
सात उपन्यास, बाईस कहानी संग्रह, तीन नाट्य संग्रह तथा तीन वैचारिक लेखों के संकलन। फिलहाल टाटा स्टील से अवकाश प्राप्ति के बाद पूर्णकालिक लेखन।

प्रायः धार्मिक प्रवचनों की यह एक अनिवार्य पंक्ति है-‘संसार मिथ्या है… ईश्वर ही परम सत्य है’। सोहाने गड़ेरी को बहुत गुस्सा आता था यह वाक्य सुनकर… जब संसार मिथ्या है तो तू हिमालय की बर्फ में जाकर जम क्यों नहीं जाता! क्यों शहर-शहर जाकर लाखों की दक्षिणा और चढ़ावा वसूलते रहते हो और अपने आलीशान आश्रम में संपूर्ण कुनबों के साथ ऐयाशी करते हो?
शहर में बाबाओं की बाढ़ आ गई थी। हर सप्ताह किसी न किसी कोने में बाबा हाजिर। विशाल पंडाल… भव्य मंच… पुष्पसज्जित नयनाभिराम राजसी सिंहासन… बाबा विराजमान… लंबी दाढ़ी या फिर पूरी तरह सफाचट, गेरुआ चोंगा… प्रवचन की अमृत वर्षा… सामने बैठकर उसमें भींगते हुए श्रद्धालु भक्तजन। पंडाल में एक विक्रय मंडप भी, अर्थात प्रवचन के की सीडी, आश्रम की पत्रिकाएं, आयुर्वेद के भस्म, बूटी, आसव… मतलब दुकानदारी के तमाम सरंजाम।
प्रायः सभी बाबाओं का ऐसा ही रूप और मिलते-जुलते प्रवचन का एक ही निहितार्थ, चाहे वे सखानंद ताऊ हों, महात्मा ब्रह्मदेव हों, हरिप्रेम सुधाकर हों, कृतार्थ पुष्प हों, अनन्य भ्रमर हों, नरोत्तम प्रभु हों, अंत्योदय दादू हों या रामजप तीर्थ हों।
सोहाने को लगता कि पूरा शहर निराश और दुखी जनों का एक द्वीप है…। सभी अपने जीवन से, अपने हालात से, अपने कर्म से, अपने भविष्य से भयभीत, ऊबे हुए और बेहद थके हुए हैं।
वह पोमा ढनढनिया के किराना स्टोर में बेयरा का काम करता था। बी.कॉम. पास था। अपनी कॉमर्स डिग्री की विडंबना पर उसे हँसी आती थी। वह इस्तेमाल हो रही थी चावल, दाल, आटा, चीनी, मसाला आदि तौलने और रैक से वस्तुओं के पैकेट निकालकर ग्राहक को बेचने में।
दुकान का मालिक पोमा उसका एक और इस्तेमाल करता था, अपने बूढ़े मां-बाप को प्रवचन स्थल तक छोड़ आने में। जहां कहीं प्रवचन हो, इन दोनों का वहां जाना सुनिश्चित था। इस तरह सप्ताह में दो दिन उसकी यह ड्यूटी फिक्स थी। उसे कार की ड्राइवरी सिखा दी गई थी। अगर कार उपलब्ध नहीं होती तो वह ऑटो में उन्हें बिठाकर पहुंचा आता। आते-जाते वह प्रवचन के गणित और फंडा काफी कुछ समझने लग गया था। उसने लक्ष्य किया कि ज्यादातर श्रोताओं में वे शामिल हैं जो खाए-पीए, अघाए और निठल्ले लोग हैं। जो डेली कमाने-खाने वाले गरीब-गुरबा छोटे लोग हैं, उनका इस प्रवचन सभा से दूर-दूर तक कोई संबंध नहीं था। उसने कभी नहीं देखा कि कोई रिक्शाचालक या कोई कुली-रेजा प्रवचन सुनने आया हो। मतलब मुक्ति और भक्ति की तलब सिर्फ उन्हें थी जो कंठ तक भोग-विलास के चहबच्चे में डूबे हुए थे।
