
युवा लेखिका। हाल में डाक्टरेट की उपाधि। विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में समीक्षा, लेख प्रकाशित।
राष्ट्रीय काव्यधारा भारतीय साहित्य का वह स्वर्णिम युग है, जब राष्ट्रीयता की भावना लोगों के मन में हिलोरें मार रही थी और स्वतंत्रता की आकांक्षा जन-जन के हृदय में प्रज्ज्वलित हो रही थी। यही वह दौर था जब हमारे कवियों ने अपनी लेखनी को राष्ट्र की सेवा में समर्पित कर दिया था। उनकी कविताएं दबी हुई आवाजों की बुलंद पुकार बनीं और स्वतंत्रता सेनानियों के लिए प्रेरणा का अटूट स्रोत सिद्ध हुईं।
इस काव्यधारा का केंद्रीय भाव क्या था, यह विचार-विमर्श का विषय है। इतना स्पष्ट है कि उस युग में देशप्रेम कवियों को अपनी मातृभूमि के लिए अपना सर्वस्व अर्पण करने की अद्वितीय शक्ति प्रदान कर रहा था।
19वीं शताब्दी के अंतिम चरण और 20वीं शताब्दी के पूर्वार्ध का समय भारत के इतिहास में एक निर्णायक मोड़ था। ब्रिटिश साम्राज्य की जड़ मजबूत थी और भारत गुलामी की पीड़ा से आजाद होने का स्वप्न देख रहा था। ऐसे कठिन समय में, राष्ट्रीय काव्यधारा के कवियों ने एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने अपनी क्रांतिकारी कविताओं से देशवासियों को उनके गौरवमय अतीत का स्मरण कराया और लोगों के मन में एक स्वतंत्र भविष्य का सुंदर स्वप्न पैदा किया।
मैथिलीशरण गुप्त राष्ट्रीय भावना के एक महत्वपूर्ण कवि थे। उनकी ‘भारत-भारती’ एक ऐसी कृति है जिसने देश में राष्ट्रीय भावना का संचार किया। उन्होंने अपनी कविताओं के माध्यम से लोगों को एकजुट होने और देश की आजादी के लिए संघर्ष करने की प्रेरणा दी।
उस दौर में सुभद्रा कुमारी चौहान एक ऐसी कवयित्री थीं जिनकी कविताएं देशभक्ति का प्रतीक बनीं। उनकी प्रसिद्ध कविता ‘झांसी की रानी’ आज भी हर भारतीय के हृदय में वीरता और बलिदान की भावना जगाती है। राष्ट्रीय काव्यधारा के एक अन्य प्रमुख कवि माखनलाल चतुर्वेदी का योगदान भी उल्लेखनीय है। उन्होंने अपनी कविताओं के माध्यम से युवाओं में क्रांतिकारी विचारों का संचार किया। उनकी रचनाएं त्याग, बलिदान और देशप्रेम की भावना से ओतप्रोत थीं। ‘पुष्प की अभिलाषा’ जैसी उनकी कविताएं देश के लिए मिट जाने की उत्कट इच्छा को व्यक्त करती हैं और आज भी देशप्रेम के प्रतीक के रूप में याद की जाती हैं।
हिंदी के सुप्रसिद्ध कवि रामधारी सिंह ‘दिनकर’ अपनी ओजपूर्ण कविताओं के लिए जाने जाते हैं। उनकी रचनाओं में अन्याय के खिलाफ प्रचंड आक्रोश और स्वतंत्रता की तीव्र लालसा दिखाई देती है। उनकी ‘रश्मिरथी’ और ‘कुरुक्षेत्र’ जैसी कृतियां आज भी भारतीय साहित्य की अमूल्य धरोहर हैं।
बालकृष्ण शर्मा ‘नवीन’ राष्ट्रीय काव्यधारा के एक सशक्त हस्ताक्षर थे। उनकी कविताएं स्वतंत्रता संग्राम में कूद पड़ने के लिए प्रेरित करती थीं। उनकी भाषा में विद्रोह और क्रांति का स्वर मुखर था।
इन कवियों के अलावा सियारामशरण गुप्त, सोहनलाल द्विवेदी, पंडित बद्रीनाथ भट्ट और ठाकुर जगनमोहन सिंह जैसे अनेक कवियों ने अपनी रचनाओं के माध्यम से राष्ट्रीय भावना को बल दिया। उन्होंने कभी लोकगीतों और कभी पारंपरिक शैलियों का प्रयोग करके अपनी बात आम जनता तक पहुंचाई। इन कवियों ने भारत को न केवल एक भूभाग के रूप में देखा, बल्कि उसे अपनी मातृभूमि के रूप में प्रतिष्ठित किया, जिसके लिए वे अपना जीवन बलिदान करने के लिए सदैव तत्पर थे।
राष्ट्रीय काव्यधारा के इन महान कवियों ने अपनी लेखनी से न केवल स्वतंत्रता संग्राम को एक नई ऊर्जा दी, बल्कि भारतीय साहित्य को भी समृद्ध किया। वह दौर ऐसा था, जिससे आज हम आजाद भारत में सांस ले पा रहे हैं।
सवाल
(1) क्या आपको लगता है कि हिंदी में राष्ट्रीय काव्यधारा की उपेक्षा हुई है? इस पर आमतौर पर अब तक कितना और किस परिप्रेक्ष्य में विचार हुआ है?
(2) राष्ट्रीय काव्यधारा के प्रमुख कवि कौन हैं और उन्होंने देशप्रेम को किस दृष्टि से देखा है?
(3) राष्ट्रीय काव्यधारा के प्रमुख कवियों के देशप्रेम और मानवतावाद के बीच कहां तक और किस प्रकार संबंध है?
(4) छायावाद और प्रेमचंद युग को समेटते हुए आमतौर पर 1947 से पहले देशप्रेम की धारणाओं का किस तरह विकास हुआ?
(5) राष्ट्रीय काव्यधारा युग के क्रांतिकारी देशप्रेम का आज क्या भविष्य है?
![]() |
| अवधेश प्रधान प्रसिद्ध समालोचक। पूर्व प्रोफेसर, बनारस हिंदू विश्वविद्यालय। अद्यतन पुस्तक ‘परंपरा की पहचान’। |
राष्ट्रीय काव्यधारा अंग्रेजी राज के साथ-साथ सामंती रूढ़ियों के विरुद्ध थी
(1) आधुनिक हिंदी के विकास में जितनी छायावादी, प्रगतिवादी और प्रयोगवादी काव्यधारा की चर्चा हुई है उतनी राष्ट्रवादी काव्यधारा की नहीं, यह बात सही है। भारतेंदु युग, द्विवेदी युग, छायावाद और उत्तर-छायावाद की एक उपधारा की तरह उसका विवेचन होता रहा है। उस पर जितना ध्यान रामचंद्र शुक्ल ने दिया उतना किसी ने नहीं। उन्होंने ‘भारतेंदु की वाणी का सबसे ऊंचा स्वर’ जो सुना, वह देशभक्ति का था। भारतेंदु की कविताओं में उन्होंने देश-दशा की मार्मिक व्यंजना लक्षित की थी जिसमें कहीं देश की अतीत गौरव गाथा का गर्व, कहीं वर्तमान की अधोगति की क्षोभकारी वेदना, कहीं भविष्य की भावना में जगी हुई चिंता आदि थी। प्रेमघन के बारे में उन्होंने लिखा कि देश की राजनीतिक परिस्थिति पर इनकी दृष्टि बराबर रहती थी।
उस युग की कविताओं में देशभक्ति और राजभक्ति का विचित्र मेल पाया जाता है। ऐसी कविताओं को भी शुक्ल जी ने सहानुभूति से पढ़ना सिखाया। उनके विचार से ‘हीरक जुबिली’ जैसी कविताओं को खुशामदी कविता नहीं समझना चाहिए क्योंकि इनमें कवि देश-दशा का सिंहावलोकन करते थे- और मार्मिकता के साथ। रायदेवी प्रसाद ‘पूर्ण’ ने एक ओर स्वदेशी पर कविता लिखी तो दूसरी ओर दिल्ली दरबार पर। इसकी वजह थी उस समय की सुस्त और कमजोर राजनीति। उस समय तक देश के राजनीतिक प्रयत्नों में विरोध का बल नहीं आया था, लोगों की धड़क पूरी तरह नहीं खुली थी। आधुनिक कविता के तृतीय उत्थान में आचार्य शुक्ल ने लक्ष्य किया कि गांव-गांव राजनीतिक और आर्थिक परतंत्रता के विरोध की भावना जगाई गई और आंदोलनों में जनसाधारण की भी भागीदारी हुई।
हमारे राष्ट्रीय आंदोलन दुनिया में चलने वाले और-और आंदोलनों के मेल में चले। सरकार से कुछ मांगने के स्थान पर अब कवियों की वाणी देशवासियों को ही ‘स्वतंत्रता देवी की वेदी पर बलिदान’ होने को प्रोत्साहित करने में लगी। उस युग के राजनीतिक आंदोलनों की प्रतिध्वनि माखन लाल चतुर्वेदी, बालकृष्ण शर्मा नवीन, दिनकर आदि की कविता में सुनी जा सकती है।
