
वरिष्ठ लेखक। विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में रचनाएं प्रकाशित। प्रकाशित कविता संग्रह ‘तभी होती है सुबह’, ‘होना ही चाहिए आंगन’, ‘अबोले के विरुद्ध’, ‘सपनों के करीब हों आखें’। संप्रति छत्तीसगढ़ में वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी।

सन्नाटे के बाद
हर युद्ध के बाद
एक सन्नाटा आता है
जैसे पेड़ ने अपनी पत्तियां
जमीन पर रख दी हों
और हवा ने कहा हो-
अब चुप रहो
सड़क पर एक जूता पड़ा है
साथी जूते का पता नहीं
जूता कुछ कहना चाहता है
लेकिन सन्नाटा उसकी जुबान पर
पत्थर रख देता है
घर की दीवार पर
एक छिपकली रुकती है
वह नहीं जानती
युद्ध क्या होता है
वह सिर्फ दीवार को
अपना घर समझती है
उसके रुकने में
एक छोटा-सा समय ठहर जाता है
बाहर खेत में
एक कौआ उड़ता है।
वह धान के दानों को नहीं देखता
वह सिर्फ आसमान को देखता है।
उसके पंखों की आवाज
सन्नाटे को चीरती है
लेकिन सन्नाटा फिर लौट आता है
मैं अपने घर की चौखट पर बैठा हूँ
मेरे हाथ में एक सूखा पत्ता है
उसे उंगलियों से सहलाता हूँ
वह कुछ नहीं कहता
लेकिन मुझे लगता है
वह युद्ध के बारे में जानता है
सन्नाटा एक सवाल है
पूछता है- अब क्या?
जवाब में
एक और सन्नाटा आ जाता है।
संपर्क :एफ-3, आवासीय परिसर, छ.ग. माध्यमिक शिक्षा मंडल (पेंशनवाड़ा), रायपुर, छत्तीसगढ़-492001 मो. 9424182664
