सुपरिचित कथाकार और कवि। एक उपन्यास ‘पहाड़ गाथा’। इलाहाबाद विश्वविद्यालय में सहायक प्राध्यापक।

 

‘अम्मी, अम्मी अबकी फिराक और ओढ़नी जरूर से किन देना।’ 

हुलसती हुई नादिरा अम्मी के गले में बांह डाल दी।     

‘अरे, अरे पोतनी मिट्टी लग जाएगी। मुझसे कुछ मत कहो, जो कहना है, अपने अब्बा से कहो।’ गले से बेटी की बांह छुड़ाती महजबीं बोली।

मां की समझाइस से नादिरा अब्बा की ओर बढ़ चली। उसके साथ उसका कुत्ता कद्दू भी चल पड़ा। कद्दू आगे-आगे, नादिरा पीछे-पीछे।

महजबीं कच्ची दीवार पर पोतनी मिट्टी की लेप लगाने लगी। बड़ी बेटी जैनुल सूखी दीवारों पर फूल-पट्टी बना रही थी। कहीं गुलाब के फूल, तो कहीं कमल के फूल। पीले रंग के दीवारों पर गुलाबी रंग के फूल-पट्टी फब रहे थे। कहीं-कहीं आम कुतरते और आकाश में उड़ते सुग्गों की छवियां उकेरी गई थीं। कच्ची दीवारें धानी रंग की साड़ी की तरह दमकने लगी थीं।

ठुनकते हुए नादिरा घर के बाहर निकल गई। वहां उसके अब्बा छेक्कन काका से बतिया रहे थे। खटिया पर ढोल और हारमोनियम रखा हुआ था। ढोल के साइड में छेक्कन काका और हारमोनियम के साइड में उसके अब्बा रफीक बैठे हुए थे। छेदी पत्थर की चौकी पर बैठ कर खैनी बना रहा था। उसी पत्थर की चौकी पर जूझारू राम भी बैठा था। उसके हाथ में झाझ (एक प्रकार के बाजा) था।

नादिरा ठुनकते हुए खटिया के पास खड़ी हो गई। 

बाप ने बेटी को देखा और बेटी ने बाप को। बेटी अपनी अरज-गरज कहने लगी- ‘अब्बा इस दिवाली पर मुझे ओढ़नी और फिराक चाहिए। मेरे पास दो फिराक और एक ही ओढ़नी है।’

‘इस बार मेरी बेटी को ओढ़नी-फिराक के साथ रेवड़ी-चूड़ा और घरिया वाली मिठाई भी मिलेगी।’ बेटी के माथे पर हाथ फिराते रफीक बोला।

‘रहने दो अब्बू, तुम कहते तो हो, लाते नहीं कुछ भी।’ नादिरा की आंखें डबडबा गईं।

उसे पिछली बातें याद आने लगीं। पिछली बार भी उसके अब्बू समीज-सलवार किनने (खरीदने) को कहे थे, मगर जब पैसा मिला, तो घर पर खपड़ा आया। जब वह रोने लगी, तो उसे समझाते हुए अब्बू बोले थे, ‘बिटिया तुम्हारे पास कपड़ा है, मगर घर उघार हो रहा है। उसे छा लिया जाए। पानी-बुन्नी में रहने के लिए छप्पड़ का ठीक रहना जरूरी है।’ वह जानती थी कि घर छाया नहीं जाएगा, तो सारा अनाज खराब हो जाएगा। अंदर की दीवारें भी खराब हो जाएंगी। अम्मी का काम बढ़ जाएगा। नादिरा ने जिद छोड़ दी। छेक्कन काका, जूझारू काका, रहमान काका और रसूल दादा की मदैत (श्रम के बदले श्रम की मदत) से घर छवा गया।   