हजारी प्रसाद द्विवेदी मानते हैं कि बीसवीं शताब्दी के प्रथम चरण में हमारे देश की साहित्यिक चेतना मुख्यतः राष्ट्रीय चेतना के रूप में प्रगट हुई। उनकी दृष्टि में मैथिलीशरण गुप्त सच्चे अर्थों में राष्ट्रकवि हैं और उनकी ‘भारत-भारती’ सही अर्थ में भारत-भारती है। द्विवेदी जी का विचार है कि नवीन जी राजनीतिक कार्यकर्ता पहले हैं और कवि बाद में। उनकी कविताओं में एक रोमांटिक कवि की तरह ‘कल्पना के पंख फैलाकर भाव के आकाश में उड़ान लेने और सबकुछ को छोड़कर आगे बढ़ जाने की घरफूंक मस्ती मिलती है।’
उनके विचार से माखनलाल चतुर्वेदी की ‘नवीन राष्ट्रीय भावना को महनीय गौरव और पूजा की महिमा देने वाली कविताओं से भावी वैयक्तिकतावादी कवियों का मार्ग प्रशस्त हुआ।’ रामविलास शर्मा और नामवर सिंह ने प्रसाद और निराला की कविताओं में अभिव्यक्त राष्ट्रीय चेतना का महत्व उजागर किया। नई कविता का शोर जैसे-जैसे बढ़ता गया, राष्ट्रीय काव्यधारा का महत्व घटता गया।
(2) भारतेंदु, प्रताप नारायण मिश्र, प्रेमघन आदि ने भारत के गौरवशाली अतीत की याद दिलाई, वर्तमान भारत की दुर्दशा पर आंसू बहाए, राजभक्तिपरक रचनाओं में देश की दुर्दशा का वर्णन किया और कभी-कभी ब्रिटिश राज और अधिकारियों की व्यंग्यपूर्ण आलोचना की। सामाजिक बुराइयों पर कोड़े बरसाए। भारतेंदु ने स्वदेशी वस्त्र और निज भाषा के साथ-साथ स्वत्व की भी आवाज उठाई- स्वत्व निज भारत गहे। मैथिलीशरण गुप्त ने भारतेंदु युग की राष्ट्रीय चेतना को और निखारा। उनकी ‘भारत-भारती’ समूचे हिंदी समाज में लोकप्रिय हुई।
भारतेंदु ने जिस धार्मिक उदारता का प्रचार किया, गुप्त जी ने उसे सर्वधर्म समभाव से समन्वित अपनी कविता के द्वारा हिंदी समाज के संस्कार में उतार देने की अथक साधना की। उन्होंने करोड़ों देशवासियों को भारत-संतान कहकर पुकारा, 1915 में अफ्रीकावासी भारतवासी जैसी कविता लिखकर गिरमिटिया मजदूरों के संघर्ष को समर्थन दिया और गांधी जी के अहिंसात्मक आंदोलन की जयजयकार की- ‘अस्थिर किया टोप वालों को गांधी टोपी वालों ने, शस्त्र बिना संग्राम किया इन माई के लालों ने’।
राष्ट्रीय चेतना ने पौराणिक कथा प्रसंगों और चरित्रों को भी युग के रंग में रंग दिया। हरिऔध जी के राधा-कृष्ण जनसेवक एवं स्वयंसेविका जैसे हो गए। कवियों का ध्यान गांधी जी की अहिंसा, करुणा, हिंदू-मुस्लिम एकता, हरिजनोद्धार आदि के साथ-साथ गांव और किसानों की ओर गया। जब राष्ट्रीय काव्यधारा में प्रायः इतिवृत्तात्मकता की प्रधानता थी तब रामनरेश त्रिपाठी देशभक्ति को रसात्मक अभिव्यक्ति देने में सफल रहे। प्रसाद और निराला की कविताओं में राष्ट्रीय चेतना की अभिव्यक्ति अधिक सांस्कृतिक, अधिक गंभीर, अधिक व्यंजनापूर्ण और अधिक काव्यात्मक है। उनमें शक्ति और ओज भी अधिक है।
माखनलाल चतुर्वेदी, बालकृष्ण शर्मा ‘नवीन’ और सुभद्राकुमारी चौहान ने स्वयं स्वाधीनता संग्राम में एक सैनिक की तरह भाग लिया। इसलिए उनके स्वर में आत्मविश्वास, उत्तरदायित्व एवं आत्मबलिदान की भावना स्वाभाविक रूप से अधिक है और यह उनकी पहचान बन गई है।
माखनलाल चतुर्वेदी की ‘पुष्प की अभिलाषा’ और ‘कैदी और कोकिला’ जैसी कविताएं उस युग के क्रांतिकारी युवाओं के हृदय की धड़कनों जैसी हैं। उनकी कविता में नाश, मरण और बलिदान को त्यौहार का दर्जा हासिल है। वे कारागार में कृष्ण की जन्मभूमि का दर्शन पाते हैं। वे कहते हें, ‘द्वार बलि का खोल चल भूडोल कर दे/एक हिमगिरि एक सिर का मोल कर दे…रक्त है या है नसों में क्षुद्र पानी/जांच कर तू शीश दे-देकर जवानी’। ऐसी पंक्तियाँ वही लिख सकते थे।
सोहनलाल द्विवेदी जैसे परम गांधीभक्त कवि ने भी लिखा था- जहां मातृभूमि की वेदी पर नौजवान अपना सिर चढ़ा रहे हों, उन सिरों में एक सिर मेरा मिला लो! सुभद्रा जी आजादी की लड़ाई में समूचे परिवार के साथ कूद पड़ी थीं। इसलिए उनकी बलिदानी भावना में एक विशेष प्रकार की पारिवारिक आत्मीयता एवं मार्मिकता आ गई। अपने स्वजन की गिरफ्तारी सुनकर पहले तो आंसू आ जाते हैं फिर तिलक, लाजपत राय और गांधी जी को याद करके ‘सदियों सोई हुई वीरता जागी, मैं फिर वीर बनी।’ फिर गिरफ्तारी पर बधाई देते हुए कहा, ‘याद भूल जाना मेरी उस आंसू वाली मुद्रा की, कर लो अब स्वीकार बधाई छोटी बहन सुभद्रा की।’ ‘झांसी की रानी’ कविता- जैसी लोकप्रियता बिरले ही मिलती है। इसी प्रकार ‘जलियांवाला बाग में वसंत’ भी अपनी मार्मिकता में बेजोड़ है। दिनकर आजादी की लड़ाई में तो शामिल नहीं हुए, लेकिन राष्ट्रीय धारा के कवियों में गुप्त जी और माखनलाल चतुर्वेदी के सबसे सुयोग्य और लोकप्रिय उत्तराधिकारी वे ही हैं।
(3) आधुनिक युग का साहित्य सबसे अधिक जिस विचार से प्रेरित-परिचालित रहा है, वह है मानवतावाद। राष्ट्रीय चेतना की अभिव्यक्ति उसी के भीतर से हुई। मानवतावाद के प्रभाव से परलोक सुधारने के बजाय इसी लोक के जीवन को सुधारने और सुखी बनाने की चिंता प्रधान हुई।
विवेकानंद ने परंपरागत मुक्ति के लक्ष्य को लोकहित से, मानवसेवा से जोड़ दिया था। प्रसाद की श्रद्धा तकली का गीत गाती है तो गुप्त जी की सीता अपनी कुटिया को ही राजभवन का मान देती है। राम धरती को ही स्वर्ग बनाने की बात करते हैं। देशप्रेम की अभिव्यक्ति गरीबों और स्त्रियों के प्रति सहानुभूति में हुई।
पहले भारत माता की कल्पना एक देवी के रूप में की जाती थी, फिर उसके प्रति कवि विगलित भक्ति भावना व्यक्त करता था। हिमालय और समुद्र के बीच कश्मीर से कन्याकुमारी तक और अटक से लेकर कटक तक भारत के भौगोलिक रूप में ईश्वर को देखने का भाव गुप्त जी की उसी कविता में है जिसकी आरंभिक पंक्ति है, ‘नीलांबर परिधान हरित पट पर सुंदर है’ और अंतिम पंक्ति है- ‘हे मातृभूमि तुम सत्य ही सगुण मूर्ति सर्वेश की। देश में ‘सर्वेश’ का दर्शन -यह है देवभक्ति का देशभक्ति में रूपांतरण।
प्रसाद ने देश की बाह्य भौगोलिक छवि की तुलना में इसकी सांस्कृतिक-आंतरिक छवि को महत्व दिया- ‘अरुण यह मधुमय देश हमारा’। नंद दुलारे वाजपेयी ने लिखा कि इसमें ऐसे वर्णन हैं, जिन्हें कोई भी देशप्रेमी अपने देश के संबंध में गा सकता है। उनका संबंध किसी देश विशेष से नहीं है। वाजपेयी जी ने निराला के ‘भारति जय विजय करे’ शीर्षक गीत में प्रादेशिकता का भाव लक्षित किया था। इस प्रकार प्रसाद और निराला ने देशप्रेम की अभिव्यक्ति स्थूल से आगे बढ़कर सूक्ष्म स्तर पर की।
जब सम्राट अष्टम एडवर्ड ने सिंहासन परित्याग कर दिया लेकिन अपनी प्रेमिका को छोड़ना स्वीकार नहीं किया तो निराला ने उसकी प्रशंसा में एक कविता लिखी- ‘सम्राट अष्टम एडवर्ड के प्रति’ और कहा कि इस प्रेम मिलन में यूरोप और अमेरिका ही नहीं, विश्व का प्रत्येक देश, प्रत्येक मनुष्य, प्रत्येक हृदय प्रेमाप्लावित हुआ है। मानवतावादी दृष्टि से इसका महत्व समझाने में निराला का देशप्रेम आड़े नहीं आया। संसार के अन्य देशों में चलने वाले मुक्ति संघर्षों से हमारे देश के स्वतंत्रता संग्राम को भी शक्ति और प्रेरणा मिल रही थी।
