लंबे समय तक अखबार में समाचार संपादक के पद पर कार्य। कई नुक्कड़ नाटकों का लेखन, निर्देशन और अभिनय। दो कहानी संग्रह ‘दक्खिन टोला’ और ‘पत्थलगड़ी और अन्य कहानियां’ प्रकाशित।

 

इस सुदूर गांव में ये सातवां साल। इतना लंबा समय एक ऐसे गांव में जहां न कोई जान न पहचान। न कोई दोस्त और न रिश्तेदार। बस रहने के लिए एक कमरा, कमरे के पीछे मैदान, जंगल-झाड़ और तालाब। अब आपका दिल चाहे तो इस मैदान का टहलने के लिए उपयोग कर लें और जंगल-झाड़ से बाकी दैनिक जरूरतें पूरी कर लें। तालाब तो जाहिर है नहाने के काम ही आएगा। लेकिन मैदान में एक चापाकल भी लगा है। सो पीने का पानी लेने के बाद यहीं नहाने-धोने का काम करना।

कमरे से लगभग दो किलोमीटर की दूरी पर स्कूल है, जहां ओमप्रकाश केशरी शिक्षक हैं। कहने को यह गांव का हाई स्कूल है और यहां दसवीं तक की पढ़ाई होती है, लेकिन इसमें केवल पांच ही कमरे हैं। अब एक ही कमरे के दो हिस्से करके उनमें दो-दो कक्षाएं चलाई जाती हैं। एक ही कमरे में कक्षा आठवीं और नौवीं दोनों के विद्यार्थी बैठते हैं। आठवीं के छात्रों का मुंह पूरब की ओर होता है तो नौंवी के छात्र पश्चिम की ओर फैले मैदान का नजारा लेते रहते हैं। कई बार ऐसा भी होता है कि नौंवी के छात्रों को विज्ञान के शिक्षक गति के नियम पढ़ाते रहते हैं तो दूसरी तरफ आठवीं के छात्र सुमित्रानंदन पंत की कविता पर आंख गड़ाए रहते हैं!

हाई स्कूल में ओमप्रकाश केशरी के अलावा पांच और शिक्षक हैं। दो विज्ञान के शिक्षक हैं तो बाकी शिक्षकों के हवाले सभी विषय हैं। केशरी जी के अलावा बाकी सभी पांचों शिक्षक आसपास के रहने वाले हैं। अब इस स्कूल में केशरी जी कैसे पहुंचे, इसके बारे में कोई कुछ नहीं जानता। अपनी इच्छा से तो कोई सामान्य आदमी इस गांव में तैनाती लेने से रहा। लेकिन केशरी जी का मामला थोड़ा अलग था। सरकारी नौकरी के लिए तय उम्र की आखिरी सीमा पर पहुंचने के बाद केशरी जी का चयन जब हाई स्कूल के शिक्षक के लिए हुआ था तो बाकी लोगों के साथ उनके पास भी प्रस्ताव था कि उनकी तैनाती उनके ही जिले पूर्वी चंपारण में, और अगर वे चाहें तो जिले के किसी शहर में हो जाएगी। बस उन्हें कुछ खर्च करना होगा। कई मित्रों ने सुझाव दिया कि मोतिहारी या कम से कम बेतिया में तैनाती करा लो। केशरी जी तैयार नहीं हुए। उन्होंने इसके लिए भी कोई प्रयास नहीं किया कि भले गांव में लेकिन कम से कम जिले में ही तैनाती हो जाए।

नतीजा यह हुआ कि पहली तैनाती रोहतास में हुई और फिर जल्दी-जल्दी तबादले भी हो गए। लगभग दस साल तक कई स्कूलों की खाक छानने के बाद जब उनका तबादला कैमूर जिले के इस गांव में हुआ तो उन्हें न तो खुशी हुई और न दुख। गांवों से उनका लगाव तब से था जब कॉलेज की शिक्षा पूरी करने के बाद वे कुछ गांधीवादी संगठनों के साथ मिलकर चंपारण में गुड़ बचाओ आंदोलन से जुड़े थे। यह आंदोलन बड़ी चीनी मिलों के खिलाफ गांव-गांव में बनने वाले गुड़ को बचाने की लड़ाई थी। लड़ाई को कितनी सफलता मिली इस पर बहस हो सकती है लेकिन यह तय था कि यह आंदोलन उनकी आधी जवानी को तबाह कर चुका था। पता नहीं किसी से प्रेम हुआ या नहीं लेकिन पचास साल के नजदीक पहुंच जाने के बावजूद उन्हें शादी का सुख नसीब नहीं हुआ था।