उसे आज भी याद है कि रीना, मीना और मालती से वह कह चुकी थी कि दिवाली पर वह नवा फिराक और नई ओढ़नी पहन के दीया जलाएगी। मगर उसे पुराने कपड़ों में ही दीया लगाना पड़ा था। उस दिन वह सारे कोनों-अतरों को दीया से रोशन करके, घर से थोड़ी दूर एक अंधेरे कोने में बुक्का फाड़कर खूब रोई। रोते हुए वह अल्लाह मिया से शिकायत करती जा रही थी- ‘अब्बा, झूठ कहते हैं कि तुम पूरी दुनिया के मां-बाप हो। सारे जीव-जंतु के रखवाले हो। सबकी सुध लेकर, सबके पेट में दाना डालकर, अपनी सुध लेते हो और अपना पेट भरते हो। सच्ची बात तो यह है कि न तुम किसी के मां-बाप हो, न घर-गृहस्थी की परेशानी जानते-बूझते हो। बस अपनी सुध लेते हो और अपना पेट भरकर सोते रहते हो। हम जैसे बच्चे मरें या जिएं, तुम्हारी बला से। क्या पता तुम हो भी कि नहीं। होते तो मुझे एक फिराक और ओढ़नी न दिला देते। इतने ना-काबिल अल्लाह मियां का कोई क्या करेगा?’

‘धीरज धरो बिटिया, अबकी तोहरे अब्बा का ढोल कई कीर्तनों में गूंजेगा। अबकी फिराक, ओढ़नी और मिठाई का डब्बा सब आएगा।’  नादिरा के सिर पर हाथ फेरते हुए जूझारू राम बोला।

कद्दू पूंछ हिला रहा था। छेदी ने सुरती ठोकी। सुरती की झांक से कद्दू को छींक आ गई। कद्दू को परेशान देखकर नादिरा ने उसे गोद में उठा लिया। मगर वह टस्स से मस्स नहीं हुई। रफीक का इशारा पाकर छेक्कन बोला- ‘बिटिया कद्दू को घर में ले जाओ खेलो-कूदो। सात दिन बाद धनतेरस है। धनतेरस के एक दिन पहले से ही कीर्तन में गवनई-बजनवई का काम मिलने लगेगा। धनतेरस से लेकर छठ तक काम ही काम है। गांव-जवार के सबसे बड़े मंदिर में हरिकीर्तन होगा। कई जगहों पर भजन भी होगा। ढोल, मंजीरा, झाझ और हारमोनियम वालों का सबसे अच्छा समय आने वाला है। देखना अबकी सबकी मनोकामना पूरी होगी बिटिया।’

छेक्कन काका की बात से नादिरा का दिल भरोसे से भर गया। उसने कद्दू को गोद से उतार दिया। आगे-आगे नादिरा, पीछे-पीछे कद्दू रामसखी की गली की ओर बढ़ गए। 

…

खैनी बनी। सब में बंटी। खैनी खा लेने और मूड जम जाने पर जुझारू राम ने राग छेड़ दिया-

साच बतिया कहब रे साथी

चाहे लगे धक्का, चाहे जरे बाती

हमार चांद जइसन दागदार रोटी

उनकर कवाब-पराठा

हमरे हिस्से में घास-फूस

हमहन के मड़ई

उनकर महला-दूमहला

साच बतिया…

हो साच बतिया… 

ढोल, हारमोनियम और झांझ की संगत से रंग जम गया। बल भर गाने-बजाने के बाद महजबीं ने गुड़-दाना खटिया पर धर दिया। सारे साथी गुड़-दाना खाए। हींक भर पानी पीए। बतकही फिर शुरू हो गई।

‘भयवा अबकी काम बढ़ गया है। छह दिन हरिकीर्तन और नौ जगह भजन कोई छोटी-मोटी बात नहीं है।’ सबको देखते हुए रफीक बोला।

‘और नहीं तो क्या भगवान के बढ़ने से भगवान का काज भी बढ़ जाता है। सेवा भाव का काम बढ़ जाता है। विशंभर का काम रफ्तार पकड़ लिया है।’ हारमोनियम पर हाथ फिराता छेक्कन बोला।

‘हां, मंदिर में सात देवताओं की स्थापना होने से दोनों टाइम मालाओं और पूजा के फूल की खपत बढ़ गई है। अब एक माली का काम तो घर बैठे निकल आया है। विशंभर का पेट-पर्दा अब आराम से चल जाएगा। देवताओं के बढ़ने से पेट-पर्दा चलने का आगम बढ़ गया है’ उत्साहित होते हुए छेदी बोला।