दिनकर ने नौजवानों को पड़ोस के संघर्षों की याद दिलकर ललकारा- ‘खड़ा हो कि पश्चिम के कुचले हुए लोग/उठने लगे ले मसाल/खड़ा हो कि पूरब की छाती से भी/फूटने को है ज्वाला कराल/खड़ा हो कि फिर फूंक विष की लगा/धूर्जटी ने बजाया विषान/ खड़ा हो कि जवानी का झंडा उड़ा/ओ मेरे देश के नौजवान।’
(4) प्रेमचंद के कथा साहित्य में यहां से वहां तक या तो किसानों की चिंता है या फिर स्त्रियों की। देश की पराधीनता की सबसे प्रामाणिक और मार्मिक अनुभूतियां उन्होंने किसानों और स्त्रियों की पराधीनता के रूप में चित्रित की हैं। अछूतों, बच्चों और अन्य समूहों की समस्याएं इसमें शामिल हैं। छायावाद की अतिशय भावुकता, कल्पना और स्वप्नशीलता को प्रेमचंद का यथार्थवाद संतुलित करता है और स्वाधीनता संग्राम की पुकार और प्रेरणा अंततः उसे भीतर से रूपांतरित कर डालती है।
प्रसाद ‘तितली’ और ‘कंकाल’ जैसे उपन्यास लिखते हैं, पंत ‘ग्राम्या’ की कविताएं लिखते हैं। महादेवी गरीब और अभागे जीवन के रेखाचित्र लिखती हैं और निराला जो ‘भिक्षुक’, ‘विधवा’, ‘तोड़ती पत्थर’ जैसी कविताएं लिख चुके थे- ‘कुकुरमुत्ता’, ‘बेला’ और ‘नए पत्ते’ की कविताएं लिखते हैं।
भारत में देशप्रेम की ठोस अभिव्यक्ति किसानों, स्त्रियों, गरीबों और अछूतों के प्रति सहानुभूति में हुई। प्रेमचंद के प्रेमाश्रम से भी पहले 1915 में मैथिलीशरण गुप्त का ‘किसान’ आया। 1916 में गया प्रसाद शुक्ल ‘सनेही’ का ‘कृषक क्रंदन’ और 1917 में सियारामशरण गुप्त का ‘अनाथ’ आया। इन कविताओं में पुलिस, महाजन और जमींदार -तीन-तीन चक्कियों के नीचे पिसते हुए किसानों की कारुणिक दशा का चित्रण हुआ है।
‘सनेही’ जी की कविता में किसान बादलों से प्रार्थना करता है कि तुम ही आकर हमारा दुख बटाओ, दो-चार आंसू बहाओ, न हो तो बिजली ही गिरा कर हमें दुखों से छुटकारा दिला दो। आगे चलकर ‘सनेही’ जी के ‘कृषक क्रंदन’ का विकास निराला के ‘बादल राग’ (1924) में दिखाई देता है- ‘तुझे बुलाता कृषक अधीर…..ऐ विप्लव के वीर’।
स्वतंत्रता संग्राम में किसानों और मजदूरों के आंदोलन की लहर जैसे-जैसे ऊंची उठी, वैसे-वैसे देश में आजादी के साथ समाजवाद की भी आकांक्षा प्रबल हुई। 1946 में प्रकाशित निराला की ‘बेला’ और ‘नए पत्ते’ संग्रह की कविताओं में उसकी प्रतिध्वनि सुनाई देती है- ‘भेद कुल खुल जाए वह सूरत हमारे दिल में है, देश को मिल जाए पूंजी जो तुम्हारी मिल में है।’ (बेला)
माखनलाल चतुर्वेदी ‘अमर राष्ट्र’ को अपनी बोली मानने वाले कवि थे। उन्हें सुधार-समझौतों वाली ठिठोली नापसंद थी। उन्होंने 15 अगस्त 1947 की आजादी के पीछे छिपी समझौते की नीति पर अपनी दो टूक राय इन शब्दों में रखी थी- ‘जीत हुई पर यह न दीखती जीत राज लेने वाले की/इसकी सांस-सांस पर लिखी है प्रभुता देने वाले की।’ निराला की भी उत्तरवर्ती कविताओं में ‘ये दाग दाग उजाला ये शब-ग़ज़ीदा सहर’ वाली पीड़ा व्यक्त हुई है। दिनकर की दिल्ली शृंखला वाली कविताओं को इसी परिप्रेक्ष्य में पढ़ना चाहिए।
(5) राष्ट्रीय काव्यधारा के कवियों ने राष्ट्रीय जीवन की स्वतंत्रता की पुकार से स्वयं को एकरूप कर लिया था। उनकी कविता स्वतंत्रता आंदोलन से गहराई से जुड़ी हुई थी और उसने स्वतंत्रता में भाग लेने वाले नौजवानों के कंठ और हृदय में उतरने में सफलता प्राप्त की थी। आज भी जो कवि अपनी कविता को जनता के निकट ले जाना चाहते हैं, वे इन कवियों से बहुत कुछ सीख सकते हैं। सरल और आवेगमयी भाषा और लय, विचारों और आदर्शों को जीते-जागते बिंबों में उतारने की कला उनसे सीखी जा सकती है। आज तक मैथिलीशरण गुप्त, माखनलाल चतुर्वेदी और दिनकर की काव्य पंक्तियां जनसभाओं में उद्धृत की जाती हैं।
दूसरे, उन्होंने जनता का दुख देश का साझा दुख समझा। संकीर्ण प्रांतवाद की भावना तो उन्हें छू तक नहीं गई थी। उन्होंने राष्ट्रभाषा हिंदी की आवाज जरूर लगाई, लेकिन राष्ट्रीय एकता को सबसे ऊपर रखा। उसी का फल है कि हिंदी और हिंदी समाज के लोगों का दूसरे प्रांतों में विरोध और बहिष्कार होता है तब भी हिंदी प्रदेश में उसके विरुद्ध प्रतिक्रिया नहीं होती। महाराष्ट्र में जब यूपी-बिहार वाले भगाए जाने लगे, तब भी बनारस में रहने वाले मराठी रहवासियों के विरुद्ध एक आवाज न सुनाई दी। आज के संकीर्ण प्रांतवाद के दौर में भी राष्ट्रीय एकता के आदर्श को सबसे ऊपर रखने की यह परंपरा भविष्य के लिए भी भरोसे की चीज है।
तीसरे, राष्ट्रीय काव्यधारा के कवियों ने अछूतों, स्त्रियों, गरीबों और धार्मिक अल्पसंख्यकों के प्रति संवेदना जगा कर देशभक्ति को ठोस जमीनी रूप दिया। आजकल उपर्युक्त तमाम वंचित जन समुदाय की चिंताओं को ताक पर रखकर हवाई देशभक्ति के नारे उछाले जा रहे हैं और कई बार तो देशभक्ति की आड़ में कट्टर धार्मिकता और मनुवाद की आवाज उठाई जाती है। इतना ही नहीं, धार्मिक अल्पसंख्यकों, दलितों और स्त्रियों के बारे में पुरानी सड़ी-गली मान्यताओं का शोर मचाया जाता है। राष्ट्रवाद के नारे के साथ-साथ कॉर्पोरेटपरस्ती का बोलबाला है और सामंती रूढ़ियों का गौरवगान भी चालू है।
हमारी राष्ट्रीय काव्यधारा साम्राज्यवाद के साथ-साथ सामंती रूढ़ियों को भी जड़ से उखाड़ डालने को कृतसंकल्प थी।
चौथे, हमारे उन कवियों में मातृभूमि में और देशवासियों में ही भगवान को देखने की भावना है। उनका सर्वधर्म समभाव आज की सांप्रदायिक घृणा और हिंसा का विष काटने वाला एक क्रांतिकारी तत्व है जिसकी जरूरत हमेशा रहेगी।
पांचवें, आज राष्ट्रीय जीवन के हर क्षेत्र में पूंजी और पैसे की महिमा बड़ी है कॉरपोरेट पूंजी की मनचाही योजना के अंतर्गत आर्थिक विकास को अनिवार्य मान लिया गया है। कई बार राष्ट्रीय हित और स्वाभिमान की भी अनदेखी की जाती है। अभी ट्रंप साहब की धमकियों से सारी दुनिया के देशों में राष्ट्रीय हितों को लेकर चिंता बढ़ी है। ऐसे में राष्ट्रीय काव्य धारा के एक प्रमुख कवि माखनलाल चतुर्वेदी की समझौता-विरोधी, साम्राज्य-विरोधी दृष्टि का महत्व पहले से बढ़ गया है। संसार के तमाम साम्राज्यवादी संघर्षों से अपना स्वर और कदम मिलाना इस काव्य धारा का एक क्रांतिकारी तत्व है, जिसका महत्व है और रहेगा।
एन 1/65ई 52, शिव प्रसाद गुप्त कालोनी, सामने घाट, नगवा, वाराणसी-221005 मो.8400925082
![]() |
