपुरी, आगरा-282007 मो. 9258278112