‘भयवा, सब भगवान की माया, कहीं धूप कहीं छाया। पहले खाली कीर्तन होता था, अब भजन भी होने लगा है। अबकी विधायक जी के यहां चौबीस घंटा का अखंड कीर्तन है, फिर सुंदरकांड का पाठ। चार दिन का काम उनके यहां ही समझो। रुपया-पैसा, इनाम-वकराम और पर-परसाधी मिलाकर दो-ढाई महीने के पेट-पर्दा का जुगाड़ तो खाली विधायक जी के यहां से हो जाएगा। मंदिर से रुपया और अनाज दोनों मिल जाएगा। चार महीने का जुगाड़ वहां से हो जाएगा। छह महीने का आगम हो गया। बाकी छह महीना पखुरा के बल पर निकल जाएगा। गांव में भगवान नहीं, रोजगार की आमद हुई है। भगवान आए, तो गांव में ईंट-पत्थर, लोहा-लक्कड़ और सरिया-सीमेंट आया। आलीशान बड़े मंदिर मंदिर के साथ दुआरे-दुआरे मंदिरों की फसल ऐसे लहलहाने लगी है, जैसे खेत में सीना ताने गेहूं की बालियां। भगवान के आने से हर हाथ को काम मिल गया। देवताओं के आने से गाने-बजाने वालों के आहार का भरोसा बन गया।’ ढोल, हारमोनियम और झांझ को स्नेह ने निहारते हुए जुझारू राम ने कहा।

थोड़ा रुककर वह चिरौरी करने लगा- ‘देखो भयवा तुम लोगन के पास साज और आवाज दोनों है। हमरे पास खाली आवाज है। रफीक भाई का निर्गुन भजन की गायकी में तो हाथ कोई नहीं पकड़ सकता। अब तक तुम सब साथ रखते आए हो। आगे भी निबाह करना। तेतरी की मतारी की छाती में बलगम भर गया है। जांच के लिए उसे शहर ले जाना है। बस कीर्तन की आमदनी का ही सहारा है।’ 

‘सबर रखो जुझारू भाई, अल्लाह-ताला ने काम दिया है। गाने-बजाने वाले पहले भी साथ थे, अब भी साथ रहेंगे। सुख में साथी हैं, तो दुख में साथ रहेंगे मितवा।’ जुझारू को ढाढस बंधाते हुए रफीक ने जो कहा उसे सभी ने स्वीकार किया।

जुझारू की छाती विश्वास और अपनेपन से भर गई।

…

‘आज शाम को भगवती माई की आरती में आइए। सतगांवा में होने वाले कीर्तन के आयोजन के उपलक्ष्य में तीनों साधु मीटिंग लेना चाहते हैं।’ गांव के सारे प्रभावशाली लोगों के मोबाइल पर भगवती माई के पुजारी कृतदास का व्हाट्सअप मैसेज चमक रहा था।

गांव के करतारों के कान खड़े हो गए। जयनाथ सिंह ने राम निहोर को टोहक्का दिया- ‘भगवती माई भला करें। जब से साधु लोग आए हैं, ससुरा चैन से सांस लेना दूभर हो गया। निर्मोहियों में  मोह समा गया है। अब कौन-सा बखेड़ा खड़ा होने वाला है सार?’

‘धर्म-काज को बखेड़ा नहीं कहते बाबू साहेब, जो कुछ मिला है, भगवती की कृपा से मिला है। आप गांव-जवार के बड़े जोतनदार हैं। फलदार पेड़ की डालियां झुकी रहती हैं और निपूती डालियां तनेन रहती हैं। तुलसी बाबा ने कहा भी है – ‘बड़ा हुआ तो क्या हुआ जैसे पेड़ खजूर, पंछी को छाया नहीं फल लागे अति दूर।’ बड़े आदमी हैं आप। लोगों की पहुंच में रहिए। जहां बुलाया जाए, वहां पहुंचिए। याद रखिए, भगवान जैसे देता है, वैसे ले भी लेता है।’ राम निहोर सिंह ने जयनाथ सिंह को बरज दिया। जयनाथ सिंह रामनिहोर का मुंह ताकते रह गए। वह मुंह में कुरमुराए- दरिद्दर के नाती ससुर ज्ञान बघार रहे हैं। जयनाथ सिंह को वह घटना याद आ गई,  रामनिहोर खन्झाटू के घर में कूद गया था। हो-हल्ला होने पर खन्झाटू की मेहरारू उसे कोठिला में छिपाकर कोठिला के लालटेन रख दिया था। बस्ती के लोग कोठरी छान मारे मगर रामनिहोर नहीं मिला। वह तो बाद में तब पता चला, जब खन्झाटू की मेहरारू और रामनिहोर में बिगाड़ हुआ। इस घटना की याद आते ही जयनाथ सिंह के होठों पर मुस्कान खिल गई।

