‘घबड़ाओ नहीं कासिम। बेफ़िक्र होकर बताओ।’

‘सर, मेरे मोबाइल में अंजान नंबरों से मुझे जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं।

‘क्यों? ऐसा क्या किया तुमने?’

‘मेरी बीवी रोज़ नाली में मांड़ बहाने के बजाए उसे गली मोहल्ले की गायों को पिला देती है।’

‘मांड तो कोई गंदी चीज़ नहीं है। इससे किसी को क्या आपत्ति हो सकती है।’

थोड़ी देर के लिए कासिम ख़ामोश हो गया। उसकी चुप्पी थाना प्रभारी को असहनीय लगने लगी, ‘हां, कासिम बोलो! …उन्हें गायों को मांड़ पिलाना क्यों नागवार गुज़र रहा है?’

‘सर, उनका कहना है कि मांड़ पिलाकर हम गायों का मजहब खराब कर रहे है।’

थाना प्रभारी ने कुर्सी पर निढाल होकर अपनी आंखें मूंद ली। वे मुंदी आंखों से पशु -पखेरुओं को भी बंटते देख रहे थे।

द्वारा- अपर बेनियासोल, पो. आद्रा, जिला– पुरुलिया, पश्चिम बंगाल-723121  मो.9800940477