| देवेंद्र चौबे आलोचक और कथाकार। ‘कुछ समय बाद’ (कहानी संग्रह), ‘पर, जरूरी है कविता (कविता संग्रह), ‘समकालीन कहानी का समाजशास्त्र’, ‘आधुनिक साहित्य में दलित विमर्श’, ‘हिंदी साहित्य का इतिहास : कुछ पाठ, कुछ विमर्श’ (आलोचना-इतिहास-संस्कृति) आदि पुस्तकें। जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय, नई दिल्ली के भारतीय भाषा केंद्र में प्रोफेसर। |
इस दौर के देशप्रेम में राष्ट्रीय मुक्ति के साथ सामाजिक मुक्ति के सवाल भी हैं
(1) हिंदी कविता के इतिहास में राष्ट्रीय काव्यधारा 1917 के बाद के भारतीय स्वाधीनता आंदोलन को एक प्रभावशाली गति देती है। इसके उदय के इतिहास में जाएं तो पता चलता है कि बंग-भंग के बाद जिस उग्र-राष्ट्रवाद का विकास होता है, उसने ही इसकी आधारभूमि तैयार की है। साथ ही, इस बात पर भी विचार किया जाना चाहिए कि क्या बंग-भंग की पृष्ठभूमि में 1857 के पहले भारतीय स्वतंत्रता संघर्ष की चेतना रही है और इसने साझी संस्कृति के सवाल को किस रूप में रखा था।
भारतेंदु काल के खड़ी बोली आंदोलन में भी हिंदू-मुस्लिम समाज की उस चेतना को देखा जा सकता है जो एक आंतरिक धारा के रूप में समाज के अंदर प्रवाहित हो रही थी। हिंदी की कई शैलियां भारतेंदु काल में विकसित हो रही थीं- मुंशी स्टाइल, मौलवी स्टाइल आदि। कहा जा सकता है कि हिंदी साहित्य के इतिहास में राष्ट्रीय काव्यधारा और इसके कवि केंद्रीय कारक के रूप में इसलिए दिखलाई नहीं पड़ते हैं कि उनके समानांतर पहले छायावाद और 1936 के बाद प्रगतिवाद एक खास विचार और दर्शन लेकर आता है। इसका एक वैश्विक संदर्भ भी है।
अगर मैथिलीशरण गुप्त को थोड़ी देर के लिए छोड़ दें तो 1918 से 1947 का समय राष्ट्रीय काव्यधारा का है। यही समय छायावाद और एक हद तक प्रगतिवाद का भी है। राष्ट्रीय काव्यधारा की कविताएं वैसे ही महत्वपूर्ण हैं, जैसे छायावाद और प्रगतिवाद की। यह भी उल्लेखनीय है कि भारतीय चिंतन एवं दर्शन-परंपराओं और मार्क्सवाद-रूपवाद-भाषिक चिंतन के विचारों का जितना प्रभाव छायावाद एवं प्रगतिवाद पर दिखलाई पड़ता है, उतना राष्ट्रीय काव्यधारा पर नहीं।
इतना ही नहीं जितने महत्वपूर्ण आलोचक छायावाद एवं प्रगतिवादी कविताओं को मिलते हैं, उतने राष्ट्रीय काव्यधारा को नहीं, जबकि राष्ट्रीय काव्यधारा में बड़े-बड़े कवि हैं। उनका प्रभाव तत्कालीन समाज पर दिखलाई पड़ता है। फिर भी उसकी सैद्धांतिक व्याख्या करनेवाले आलोचक कम दिखते हैं।
(2) राष्ट्रीय काव्यधारा के कवियों में मैथिलीशरण गुप्त, रामनरेश त्रिपाठी, माखनलाल चतुर्वेदी, बालकृष्ण शर्मा ‘नवीन’, गयाप्रसाद शुक्ल सनेही, श्याम नारायण पांडेय, गोपाल सिंह नेपाली, रामधारी सिंह दिनकर, नरेंद्र शर्मा, सुभद्राकुमारी चौहान, सोहनलाल द्विवेदी, केदारनाथ मिश्र ‘प्रभात’ आदि महत्वपूर्ण हैं। यद्यपि जयशंकर प्रसाद और सूर्यकांत त्रिपाठी की कविताओं में भी राष्ट्र का सवाल एक बड़े सवाल के रूप में दिखता है। परंतु, इनकी चर्चा छायावाद के कवि के रूप में होती है। राष्ट्रीय काव्यधारा के कवियों में राष्ट्र मुक्ति और देश के प्रति प्रेम का गहरा भाव है, जबकि प्रसाद या निराला के यहां सामाजिक मुक्ति एवं भारतीय चिंतन पक्ष अधिक मुखर है।
(3) राष्ट्रीय काव्यधारा के कवियों पर विचार करते हुए बीसवीं शताब्दी के बाद के समय को ध्यान में रखना जरूरी है। कारण यह है कि 1857 से 1947 के बीच का जो समय है, वह कई संदर्भों में बंटा हुआ है- 1857 से 1873, 1873 से 1905, 1905 से 1917 और 1917 से 1947।
पहला समय 1857 की क्रांति के बाद के भय और भय से मुक्ति का है। दूसरा सर्जनात्मक-सामाजिक-राजनीतिक चेतन के निर्माण का, तीसरा प्रतिरोध का और चौथा गांधी के साथ मानवता एवं राजनीतिक-सामाजिक मुक्ति के आंदोलन का है। चौथा संदर्भ जटिल है; परंतु इसी का संबंध राष्ट्रीय काव्यधारा से है।
राष्ट्रीय काव्यधारा के कवियों पर गांधी का गहरा प्रभाव है। उनके सामने ग्रामीण समाज के सवाल हैं। वे अंग्रेजी राज की गुलामी से सीधा टकराते हैं। राष्ट्रवाद की भावना प्रबल है और अंबेडकर भी अछूते नहीं हैं। देश में हो रहे हिंसक आंदोलनों की हवा उनके बगल से गुजर रही है। पर दुनिया भर में हो रहे मुक्ति आंदोलनों से उनका कोई गहरा रिश्ता दिखलाई नहीं पड़ता है। हां, भारत में सामाजिक मुक्ति के जो सवाल हैं, वे गोपाल सिंह नेपाली जैसे कवियों की आंतरिक धारा में समाए हुए हैं। इसलिए इस धारा के कवियों के मानवतावाद के निर्माण में एक तरफ जहां भारतीय समाज की समन्वयवादी विचारधारा तथा वर्ण एवं जाति प्रथा का प्रभाव है, दूसरी तरफ राष्ट्रीय मुक्ति का सवाल भी है जो देशप्रेम के भाव का निर्माण करता है। राष्ट्रीय मुक्ति इसलिए जरूरी है कि गुलामी से पीड़ित जनता एक सम्मानपूर्ण जिंदगी जी सके। कहा जा सकता है कि राष्ट्रीय काव्यधारा के कवियों में जो देशप्रेम और मानवतावाद हैं, उसका आधार वह जातीय चेतना है जो किसी भी राष्ट्र के नागरिक की एक देशीय पहचान बनाती है।
(4) दरअसल, 1947 के पहले का जो देशप्रेम है, उसके अंदर राष्ट्रीय मुक्ति का सवाल एक बड़ा सवाल है और वह राजनीतिक अधिक है। राष्ट्रीय मुक्ति का सवाल 20वीं सदी तक आते-आते सामाजिक मुक्ति से जुड़ जाता है, यद्यपि भारतीय प्रदेश के बुद्धिजीवियों की चेतना में यह सदियों से समाया हुआ है।
भारतीय स्वाधीनता आंदोलन में, 1917 में गांधी और बाद में अंबेडकर के आने के बाद यह अधिक राजनैतिक और सामाजिक होता जाता है। प्रेमचंदयुगीन गद्य साहित्य में देशप्रेम का सवाल जितना सामाजिक-राजनीतिक मुक्ति से जुड़ा दिखलाई पड़ता है, अगर दलित कवियों को छोड़ दें तो उतना काव्य में नहीं। प्रगतिशील काव्य आंदोलन इसका अपवाद है। महत्वपूर्ण बात यह है कि छायावाद में देशप्रेम का जो भाव है, वह भारतीय परंपरा और दर्शन से अधिक जुड़ा हुआ है, जबकि राष्ट्रीय काव्यधारा में यह देशप्रेम मानव मुक्ति और राष्ट्र मुक्ति के करीब दिखता है। कह सकते है कि यह एक बारीक लकीर है जिसे बहुत सतर्कता से पकड़ने, समझने और व्याख्यायित करने की जरूरत है।
रामविलास शर्मा जैसे आलोचक भी हिंदी नवजागरण पर जब विचार करते हैं, तब महावीर प्रसाद द्विवेदी के बाद की चेतना में मौजूद देशप्रेम (इसे राष्ट्रवाद के करीब का मानकर चला जाए) पर भी विचार करने की मांग करते हैं। कारण, यह वही दौर है जब यूरोप में आर्थिक संकट की शुरुआत होती है और फासीवाद एक अलग रूप लेकर आता है। प्रेमचंद इन सवालों के प्रति सजग थे। कहना न होगा कि इस दौर में विकसित देशप्रेम की धारणा के केंद्र में राष्ट्रीय और सामाजिक मुक्ति का एक बड़ा सवाल है। यह राष्ट्रीय मुक्ति राजनीतिक है, जबकि सामाजिक मुक्ति के केंद्र में किसान-मजदूर, स्त्री और दलित समाज प्रमुख रूप से हैं। इनकी अभिव्यक्ति गद्य और पद्य दोनों साहित्य में दिखलाई पड़ती है।