पोमा सेठ ने अपनी नजर के सामने गीता सार टांग रखा था कि ‘क्या लेकर आए हो, क्या लेकर जाओगे…!’ मगर ग्राहक को उल्लू बना देने का कोई भी मौका हाथ से जाने नहीं देता था और कृपण इतना कि नौकरों की तनख्वाह दो रुपए भी बढ़ाने के लिए तैयार नहीं। उसने दुकान में ही गल्ला पेटी के ऊपर एक मंदिरनुमा आकृति लटकाकर उसमें एक बाबा ‘तिलकराज कुंभ’ की प्रतिमा स्थापित कर रखी थी। दुकान खोलने का काम वह इस प्रतिमा पर धूप-दीप जलाकर करता था। तिलकराज की इस शहर में काफी धूम थी। ऐसे दर्जनों और लोग थे जिन्होंने अपनी दुकान या ऑफिस में उसे भगवान की तरह सजा रखा था। सोहाने को इस धर्मांधता पर हँसी आती थी कि यह बाबा अभी जीवित है और उसके कई विरोधाभासी कृत्य खासे विवादास्पद हैं, तब भी लोग उसे अवतार बना देने पर तुले हैं। यह कंट्रास्ट उसे बहुत उलझन में डाल देता है कि ज्यों-ज्यों तकनीक और विज्ञान चरम पर पहुंच रहा है, लोग उसी अनुपात में ढोंगी और कर्मकांडी बनाते जा रहे हैं।
सोहाने देखता था कि जब प्रवचन का कहीं कार्यक्रम नहीं होता तो पोमा सेठ के बूढ़े मां-बाप बाबाओं वाले किसी चैनल को खोलकर सामने बैठ जाते। कभी चैनल देखते-देखते इनकी आंखें दुखने लगतीं तो इनका मन कुछ और के लिए मचलने लगता। वे रामचरितमानस और श्रीमद्भागवत गीता बांचने लगते। जब वे खुद से पढ़ने लायक नहीं रह गए तो सोहाने का एक और इस्तेमाल पोमा ने शुरू कर दिया। उसने कहा, ‘अबे गड़ेरी, तूं तो पढ़ा-लिखा ग्रैजुएट है, जरा मां-बाउजी को कभी-कभी मानस और गीता सुना दिया कर, यार! पंडितों के बड़े नखरे होते हैं… ढूंढ़ने से जल्दी मिलते नहीं।’
पोमा उसे जब भी बुलाता था, सोहाने न बोलकर गड़ेरी ही बोलता था। शायद गड़ेरी बोलने से उसका मालिक का अहंकार तुष्ट हो जाता है। गड़ेरी कहे जाने से उसे आपत्ति नहीं थी, आपत्ति थी उसके बोलने के अंदाज से। सोहाने को पहले यह काम ठीक ही लगा कि चावल-दाल आदि तौलने जैसे अनपढ़-नीरस काम से यह अच्छा है कि गीता और रामायण पढ़ी जाए।
उसे क्या पता कि एक दिन ऐसा आएगा कि यह काम भी उसे बेहद नीरस लगने लगेगा। हुआ यों कि बूढ़ा-बूढ़ी का कभी मन कर जाता अखंड पाठ सुनने का। कभी वह सुबह से गीता पढ़ रहा है… कभी बारह बजे दिन से तलब हो गई… कभी रात में फरमान जारी हो गया। वह जागकर पढ़ रहा होता और वे आंखें बंद कर सामने बैठे होते। सोहाने को खीज होती कि इस उम्र में इन्हें नींद नहीं आती तो इसका तो खयाल होना चाहिए कि वह जवान है और उसकी आंखों में नींद की कोई कमी नहीं है। कभी-कभी उसे लगता कि आंखें बंद किए हुए दोनों बूढ़ा-बूढ़ी नींद मार रहे हैं। वह नाहक बकबक किए जा रहा है। उसे इस बात से चिढ़ लगती कि आखिर एक ही चीज को बार-बार सुनने में इन्हें क्या मजा आता है! एक-एक ग्रंथ वह ढाई दर्जन बार पढ़ चुका होगा।