‘बात तो ठीक कहते हो, मगर ज्ञान बहुत मूतते हो यार। तुम ही विचार करो कि अब तक कभी कीर्तन के आयोजन के लिए मीटिंग हुई थी?’ जयनाथ सिंह ने  राम निहोर से सवाल कर दिया।

‘साधु-संत धर्म काज के रखवाले होते हैं। वे धर्मराज के सिपाही ठहरे। बुलाए हैं, तो कोई मसरब की बात होगी। हमलोग नहीं जाएंगे तो कौन जाएगा?’ राम निहोर ने निहोरा किया।  

‘देखते हैं हितऊ। बच कर कहां जाएंगे, चला ही जाएगा। रात में बुलाए हैं। रात अंधियारे में धूंध साफ हो जाएगी। कुकुहाते कान में नीम का सींक डालकर कान की खुजली शांत करते हुए जयनाथ सिंह बोले। सूरज को डूबना था, सो वह डूबा। सांझ होनी थी, सो हुई।’ जैरम्मी करते हुए दोनों ने अपना-अपना रास्ता लिया।

राधानाथ बाबू के दुआर पर लोग जुट आए थे। राधानाथ बाबू खटिया पर बैठे थे, बाकी लोग अपने-अपने सामाजिक हैसियत के अनुसार जगह पकड़ लिए थे। रामजस महतो मचिया पर बैठे थे। सुकुल और बबुआन टोला की छाती पर सांप लोट रहा था। कोइरान, कुनबियान और बिनान टोला के लोगों की आत्माओं में विश्वास का सागर लहरा रहा था। बकालू सिंह, रामसकल पांडे के कान में फुसफुसाए- ‘रमजसवा मरजाद भूल रहा है। धन की गर्मी माथे पर चढ़ गई है सार के। बहुत उतान होता है ससुरा।’

‘सार की मतारी हमरे घरे जाता चलाने आती थी। बाप हरवाही करते चिरकिटहां पहुंच गया। एक ऊ समय था, एक ई समय है। बाप ट्यूब लाइट, पूत पॉवर हाउस। समय बलवान तो, गदहा पहलवान बाबू साहेब। सबर करिए, आज उतान है, तो कल चित्त भी हो जाएगा। मौका आने दीजिए। ऊंट पहाड़ के नीचे आएगा।’ इतना कहते हुए रामसकल पांडे आंखों से हँसने लगे।

घर का सेवक गुड्डू चिलम तैयार कर चुका था। जुटान में चिलम दौड़ने लगी। गांजा ने सबको राजा बना दिया था। बड़कान टोला के लोगों की दुर्गा जाग गई थी। वे इशारों-इशारों में पुरानी मरजाद की बात करने लगे।

‘एक बखत था कि नर्मदा सिंह के दादा, जिस गांव में लात रख देते थे, वह गांव शीश नवाकर खड़ा हो जाता था। एक वह समय था, एक आज का समय है कि नर्मदा सिंह का पोता सबके साथ बैठकर गांजा छान रहा है।’ चिलम पकड़ते हुए जगदीश पांडे बोले। 

जुगुल सिंह बोले- ‘बभना को गांजा चढ़ गया है। पियाज पाद रहा है। नया समय है। बात संभालिए प्रधान जी।’

राधानाथ बाबू वोट की ताकत जानते थे। वह मसरब की बात बूझने वाले जीव थे। गांव में दो घर ठाकुर और तीन घर बाभन थे। पूरा गांव कोयरी, कुनबियों, बिन्दों, चमारों और जुलाहों का था। उन्होंने बात संभाल ली। ‘समय का क्या, वह पंछी जात ठहरा- कभी हमारे साथ, कभी तुम्हारे साथ। समय खाली बलवान ही नहीं, नटखट भी होता है। इसकी अपनी बोली-बानी होती है। उसका सम्मान होना चाहिए।’  