वैसे देह-धजा से कहीं भी वे तीस-पैंतीस साल से ऊपर के नहीं लगते थे। घने काले बाल, लंबा कद, गोरा रंग, बड़ी-बड़ी आंखें, लंबी नाक और पतले होंठ। कसरती बदन और गले में मानो माता सरस्वती का वास। जितना अच्छा बोलते उतना ही मीठा गाते। लेकिन जिस तरह वह बोलते बहुत कम थे उसी तरह उनका गाना भी कभी-कभार ही सुनाई पडता। हां, जो सुबह चार बजे उठकर उनके कमरे की ओर जाने का साहस रखते उन्हें एक मीठा भजन जरूर सुनाई पड़ता- वैष्णव जन तो तेने कहिये जे पीर पराई जाने रे..। कभी-कभी देर रात उनके घर से दर्द भरा सुर उभरता- पिया गईले कलकतवा उदास कइले ना..।

कैमूर के जिस गांव के स्कूल में उनका तबादला हुआ था वह जंगल में तो नहीं था लेकिन जंगल से कम भी नहीं था। गांव का नाम ही था- बन के बहुआरा। बूढ़-पुरनिया लोग कहते कि पहले यहां वन था। सैकड़ों साल पहले यहां कई दिशाओं से लोग आए। उन्होंने जंगल काटा, खेत उगाए और अपने रहने के लिए घर भी बनाया। जाहिर है उनके रहने से एक गांव बन गया और इसका नाम भी पड़ गया- बहुआरा। चूंकि यह गांव वन में बना था, इसीलिए गांव का नाम पड़ गया वन के बहुआरा। बाद में वन बन हो गया। लेकिन गांव बसाने वालों ने शायद यह नहीं सोचा था कि उन्हें यहां से बाहर भी जाना पड़ सकता है। इसीलिए उन्होंने रास्ता बनाने के बारे में सोचा ही नहीं। नतीजा यह हुआ कि आज भी इस गांव में आना इतना दुरूह है कि जो एक बार आ गया सो आ गया। यहां से वापस लौटने के नाम पर ही पसीने छूट जाते। गांव से पांच किलोमीटर दूर नुआंव तक ही बस आती थी। वहां से गांव तक पहुंचने के लिए पैदल ही चलना पड़ता था। नहर के किनारे पगडंडीनुमा कच्ची सड़क थी। रास्ते में न तो कहीं चाय की दुकान न पान की। प्यास भी लगी तो पानी खेत में काम कर रहे किसी किसान से ही मांगना पड़ता था। पांच किलोमीटर तक के इस रास्ते में एक छोटी-सी नदी भी पड़ती थी। नदी का पाट मुश्किल से बीस से पचीस कदमों का था लेकिन धार तेज रहती थी। नाविक मिल गया तो नाव से पार हो जाइए नहीं तो घुसने के अलावा और कोई चारा नहीं। नदी में पानी केवल कमर भर होता था। घुसकर पार करने वालों की मदद के लिए इस पार से उस पार तक एक रस्सी तान दी गई थी। उस रस्सी को पकड़ लीजिए और धीरे-धीरे चल कर पार कर जाइए।

केशरी जी जब बस, नाव और पैदल का सफर तय करके इस गांव में पहुंचे तो सबके लिए आश्चर्यजनक व्यक्ति थे। लंबे समय के बाद गांव में बाहर से कोई स्थायी रूप से रहने आया था। स्कूल के बाकी शिक्षकों ने तो तंज भी किया- ‘कहां आ गए महाराज? चंपारण से कैमूर? और वह भी बन के बहुआरा? अरे कोई उपाय करा लेते। इ जंगल में आ गए नौकरी करने?’

ओमप्रकाश केशरी ऐसे सवालों पर केवल मुस्करा कर रह जाते। गांव के लोग उन्हें घूर-घूर कर देखते। एक बूढ़े आदमी ने तो रोक कर पूछ भी लिया- ‘माट साहेब हियां किसी के यहां हितई-नतई है का?’

केशरी जी ने न में सिर हिलाया।

बूढ़े ने अचकचाकर कहा- ‘तब इ गांव में? पिछलका जनम में कोई बड़ा पाप किए थे का?’ उसके इस सवाल पर भी केशरी जी मुस्कराकर आगे बढ़ गए और बूढ़ा उन्हें हैरत से देखता रह गया।

हालांकि कक्षा में छात्रों का प्रेम उन्होंने जल्दी ही जीत लिया था। ऐसे तो वे विज्ञान के शिक्षक थे लेकिन पढ़ा सभी विषय लेते थे। इतिहास तो वे डूबकर पढ़ाते थे। दो साल पहले तक इस स्कूल में एक प्रधानाचार्य भी थे। लेकिन उनके रिटायरमेंट के बाद प्रभार ओमप्रकाश केशरी के ही हाथों में आ गया। वह भी इसलिए कि दूसरा कोई भी शिक्षक प्रभार लेने को तैयार नहीं था और केशरी जी किसी काम को ना नहीं कहते थे। रिटायर होने के बाद अपने विदाई समारोह में प्रधानाचार्य ने ओमप्रकाश केशरी को कोने में बुलाकर कहा था- ‘आप अच्छे आदमी हैं महाराज। कुछ ले-दे कर भी यहां से ट्रांसफर हो जाए तो करा लीजिए। ऐसा नहीं हुआ तो यहीं सड़ जाइएगा। यहां रहने वाला आदमी या तो रिटायर होता है या नौकरी छोड़कर भाग जाता है।’ केशरी जी उनकी बात को सुनकर मुस्कराए थे। लेकिन वे यहां से ट्रांसफर कराते भी तो कहां जाते? न बीबी न बच्चा, जहां ठहरे वही घर अच्छा।