(5) यह एक जटिल संदर्भ है कि राष्ट्रीय काव्यधारा के देशप्रेम के क्रांतिकारी तत्त्वों का आज क्या भविष्य है? यह सवाल जितना साहित्यिक है, उससे अधिक राजनीतिक। मेरी दृष्टि में क्रांतिकारी तत्वों का गहरा संबंध आधारभूत परिवर्तनों से होता है। देशप्रेम में जितना राष्ट्रीय, सामाजिक एवं मानवकेंद्रित साहित्यिक भाव दिखता है, उतना राष्ट्रवाद की अवधारणा में नहीं।
पर, देशप्रेम राष्ट्र की धारणा के उतना ही करीब है जितना कि एक स्वतंत्र राष्ट्र बनाने के लिए साधन की जरूरत पड़ती है। आज साहित्य की दुनिया राजनीति से अधिक प्रभावित है। यह पहले भी थी, पर वहां राजनीति जीवन को समझने की वैसी ही दृष्टि हुआ करती थी जैसे कि दर्शन। अब साहित्य से दर्शन के तत्व धीरे-धीरे गायब होते जा रहे हैं।
राष्ट्रीय काव्यधारा से जुड़े कवियों का लक्ष्य था स्वतंत्र भारत का निर्माण करना, एक ऐसे भारत का निर्माण जहां के नागरिक अपने देश से प्रेम करेंगे, लोगों से प्रेम करेंगे, प्रकृति से प्रेम करेंगे। देश की नदियां, मिट्टी, हवा, पानी और आसमान से प्रेम करेंगे। ये सभी तत्व मिलकर एक मानवता से परिपूर्ण समाज का निर्माण करेंगे। इस समाज में समानता होगी, स्वतंत्रता होगी और सभी को न्याय मिलेगा।
ऐसा नहीं कहा जा सकता है कि इन चीजों का अंत हो गया है, बल्कि भविष्य के भारत का निर्माण ऐसे ही क्रांतिकारी तत्वों के आधार पर होगा जिसका विकास महात्मा गांधी, अंबेडकर, जवाहरलाल नेहरू, मैडम कामा, मौलाना आजाद, सरदार वल्लभ भाई पटेल, सुभाष चंद्र बोस, चित्तू पांडेय, पेरियार आदि नेताओं ने किया था तथा जिसे साहित्य की दुनिया ने भारतीय चिंतन और आधुनिकताबोध के साथ विकसित किया है।
राष्ट्रीय काव्यधारा के युग में निर्मित क्रांतिकारी तत्व आगे चलकर एक ऐसे गतिशील भारत का निर्माण करेंगे जहां मनुष्य, एक मनुष्य की तरह रह सके। एसी स्थिति में समाज में विवेकशीलता होगी तथा सभी लोग राष्ट्र निर्माण के प्रतिभागी होंगे चाहे वे किसी भी जाति, वर्ण और धर्म के हों।
बी/555, मल्टीस्टोरी, जे एन यू, नई दिल्ली-110067 मो.8383842812
![]() |
| प्रभाकर सिंह आलोचक और कवि। बनारस हिंदू विश्वविद्यालय में हिंदी के प्रोफेसर और भोजपुरी एवं जनपदीय अध्ययन केंद्र के समन्वयक। ‘आलोचना के दायरे’और ‘आधुनिक साहित्य : विकास और विमर्श’ प्रमुख कृतियां। |
राष्ट्रीय काव्यधारा की महान प्रेरणाएं मानवतावाद और बुद्धिवाद हैं
(1) हिंदी में राष्ट्रीय काव्यधारा से आशय है जिस काव्य में ब्रिटिश साम्राज्यवाद का मुखर विरोध दर्ज है। यह स्वाधीनता और देशप्रेम को विषय बनाकर लिखी गई कविता है। औपनिवेशिक दौर में हिंदी की हर काव्यधारा में उपनिवेश का किसी न किसी रूप में विरोध मौजूद है, पर एक खास तरह की राष्ट्रीय चेतना, देशप्रेम की कविता जो भारतेंदु युग, द्विवेदी युग, छायावाद और प्रगतिशील कविता के समानांतर विकसित हुई उसे ही ‘राष्ट्रीय काव्यधारा’ के अंतर्गत शुमार किया जाता है।
इस धारा से जुड़े कवियों में मैथिलीशरण गुप्त, श्रीधर पाठक, माखनलाल चतुर्वेदी, रामनरेश त्रिपाठी, बालकृष्ण शर्मा ‘नवीन’, सुभद्राकुमारी चौहान और रामधारी सिंह ‘दिनकर’ का नाम उल्लेखनीय है।
हिंदी आलोचना और इतिहास लेखन में इस काव्यधारा को प्रायः समानांतर काव्यधारा के रूप में ही विवेचित किया गया। हिंदी में राष्ट्रीय काव्यधारा की उपेक्षा हुई या इसको सही परिप्रेक्ष्य में देखा गया इसके लिए आलोचना और इतिहास लेखन के कैनन को देखना होगा।
राष्ट्रवादी इतिहासकार और आलोचक आचार्य रामचंद्र शुक्ल ने ‘हिंदी साहित्य का इतिहास’ में तृतीय उत्थान में इस काव्यधारा की पड़ताल करते हुए इसे ‘देश की स्वतंत्रता देवी की वेदी पर बलिदान होने के लिए प्रोत्साहित करने वाली कविता’ के रूप में विश्लेषित किया और रामधारी सिह ‘दिनकर’, बालकृष्ण शर्मा ‘नवीन’ एवं माखनलाल चतुर्वेदी आदि कवियों का नाम शामिल किया।
रामविलास शर्मा हिंदी नवजागरण और हिंदी जाति का कैनन बनाते हुए उसके केंद्र में छायावादी कवि निराला को रखते हैं। एक दिलचस्प बात यह है कि प्रगतिशील कवि-आलोचक गजानन माधव मुक्तिबोध छायावादी कवियों की तुलना में राष्ट्रीय काव्यधारा की कवि सुभद्राकुमारी चौहान की कविताई की प्रशंसा करते हैं। ‘सुभद्राजी की सफलता का रहस्य’ निबंध में मुक्तिबोध सुभद्रा जी की कविता को छायावादी कवियों की तुलना में अधिक पारिवारिक, सामाजिक और राष्ट्रीय जीवन की परिधि से जुड़ी ईमानदार कविता कहते हैं।
(2) 19वीं शताब्दी के अंतिम दशकों में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस का जन्म होता है, साहित्यिक संस्कृति के विकास के रूप में ‘नागरी प्रचारिणी सभा’ की स्थापना होती है और भारतेंदु हरिश्चंद्र द्वारा ‘भारतवर्षोन्नति कैसे हो सकती है’ जैसा वैचारिक वक्तव्य आता है। 20वीं सदी के पहले दशक में महावीर प्रसाद द्विवेदी के ‘संपत्तिशास्त्र’ और आचार्य शुक्ल के निबंध ‘व्हाट हैज इंडिया टु डू?’ का प्रकाशन होता है। इनमें औपनिवेशिक आधुनिकता के बरक्स भारतीय आधुनिकता की प्रशंसा है और ब्रिटिश साम्राज्य की आर्थिक लूट की आलोचना के साथ आधुनिक राष्ट्रीय चेतना की एक पृष्ठभूमि है।
इसी दौर में असहयोग आंदोलन की असफलता से उपजी निराशा से भारतीय युवाओं में क्रांतिकारी भारतीय राष्ट्रवाद का विकास हुआ और राष्ट्रीय काव्यधारा अस्तित्व में आई। स्वाधीनता की क्रांतिकारी चेतना को केंद्रीय विषय बनाकर कविता लिखने वाले राष्ट्रीय काव्यधारा के कवियों में मैथिलीशरण गुप्त, श्रीधर पाठक, रामनरेश त्रिपाठी, सुभद्राकुमारी चौहान और रामधारी सिंह ‘दिनकर’ प्रमुख हैं।
कुछ भिन्न कविताई के साथ राष्ट्रीय-सांस्कृतिक जागरण की अभिव्यक्ति करने वाले कवियों में जयशंकर प्रसाद एवं सूर्यकांत त्रिपाठी ‘निराला’ का भी नाम लिया जा सकता है।
स्वाधीनता की चेतना राष्ट्रीय काव्यधारा के कवियों को आपस में जोड़ती है तो देशप्रेम की भिन्न संकल्पना उन्हें एक-दूसरे से अलग भी करती है। राष्ट्रीयता का यह स्वर कहीं अतीत के गौरव गान, पुनरुत्थानवाद (मैथिलीशरण गुप्त) के रूप में व्यक्त होता है तो कहीं क्रांतिकारी राष्ट्रवाद (दिनकर) के रूप में मुखरित होता है।
आधुनिकता और नवजागरण का विशिष्ट स्वर राष्ट्रीय काव्यधारा के इन कवियों की कविताई में रूपायित हुआ है। बीसवीं शताब्दी के दूसरे दशक में मैथिलीशरण गुप्त की रचना ‘भारत-भारती’ की ये पंक्तियां उस दौर में स्वाधीनता आंदोलन के कार्यकर्ताओं के बीच जनगीत की तरह गाई जाती थीं- ‘हम कौन थे, क्या हो गए हैं और क्या होंगे अभी?’
