सुपरिचित कहानीकार। अद्यतन कहानी संग्रह  ‘प्रकोप तथा अन्य कहानियां’।

 

शनिवार रात के सवा नौ बजे होंगे जब अरोड़ा सर को अपने स्कूल स्टाफ सक्सेना का फोन आया। अरोड़ा को कोई आश्चर्य नहीं हुआ था, बल्कि मुस्कराहट की एक हल्की लहर उसके भीतर से उठी थी। आज फिर उसको 10-15 मिनट झेलना पड़ेगा! अरोड़ा को पता है, रात में नशा जब चढ़ गया हो, अक्सर तभी सक्सेना फोन करता है- कुछ न कुछ अपनी भड़ास निकालने, स्कूल के किसी मामले में अपनी राय देने या फिर कुछ पूछने के बहाने। कहा जाता है कि आदमी दारू पीकर झूठ नहीं बोलता, लेकिन इस मुश्किल का क्या किया जाए जब कोई जरूरत से ज्यादा, बल्कि बहुत ज्यादा बोलता हो! सक्सेना की नशाखोरी इसी कैटेगरी की है। जब वह बोलना शुरू करे तो आप चुपचाप हां-हॅूं हां-हूँ करते हुए सुनते रहो। स्टाफ का सदस्य है, और अपने काम में मुस्तैद और पाबंद। अरोड़ा ने कई बार उसे बच्चों के हित के लिए प्रिंसिपल से उलझते देखा है। इसलिए सबके मन में उसके प्रति एक सम्मान है, लेकिन भय से भरा। उसका कॉल काट देना उसका अपमान होगा, सोचकर उसे सुनते रहना पड़ता है। सक्सेना ने जब कभी फोन किया तो समझ लो तुम्हारे कम से कम पंद्रह मिनट जाएंगे ही। यह तब सक्सेना की कृपा पर निर्भर हो जाता है कि वह तुम्हें कितनी देर में मुक्त करता है।

अरोड़ा ने पाया है, सक्सेना इस समय दो ही तरह की बात करेगा, या तो भीतर से उमड़ते किसी ख़ुशी के कारण या किसी बात से अपनी असहमति, विरोध या अपना पक्ष रखने के लिए। चूंकि उसे यह भान रहता है कि वह पिये हुए है, इसलिए कुछ अतिरिक्त औपचारिकता, आग्रह और प्रेम से बात करता है। और वह भी बहुत इत्मीनान से। और अपने अनुभवों से अरोड़ा यह भी जानता है कि सक्सेना इस हाल में अपने स्कूली काम या दायित्व के प्रति अतिरिक्त सजगता, जिम्मेदारी और समर्पण के साथ-साथ स्व-निर्धारित नैतिकता के सबसे ऊंचे ‘मोड़’ पर होता है। कहीं बात बिगड़ने लगे तो गुस्से से कठोर और अधिनायकवादी हो जाएगा।

चूंकि स्टाफ का है, इसलिए मजबूरी हो जाती है कि उसे न चाहते हुए भी सुनते रहो। यानी झेलते रहो।

अरोड़ा ने  पूछा, ‘हां, हैलो सक्सेना? बताओ भाई।’

शुरुआत वह एक बहुत भले मानुष की तरह बहुत विनम्रता से करता है, और आज तो कुछ ज्यादा ही, ‘हां सर, क्या आप घर में हैं?’

‘हां-हां। बिलकुल घर में हूँ। बताइए।’

वह अपने कॉल की भूमिका भी बांधने लगता है- ‘सर, आपसे एक बहुत जरूरी बात करनी थी। एकदम अर्जेंट! जो मुझे बार-बार खटक रही है, इसीलिए आपको मैं अभी फोन कर रहा हूँ। सर, इसे अन्यथा नहीं लेंगे।’

‘हां-हां। आप बात बताओ तो!’