उसमें इस कथा-वाचन से बढ़ती आजिजी के कारण यह विचार अंकुराने लगा था कि अब पोमा सेठ को आखिरी सलाम करके कहीं और चल देना चाहिए। जब माल ही तौलना है तो ऐसी कई दुकानें मिल जाएंगी। बूढ़ा-बूढ़ी के परलोक गमन का आसार होता तो वह इंतजार कर लेता, मगर वे अभी खासे तंदुरुस्त दिख रहे थे। वह अपना झोला-झक्कड़ समेटकर फुट लेने का इरादा पुख्ता कर रहा था, तभी एक दिन पोमा सेठ की कॉलेज में पढ़ रही बेटी दामिनी ने उसे मुस्कराते हुए अपने करीब बुला लिया। उसने देखा कि उसकी आंखों में सम्मोहन के डोरे कंपकंपा रहे हैं। वह बोली, ‘सोहाने, कब से मैं तुम्हें यह कहना चाह रही थी कि तुम जब रामचरितमानस गाकर पढ़ते हो तो सुर और लय की मिठास सीधे दिल में उतर जाती है। तुम्हारे गाते हुए चेहरे पर एक ऐसी आभा उभर आती है जो तुम्हें और भी सुंदर बना देती है। सच सोहाने, तुम मुझे बहुत अच्छे लगने लगे हो!’
लगा कि उसे एक दुर्लभ खजाना मिल गया। वह समझ रहा था कि निरर्थक ही वह झख मार रहा है। अपना गला और ऊर्जा बर्बाद कर रहा है। मगर इस झख मारने का ऐसा पुरस्कार पाकर उसका पूरा हुलिया ही बदल गया।
सोहाने आंख बचाकर उसे अक्सर देख लिया करता था। वह उसे भी खूब अच्छी लगती थी, लेकिन वह एक मामूली नौकर… कुछ भी कहने की हिम्मत कैसे कर पाता। अब उसे अपना पाठ व वाचन और भी मन से जारी रखना होगा। उसने कहा, ‘तुमने एक गरीब को अचानक ही बहुत अमीर बना दिया दामिनी। यह दौलत मेरे पास बनी रहे, यही कामना है।’
‘तुम्हारी स्वीकृति ने मेरे अंदर के शून्य को भर दिया है सोहाने।’
वह अब पाठ करने के लिए अपनी मरजी से सुर्खरू रहने लगा, पहले कन्नी काटने की फिराक में लगा रहता था।
उसकी बढ़ी हुई एकाग्रता और उत्साह से पोमा ने समझा कि अब इस काम में इसकी रुचि जाग्रत हो गई है। उसने अपने बहुत सारे परिचितों और रिश्तेदारों में भी यह चर्चा फैला दी। फलतः दूसरी जगहों से भी पाठ के लिए बुलावा आने लगा। उसका मन फिर भन्ना गया। वह कैसे बताए कि उसकी दिलचस्पी सिर्फ इस घर तक सीमित है और वह भी इस वजह से कि उसे एक बहुत सुधी श्रोता मिल गई है। उसने अन्यत्र जाने में आनाकानी का रुख अपना लिया तो पोमा ने एकबार उसे जोर से झिड़क दिया।
‘अबे गड़ेरी, शुक्र मना कि पंडितवाले काम में तेरी कायापलट डिमांड होने लगी है। तेरी तरक्की हो रही है और तू ना-नुकूर कर रहा है! तेरे बाप दादा भेड़ चराते थे, तू तराजू में इस पलड़ा से उस पलड़ा करते हुए पंडित बन गया और क्या चाहिए? इतनी तेजी से सरकारी महकमों में सोर्स वाले को भी प्रोमोशन नहीं मिलता।’