‘भारत भारती’ की इन पंक्तियों में मैथिलीशरण गुप्त भारत के गौरवशाली अतीत के आलोक में भारत के वर्तमान और भविष्य की खोज कर रहे थे। ‘भारत भारती’ उस दौर के इतिहास लेखन की राष्ट्रवादी एवं पुनरुत्थानवादी चेतना से प्रभावित है, यह साफ दिखाई देता है। पर पुनरुत्थान की चेतना के साथ ही समावेशी प्रगतिशील भारतीयता के चिह्न भी इस रचना में हैं।
श्रीधर पाठक अपनी कविता ‘प्यारा हिंदुस्तान’ में जब यह कहते हैं’, ‘हमारा प्यारा हिंदुस्तान, जगत से न्यारा हिंदुस्तान’ तो इससे बहुलतावादी भारतबोध की राष्ट्रीय चेतना का पता चलता है।
माखनलाल चतुर्वेदी को ‘एक भारतीय आत्मा’ के नाम से जाना जाता है। रामनरेश त्रिपाठी की राष्ट्रीयता पर स्वच्छंदतावाद की चेतना का असर है। देशप्रेम की मुखर राष्ट्रीय चेतना का प्रतीक हैं सुभद्रा कुमारी चौहान की कविताएं। झांसी की रानी पर केंद्रित उनकी कविता ‘खूब लड़ी मर्दानी’ बहुचर्चित है।
बालकृष्ण शर्मा नवीन की कविताओं में उग्र राष्ट्रवाद का रूप देखा जा सकता है। दिनकर की कविता में राष्ट्रीय चेतना का बहुलतावादी स्वर है। ‘रेणुका’ और ‘हुंकार’ जैसी काव्य कृतियों में उग्र-राष्ट्रवादी चेतना है, ओज है, जन-प्रतिबद्धता है, आवेग है। आजादी के बाद भारत के लोकतंत्र की समीक्षा उनकी कविता के केंद्र में है। ‘सिंहासन खाली करो कि जनता आती है’ जैसी पंक्तियां इसी की ताकीद करती हैं।
(3) राष्ट्रीय काव्यधारा के कवियों में देशप्रेम की चेतना है तो मानवतावाद की संवेदना भी मौजूद है। इन कवियों ने जहां एक ओर ब्रिटिश साम्राज्यवाद की नीतियों का विरोध किया वहीं प्रेम, भाईचारा, जातीय आपसदारी, धार्मिक सहिष्णुता और विश्वद़ृष्टि का भी परिचय दिया। मैथिलीशरण गुप्त ‘भारत भारती’ में अतीत का गौरवगान करते हैं, वहीं इसमें देशवासियों से आपसी भाईचारे की बात भी है। उन्हीं के शब्द हैं, ‘आओ मिलें सब देश बांधव हार बनकर देश के/साधक बने प्रेम से सुख, शांतिमय उद्देश्य के।’ दिनकर परतंत्रता को मानवता का विरोधी मानते हैं। परतंत्रता किसी भी राष्ट्र या मनुष्य की हो, यह उसकी अस्मिता को नष्ट करती है। दिनकर ने लिखा है, ‘यह है परतंत्रता देश की, रुधिर देश का पीने वाली/मानवता कहता तू जिसको, उसे चबाकर जीने वाली।’
राष्ट्रीय-सांस्कृतिक चेतना के कवि जयशंकर प्रसाद ‘कामायनी’ में शक्ति के विद्युत कणों को एकत्र करके मानवता की विजय की बात करते हैं।
(4) छायावादी कवि निराला ‘राम की शक्ति पूजा’ कविता में शक्ति की मौलिक कल्पना की बात काते हैं। प्रसाद अपने नाटक ‘चंद्रगुप्त’ में देशप्रेम और राष्ट्रीय जागरण का एक नया स्वर लेकर उपस्थित होते हैं। इसमें ‘समावेशी राष्ट्रवाद’ और विश्व मानवतावाद की झलक है। नाटक में कार्नेलिया गाती है, ‘अरुण यह मधुमय देश हमारा/जहां पहुंच अनजान क्षितिज को मिलता एक सहारा’। निराला की कविता ‘जागो फिर एक बार’ देशप्रेम और नवजागरण की विरल अभिव्यक्ति है। इसमें ब्रिटिश उपनिवेश से मुक्ति का आह्वान है और कृषक जीवन की त्रासदी का चित्रण भी है। छायावाद और राष्ट्रीय काव्यधारा के कवियों के देशप्रेम में साम्राज्यवाद से मुक्ति की चेतना है, साथ ही सामंतवाद में पिसते दलित, स्त्री और किसान जीवन के प्रति संवेदनशील प्रतिबद्धता भी है।
यह वही दौर है जब प्रेमचंद अपनी सशक्त रचनाशीलता से भारतीय मुक्ति संग्राम का नया समाजशास्त्र रचते हैं। उनका साहित्य हाशिए के समाज की मुक्ति चेतना को केंद्र में रखता है। यही उनका देशप्रेम है। खास बात यह है कि वह देशप्रेम को नया प्रगतिशील आयाम और सौंदर्य प्रदान करते हैं। वह धर्म, शिक्षा, राजनीति, सौंदर्य के सवाल को बड़ी संजीदगी से पेश करते हैं। उनका स्वप्न था देश को स्वाधीन बनाना जिसका अर्थ है स्त्रियों और बच्चों की स्वाधीनता। ‘बच्चों को स्वाधीन बनाओ’ जैसा निबंध इस बात की ताकीद करता है। भारत जैसे बहुभाषिक और बहुजातीय संरचना वाले देश के लिए वह राष्ट्रवाद की संकीर्ण संकल्पना को नकारते हैं।
(5) राष्ट्रीय काव्यधारा युग अर्थात राष्ट्रीय जागरण का दौर। इस दौर में कवियों ने देशप्रेम की क्रांतिकारी चेतना के साथ भारत मुक्ति का सपना देखा था। उनके देशप्रेम में भारतीय राष्ट्र की संकल्पना है जिसमें जाति, धर्म, संप्रदाय की संकीर्णता नहीं है। इस धारा के कवि साम्राज्यवाद और सामंतवाद से संघर्ष करते हुए मर्यादावादी चेतना की तरफ गए पर यह चेतना संकीर्ण राष्ट्रवाद में तब्दील नहीं हुई। उनके क्रांतिकारी देशप्रेम में मानवतावादी चेतना का, बुद्धिवाद और भारतीय आधुनिकता का समावेश था।
मैथिलीशरण गुप्त, माखनलाल चतुर्वेदी, दिनकर की कविता में ब्रिटिश सत्ता का प्रतिरोध है तो देश की एकता, भाईचारा, अंतरप्रादेशिक चेतना और बहुभाषिकता का सम्मान भी है। उस दौर के कवियों के देशप्रेम में भारतीय राष्ट्रवाद का वह रूप है जिसमें भारतीय जन हैं। स्त्री, दलित, किसान एवं वंचित समुदाय के प्रति संवेदना भी मौजूद है। मैथिलीशरण गुप्त की ‘मातृभूमि’ कविता में देशप्रेम का जो तत्व मौजूद है, उसे देखकर नामवर इसे ‘प्राकृतिक देशप्रेम’ कहते हैं। कविता की पंक्तियां हैं-
नीलांबर परिधान, हरित पट पर सुंदर है
सूर्यचंद्र युग मुकुट, मेखला रत्नाकर है
नदिया प्रेम प्रवाह, फूल तारे मंडल हैं
बंदीजन खग वृंद, शेष फन सिंहासन है।
21वीं सदी के इस दौर में राष्ट्रीय काव्यधारा के कवियों को याद करते हुए उनके काव्य में मौजूद देशप्रेम के क्रांतिकारी तत्वों में निहित भारतीय नवजागरण और आधुनिकता का वह चेहरा याद करना चाहिए जिसमें राष्ट्रप्रेम का उदार और लोकतांत्रिक रूप मौजूद था। सामंती संकीर्णता और पाखंड का प्रतिरोध उसका मुख्य स्वर था। वह तर्क, बुद्धिवाद और परंपरा के खूबसूरत तत्वों से निर्मित हुआ था।
नवजागरण और देशप्रेम एक सतत चलने वाली प्रक्रिया है। हर राष्ट्र और हर समाज अपने समय के मुताबिक अपने अतीत की सुखद एवं वैज्ञानिक स्मृतियों के साथ नवजागरण और देशप्रेम की लोकतांत्रिक चेतना को आयत्त करता है। यही समाज जब धर्म के पाखंड और संकीर्ण विचारों को आयत्त करने लगता है तो राष्ट्रवाद के प्रतिगामी मूल्यों की ओर बढ़ने लगता है। आज भारत में राष्ट्रीय काव्यधारा को विकृत रूप के साथ ग्रहण किया जा रहा है, जबकि उस दौर में पुनरुत्थानवाद का समावेशी, मानवतावादी और प्रगतिशील चेहरा था।
वर्तमान समय में धर्म और पूंजी के गठजोड़ से धर्मांधता का जो वातावरण दिखाई दे रहा है वह भारतीय राष्ट्रीयता या भारतीय राष्ट्रवाद का चेहरा नहीं है। असल में यह संकीर्ण देशी राजनीति और नव-साम्राज्यवादी ताकतों का खेल है। यह भारतीय परंपरा की दुहाई देकर जनता को भ्रमित करने वाला राष्ट्रवाद है।
दरअसल नवजागरणकालीन भारतीय राष्ट्रवाद के दौर में जो उदार राष्ट्रीयता, कांतिकारी देशप्रेम और जातीय आपसदारी निर्मित हो रही थी, मानवतावाद और आधुनिकीकरण की प्रक्रिया की वह उज्ज्वल परंपरा आज धर्म, जाति, भाषा की संकीर्णता में फंसी हुई है। सच है, भारत में राष्ट्रवाद और राष्ट्रीयता की चेतना का अभी भी विकास नहीं हो पाया है। भारत अभी भी बनता हुआ राष्ट्र है।
ई 11 हिमगिरि अपार्टमेंट, जोधपुर कॉलोनी, बीएचयू, वाराणसी-221005 मो.9450623078
![]() |
| वैभव सिंह सुपरिचित रचनाकार और आलोचक। पुस्तकें : ‘कहानी : विचारधारा और यथार्थ’, ‘रवींद्रनाथ टैगोर : उपन्यास, स्त्री और नवजागरण’, ‘जवाकुसुम’ (कहानी संग्रह), ‘अनुमतिपत्र’ (उपन्यास)। |
उदार भारतीयता और आत्मोत्सर्ग के मूल्यों की वाहक है राष्ट्रीय काव्यधारा
(1) राष्ट्रीय काव्यधारा की उपेक्षा करना न तो आसान है, न इसकी उपेक्षा की संभावना है। हमारे विश्वविद्यालयों-कॉलेजों के पाठ्यक्रम से लेकर आम जनमानस की स्मृति में मैथिलीशरण गुप्त, माखनलाल चतुर्वेदी, श्याम नारायण पांडे, दिनकर, बालकृष्ण शर्मा नवीन आदि की कृतियां व सामान्य कविताएं बहुत गहराई से मौजूद रही हैं।
शायद ही कोई सामान्य पढ़ा-लिखा व्यक्ति हो जिसने माखनलाल चतुर्वेदी की ‘पुष्प की अभिलाषा’, सुभद्रा कुमारी चौहान की ‘झांसी की रानी’ और ‘वीरों का कैसा हो वसंत’, श्यामनारायण पांडे की ‘चेतक की वीरता’, बालकृष्ण शर्मा की ‘विप्लव गायन’, रामधारी सिंह दिनकर की ‘समर शेष है’ आदि कविताएं न सुनी हों। इनकी पंक्तियां जन-जन को कंठस्थ रही हैं और लोकप्रियता की दृष्टि से छायावादी कवियों की कविताओं से आगे प्रतीत होती हैं।
‘झांसी की रानी’ तो लोकगीत की तरह लोकमानस का अंग बन गई और स्वतंत्रता आंदोलन में कांग्रेस के अधिवेशन में एक-एक आने में बिका करती थी। इसलिए उपेक्षा व स्वीकृति से अधिक गंभीर प्रश्न यह है कि जिसे हम राष्ट्रीय काव्यधारा कहते हैं, उसकी सुविधानुसार गलत व्याख्याएं न की जाने लगें।
राष्ट्रीय काव्यधारा मुख्यतः एक बहुआयामी संघर्ष से उत्पन्न समावेशी काव्यधारा थी जिसमें राष्ट्र के साथ-साथ जनजीवन, विषमता, भूख-अभाव, प्रकृति आदि के ढेरों प्रश्न समाहित हैं। इसने एक ओर राष्ट्रीय गौरव के प्रश्न को उठाया, तो दूसरी ओर जनहितों को केंद्र में रखकर जाति-क्षेत्र-धर्म की संकीर्णता को तोड़ने का प्रयास किया। इसके परंपराबोध में उदार भारतीयता का बोध है, न कि किसी धर्म या मजहब के प्रति विशेष कट्टरता। अर्थात यह आत्मोत्सर्ग का उदात्त भाव जगाने वाला समावेशी काव्य है जिसे तात्कालिक राजनीतिक लाभ की स्थूल दृष्टि से नहीं देखा जाना चाहिए।
इन दिनों अकादमिक दुनिया विशेष प्रकार के राजनीतिक दबावों की शिकार है। ऐसे में राष्ट्रीय काव्यधारा के महत्व व प्रासंगिकता के अनुसंधान के नाम पर धार्मिक ध्रुवीकरण तथा सियासी भावोन्माद पैदा करने वाले लोग अपना संकीर्ण राष्ट्रवाद इन कविताओं पर आरोपित करते हैं। कविता को इतिहास व संदर्भ से मुक्त कर उसका नवीन पाठ तैयार किया जा सकता है, पर यह भी देखना होता है कि कहीं इस सिद्धांत की आड़ में कविता का राजनीतिक-सामाजिक दुरुपयोग तो नहीं किया जाने लगा है!