वह बताने लगा, ‘सर, आज आप मेरे क्लास में दो लड़कों को लेकर आए थे। …आपने उनके कार्यक्रम में हमारे बच्चों को शामिल होने के लिए  कहा था…’

अरोड़ा को उसके कहने से तत्काल याद आ गया। ‘हां–हां, वो कल संडे को होने वाली मतदाता जागरूकता रैली में बच्चों को शामिल होने…’

‘हां सर। मुझे लग रहा है, यह ठीक नहीं हो रहा…’

अरोड़ा ज़रा चौंका, ‘ठीक नहीं हो रहा, भला क्यों?’

सक्सेना ने पूछा, ‘आपने उन बाहरी लड़कों के कार्यक्रम में हमारे बच्चों को शामिल होने को कहा। कहा था न? क्या उनके पास हमारे स्कूल के लिए कोई अथेंटिक लेटर था? बिना किसी पेपर के हम अपने बच्चों को किसी के साथ जाने को कैसे कह सकते हैं?’

वाजिब सवाल। अरोड़ा ने उसे बताया, ‘अरे भाई! सामने चुनाव है और जिला निर्वाचन विभाग मतदाता जागरूकता को प्रमोट कर रहा है। हर बार करता है। ये लड़के निर्वाचन विभाग की अनुमति लेकर आए थे। और इसमें उन्हें बच्चों को शामिल करना है, तो अपने शिक्षा विभाग के अधिकारी की भी सहमति लेकर आए हैं। सक्सेना सर, सॉरी, मैं आपसे इसके बारे में उस समय चर्चा नहीं कर पाया। ये लड़के पहले प्रिंसिपल के पास गए थे। प्रिंसिपल ने मुझे बुलाकर इनकी मदद करने को कहा था। तो मैं इन्हें लेकर आपके क्लास में आया था, क्योंकि प्रिंसिपल ने इसमें केवल ग्यारहवीं-बारहवीं के बच्चों को शामिल करने को बोला है। और आप बारहवीं के क्लास टीचर हैं…’ अरोड़ा ने सारी बातें बता दीं।

‘…आज दोपहर दो लड़के उससे मिलने आए थे। बढ़ती ठंड के कारण दोनों ने हूडी जर्सी पहन रखी थी। दोनों की दाढ़ी बढ़ी हुई- आजकल के फैशन के मुताबिक़। एक ने कुछ ज्यादा ही झुककर और मुस्कराकर नमस्कार किया था। थोड़ा वक़्त लगा था अरोड़ा को उसे पहचानने में। -अरे विजय तुम! उसके मुंह से बरबस निकला था। ‘यस सर! अपने पहचाने जाने की ख़ुशी छलक आई थी उसके चेहरे पर। वह लड़का विजय था। विजय तिवारी। यहां का एक्स स्टूडेंट। पांच-छह  साल पहले का पास आउट। उसने दाढ़ी बढ़ा रखी है, और कद ऊंचा-पूरा निकल आया है। इसलिए पहचानने में अरोड़ा को थोड़ा समय लगा था।’

‘…सर आपसे बात करनी है।’ विजय ने कहा तो अरोड़ा कुर्सी छोड़कर स्टाफ रूम से उनके साथ गैलरी में आ गया। दोनों ने उसके पैर छुए थे।

-‘हां, बोलो विजय!’

विजय पहले भी कभी-कभार उससे कहीं-कहीं मिलता रहा है। इसलिए अरोड़ा को पता है कि इसके पिता की बाज़ार में कपड़े की एक छोटी दुकान है और ग्रेजुएशन के बाद दुकान में वह अपने पिता का हाथ बंटा रहा है। वैसे भी वह पढ़ाई-लिखाई में सामान्य था। नंबर सेकेंड  डिविजन के ले आता था। एक्स्ट्रा ऑर्डिनरी या ब्रिलियंट नहीं था।

अरोड़ा ने विजय से पूछा था, ‘और तुम्हारा बिजनेस ठीक चल रहा है?’

‘हां सर। आपका आशीर्वाद है।’

‘अच्छा कैसे आए? अचानक?’  