वैसे भी केशरी जी को गांव और यहां के लोगों से क्या लेना-देना था। उनके लिए तो स्कूल से घर और घर से स्कूल। गांव के लोगों से काम भर का ही संबंध रखते। वैसे भी वह जिस कमरे में रहते थे वह गांव से दूर ही समझिए। गांव के खेत जहां खत्म होते थे उसी सीवान पर बना था कमरा। यह कमरा गांव के ही चिंतामणि केशरी ने उन्हें दिया था। शायद उन्होंने इस कमरे को बाहर से आने वाले उन मजदूरों के लिए बनवाया था जो गांव में बस रोपनी-कटनी के मौसम में आते थे। अब इस कमरे का कोई उपयोग चिंतामणि केशरी के पास नहीं था। लिहाजा उन्होंने उदारतापूर्वक कमरा केशरी जी के हवाले कर दिया। मास्टर साहब को इस कमरे को देने से उन्हें एक बात का सुख भी मिला कि चलो अपनी जाति के कम से कम एक आदमी की मदद तो उन्होंने कर ही दी। ओमप्रकाश केशरी से वह इस कमरे का किराया नहीं लेते थे। बस इसके बदले उन्हें चिंतामणि केशरी के घर जाकर शाम में बच्चों को पढ़ाना पड़ता था। केशरी जी के लिए यह आसान और लाभप्रद काम था क्योंकि एक तो कुंआरे आदमी होने के कारण गांव में कोई आदमी उन्हें अपने यहां किराए पर रखने के लिए तैयार नहीं था और दूसरा यह कि चिंतामणि केशरी के यहां शाम को जाने का मतलब था उनके चाय-नाश्ते की समस्या का समाधान। नहीं तो चाय पीने के लिए उन्हें गांव के ही शिवाले के पास जाना पड़ता जहां एक छोटी-सी चाय की दुकान थी। दुकानदार एक बार की बनी हुई चाय बार-बार गर्म करके लोगों को पिलाता रहता था।

ओमप्रकाश केशरी चूंकि बहुत कम बोलते थे इसलिए पूरे गांव के लिए रहस्यमय व्यक्ति थे। न कभी छुट्टी लेना और न कभी गांव से बाहर जाना। न तो दोस्ती यारी और न ही बैठकबाजी। न तो उनसे कोई मिलने आता और न ही वह किसी से मिलने जाते। बटन वाला मोबाइल फोन जरूर उनकी जेब में रखा रहता लेकिन आज तक किसी ने उन्हें इस फोन पर बात करते देखा भी नहीं था। कई बार चिंतामणि केशरी ने उनसे फोन नंबर मांगा लेकिन किसी न किसी बहाने वह टाल जाते थे। उन्होंने न तो अपने स्कूल के किसी शिक्षक को और न ही गांव के किसी आदमी को कभी अपने घर-बार के बारे में बताया था।

वह हमेशा खादी का कुरता-पाजामा पहनते। खुद कपड़े धोते और बगैर आयरन के उन्हें पहनते। जाड़े के मौसम में कुरते के ऊपर खादी का ही जैकेट टंग जाता और कंधे पर पीले रंग की भागलपुरी चादर। खादी का एक मोटा झोला हमेशा उनके कंधे पर टंगा रहता जिसे वे कभी किसी को नहीं दिखाते। खाली समय में हमेशा कोई किताब पढ़ते रहते। कई बार लोग मजाक भी करते- ‘का माट साहेब, अब राजनीति में उतरने का विचार है का?’

वैसे कुछ शिक्षकों का कहना था कि उनका मूल घर चंपारण के उसी गांव में था जहां निलहे अंग्रेजों के खिलाफ किसानों का आंदोलन शुरू हुआ था और इसका नेतृत्व करने के लिए खुद गांधी जी वहां पहुंचे थे। बहुआरा के सुशील तिवारी ने एक दिन होठों तले खैनी दबाते हुए कहा- ‘लगता है कि ओमप्रकाश केशरी पर भी गांधी जी का कवनो असर है। न तो हमेशा खादी वाला कपड़ा ही काहे पहनते? बाकिर अपने बारे में इतना छुपा के काहे रखते हैं इ नहीं बुझाता है।’

उनकी बात सुनकर चिंतामणि केशरी जोर से हंसे- ‘धत्त मरदे। महात्मा गांधी के चेला रहते तो कवनो पार्टी पालिटिक्स में न लगे रहते? आ गांधी बाबा के चेला लोग अब गांव-घर में कहां भेंटाता है? हमको तो लगता है कि इनको जवानी में कवनो साधु-संन्यासी भेंटा गए थे। उनके ही चक्कर में आज तक बियाह-सादी भी नहीं किए।’

सुशील तिवारी ने गाल पर हाथ रखा- ‘सही कह रहे हो चिंतामणि। हमको तो लगता है कि माट साहेब कवनो जंतर-मंतर भी जानते हैं। एही से अपना कमरा में अकेले रहते हैं। का जाने कवनो सिद्धी प्राप्त करने का उपाय कर रहे हों?’