राधानाथ बाबू की बात से कोइरान, कुनबियान और बिनान टोला के लोगों की आत्माएं जुड़ा गईं। ‘बम-बम भोले। राधानाथ बाबू की जय हो।’ दम लगाकर चिलम खींचते हुए रतनलाल पटेल बोला।

‘जी भरकर गांजा खींच लो साथियो, रात में भगवती माई के थाने में जुटान है।’ गांजा-भांग के दौरान राधानाथ बाबू ने काम की बात आगे बढ़ा दी।  

‘साधु-संन्यासियों की बात गृहस्थों जैसी होने लगी है।’ रामजस कुनमुनाया।

‘बात चाहे जैसी हो, चलना तो होगा ही। देवी-देवता की बुलाहट को मानुष जात कैसे टाल सकता है।’ जुगुल सिंह ने रामजस की कुनमुनाहट को दबा दिया। 

…

भगवती माई धाम के पुजारी कृतदास ने सांझ के पहले ही धाम के आगे की सहन (आंगन जैसी जगह) को बटोरवा-बुहारवाकर दरी बिछा दी थी। सूरज डूबते ही गैस जल गया। रोशनी से पूरा सहन उजियार हो गया।

मंदिर प्रांगण में फुलवारी थी। गेंदा, रातरानी, सूरजमूखी और बेला की क्यारियां गमक रही थीं। साथ ही गुलाब, कनेर और अढौल की डालियों पर फूल और कलियां मुस्करा रही थीं। सांझ ढल चुकी थी। तारों सहित चांद असमान में उतर रहा था। असमान धीरे-धीरे रोशनी से गुलजार हो रहा था। पुजारी कृतदास आरती की तैयारी कर रहे थे। धीरे-धीरे लोग जमा हो रहे थे।

जयनाथ सिंह, राधानाथ बाबू, राम निहोर, जुगुल सिंह, रामजस, जगदीश पांडेय, बकालू सिंह, रामसकल पांडे, सीताराम महतो, गिरधारी, रामनगिना और अलियार जैसे लोगों के साथ गांव-जवार के असरदार लोग मंदिर प्रांगण में विराजमान हो चुके थे।

सब लोग पुजारी जी का मुंह जोह रहे थे।

‘भगवती मां की कृपा से कीर्तन का दिन पास आ रहा है। तैयारी शुरू करने का बखत आ रहा। भीड़ बढ़ रही है। कई काम करने होंगे।’ पुजारी जी बोले जा रहे थे।

‘पूरा गांव-जवार एक पैर पर खड़ा है महाराज। कोई नई बात थोड़े ही है। हर साल का काम है, हर जीव जानता है अपना काम। आप बस आदेश करें।’ जयनाथ सिंह और राधानाथ बाबू हाथ जोड़कर खड़े हो गए।

‘आप सभी पुण्य आत्मा हैं। बड़भागी हैं। आप लोगों की आत्मा की पुण्यता से पूरा गांव-बखार दिव्य भूमि बन गया है। सात गांव में सात देवी-देवता और सात मंदिर हैं। साथ ही यहां एक प्रधान मंदिर है। यह दुर्लभ संयोग है। हर मंदिर में पुजारी हैं। देवी-देवता आठो पहर पूजा पा रहे हैं। देववास से पूरा क्षेत्र पवित्र हो गया है।’ इतना कह कर पुजारी रुके। उनके ललाट पर संशय ने डेरा जमा लिया। सबको भर नजर देखने बाद बोले- ‘मगर…’    

पुजारी जी की जिह्वा से ‘मगर’ का उच्चारण सुनते ही गांव के मानिंदों के प्राण सूख गए।

‘देवलोक से बिगाड़ अनर्थ कर देता है। महाराज जी खुल कर कहा जाए। हम अधम-अज्ञानियों से कोई अनभल हुआ हो, तो राह बताया जाए महाराज’, रामनगिना ने हाथ जोड़ दिया।  

‘सात देवी-देवताओं और इस मुख्य मंदिर के रहते हुए भी गांव-जवार की उन्नति पर असमंजस के बादल मंडरा रहे हैं। यह अच्छी बात नहीं है महाराज। आप निर्द्वंद्व  होकर कल्याण की राह सुझाइए।’ रामसकल पांडे ने सबकी ओर देखते हुए कहा।