तो  विजय ने एक कागज़ उसकी तरफ बढ़ा दिया था। यह जिला निर्वाचन विभाग का इनकी संस्था के नाम पत्र था। जिसमें इन्हें ‘स्वीप’-मतदाता जागरूकता अभियान के अंतर्गत अपने मोहल्ले में मतदाता जागरूकता रैली निकालने की अनुमति दी थी। पत्र में स्कूली बच्चों को शामिल करने के लिए जिला शिक्षा विभाग से सहमति लेने को कहा गया था।

‘…तुम लोग शिक्षा कार्यालय गए थे?’ पूछा था अरोड़ा ने।

उसके साथ आए लड़के  ने जवाब दिया था, ‘हां सर, हम सहायक संचालक घोष सर और पिल्लै मैडम से मिले थे। उन्होंने साइन किया है इसमें अनुमति देते हुए।’

पत्र में शिक्षा कार्यालय का सीलमय हस्ताक्षर नजर आ रहा था।

तब अपनी उत्सुकतावश अरोड़ा ने उससे पूछ लिया था, ‘कब से कर रहे हो ये सब?’

‘बस सर, कुछ साल हुए हैं, छोटी-मोटी समाज-सेवा करते… वैसे हम लोगों ने इसे कोरोना के समय से शुरू किया है। तब हम लॉक-डाउन में फंसे आते-जाते लोगों को खाना बांटते थे।’

‘वाह! वेरी गुड! वैसे इसकी फंडिंग के लिए क्या करते हो? क्या कोई एन.जी.ओ. है?’

‘नहीं सर। हम ही लोग आपस में चंदा करके करते हैं। मार्केट के कुछ दुकानदार मिलके। और किसी से नहीं लेते।’

अरोड़ा ने विजय से उसके साथ आए लड़के के बारे में पूछा, ‘ये कौन है? हमारे यहां का तो पढ़ा नहीं लगता?’

‘सर, मैं शमीम हूँ। मैं नेशनल स्कूल से पास आउट हूँ। इसकी दुकान की लाइन में ही छोटी सी दुकान है मेरी–टोपी, चश्मा, बेल्ट वगैरह की।’

‘बहुत अच्छा।’

अरोड़ा को सचमुच बहुत ख़ुशी हुई थी कि ये लड़के सामाजिक कामों में लगे हैं। वरना आजकल के लड़के तो…? उसके मुंह से निकला, ‘अरे वाह! तुम तो यार बढ़िया समाज-सेवा कर रहे हो!’

‘थैंक्यू सर। ये कुछ नहीं सर, बस छोटी सी शुरुआत है। बस आप लोगों का सहयोग और आशीर्वाद मिलता रहे।’ वे कृतज्ञता से झुक आए थे।

‘तुम लोग प्रिंसिपल से मिले थे?’

‘जी सर। उनसे मिलकर ही आ रहे हैं। उन्होंने आपको बुलाया है।’

तब उनका पत्र लेकर अरोड़ा प्रिंसिपल के चेंबर में मिलने गया था। स्कूल में वह राजनीति-विज्ञान का व्याख्याता है। और इस तरह के सरकारी आदेशों-अभियानों का प्रभारी। सो पालन का जिम्मा उसके सर है। और प्रिंसिपल मैडम ने उससे वही कहा था जो अमूमन हर बार कहती हैं ‘सर, ये विभाग का आदेश है, आप देख लीजिये।’ और आगे बोली थीं, ‘मतदाता जागरूकता रैली में हमारे बच्चों की भी भागीदारी हो। रैली स्कूल ग्राउंड से ही निकालेंगे ये लोग। तो मैं सोचती हूँ इसमें सीनियर स्टूडेंट्स का ही भाग लेना ठीक रहेगा। आप केवल ग्यारहवीं और बारहवीं के बच्चों को थोड़ा मोटिवेट कर दीजिए इसमें भाग लेने के लिए।’

और वह ग्यारहवीं कक्षा में बोलने के बाद इनके साथ बारहवीं कक्षा में पहुंचा था, जहां सक्सेना का क्लास चल रहा था। उसने बच्चों को विषय का और आए लड़कों का सामान्य परिचय देते हुए बताया था कि कल स्कूल के पीछे ग्राउंड से ये लोग वोटिंग को बढ़ावा देने के लिए मतदाता जागरूकता रैली निकालेंगे। कल 12 बजे आप सब लोग यहां आइए।

विजय ने तब इसमें आगे जोड़ा था, ‘अच्छा होगा, आप लोग अपने माता-पिता को भी लेकर आइए… रैली के बाद हमारी संस्था की तरफ से भोजन की भी व्यवस्था है। तो प्लीज़। आइए… आप सबका स्वागत है।’

इसी रैली के बारे में सक्सेना कह रहा है- ‘आप कुछ भी कहो यार, मुझे लग रहा है, हमारे बच्चों को उनके आयोजन में नहीं भेजना चाहिए।’

‘क्यों?’