‘इ तो नहीं जानते हैं लेकिन रहते बड़ा सादगी से हैं। दारू-शराब तो दूर मांस-मछली को भी हाथ नहीं लगाते हैं। खाना भी अइसा बनाते हैं कि बस पेट भर जाए। आजकल ऐसा आदमी कहां मिलता है भाई?’ चिंतामणि केशरी ने मोबाइल फोन पर अंगुली चलाते हुए कहा।

‘यही नहीं, गांव की किसी लड़की या औरत ने आज तक उनको लेकर कोई शिकायत नहीं की है। नहीं तो यहां तो बियाहल लोग बहती गंगा में हाथ धो लेता है। इ तो कुंआरे हैं।’ अनिरुद्ध सिंह ने पहली बार मुंह खोला और लोग हैरत से उन्हें देखने लगे।

लेकिन गांव की महिलाएं कुछ और अनुमान लगा रही थीं। उनका कहना था कि हो न हो कॉलेज में पढ़ने के दौरान उनका किसी लड़की से कोई चक्कर रहा होगा और उस लड़की की शादी कहीं और हो गई होगी। इसके बाद मास्टर साहब ने जीवन में कभी शादी नहीं करने का संकल्प ले लिया होगा। मतलब जितने मुंह उतनी बातें। हालांकि कुछ लोगों ने तो उनके माता-पिता या भाई-बहन के बारे में भी जानने की कोशिश की। इसके लिए केशरी जी से अलग-अलग तरीकों से सवाल पूछे जाते थे। लेकिन हर बार केशरी जी मुस्करा देते और कोई और बात शुरू कर देते।

केशरी जी रोज सुबह सूरज के उगने से पहले उठ जाते। इसके बाद उन्हें नींद ही नहीं आती। उठने के बाद भजन गाते और दूर तक टहलने निकल जाते। फिर कसरत और नहाने-धोने के बाद पूजा-पाठ। कमरे में ही एक तरफ उन्होंने अपनी छोटी-सी रसोई बना रखी थी जहां स्टोव और कुछ बरतन पड़े थे। नाश्ता-पानी के बाद एकदम तैयार।

स्कूल शुरू होने के घंटा भर पहले ही वह हाजिर हो जाते। स्कूल में न तो कोई चपरासी था और न ही क्लर्क। लिहाजा सबसे पहले वह पाजामा-कुरता उतारते और झोले में रखी लुंगी निकालकर पहन लेते। इसके बाद हाथ में झाड़ू उठाकर शुरू हो जाते। सप्ताह में एक बार स्कूल का शौचालय भी वे खुद ही धोते। लगभग एक घंटे में पूरा स्कूल चिक्कन-चुनमुन। बच्चों के आने के पहले कुरता-पाजामा पहनकर स्कूल के गेट पर खड़े हो जाते। बच्चे स्कूल के अंदर आने लगते और उनकी गिनती चालू हो जाती। वह कभी भी पूछने पर बता सकते थे कि किस कक्षा में कितने लड़के और कितनी लड़कियां हैं। इनमें से कितने लड़के या लड़कियां कितने दिनों से स्कूल नहीं आ रहे हैं यह भी उन्हें पता होता। स्कूल के दूसरे शिक्षकों के लिए वह इस मामले में कंप्यूटर थे।

छुट्टी के बाद भी एक घंटा स्कूल में रुकते। इस दौरान वे सारे काम करते जो एक क्लर्क के जिम्मे होते हैं। स्कूल के विद्यार्थी उन्हें ये सब करते देखकर हँसते- केशरी सर तो स्कूल में चंडी पाठ से लेकर जूता सिलाई तक का सारा काम कर लेते हैं।

सात साल से सबकुछ ठीक चल रहा था लेकिन अचानक स्कूल में हुई एक घटना ने केशरी जी को संकट में डाल दिया। घटना देखने में तो कोई खास बड़ी नहीं थी लेकिन उनके लिए चिंता की बात थी। उन्होंने हाल के दिनों में नोट किया था कि स्कूल में नौवीं और दसवीं कक्षा की छात्राओं की संख्या अचानक कम हो गई है। कम क्या हो गई है, छात्राएं लगभग गायब ही होती जा रही हैं। इस साल नौंवी कक्षा में बारह और दसवीं कक्षा में पंद्रह लड़कियों का नामांकन हुआ था। लेकिन इस समय हालत यह थी कि नौंवीं में मात्र पांच जबकि दसवीं में केवल तीन लड़कियां ही रोज स्कूल पहुंच रही थीं। आठवीं और सातवीं कक्षा में भी लड़कियों की संख्या कम हो रही थी।

