
युवा कवि।विभिन्न पत्र–पत्रिकाओं में रचनाएं प्रकाशित।संप्रति शिक्षा निदेशालय, दिल्ली के अधीन शिक्षक।
स्त्री
रसोई में खो जाने से पहले
विदा होते चांद की चांदनी को चुल्लू में भरकर
अपना चेहरा धो लेती है
डूबते सितारों को आंखों में धर लेती है
सपनों को जूड़े में बांध लेती है
उसी जूड़े में कोई खोंस देता है एक फूल
कि दुखती देह की पोर-पोर खिल जाती है
एक स्त्री अपने स्त्रीत्व से मिल जाती है।
बस इतना ही
इतनी सी शर्म बचा लेना चाहता हूँ अपने भीतर
दूध पिलाती स्त्री को देखकर
निगाह नीची कर सकूं
इतना निश्छल हो जाना चाहता हूँ
कि अगर गलती करूं
तो माफी मांगने में संकोच न हो
इतना उपलब्ध हो जाना चाहता हूँ
कि रोना चाहे कोई
तो बेझिझक मुझ तक पहुंच जाए
इतना विस्तार चाहता हूं अपने भीतर
कि मेट्रो या बस में बैठते वक्त
बगल में बैठी लड़की अपने में सिमटने लगे
तो उठकर किसी दूसरी जगह पर बैठ जाऊं
इतनी गुंजाइश रखना चाहता हूँ खुद में
कि हार जाने पर जीतने वाले को बधाई दे सकूं
किसी की खुशी में शामिल हो जाऊं
और दुख में रो पड़ूं
दोस्तों की तरक्की हो तो जल भुन न जाऊं
ईमान में चाहता हूँ बस इतनी सलाहियत
कि पार्टी में शराब पीने वाले दोस्तों के साथ बैठा रहूं
और बिना पिए उनके बहकने में शामिल हो जाऊं
दरअसल इतना सरल हो जाना चाहता हूँ
कि कोई उतरे मुझमें तो उलझने की चिंता न करे।
झंडे
इस जगह खड़े होकर
मैं देख रहा हूँ अलग-अलग देशों के झंडे
जो हवा के बहाव में एकसाथ लहरा रहे हैं
कुछ इमारतों पर धार्मिक झंडे भी उचके खड़े हैं
इन्हें देखकर याद आता है
कि संयुक्त राष्ट्र संघ का भी झंडा है
और ओलंपिक खेलों का भी
पर इंसानों की दुनिया में
क्या इंसानियत का भी कोई झंडा होता है
राष्ट्रीयता के तमाम खतरों को उठाकर
इस प्रश्न को लेकर किताबों की दौड़ लगाई
इतिहास के बंद दरीचों में झांका
कुछ धुंधली तस्वीरों को साफ किया
डॉक्यूमेंट्री देखी
और इस नतीजे पर पहुंचा
देश और राजा की ताबेदारी में लगे
कितने ही सैनिक
इन झंडों को ढोते हुए अपनी जान से गए
कितने दुधमुंहे इन झंडों के डंडों पर टांग दिए गए
कितनी महिलाओं के जिस्म पर गाड़ दिए गए
झंडे
इतिहास भूगोल बदलते हैं
गर्व का बोझ उठाते हैं
खून के छींटे सोख लेते हैं
चाकू पर उंगलियों के निशान पोछ देते हैं
झंडे हमेशा से बड़े होते हैं
देश से बड़े
देशवासियों से बड़े
दुनिया से बड़े
दरअसल झंडे उस मूर्ति की तरह होते हैं
जो भगवान से बड़ी हो जाती है
झंडे चूंकि बड़े थे तो बढ़ते गए
झंडे एक-दूसरे से लड़ते गए
मानवता की छाती पर गड़ते गए
इसलिए मानवता का कोई झंडा नहीं हुआ।
दीवारें
इस महानगर में या चुप्पी पसरी है या शोर
चुप्पी ऐसी कि दो पड़ोसी भी
नहीं लेते एक दूसरे का हाल
और शोर ऐसा कि हर आवाज हलाल
बमुश्किल चार सौ मीटर फासला होगा
घर से मस्जिद तक
लेकिन अजान हम अलार्म की तरह सुनते हैं
अपने ही मोबाइल में
मेरे कानों और मुअज्जिन की आवाज के बीच
अट्टहास कर रही हैं
इस शहर की ऊंची ऊंची दीवारें।
देश की परछाईं
मन की कालिमा से भयभीत राजा
चेहरा चमकाने की कुंठा में
देश से उसकी परछाईं छीन लेना चाहता है
परछाईं भी कहीं छीनी जा सकती है
ढकी तो जा सकती है न
ढकने से क्या होगा
देश चलेगा तो परछाईं भी चलेगी
इसीलिए देश नहीं चलता
बस राजा चलता है
इतिहास से जलता है
हाथ मलता है।
प्रसाद
वे उनके जंगल में घुसे
कहा हमसे डरो मत
हम पेड़ों की पूजा करते हैं
जंगल हमारे लिए प्रसाद की तरह पवित्र हैं
पर यह नहीं बताया
कि हर प्रसाद की पवित्रता
पेट में जाने से पहले तक ही रहती है।
संपर्क :हाउस नंबर ३८०, थर्ड फ्लोर, पॉकेट ९, सेक्टर २१, रोहिणी, दिल्ली–११००८६ मो.९१३६३९७४००