‘दूसरों के आयोजन में हमारे बच्चे… वह भी ग्यारहवीं-बारहवीं के? …बड़े-बड़े बच्चे… फिर ये लड़कियां हैं…’

‘हाँ। लेकिन सक्सेना, प्रिंसिपल ने इनको परमिशन दिया है।’

सक्सेना सहसा तल्ख़ हो गया- ‘इस मैडम को पता नहीं है स्कूल में कैसे काम किया जाता है! ये साली तो नई-नई आई है, अपना जुगाड़ लगा के! तीन लाख घूस देके! हमको क्या मालूम नहीं  है? …खैर छोड़ो!  सर, आपने उन लड़कों का हुलिया देखा?’

‘किसका?’

‘अरे वही हमारा एक्स स्टूडेंट, विजय तिवारी का।’

‘हां। क्यों, क्या हो गया?’

‘अरे देखा नहीं, कैसे साले ने पठान जैसी दाढ़ी रखी है!’

‘हां, दाढ़ी तो उसने रखी है। आजकल के लड़कों का ये फैशन है। बहुत कॉमन है।’ अरोड़ा ने उसे समझाने की कोशिश की।

‘सर, शायद आपको मालूम नहीं, विजय के बाप की दुकान इन्हीं पठानों की दुकानों की लाइन में है। गांधी मार्केट में। मैं एकाध बार गया हूँ इसकी दुकान। लेकिन आज विजय के हुलिए से लगा, साला उन मुसलमानों की संगत में पक्का पठान हो गया है!’ 

अरोड़ा ने टोका, ‘ये क्या बोल रहे हो, यार?  वह तो तिवारी है -ब्राह्मण!’

‘अरे, आपको मालूम नहीं, ये कमीने बहका के हिंदुओं को अपने धर्म में शामिल कर लेते हैं। पामगढ़ में मेरी बुआ का लड़का ऐसी ही दाढ़ी रखता है, आंख में सुरमा लगाता है। हो सकता है विजय तिवारी ने धर्म परिवर्तन कर लिया हो!’ 

‘ओ हो!’ अरोड़ा ने अब सक्सेना की खटकने वाली बात पकड़ी, समस्या की जड़- मुसलमान! सक्सेना को वह मुसलमान लग रहा है।

अरोड़ा ने उसे फिर समझाने की कोशिश की ‘देखो, ऐसा नहीं है। वह तो यार इसी मोहल्ले का रहने वाला है। अगर कोई ऐसी-वैसी बात हुई होती तो हम लोगों को अब तक पता चल गया होता। फिर, क्या तुम भूल गए, दोनों ने  आते ही कितने आदर से तुम्हारे पैर छुए थे?’

‘नहीं सर। वह लड़का बहाना कर रहा है। दिखावा कर रहा है। जाने क्यों, मुझे ये ठीक नहीं लग रहा। और फिर उनके आयोजन में अपने बच्चों को भेजना कहां तक जायज है? फिर वह एक मुसलमान लौंडे के साथ आया था। लगता है, साला पक्का पठान बन गया है! और इन पठानों की कौम का तो तुम जानते हो? अरे सर, आप ही तो मुझे उनके एक से एक वीडियो भेजते हो… इनकी गद्दारी और कमीनेपन के! कभी कोई जाकिर अली, तो कभी और कोई। कितनी बेरहमी से ये गायों को काटते हैं! जिहादी और आतंकवादी! और अभी का ताज़ा वीडियो जो आप ही ने मुझे भेजा था कि कैसे ये हरामी हमास वाले उस इजरायली औरत से कैसी बर्बरता कर रहे हैं। इसे पूरी दुनिया देख रही है!’

