
युवा कवयित्री।विभिन्न पत्र–पत्रिकाओं में रचनाएं प्रकाशित।
उम्मीद
तूफानी हवा और बारिश से बचाकर
तुलसी पीढ़े के धरखे पर
हर रोज जलाती थी मां
एक दीया
जैसे वह दीया न होकर
कोई सपना हो
धरखे पर जमीं कालिख से
बना लेती थीं काजल
हम कहते मां!
मत लगाया करो काजल
बिलकुल नहीं फबता
तुम्हारी आंखों में
मां कहतीं
कौन सा मैं खूबसूरत
दिखने के लिए लगाती हूँ
मैं तो इसलिए लगाती हूँ
कि नींद में भी
सपने न सताएं कभी
पर तुम मत लगाना कभी!
तुम्हें तो देखते रहना है
सपना हर पल
नींद में भी
जागते हुए भी!
मैं
आदमी हमेशा से
बरगद बनना चाहता है
और औरत
औरत चिड़िया!
बरगद को पसंद है
उसकी शाखों पर
फुदकती चिड़िया
घोंसला बनाती चिड़िया
दूर आसमान से उड़कर
सुस्ताती चिड़िया
चटर-पटर बतियाती चिड़िया!
लेकिन मैं इस सांचे में
बिलकुल फिट नहीं बैठती
मैं तो शाल का वह बीज हूँ
जो अपने हिस्से की
धूप छीन लेता है आसमान से
जो अपने हिस्से की नमी लेने
उतर आता है धरती की गहराई में
कदम-दर-कदम रहता है
अपने साथ के जंगल में
माफ करना बरगद!
मैं तुम्हारा अपमान
करना नहीं चाहती
लेकिन सच है कि
तुम अपने साथ
जंगल क्या बसाओगे
तुम तो अपने नीचे
दूब तक जमने नहीं देते!
संपर्क :अंशमात्र, हाऊस नं . ४५, विकास नगर, रोड नं. २, चंद्र कला अपार्टमेंट के निकट, हेसाग, पो. – हटिया, जिला–रांची– ८३४००३मो.९४७२७८०५५५


Your poetry has inspired me. I especially like the way you express yourself in a raw and gritty way. Please continue writing your poetry.
आपकी कविताएं पढ़कर आँखें भीग गईं जयमाला जी, अच्छा लगा आपने मूक सपनों को आवाज़ दी,बहुत असरदार हैं आपकी कविताएं,मर्म और अपने उद्देश्य के प्रति एकदम ईमानदार,बहुत बड़ी ज़िम्मेदारी है आप पर।उम्मीद है आप यूँ ही लिखती रहेंगी अहर्निश वक़्त की धूप छांव के बावजूद भी ,तमाम व्यस्तताओं के बीच एक अच्छे काम के लिए वक़्त निकलते हुए।