केशरी जी ने जब रजिस्टर से गैरहाजिर छात्राओं की जानकारी खंगाली तो चकित रह गए। स्कूल नहीं आने वाली लड़कियां दो ही टोलों की थी- पछियारी टोला और दक्खिन टोला। जाहिर है दक्खिन टोला में गांव के दलित लोग रहते थे तो पछियारी टोला में नाई और मल्लाह जाति की छात्राओं की बहुतायत थी। केशरी जी ने कई बार कक्षा के दूसरे छात्र-छात्राओं से इसका कारण जानने की कोशिश की लेकिन कोई भी कुछ नहीं बता सका। इन टोलों के लड़कों ने भी इसके पीछे के कारणों के बारे में कुछ नहीं बताया। स्कूल के दूसरे शिक्षकों को इससे कोई मतलब नहीं था। केशरी जी के पूछने पर वे लापरवाही से जवाब देते- ‘अरे इतनी चिंता काहे करते हैं सर। लड़कियां हैं। जब तक स्कूल आईं तबतक आईं। माता-पिता ने शादी-ब्याह की बात चलाई होगी इसलिए स्कूल भेजना बंद कर दिया। अब सीधे बोर्ड परीक्षा का फार्म भर देंगी।’

लेकिन केशरी जी को यह बात गले नहीं उतर रही थी। लिहाजा उन्होंने तय किया कि वे स्कूल से गायब रहने वाली लड़कियों के घर जाएंगे और उनके मां-बाप से बात करेंगे।

रविवार को अहले सुबह उन्होंने अपने सारे काम निपटाए और रजिस्टर लेकर पहले दक्खिन टोला में घुसे और इसके बाद पछियारी टोला। दोनों टोलों में घंटों घूमते रहे। लोगों से मिलकर निकलने के बाद वह सन्न थे। वह सोच भी नहीं सकते थे कि आजकल के दौर में भी लड़कियों के साथ ऐसा हो सकता है। और उसपर भी बाकी गांव चुप रहकर देखता रहे? लड़कियों के स्कूल से गायब होने के कारण के बारे में उनके मां-बाप ने कुछ नहीं बताया। वे तो बस इधर-उधर की बात करते रहे। या तो वे अपनी लड़कियों के स्कूल नहीं जाने के पीछे के कारणों को जानना नहीं चाहते थे या फिर जानकर भी अनजान थे। कुछ लोग जानते थे लेकिन उसके बारे में बात नहीं करना चाहते थे।

जब उन्होंने सुरेंद्र पासवान से पूछा कि उनकी बेटी स्कूल क्यों नहीं आ रही है तो वे भनभनाकर अपनी खाट से उठकर खड़े हो गए। उन्होंने केशरी जी को बैठने के लिए भी नहीं कहा और पलटकर पूछ दिया- ‘अब वह जाना नहीं चाहती तो हम क्या करें? बहुत पूछा लेकिन कुछ नहीं बताती।’

‘ये तो परेशानी की बात है न सुरेंद्र जी। वह हमारे स्कूल में पढ़ती है और हम उसके स्कूल के प्रभारी हैं। हमें तो पता होना ही चाहिए कि वह स्कूल क्यों नहीं आ रही है।’ केशरी जी ने मुस्कराकर कहा।

‘जाने दीजिए, क्या करेगी पढ़-लिखकर। अफसर तो बनेगी नहीं। शादी-ब्याह की बात चल रही है। जिनके यहां बात चल रही है वे भी नहीं चाहते हैं कि गुड़िया स्कूल जाए। आपको ज्यादा चिंता है तो मैट्रिक परीक्षा का फार्म भरवाने में दिक्कत मत खड़ा कीजिएगा।’ सुरेंद्र पासवान बोलते हुए वहां से जाने लगे।

‘अरे-अरे-अरे सुनिए तो।’ केशरी जी पुकारते रह गए लेकिन सुरेंद्र पासवान काम का बहाना बनाते हुए निकल गए। लगभग ऐसा ही बरताव उन सभी लड़कियों के घर पर हुआ जो स्कूल नहीं आ रही थीं। लेकिन जैसे ही वे पछियारी टोला के हंसराज मल्लाह के घर से निकले बात साफ हो गई। वह टोला से निकलकर वापस लौट ही रहे थे कि रमा दौड़ती हुई उनके सामने आकर खड़ी हो गई। वह रघुनाथ पासवान की बेटी थी। वह भी बीस-बाईस दिनों से स्कूल नहीं आ रही थी।

उसने केशरी जी के सामने आकर धीरे से कहा- ‘घरे-घरे घूमने का कोई फायदा नहीं होगा सर। कोई कुछ बताएगा नहीं। बस यही समझ लीजिए कि दक्खिन टोला और पछियारी टोला की लड़कियां अब स्कूल नहीं आएंगी।’

केशरी जी की आंखों में हैरत के भाव आ गए। लेकिन उन्होंने इसे दबाया और रमा से स्नेह से पूछा- ‘ऐसा क्या हो गया बेटा? क्यों नहीं आएंगी स्कूल?’