‘हां सक्सेना, लेकिन यह विजय तिवारी है। एक्स स्टूडेंट। कभी इसके बारे में कोई ऐसी-वैसी बात नहीं सुनी मैंने।’

‘हां नाम से विजय तिवारी है।’ सक्सेना का स्वर कठोर होता गया, ‘लेकिन काम से? अगर साला सच्चा हिंदू होता तो ऐसे मुसलमान लौंडे के साथ नहीं घूमता! ऐसी दाढ़ी नहीं रखता। फिर मेरे लिए तो सबसे बढ़कर स्कूल की लड़कियों का सवाल है। मैं बारहवीं का क्लास टीचर हूँ। मुझे अपने स्कूल की लड़कियों की चिंता है। देखे नहीं, कैसा भयानक माहौल है। दिल्ली के उस जल्लाद शहजाद ने अपनी हिंदू गर्लफ्रेंड को कैसे क़टर मशीन से टुकड़ों-टुकड़ों में काट डाला  था! फिर उसे प्रेशर कुकर में उबाला था। सर, आप मानो या न मानो, वह लड़का मुसलमान हो चुका है- हंड्रेड परसेंट! तभी तो वैसी दाढ़ी रखे है।  हूंह! साला बोलता है खाना खिलाएगा? ऐसे कितने वीडियो देखे हैं हमने जिसमें ये हरामजादे खाने में थूक मिला देते हैं! बहुत कमीने होते हैं, सर…’ फिर फैसलाकुन लहजे में सक्सेना कहता है- ‘देखिए, और मैं बाकी का तो नहीं जानता, अपने बच्चों को इनके कार्यक्रम में हरगिज नहीं जाने दूंगा! उसने तो हम लोगों को भी बुलाया है। मैं तो नहीं जाऊंगा। आप भी मत जाना। बोलो हां कि ना?’

‘अरे यार, ये मतदाता जागरूकता की रैली है। और हमारे डिपार्टमेंट ने परमिशन दिया है।’

‘अरे भाड़ में जाए ऐसी रैली! और भाड़ में जाए परमिशन! ये साले हमारे बच्चों को मुसलमान बनने को मोटिवेट करेंगे!’ उसका स्वर अब बहुत कठोर, कर्कश और निर्णयात्मक है– ‘मैं तो नहीं जाऊंगा। आपको भी नहीं जाना है। बोलो, हां कि ना?’

अरोड़ा गहरी दुविधा में फंस गया। कुछ क्षण बीते नहीं थे कि उधर से फिर सक्सेना ने दोहराया बेहद उग्र था, व्यग्र और नफ़रत से भरा- ‘बोलो, हां कि ना?’

‘हां।’ अरोड़ा के मुंह से निकला। उसे खुद नहीं पता उसने यह नहीं जाने के अपने निर्णय पर कहा था या सक्सेना की अराजक जिद से मुक्ति पाने के लिए।

‘ठीक है।’ सक्सेना की आवाज़ से लगा, उसे थोड़ी फौरी राहत मिली है, कुछ शांत स्वर में आगे कहता है- ‘मैं अभी अपने क्लास के व्हाट्सप ग्रुप में डाल देता हूँ। किसी को इस रैली में नहीं जाना है। आप भी बाकी सारे बच्चों को इन्फॉर्म कर दो। थैंक्स सर।’

अरोड़ा को फिलहाल कुछ समझ नहीं आ रहा था। दिल-दिमाग जैसे एकदम शून्य। उसने अपना मोबाइल स्क्रीन देखा। कक्षा 12 वीं के व्हाट्सप ग्रुप में सक्सेना कुछ लिख रहा है। जल्दी-जल्दी।

और कुछ ही पल बाद व्हाट्सप ग्रुप में उसका मैसेज आ गया -कल की रैली में किसी को नहीं आना है।

और ग्रुप के स्टूडेंट रिप्लाई दे रहे हैं- ओ. के. सर, यस सर, ठीक है सर।

संपर्क : 41, मुखर्जी नगर, सिकोलाभाठा, दुर्ग (छत्तीसगढ़)  मो।98279 93920

Painting : Sandip Rashinkar