दिल्ली के राजधानी कॉलेज में एसोसिएट प्रोफेसर।काव्य–संग्रह ‘अभी भी दुनिया में’।

तुम्हें फुर्सत न थी

बसंत में
एक पुष्प
तुम्हारे आंगन खिला
तुम व्यस्त थे
उसे देखने की तुम्हें फुर्सत न थी

एक पंछी तुम्हारे झज्जे पर बैठा रहा देर तक
तुम उसको अवलोक नहीं पाए
तुम्हें फुर्सत न थी

एक शिशु ने अपनी तुतली भाषा में
तुम्हें एक संबोधन दिया
उसको सुनने की तुम्हें फुर्सत न थी

एक साधु पुकारता रहा
तुम्हारे द्वार बार-बार
वह लौट गया रीते हाथ
तुम्हें फुर्सत न थी

समय-समंदर में कुछ लहरें उठकर
तुम्हारी ओर मुखातिब होने को मचलती रहीं
तुम निहार न सके
तुम्हें फुर्सत न थी

एक दिन तुम्हारे पास फुर्सत होगी
लेकिन! फुर्सत के अलावा
बाकी कुछ न होगा।

झुकना

फलों से लदा पेड़
झुक गया है जमीन की ओर

फल इतने नजदीक आ गए
बिना एड़ियां उचकाए
कोई भी पा सकता है

फल आते ही
जमीन की ओर उन्मुख होते हैं पेड़

इंसान कुछ पाता है
आसमान की ओर
उन्मुख होने लगता है।

बिटिया की पसंद

बिटिया ने
मेरे लिए एक शर्ट पसंद की

पत्नी ने कहा-
अगर पापा को पसंद नहीं आई तो

सुनकर बिटिया बोली-
मुझे अच्छी तरह पता है
अपने पापा की पसंद

बिटिया की पसंद की शर्ट पहनकर
मैं जल भरे बादल-सा
बरसना चाहता हूँ
आत्मीयता के आंगन में।

संपर्क :WZ-१२ A, गाँव बुढेला, विकास पुरी, दिल्ली-११००१८ मो.९८१८३८९५७१