सोहाने को समझ में नहीं आता कि पोमा जिसे तरक्की कह रहा है, क्या वाकई वह तरक्की है! भेड़ पालने और चराने को जिस हिकारत से यह संबोधित कर रहा है, क्या वह घटिया काम था? इसे मालूम नहीं कि एक गड़ेरिये ने ही चुंबक का आविष्कार किया था और प्रभु यीशु भी एक गड़ेरिया ही थे। प्रवचन करने वाला वह बाबा जो सचमुच तत्ववेत्ता और ज्ञान मर्मज्ञ है, वस्तुतः एक गड़ेरिया ही है, जिसके पीछे हजारों दोपाया भेड़ें मेंमें करती चली जा रही हैं… उठ तो उठ… बैठ तो बैठ… चल तो चल…।
उसके बाउजी ने बताया था कि भेड़ पालन का उसका पुश्तैनी काम दादा के समय तक अच्छा चला। उसके दादा अपने आस पड़ोस के भेड़ पालकों के समूह के साथ अपनी भेड़ों के झुंड लेकर अमूमन अगहन महीने में निकल पड़ते थे सुदूर जंगल और पहाड़ की तरफ। उनके रोओं की कटाई आश्विन में हो जाती थी। घर के अन्य लोग उन रोओं से कंबल की बुनाई शुरू कर देते थे। कोई 500 भेड़ें उनके दादा के पास थीं। वे छह महीने बाद बैसाख में लौटते थे। इस बीच भेड़ों की संख्या बढ़ जाती थी। पुरानी पड़ गईं भेड़ों को वे बेचते हुए आते थे।
वे इतने पैसे लेकर लौटते थे कि उनसे घर का चार-पांच महीने का खर्च तो आराम से निकल आता था। वे विभिन्न गांवों में रुकते हुए आते। गांव के किसान अपने खेतों में भेड़ बिठाने के लिए उनका इंतजार करते होते। जैविक खाद के तौर पर उनका मल-मूत्र खेत की उर्वरा शक्ति को काफी बढ़ा देता था। पारिश्रमिक के तौर पर उन्हें चावल, गेहूं आदि मिल जाते। भेड़ के दूध की भी उन दिनों अच्छी खपत थी। एक तो दूध में निहित अधिकतम पौष्टिक तत्व के कारण इसे मरीजों को पिलाने का चलन था, दूसरा गाढ़ा होने के कारण खोवा बनाने हेतु भी हलवाइयों की पहली पसंद था।
मगर जमाने ने इस तरह करवट बदल ली कि भेड़ पालन की प्रथा दम तोड़ती चली गई। सिंथेटिक कंबलों की मिल-फिनिशिंग और आकर्षण ने भेड़ के रोओं के सफेद और खुरदरे हस्तशिल्प को अपदस्थ कर दिया। रासायनिक खादों की उपलब्धता और तेज असर ने भेड़ बैठाने के अभिप्राय को भी स्थानांतरित कर दिया। पॉल्ट्री फार्म और डेयरी फार्म की क्रांति भेड़ के मटन और दूध पर बहुत भारी साबित हुई।
बाबूजी तक आते-आते सिर्फ 25-30 भेड़ें रह गईं। जब उसका समय आया तो वे भी लुप्त हो गईं। उन्होंने शायद समय को सूंघ लिया था, इसीलिए उसे पढ़ाने पर पूरा जोर लगा दिया। वे बताते थे कि भेड़ चराने वाले का जीवन साधू-संत से किसी भी मायने में कम नहीं था। वे प्रकृति के बीच सांसारिक राग-द्वेषों से एकदम असंपृक्त सरल और स्वच्छ जीवन जीकर संतुष्ट रह लेते थे। मगर अब धीरे-धीरे गड़ेरिया नाम ही लुप्त होने लगा है। गड़ेरिया पर अब न अंग्रेजी में कविता लिखी जाएगी और न हिंदी में ‘भेड़ियाधसान’ मुहावरा रह जाएगा। पोमा जैसा काइयां सेठ अब इसे एक गर्हित पेशे के तौर पर उलाहना देने के उपयोग में लाएगा, जैसे मुनाफाखोरी और डंडीमारी का उसका धंधा बहुत श्रेष्ठ किस्म का है!