उदाहरण के लिए दिनकर के प्रबंध काव्य ‘कुरुक्षेत्र’ में मिथकीय घटना के संदर्भ में रचित इन पंक्तियों का उग्र धार्मिक विचार वाले संगठनों ने अच्छा-खासा दुरुपयोग किया है- ‘क्षमा शोभती उस भुजंग को जिसके पास गरल हो, उसको क्या जो दंतहीन, विषरहित, विनीत, सरल हो।’ अक्सर यह पंक्ति संदर्भ-प्रसंग से काटकर आज की पाशविक भीड़-संस्कृति तथा विचारहीन मर्दानगी के पक्ष में इस्तेमाल की जाती है।
(2) राष्ट्रीय काव्यधारा के प्रमुख कवियों का नामोल्लेख मैंने ऊपर किया है। ये कवि हैं- मैथिलीशरण गुप्त, माखनलाल चतुर्वेदी, सुभद्राकुमारी चौहान, बालकृष्ण शर्मा नवीन, रामनरेश त्रिपाठी, रामधारी सिंह दिनकर और श्यामनारायण पांडे। इनमें से कुछ धर्मनिरपेक्ष व मानवतावादी स्वभाव के थे, तो कुछ सांप्रदायिकता की ओर झुके हुए थे जैसे कि श्यामनारायण पांडे।
राष्ट्रीय चेतना का क्रमिक विकास भारतेंदु के समय से आरंभ हो गया था। जयशंकर प्रसाद और निराला में भी यह चेतना उपस्थित है। प्रसाद के ‘चंद्रगुप्त’ नाटक की- ‘हिमाद्रि तुंग शृंग से प्रबुद्ध शुद्ध भारती’ वाली पंक्ति इसकी प्रामाणिक मिसाल है। छायावादी कवियों का सघन प्रकृति-प्रेम वास्तव में राष्ट्र-बोध से प्रेरित व उससे पैदा करने वाली शक्ति के रूप में ही सामने आता है। अपने समस्त प्रतीकों-उपमाओं और इंद्रियग्राह्य बिंबों से प्रकृति को देखना देश की कल्पना को साकार करता है। लेकिन छायावादी कवियों ने सूक्ष्म सांकेतिकता, व्यंजना तथा प्रतीक-बिंब प्रधान कविताओं की भी अधिक रचना की है, इसलिए उनकी कविताओं में राष्ट्रीयता के स्थान पर प्रबल वैयक्तिकता, रोमांटिक भावोन्मेष व प्रतीकात्मकता को विशेष तौर पर रेखांकित किया जाता है।
राष्ट्रीय काव्यधारा का राजनीतिक संदर्भ भी काफी स्पष्ट रहा है। विगत सदी के पहले तिलक के आंदोलन तथा 1915 से लेकर 1947 तक के दौर में गांधी, कांग्रेस और क्रांतिकारी संगठनों के प्रभाव से राष्ट्रीयता का जैसे-जैसे विकास हुआ, भारतीय कविता ने जनजागरण में अपनी अग्रणी भूमिका निभानी आरंभ कर दी।
कई कवि सीधे आंदोलनों तथा गांधीवादियों से जुड़े हुए थे जैसे बालकृष्ण शर्मा नवीन का जुड़ाव गणेश शंकर विद्यार्थी के साथ था। वे ‘प्रताप’ का संपादन करते रहे। उनकी कविताएं राष्ट्रीय आंदोलन की घटनाओं की प्रतिक्रिया में रची गईं। उनकी प्रसिद्ध कविता ‘पराजय गान’ गांधी जी द्वारा चौरी-चौरा आंदोलन के बाद असहयोग आंदोलन वापस लिए जाने की प्रतिक्रिया में रची गई थी।
सुभद्रा कुमारी चौहान भी विवाहोपरांत मध्यप्रदेश में कांग्रेस के झंडा सत्याग्रह से जुड़ी हुई थीं। माखनलाल चतुर्वेदी ने जब जबलपुर में ‘कर्मवीर’ पत्र का संपादन संभाला, उन्होंने ‘कर्मवीर’ नाम ही गांधी जी के नाम से जोड़कर रखा क्योंकि तब गांधी जी कर्मवीर मोहनदास करमचंद गांधी कहलाते थे। यह उपनिवेशवाद के विरोध व भारतीयता के भावबोध का वह कालखंड है जब समस्त भारतीय भाषाओं में इकबाल, टैगोर, वल्लतोल, फैज, सुब्रह्मण्य भारती, नजरूल इस्लाम ने भी अपनी कविताओं से मानवीय संवेदना से भरी राष्ट्रीयता को व्यक्त किया।
(3) देशप्रेम और मानवतावाद के परस्पर संबंधों पर चर्चा करना कभी स्थगित न किए जाने वाला कार्य है। इतिहास और वर्तमान, दोनों में पाखंडपूर्ण देशप्रेम के नाम पर मूर्खों, बर्बर तानाशाहों तथा निम्नकोटि के नेताओं ने देश को अपार क्षति पहुंचाई है। देशप्रेम को मात्र क्षुद्र दलीय राजनीति, चुनाव तथा ओछी पैगंबरियत के लिए इस्तेमाल किया जाता है। दमन तथा सेंसरशिप को बढ़ावा देने को भी देशप्रेम बताया जाता है, जबकि औपनिवेशिक काल में इन्हीं चीजों से संघर्ष करते हुए हमारी राष्ट्रीय चेतना का विकास हुआ था। स्मरण रखना चाहिए कि राष्ट्रीय काव्यधारा में निहित देशभक्ति का आवेग अपने देश पर कब्जा जमाने, उसे लूटने, उसे सियासी अखाड़ा बना देने वाला देशप्रेम नहीं था। वह भावुकतापूर्ण, खरा व आदर्शवादी किस्म का देशप्रेम था जिसके केंद्र में भारत-माता के लिए त्याग-बलिदान के साथ ही साधारण नर-नारी, बच्चे, युवा थे। इनमें अधिकांश कवियों ने इतिहास, संस्कृति, प्रकृति आदि का ऐसा चित्रण किया जिसके विषय में रामचंद्र शुक्ल ने लिखा था कि उनकी कविताओं ने ‘देशप्रेम का रसात्मक रूप’ तैयार किया।
तब भारतीयों का सामना सबसे शक्तिशाली साम्राज्य से था जो आंदोलनकारियों को जेल, फांसी और यातनाएं देने में संकोच नहीं करता था। ऐसी कठोर सत्ता से लड़ते हुए भारतीयों ने भयावह कष्ट उठाए, पर इसी ने उनके भीतर वह आत्मगौरव भी पैदा किया जो सार्थक मानव-जीवन के लिए आवश्यक है। टूटे-कुचले स्वाभिमान को फिर से अपने पैरों पर खड़ा करने का काम कविताओं ने किया।
स्वाधीनता आंदोलन से प्रेरित काव्य शैलियों ने जाति-प्रांत-धर्म की संकीर्णता के ऊपर उपनिवेशवाद विरोधी संघर्ष की गरिमा को स्थापित किया था और सामंतों-रजवाड़ों और अंग्रेजों के अत्याचारों से ग्रस्त आम जनता को भी इतिहास में पहली बार यह पता चला था कि वे किसी साझे उद्देश्य के लिए कष्ट, प्रतिरोध तथा कुर्बानियों का रास्ता चुन सकते हैं और अपने लिए स्वतंत्र देश का निर्माण कर सकते हैं। ‘पुष्प की अभिलाषा’ जैसी कविता में एक साधारण फूल भी सम्राट, ईश्वर, देवी-देवता की सत्ता को ठुकराकर साधारण पृष्ठभूमि से आए देशभक्तों के रास्ते पर बिछना चाहता है। राष्ट्रीय काव्यधारा में युवाओं के त्याग को महिमामंडित किया गया है।
एक समय कविताओं ने युवावस्था को निरर्थक जीवनशैली से उबारकर ऊंचे, महान आदर्शों के साथ जोड़ने का कार्य किया था। देश की ऐसी साकार-सगुण छवि तैयार की थी जिसका लक्ष्य कष्ट सहने वाले युवाओं के आत्मबलिदान के बल पर कष्टों से मुक्त कराना था। माखनलाल चतुर्वेदी की प्रसिद्ध कविता ‘सिपाही’ की पंक्तियां हैं- ‘खून हो जाय न तेरा देख, पानी/मरण का त्यौहार, जीवन की जवानी।’ इस प्रकार आत्मबलिदान की भावना को लोकप्रियता मिली। ये भावना समस्त देश तथा देशवासियों के हितों की रक्षा करने से जुड़ गई।
देशप्रेम में देश की प्रकृति के प्रति भारी सम्मोहन का भाव भी छिपा हुआ है। देश के मैदान, जंगल, नदी-नाले, सूरज-चांद, हिमालय, फलफूल, हरियाली सभी ने कवियों की चेतना को स्पंदित किया। वे देशप्रेम, प्रकृतिप्रेम तथा मनुष्य-प्रेम को आपस में जोड़कर देख सके। इस काव्य संसार में पौ फटना, किरणों का आगमन, नीलांबर परिधान, हरित पट, हिमालय-सौंदर्य आदि काव्य-चित्र मौजूद नहीं हैं बल्कि यहां स्वयं को नदी-नालों में परिवर्तित कर लेने की भोली इच्छा है ताकि पर्वतों से मस्ती से गाते हुए उतर सकें।