‘मसरब की बात कहे हो पांडे। गांव-जवार को जन-जनावर भगवान, देवी-देवता से बिगाड़ नहीं कर सकते। जहां दिक्कत परेशानी हुई हो, वहां बता दिया जाए महाराज। हम अंधे लोग देव प्रताप को क्या जानें। आप आंख वाले हैं। आप देखिए और राह सुझाइए।’ बकालू सिंह ने रामसकल का समर्थन किया।

‘घबड़ाइए मत। हमने जो देखा, वह कहा। हमारे रहते न कुछ बिगड़ा है, न कुछ बिगड़ेगा। सात गांव में सात देवी-देवता तैनात हैं। सारा दुख दरिद्दर समेट लिया जाएगा। कल्याण होगा। देवता गांव के साथ रहेंगे। बस उनका सम्मान होना चाहिए। मामूली चीजों से काम बिगड़ता है, मामूली चीजों पर ध्यान रखना होगा।’ बात को पूरा करके पुजारी महराज ने सबको नजर भर देखा।

सब पर नजर घुमा लेने के बाद वह बोले- ‘हम कोतवाल हैं। अधर्म नहीं होने देंगे।’

पुजारी कृतदास जी की बात से गांव के मानिंदों का कलेजा पोढ़ हुआ।

मुख्य मंदिर का सेवक राम बहोरन यादव रस-पानी की व्यवस्था में लगा था। रस-पानी और गाजा-भांग पीते-पिलाते घंटा भर निकल गया।  

…

चांद-तारों की फौज आसमान में उतर चुकी थी। मंदिर के दक्षिण दिशा में बागवानी थी। बेला, मालती, रातरानी और गुलाब के फूल लगे थे। फूलों की खुशबू से पूरा मंदिर परिसर गमक रहा था। पुजारी कृतदास गांव के मंदिरों के प्रधान थे। कीर्तन प्रबंधन की पूरी जिम्मेदारी उन्हीं की थी। प्रधान पुजारी होने के नाते आगे की बात के वास्ते वह प्रस्तुत हुए- ‘कीर्तन काज ईश्वर और देवताओं से संवाद के लिए होता है। इसमें मन की पवित्रता के साथ भक्त की पात्रता बहुत जरूरी है। मतलब कीर्तन करने वालों की शुचिता और पवित्रता जरूरी है। सभी कीर्तनियों को तन, मन, धन और धर्म से शुद्ध होना जरूरी है।’

‘भगवान के अरदास में कैसा धर्म महाराज?’  कृतदास की बात सुनकर रामजस ने सवाल कर दिया।

‘दूसरी बात ई कि तन, मन, धन की बात तो परंपरा में आती है, देवता-पुरखा के अरदास में धर्म की बात तो नई रीत जान पड़ती है।’ राम पदारथ ने भी पुजारी कृतदास की बात को सवाल से बींध दिया।

बभनान और बबुआन टोला के लोग कुरमुरा के रह गए मगर। राधानाथ की आंखें हँस रही थीं। उन्होंने जोड़-तोड़ कर लिया। वह मन ही मन गुणा-भाग करने लगे- ‘इस मुद्दे पर अगर कोईरान, अहिरान और मुसलमान टोला के लोग साथ आ गए, तो प्रधानी सध जाएगी।’ 

‘थोड़ा साफ-साफ कहिए महराज।’ राधानाथ बाबू ने हाथ जोड़ दिया।

‘मांस-मछरी और नमाजी आदमी मंदिर में आए। ढोल-हरमुनिया बजाए और गाए। यह ठीक बात नहीं। यह रीत अब बदलनी होगी। हमारे देवी-देवता पर आन जात-बिरदार की परछाई पड़े, यह ठीक नहीं।’ पुजारी कृतदास की बात से कुछ लोगों को सांप सूंघ गया, तो कुछ लोग के मन-मयूर होकर नाचने लगा।

‘महाराज, रफीक तो कहने भर का मुसलमान है। बोली-बानी में गांव के ठेठ मजूर लगता है। उसके साथी भी छेक्कन और जुझारूराम हैं। उनके होने से कीर्तन में जान आ जाती है। ऐसे आदमी को धर्म से जोड़ना, मछरी की जात-धरम पूछने जैसी बात है।’ रामनिहोर बोला।