पोमा उसका मालिक था… और उस बेटी का बाप भी था जिसके साथ उसका प्रेम ऊंची उड़ान भरने लगा था। अतः उसका कहा टालना सर्वथा अशुभ का संकेतक हो सकता था। अब वह अकसर दूसरे-तीसरे घर में पाठ और वाचन के लिए जाने लगा। इसके एवज में उसे अच्छी आमदनी होने लगी, लेकिन उसका माथा बुरी तरह चट जाता। एक ही कथा बार-बार पढ़ना… सुनाना, लगता जैसे वह एक यातना से गुजर रहा है। इतना फायदा उसे जरूर हुआ कि सभी पौराणिक प्रसंगों और उद्धरणों की उसे जानकारी हो गई। दामिनी उसकी इस मर्मज्ञता पर मुग्ध हो जाया करती।
एक दिन पोमा ने उसे दामिनी के साथ काफी घुल-मिलकर बातें करते देख लिया और मामले की गहराई को भांप लिया। कुछ दिनों तक अपनी खुफिया नजर दोनों पर लगाए रखी और जब संशय पुष्ट हो गया तो एक दिन क्रोधित नेत्रों से उसे किनारे ले जाकर चेतावनी थमा दी, ‘आइंदा अगर तुम्हें दामिनी के साथ बात करते देखा तो उसी दिन यहां से चलता कर दूंगा। मेरी बेटी के करीब जाने से पहले तुम्हें जरा अपनी औकात का खयाल कर लेना चाहिए। अबे उसे किसी करोड़पति घर की बहू होना है…. तू एक मामूली गड़ेरिया… गीता और मानस पढ़ लेता है तो क्या समझता है तू हमारी बराबरी का हो गया? खबरदार… तुझ पर अब मेरी कड़ी नजर रहेगी।’
अपनी दीन-हीन हालत पर तड़प कर रह गया सोहाने। पोमा ने शायद दामिनी को भी कड़ी फटकार लगाई। बूढ़ा-बूढ़ी को किसी बाबा के सत्संग में छोड़ने गए सोहाने को दामिनी ने कॉलेज से निकलकर पंडाल में ढूंढ़ लिया और उसे एक किनारे बुला लिया।
उसकी मायूसी और उदासी को पढ़ते हुए वह कहने लगी, ‘इस तरह पस्त होने से दुनिया नहीं चलती सोहाने। बंद करो अब तुम तराजू-बटखरे का खेल और अपनी मेधा को पहचानो। देखो इस बाबा को जो प्रवचन कर रहा है, मेरा दावा है कि तुमसे कतई यह ज्यादा ज्ञानी नहीं है, लेकिन देखो, कैसे-कैसे नामी-गिरामी और धनी-मानी लोग आज इनके अनुचर और अनुयायी हैं। सौदा-सुलुफ तौलते हुए तुम कुछ नहीं बन सकते… सरलता और शराफत से कुछ नहीं मिलता… मुझे प्यार करते हो… मुझे पाना चाहते हो तो बन जाओ एक ऐसा गड़ेरिया, जिसके पीछे इसी तरह जमाना चल पड़े। तुम इसी तरह एक ऊंचे आसन पर बैठो। लोग तुम्हारी जय-जयकार करें। यहां से जाओ सोहाने, मैं तुम्हारा इंतजार करूंगी!’
दामिनी ने जैसे उसकी चेतना को झकझोर कर रख दिया। वह सीधे स्टेशन की ओर कूच कर गया।
संपर्क सूत्र : फ्लैट नं. – 4322, बेगोनिया, विजया गार्डेन, बारीडह, जमशेदपुर (झारखंड) – 831017 मो.9431328758


बहुत अच्छी कहानी लिखी है