‘हमारे पुलिया पार करने पर रोक है।’ रमा ने धीरे से कहा और अपनी आंखें झुका ली। केशरी जी को याद आया। पछियारी टोला और दक्खिन टोला दोनों नहर के उस पार थे। नहर पर एक छोटी-सी पुलिया बनी हुई थी। स्कूल आने के लिए पछियारी टोला और दक्खिन टोला के लड़के-लड़कियों को पुलिया पार करना होता था।

लेकिन पुलिया पार करने पर रोक क्यों लग गई है? केशरी जी ने उसके माथे पर अपना हाथ रखा। स्नेह का आश्रय मिलते ही रमा मानो फूट पड़ी। पहले उसने अपनी भरी हुई आंखें पोंछने की कोशिश की और फिर बताने के लिए मुंह खोला। लेकिन वह कुछ बता पाती उससे पहले रुलाई ने उस पर कब्जा कर लिया। केशरी जी चुपचाप उसकी उन बातों का अर्थ समझने की कोशिश करते रहे जो रुलाई की नदी पार कर उन तक पहुंच रही थी।

ओमप्रकाश केशरी थके-थके कदमों से वापस अपने कमरे में लौट गए। अगले दिन वे स्कूल तो पहुंचे लेकिन उनका मन न पढ़ाने-लिखाने में लग रहा था और न ही किसी और काम में। कई बार स्कूल के बाहर निकलते, नहर की पुलिया की ओर उचक-उचक कर देखते और फिर वापस स्कूल के अंदर लौट आते। छुट्टी होने से पहले उन्होंने स्कूल के अंग्रेजी के शिक्षक रामनरेश झा को बुलाया- ‘झा जी, मुझे दो-तीन दिन कुछ काम से बाहर रहना है। स्कूल नहीं आ पाऊंगा। छुट्टी का आवेदन मेरे टेबुल पर रखा है। दो-तीन दिन स्कूल का प्रभार आपके पास ही रहेगा।’

रामनेरश झा ने उन्हें इस तरह देखा मानो उनके चेहरे पर जंगल-झाड़ उग आए हों। केशरी जी और छुट्टी? यह कैसे संभव है? जो आदमी बुखार की हालत में भी स्कूल आने से बाज नहीं आता वह दो-तीन दिन की छुट्टी पर रहेगा?

झा जी कुछ कहने के लिए मुंह खोले ही थे कि केशरी जी ने कहा- ‘कुछ निजी काम है। ध्यान रखिएगा स्कूल का।’ कहते हुए केशरी जी स्कूल से बाहर निकल गए। टहलते हुए नहर की पुलिया पर गए। पुलिया के दोनों ओर चौड़ी-सी दीवारनुमा ओट बनाई गई थी। चार-पांच लड़के उस ओट वाली दीवार पर बैठे हँसी-मजाक कर रहे थे। कुछ देर पुलिया पर घूमने के बाद केशरी जी वापस घर की ओर चल पड़े।

अगले दिन ग्यारह बजे ही वह नुआंव में प्रखंड शिक्षा प्रसार अधिकारी के कार्यालय में बैठे थे। अधिकारी मुंह फैलाए केशरी जी की बातें सुन रहा था। केशरी जी जब चुप हुए तो उसने धीरे से कहा- ‘और गांव वाले कुछ नहीं कर रहे हैं?’

‘सर, एक तो मामला केवल दो ही टोलों का है। और इन दोनों टोलों के लोगों के लिए कुछ भी करना मुश्किल है। कमजोर जात के लोग हैं। डरते हैं कि कहीं इज्जत के साथ-साथ जान भी न चली जाए। इससे अच्छा है लड़की घर ही में रहे।’ केशरी जी ने धीरे से कहा।

‘तब आप काहे हलकान हो रहे हैं? न गांव को कोई चिंता है न टोले को। न मां परेशान है न बाप। तब आप भी मजे से नौकरी कीजिए। जो स्कूल आए उसको पढ़ाइए नहीं तो चैन की बंसी बजाइए।’ अधिकारी अपनी कुर्सी पर पसर गया और आंखें बंद कर ली।

‘सर, मेरा कहना था कि विभाग की ओर से आप एक बार पुलिस के किसी बड़े अधिकारी से बात करते और विभाग की ओर से ही एक कंपलेन भी थाने में दर्ज करा दी जाती।’

‘पगला गए हैं क्या केशरी जी? मैं क्यों ये सब करूंगा? जाइए, जाकर बच्चों को पढ़ाइए-लिखाइए। नेतागिरी का भूत उतारिए।’ कहकर अधिकारी ने सामने पड़ी एक फाइल खोल ली। मतलब साफ था- ‘अब केशरी जी को सामने से उठ जाना चाहिए।’

केशरी जी उठकर चलने लगे तभी अधिकारी ने धीरे से कहा- ‘क्या चाहते हैं आप? एक बार फिर से टोलों का झगड़ा शुरू हो जाए? रणवीर सेना और लाल सेना की लड़ाइयों के बारे में आप कुछ जानते हैं या नहीं? बहुत मुश्किल से तो गांव शांत हुए हैं। शांति बनी रहने दीजिए।’ केशरी जी ने मुड़कर उन्हें देखा, प्रणाम किया और चुपचाप कार्यालय के बाहर निकल गए।