पुजारी कृतदास कमजोर पड़ने लगे। बड़कान टोला के अधिकांश लोग महापुजारी कृतदास के साथ थे। बकालू सिंह ने रामसकल पांडेय को कोंचा। रामसकल ने खंखारकर गला साफ किया और बोलते भए- ‘जब से गांव के सभी कोनों में मंदिर बने हैं, उनमें देवताओं की प्राण प्रतिष्ठा होने के साथ भजन-कीर्तन और भोग आरती की शुरुआत हुई है, तब से कोई बड़ा दुख दरिद्दर नहीं आया। पुजारी जी दूरदर्शी हैं। महात्मा हैं। हमें उनकी बात का आदर करना चाहिए।’

‘दुख दरिद्दर न आने का कारण गांव में खुली डॉक्टरी है, न कि मंदिर और पुजारी।’ राम सकल की बात काटते राम पदारथ बोला।

‘भूल रहे हो राम पदारथ। देव स्थान बनने के बाद ही डॉक्टरी खुली है। भगवान के जस को मत बिसराओ।’ बकालू सिंह बोले।    

‘लेकिन पहले भजन-कीर्तन में कोई रोक-टोक नहीं थी। सोलहो बरन के लोग आते थे। गांव-जवार में उमंग होता था!’ पुराने रंग-ढंग को बचाने की गरज से रामनिहोर बोला। वह छोट जोतनदार था, बड़े खेतिहर किसानों के बीच इतना ही बोलने का सामर्थ था उसके पास। 

रामनिहोर के जवाब में रामसकल यह दोहा गुनगुना दिए- ‘सब दिन न होत एक समाना/ एक दिन राजा हरिश्चंद्र गृह कंचन भरे खजाना/ एक दिन भरे डोम घर पानी, मरघट गहे निशाना।’

रामसकल ने महापुजारी कृतदास को उबार लिया। 

‘महाराज गांव के जन-जनावर सब आपके साथ हैं। सब देवता के अधीन हैं। आप जैसा चाहेंगे कीर्तन वैसे ही होगा।’ बकालू सिंह बोले।

‘गांव की खेतीबारी, जीव-जंतु, हवा-पानी के लिए जरूरी है कि भजन-कीर्तन और भोग-आरती में विधर्मी और छोट जात का आदमी न आए। आदिवासी न आएं इससे देवता की महिमा घटती है। इससे देवता गुस्सा होते हैं। गांव पर कोप बढ़ता है।’ कृतदास की बात पिघलते सीसा की तरह कुछ लोगों के कान में खौलने लगी।

‘आदिवासी क्यों नहीं महराज? तीन ही घर आदिवासी है। कुल बारह परानी हैं। उन घरों के लोग हमेशा आते रहे हैं।’ रामनिहोर ने सवाल किया।

‘आदिवासी असुर होते हैं। वे हमारे देवता के विरोधी समाज से हैं।’ कृतदास ने सपाट लहजे में कहा।

‘कोई बड़ी बात नहीं है महराज। उन्हें बरज दिया जाएगा। भक्ति और कीर्तन में आंच नहीं आएगी। देवता को अपवित्र नहीं होने दिया जाएगा।’ जगदीश पांडेय ने हाथ जोड़ते हुए कहा।

‘कीर्तनिया मंडली चाहिए। झाल, हारमोनियम और ढोलक मैं खरीदकर मंदिर को दे देता हूँ। पचासों बेरोजगार लौंडे घूम रहे हैं। वे काम में आ जाएंगे। गाना-बजाना सीख लेंगे। हम लोगों के होते देवता कैसे कुपित होंगे।’ ठाकुर जयनाथ सिंह ने साजा-बाजा का भार अपने कंधे पर ओज लिया।

सबका चेहरा अजोर हो गया।  

ठंडी हवा बह रही थी। मंदिर में दीपक जल रहा था। देवता को प्रणाम करके रामसकल पांडेय ने जयकारा लगाया- ‘हर हर महादेव… हर हर महादेव।’

कंठ निनाद से मंदिर प्रांगण गूंज उठा- ‘हर हर महादेव… हर हर महादेव…’  

