
वरिष्ठ कवि। काव्य संग्रह ‘अभी भी दुनिया में’। संप्रति राजधानी कॉलेज (दिल्ली विश्वविद्यालय) में प्रोफेसर।

कर्म
हवा चली
पत्तियां हिलीं
पत्तियों के हिलने से
पाखी जगे
पाखियों के जगने से
संगीत बजा
संगीत से
संसार कर्म के साज पर सजा।
भय
शिकारी के हाथ में
गुलेल है
और मासूम पाखी के
सम्मुख दाना
इन दोनों से दूर
मेरे हृदय में भय है।
आकर्षण
मिट्टी में खिले
फूलों से अधिक
चट्टान की दरारों में खिले फूल
हमें ज्यादा आकर्षित करते हैं।
लेखन प्रक्रिया
लेखक
जब लिख नहीं रहे होते
तब भी
लेखन-प्रक्रिया का हिस्सा होते हैं
जैसे खाली पड़े खेत
तैयार करते हैं खुद को
अगली फसल के लिए।
शरद के फूल
शरद के फूलो
खिलो, महको
तुम्हें देखकर
जी उठूं मैं
आओ मुझे छू लो
शरद के फूलो!
संपर्क : WZ-12 A, गाँव बुढेला, विकासपुरी, दिल्ली–110018 मो.9818389571

ଚମତ୍କାର
चमत्कार काब्यानुभूति
मनभावन और पठनीय कविताएं