मास्टर साहब को गांव पहुंचते-पहुंचते रात के ग्यारह बज गए थे। थक कर चूर। काम नहीं हो पाने की खीझ और गुस्सा। रात में खाना भी नहीं बनाया। दिन में भी कुछ नहीं खाया था। सो गए लेकिन पेट की भूख नींद पर भारी पड़ी और सुबह तीन बजे ही नींद खुल गई। अब इतनी सुबह करें क्या? कमरे से बाहर निकल गए। कुछ समझ में नहीं आया तो जोर-जोर से भजन गाने लगे- वैष्णव जन तो तेने कहिए जे पीर पराई जाने रे..।

सुबह आठ बजते-बजते वह रघुनाथ पासवान के दरवाजे पर खड़े थे। रघुनाथ पासवान ने हाथ जोड़े और खाट पर बैठने के लिए कहा। केशरी जी ने हँसते हुए कहा- ‘अरे, जरूरी काम है रघुनाथ जी। जरा रमा बेटी को बुला दीजिए। स्कूल तो आ नहीं रही है। लेकिन इम्तिहान तो देना है न? जरा कुछ बात करनी थी।’ केशरी जी ने नोटिस किया-उनकी बात शायद रघुनाथ पासवान को अच्छी नहीं लगी। वह घर के अंदर घुसे और थोड़ी देर के बाद रमा बाहर आई। केशरी जी ने रमा के माथे पर हाथ रखा- ‘स्कूल आने का मन है?’

रमा ने सवालिया निगाहों से केशरी जी की ओर देखा। केशरी जी ने कहा- ‘देखो, अगर स्कूल जाने और पढ़-लिखकर कुछ बनने का मन है तो ऐसे घर में बैठने से कुछ नहीं होगा। कुछ न कुछ तो करना होगा।’

‘क्या करना होगा सर?’ रमा ने धीरे से पूछा।

‘यही तो तय करना है। जो करना है तुम ही लोगों को करना है।’ केशरी जी हमेशा की तरह मुस्करा रहे थे।

फिर उन्होंने रमा के दोनों कंधे पकड़े और झकझोर दिया- ‘देखो कल स्कूल की छुट्टी है। ऐसा करो, दक्खिन टोला और पछियारी टोला की सभी लड़कियों को जुटाओ और कल सुबह आठ बजे मेरे घर पहुंचो। कुछ तय करते हैं।’ रमा ने उनका चेहरा देखा और इस बार वह मुस्कराई। इस मुस्कराहट में उम्मीद की चमक थी।

आठ बजे के पहले ही ओमप्रकाश केशरी का छोटा कमरा लड़कियों से भर गया था। हैरत की बात यह थी कि इनमें केवल दक्खिन टोला और पछियारी टोला ही नहीं बभनटोल और ऊपरवारी टोला की भी लड़कियां पहुंची हुई थीं। इन टोलों की लड़कियां तो स्कूल आ रही थीं लेकिन साथी-दोस्त पर संकट पड़े तो अलग कैसे रहें। केशरी जी ने एक प्लेट में चूड़ा, गुड़ और तिलकुट रख दिया। और फिर लड़कियों से पूछा- ‘तो? स्कूल आना है कि नहीं?’

कोई कुछ नहीं बोला। सब एक-दूसरे का चेहरा देख रही थीं। केशरी जी मुस्कराये- ‘चिंता नहीं करनी है। कुछ उपाय निकालना होगा। तुमलोग दुनिया की आखिरी लड़की नहीं हो जिसे पढ़ने-लिखने के लिए लड़ना-भिड़ना होगा।’

कुछ देर के लिए चुप हो गए केशरी जी। फिर धीरे से पूछा- ‘सबसे पहली घटना किसके साथ हुई?’

केशरी जी ने यह सवाल पूछा और सबसे पीछे बैठी गुड़िया फूट-फूट कर रोने लगी। उसके बगल में बैठी सुशीला ने उसका कंधा पकड़ा- ‘रोओ मत गुड़िया। बोलो क्या हुआ था?’

गुड़िया खड़ी हुई, अपने आंसू पोंछे और आंखें झुका ली। फिर धीरे-धीरे बोलना शुरू किया- ‘रोज भोरही पुलिया पर आकर बैठ जाते हैं दस-बारह लड़के। इनमें गोविंद तिवारी, नरेश सिंह और बिनोद यादव सबसे बदमाश हैं। हमलोग स्कूल जाते हैं तो हमें जबरदस्ती अपने मोबाइल फोन में गंदा वीडियो दिखाते हैं। हम जब मना किए तो मारा-पीटा और खींच कर बंसवाड़ी की ओर ले जाने लगे। लेकिन बाकी लड़कियां हल्ला करने लगी तो छोड़ा।’

केशरी जी एकदम शांत। उन्हें पता था कि गोविंद तिवारी के पिता सुदर्शन तिवारी पुराने समाजवादी नेता हैं। दो बार विधानसभा का चुनाव हार चुके थे लेकिन इलाके में उनकी इज्जत थी। बिनोद यादव के पिता हरबंस यादव रामगढ़ में दारोगा थे। केशरी जी ने गुड़िया का माथा सहलाया- ‘बैठ जाओ। खुद को दोष मत दो।’

तभी निर्मला की रुलाई ने सबका ध्यान खींचा। सब चुप। केशरी जी ने धीरे से पूछा- ‘तुम्हारे साथ क्या हुआ बेटा?’