…

मंदिर की साफ-सफाई हो रही थी। फूल की क्यारियों की निराई-गुड़ाई हो जाने से फूल बगिया मुस्करा रही थी। डंडा गुरु को गांव के बिगड़ैल सोहदों को ढोल, मंजिरा, हारमोनियम और झाझ सिखाने के काम पर लगा लिया गया। गोजी-डंडा चलाने वाले हाथ ढोल-मंजीरा, झाझ और हारमोनियम पर चलने लगे। गाली-गलौज करने वाले कंठ भजन का अभ्यास करने लगे। राधानाथ बाबू की बैठका में देर रात तक रियाज होने लगी। ‘सा.. रे… ग… मा… प… ध… नि… सा…’ की बिगड़ी स्वर लहरी बड़कान टोला में सुनाई देने लगी।

रियाज के आठवें दिन जयनाथ सिंह के दुआरे कीर्तन का रिहर्सल रखा गया। बड़कान टोला के अलावा सीताराम महतो, गिरधारी, रामनगिना, अलियार रिहर्सल देखने आ गए। मंदिर के प्रधान पुजारी कृतदास भी पधारे थे।

कीर्तनिया साजिंदों के साथ डंडा गुरु कीर्तन आसन पर विराजमान हुए। बाजों का रुनझुन शुरू हुआ। डंडा गुरु के चेलों की ओर से भरपूर प्रयास हो रहा था। पर रंग बेरंग का बेरंग रहा।

जयनाथ सिंह से रहा नही गया। वह बोल उठे- ‘डंडा-गोजी चलाने वाला चला है संगीत पदाने। चेलों के चेहरे की कमीनई से गांव की इज्जत मिट्टी में मिल जाएगी राधानाथ बाबू। ओसामा बिन लादेन से अहिंसा के बोल नहीं सोहते।’

राधानाथ बाबू ने महापुजारी कृतदास की ओर देखा। कृतदास ने गांव के मानिंदों की आंखों में झांका। सारी मानिंद आंखें एक दूसरे से बच रही थीं।

‘गाना-बजाना पर्जुनिया का काम ठहरा महराज। बड़कान टोला के लौंडों पर मर्द बनने का दबाव रहता है। बाप-दादे के जमाने से गाना-बजाना हेय समझा जाता था। गाने-बजाने वाले अपने बीच हुए ही नहीं। गोजी-डंडा और मारपीट करने वाले हाथों को ढोल, मंजीरा और हारमोनियम पर सधने में समय लगेगा, मगर हो जाएगा। धीरे-धीरे हाथ सध जाएगा।’ बहुत संकोच से बकालू सिंह बोले।  

महापुजारी कृतदास ने जयनाथ सिंह और राधानाथ को देखा और कहा- ऐसे तो नाक कट जाएगी। भगवत भजन का रंग फीका पड़ जाएगा।

‘तब?’ राधानाथ और जयनाथ सिंह, दोनों एक साथ बोल पड़े।

‘तब क्या, पुराना दस्तूर निभाया जाए। साज-बाज के बिना कीर्तन थोड़े ही हो पाएगा। सबको बुला लीजिए। भगवान का रंग फीका नहीं कर सकते।’ पुजारी कृतदास ने कहा। 

राधानाथ बाबू जानते थे कि जुलाहों, पिछड़ों, दलितों और आदिवासियों को जोड़ना फायदेमंद हो सकता है। इनके जुड़ने से जो घेरा बनेगा, परधानी जीतने के लिए वह अभेद गोला होगा। वह अक्सर कहा भी करते हैं- ‘जिसको देखो वोट की नजर से देखो।’ कृतदास की सलाह ने उन्हें उबार लिया। इंसान और भगवान के सध जाने से परधानी भी मजबूत होती दिखाई पड़ने लगी।

…

छोटकान टोला में कीर्तन में गाने-बजाने का बुलावा आया था। झाझ, मंजीरा, ढोल और हमोनियम सजने लगे। नादिरा ने हारमोनियम को  झाड़-पोंछकर चमका दिया। फिर लाल कपड़े में लपेट दिया। रफीक ने शीश नवाकर हारमोनियम को सलाम किया।

संपर्क :सहायक प्राध्यापक, हिंदी एवं आधुनिक भारतीय भाषा विभाग, इलाहाबाद विश्वविद्यालय, प्रयागराज, उत्तर प्रदेश-211002 मो.9026258686