प्रकृति के प्रति इस रोमांटिक भाव का उदय वास्तव में मनुष्य की उस क्षमता की अभिव्यक्ति है जिसमें वह विद्रोह करता है तथा मानवीय गुणों को अर्जित करता है।
इन कविताओं में प्रकृति के साथ-साथ अपने इतिहास से प्रेम भी देशप्रेम का हिस्सा है। अपने देश के इतिहास के प्रति अज्ञान से मुक्त होना तथा इतिहास-चेतना को अर्जित करना मानवतावादी मूल्यों के विकासक्रम को समझने के लिए आवश्यक होता है। इतिहास और अतीत का गलत महिमामंडन कई बार विभाजनकारी होता है। हिंदुओं तथा मुस्लिमानों के बुद्धिजीवियों व लेखकों के एक बड़े हिस्से ने धार्मिक इतिहास लेखन और सांप्रदायिक साहित्य-चेतना से राष्ट्रीय एकता की समस्या को जटिल बनाया है। लेकिन यह भी सही है कि यही महिमामंडन अपने सकारात्मक रूपों में एकता का संदेश देता है। लोग रोजमर्रा के छोटे-छोटे मतभेद को भूल किसी बड़े राष्ट्रीय लक्ष्य की कल्पना को आत्मसात करने लगते हैं तथा अपना सर्वस्व त्याग करने के लिए तत्पर हो जाते हैं।
आदर्शवाद, वीरता व स्वार्थहीनता के मूल्यों को आम जनता तक प्रचारित करने के लिए इतिहास व अतीत के गौरव का सहारा राष्ट्रीय धारा की कविता ने भी लिया। यह काव्य-वृत्ति राष्ट्रीय आंदोलन के उस मूल चरित्र का प्रतिबिंबन थी जिसमें गांधी से लेकर नेहरू तक सभी सभ्यता व इतिहास के विषय में पुस्तकें लिखकर देश का बौद्धिक नेतृत्व कर रहे थे। देश को बौद्धिक दिशा-दृष्टि देने का काम इतिहास की समझ के बगैर संभव न था।
(4) राष्ट्रीय काव्यधारा में 1947 से पहले का जो दौर रहा है, वह मूलतः देशप्रेम को व्यापक सांस्कृतिक-राजनीतिक जागरण से जोड़ने का प्रयत्न करता रहा है। उस समय लोग अपने देशवासियों के लिए स्वयं आगे बढ़कर संघर्ष करना चाहते थे, न कि केवल अन्य को उकसाकर अपना स्वार्थ सिद्ध कर रहे थे। इसीलिए अधिकांश कवि केवल मंच पर वीर रस में दहाड़ते नहीं थे, न देशप्रेम की कविता को धनार्जन का साधन समझते थे। वे देशप्रेम के लिए जेल गए, यातनाएं सहीं तथा जेल में रहकर कविताएं लिखीं।
सुभद्राकुमारी चौहान कई बार जेल गईं और माखनलाल चतुर्वेदी को सत्याग्रह आंदोलन के दौरान जबलपुर में उनके ‘कर्मवीर’ के कार्यालय से हथकड़ियां पहनाकर पुलिस ले गई। उनपर राजद्रोह की धाराएं लगा दी थीं। उस दौरान कवि देश-समाज से जुड़ी अपनी नैतिकता को अपनी बौद्धिकता से अलग नहीं रखते थे। उनकी कविता की विषयवस्तु में ऐसी मानवीय नैतिकता का चित्रण है जिसमें उन पापों के लिए भी आत्मभर्त्सना और प्रायश्चित किया जाता है जिसके लिए मनुष्य निजी रूप से जिम्मेदार नहीं है।
ध्यान रखना चाहिए कि गांधी भी केवल अंग्रेजों के विरोध में उपवास नहीं रखते थे बल्कि अपने ही देश के लोगों की भूलों-गलतियों के लिए प्रायश्चित की भावना प्रकट करने के लिए भी उपवास रखते थे। अपने पहले ही संग्रह ‘हुंकार’ में दिनकर आत्मभर्त्सना से ग्रसित मनुष्य व समाज के लिए लिखते हैं- ‘जल गई दुनिया हमारे सामने, किंतु हमने बोलना सीखा नहीं।’ आगे चलकर मुक्तिबोध ने कहा, ‘मर गया देश, अरे जीवित रह गए तुम’। इस काव्य-विवेक का संबंध कहीं न कहीं उसी राष्ट्र-प्रेम से जुड़ा प्रतीत होता है जो राष्ट्रीय-काव्यधारा की पहचान था।
(5) देशप्रेम की कविता की लंबी परंपरा से बहुत कुछ सीखा जा सकता है। पहली बात यह कि देशप्रेम का अर्थ मध्यकालीन संस्कारों से मुक्त होकर देश के बारे में स्वस्थ ओर आधुनिक भावबोध का विकास है। जब ‘नेशन’ यानी राष्ट्र स्वयं आधुनिक काल की उपज है तो राष्ट्रवाद का स्वरूप भी आधुनिक मूल्यों पर आधारित होना चाहिए। एक आधुनिक मूल्यबोध वाला ह्रदय ही स्वस्थ राष्ट्रप्रेम पैदा कर सकता है तथा देशप्रेम के विचार को मारो-काटो का नारा लगाने वाले खोखले आवेगों से मुक्त कर उसे विवेकपूर्ण-तर्कपूर्ण भावना व विचार से जोड़ सकता है। इसमें मनुष्य की स्वाधीनता की आकांक्षा को पहचाना जाता है। यह स्वाधीनता यदि अंग्रेजों व अन्य प्रकार के विदेशी शासन से मुक्ति में निहित थी, तो आज यह ढेरों धार्मिक-सामाजिक कुरीतियों, आर्थिक-सांस्कृतिक गुलामी तथा कारपोरेट शोषण से मुक्ति में निहित है।
प्रत्येक युग में देशप्रेम का संदर्भ तथा परिभाषाएं बदलते रहे हैं। स्वतंत्रता से पहले पाकिस्तान और बांग्लादेश भी भारत का हिस्सा थे। उनका भौगोलिक-सांस्कृतिक पक्ष देश संबंधी चिंतन का हिस्सा था। अब वे भारत से अलग हो गए हैं तो बहुत सारे लोग देशप्रेम का मतलब अब केवल इनके प्रति कटुता-शत्रुता को व्यक्त करना मानते हैं। इसलिए देश-संबंधी चिंतन व राष्ट्रीयता का बोध बदलता रहा है।
पुरानी कविताओं में चित्तौड़, मेवाड़, पानीपत, हिमालय, बुंदेलखंड, जौहर, हल्दीघाटी, महाराणा प्रताप आदि के प्रतीकात्मक प्रयोग बहुत हैं। लोगों के मन में उपनिवेशवाद-विरोधी संघर्षों की स्मृतियां किसी न किसी रूप में बनी रहती हैं। वे साहित्य-कला के आख्यानपरक वर्णनों में उन संघर्षों की धड़कन महसूस कर भावोत्तेजित हो जाते हैं। ऐतिहासिक संघर्षों को जब हम धधकती व ललकार-भरी भाषा तथा जीवंत बिंबों में ग्रहण करते हैं तो हृदय रसान्वित होकर सामान्यतः अपनी कल्पना में अतीत का पुनर्निर्माण करने लगता है।
पर वर्तमान में राष्ट्रवाद को वैज्ञानिक विकास, विश्वसनीय संवैधानिक व्यवस्था, उत्तरदायी शासनप्रणाली, निष्पक्ष सूचना जगत, सार्वजनिक कल्याण तथा मजबूत सैन्य सुरक्षा के विचारों से अलग नहीं रख सकते। वर्तमान में राष्ट्रीयता के उदार, पंथनिरपेक्ष तथा संवैधानिक विचारों को सशक्त करने के लिए देशप्रेम की काव्यधारा से कई महत्त्वपूर्ण प्रसंगों का चयन कर सकते हैं।
मैथिलीशरण गुप्त ने ‘साकेत’ में लिखा था- ‘संदेश यहां मैं नहीं स्वर्ग का लाया, इस भूतल को ही स्वर्ग बनाने आया।’ हमारे कवियों ने पौराणिक-ऐतिहासिक कथाओं को नई दृष्टि से देखा था। उन्होंने देशप्रेम की कविताओं में भी अंधविश्वास, छल-प्रपंच व असत्य से संघर्ष करते हुए सभी को इस धरती पर न्याय दिलाने का आह्वान किया था, जो अपने में एक क्रांतिकारी विचार की तरह हमारे लिए आज भी प्रासंगिक है।
403, सुमित टॉवर, ओेमेक्स हाइट्स, सेक्टर-86,फरीदाबाद, हरियाणा-121002 मो.9711312374
संपर्क प्रस्तुतिकर्ता : द्वारा कुलदीप साहू, मकान नंबर : 273/ 274, दीनदयाल उपाध्याय नगर, सेक्टर 4, रायपुर, छत्तीसगढ़– 492001 मो. 9340791806




