बिर्ख खडका डुवर्सेली, दार्जीलिंग : मई ’25 के अंक में प्रकाशित परिचर्चा ‘साठोत्तरी साहित्य की खोई आवाजें’ विषय को उठाते हुए मधु सिंह ने हिंदी की आधुनिक कविता के स्वर में बदलाव लाने के लिए हुए रचनात्मक हस्तक्षेपों को सामने लाने की भरपूर कोशिश की है। तत्कालीन सामाजिक, पारिवारिक तथा आर्थिक समस्याओं के ओरछोर को उजागर करने का प्रयास कवियों और कथाकारों ने जोरदार तरीके से किया है। आजादी के पहले के सपने साठोत्तर काल में सपने ही रह गए। इसका सजीव वर्णन उपन्यासों और कहानियों में है। ’60 का दशक साहित्यिक आंदोलनों का दशक था। साहित्य की विभिन्न विधाओं में प्रयोग और वाद का सिलसिला चलता रहा। कविता को अकविता, कहानी को समकालीन कथा भी कहा गया। श्रद्धेय हरीश त्रिवेदी, जितेंद्र भाटिया, विजय कुमार, राजेंद्र कुमार, रविभूषण सभी ने परिचर्चा में साठोत्तरी साहित्य के विभिन्न पक्षों का जोरदार विश्लेषण करके पाठकों को तृप्त किया है।
धनेश दत्त पांडेय, देहरादून : ‘वागर्थ’ के मई 2025 अंक में शोभनाथ शुक्ल की कहानी ‘शनीचरी, सायरा बानो और सुजाता क्रिस्टी’ बेजुबान, बेसहारा, बेजान की जान की कीमत पर धर्माचार और धर्म के व्यापार की बेहद नंगी तस्वीर खींचती एक सशक्त कहानी है। इस अंक में ही अर्चना नेमा की कहानी ‘गुदना’ भी प्रेमी युगल के बीच किसी तीसरे की उपस्थिति से उत्पन्न मानसिक उलझन और असह्य खलल के मनोविश्लेषण की एक खूबसूरत कहानी है। भाषा प्रयोग से यह कहानी और भी विश्वसनीय, सहज और सुपाठ्य हो गई है।
उषा शर्मा, जलगांव : मेरा पोता आई टी इंजीनियर है किंतु एक साहित्य और संगीत प्रेमी होने के नाते मैं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से चिंतित हूँ। आकाशवाणी से अवकाश प्राप्त एक उद्घोषिका तब व्यथित होती है जब कोई उसे पूछता है, कौन हैं तानसेन? कौन हैं बिस्मिल्ला खाँ? किसका दोष…? समय का… हमारा…?
मां कहा करती थी- होनहार होनी प्रबल, होनी होय सो होय/ दोष न काहू दीजियो, भला बुरा सो होय।
शिवजी श्रीवास्तव, नोएडा : ‘वागर्थ’ के मई 2025 अंक में प्रकाशित शोभनाथ शुक्ल की लंबी कहानी ‘शनीचरी, सायरा बानो और सुजातो क्रिस्टी’ अपनी व्यंजना में समाज की अनेक संस्थाओं के छद्म को बेनकाब करती हुई एक महत्वपूर्ण कहानी है। यह कहानी आंदोलित करती है, स्तब्ध करती है और सोचने को विवश करती है कि हम किस समाज में रह रहे हैं। कहानी राजनीति, नौकरशाही, पत्रकारिता और धर्म के तथाकथित ठेकेदारों/समाज सुधारकों पर तीक्ष्ण प्रहार करती हुई उनके चेहरों पर पड़े आदर्श के मुखौटों को नोच कर उनके विकृत चेहरों को सामने रखती है।