लेकिन निर्मला लगातार रोए जा रही थी। रमा ने खड़ी होकर कहा- ‘बिनोद यादव और गोविंद तिवारी ने इसकी ओढ़नी फाड़ दी। गोविंद तिवारी ने पीछे से पकड़ा और बिनोद यादव वीडियो बनाने लगा। किसी तरह निर्मला भागी। निर्मला का भाई जब बिनोद यादव के घर पहुंचा तो सबने मिलकर इतना मारा कि अब तक अस्पताल में पड़ा है। इस घटना के बाद टोले में पुलिस आई थी। लेकिन पुलिस कहती है कि इन टोलों की लड़कियों को घूमकर दूसरे रास्ते से स्कूल जाना चाहिए।’

केशरी जी ने एकदम धीरे से कहा- ‘पुलिया को बदमाश लड़कों से खाली कराना होगा। गांव के लोगों को यह बात समझानी होगी।’

‘सर, हमलोगों को डर लगता है कि गांव में कहीं फिर से मार-काट शुरू न हो जाए? बाप रे बाप कितना खतरनाक समय था। तब हमलोगों का जन्म भी नहीं हुआ था। घर में लोग बताते हैं कि कब किसकी लाश गिर जाए कोई ठीक नहीं। गांव के नौजवान या तो मारे जा रहे थे या जेलों में बंद थे।’ रमा के चेहरे पर छाया डर साफ दिखाई पड़ रहा था। केशरी जी उसकी बात सुनकर गंभीर हो गए।

‘कोई तो ऐसा रास्ता होगा कि सबलोग हमारा संकट समझ जाएं। मिल-जुलकर कुछ हो जाए। टोलों में लड़ाई होने से तो बढ़िया होगा कि हमलोग घर पर ही बैठकर परीक्षा दें।’ इस बार गुड़िया ने मुंह खोला।

केशरी जी के गंभीर चेहरे पर अचानक मुस्कराहट आई। उन्होंने कमरे का दरवाजा बंद करने का इशारा किया और लड़कियों को कुछ समझाने लगे। उस छोटे-से कमरे में जैसे किसी बड़ी लड़ाई की रणनीति बनने लगी।

अगले दिन गांव सकते में था। दक्खिन टोला और पछियारी टोला में कागज पर हाथ से लिखे पोस्टर सटे थे। खूब सुंदर-सुंदर और गोल-गोल अक्षरों में लिखे गए पोस्टर। इनपर किताबों के सुंदर-सुंदर चित्र बने थे। साथ ही दोनों हाथों को जोड़कर प्रणाम करने की मुद्रा में तस्वीर बनी थी। पोस्टरों पर केवल एक वाक्य लिखा था- ‘बन के बहुआरा की लड़कियों से उनका स्कूल मत छीनो।’

किसने लिखे ये सारे पोस्टर? और आधी रात में कौन साट गया? लड़कियों से उनका स्कूल कौन छीन रहा है? अब तो झगड़ा तय था। पछियारी टोला और दक्खिन टोला की लड़कियों को उम्मीद थी कि अब बवाल होगा। उनके मां-बाप इसको लेकर उनके साथ मारपीट करेंगे। पोस्टर लिखने और साटने वालों के बारे में उनसे पूछताछ होगी। लेकिन यहां तो माहौल ही अलग था। लोग गुस्से से उबल रहे थे और इसे अपनी इज्जत पर हमला मान रहे थे। बैठकें शुरू हो गईं और इस बार हिसाब-किताब कर लेने की योजना बनने लगी। खासकर नई खून में उबाल ज्यादा था। शाम होते-होते हरवा-हथियार भी जुटने लगे।

यह तो उल्टा हो गया। लड़कियां ये तो नहीं चाहती थीं। खून-खराबा नहीं हो इसीलिए उन्होंने मुंह बंद कर रखा था। दो दिनों के बाद एक सुबह रमा और गुड़िया भागी हुई ओमप्रकाश केशरी के पास पहुंची- ‘सर, टोले में लोग लड़ने की तैयारी कर रहे हैं। हथियार जुटाए जा रहे हैं।’

ओमप्रकाश केशरी गंभीर हुए। कुछ सोचने लगे। फिर मुस्कराए- ‘चिंता नहीं करनी है। कुछ और उपाय करते हैं। तुमलोगों के साथ उस दिन ऊपरवारी टोला की लड़कियां आई थीं न?’

रमा और गुड़िया ने हां में सिर हिलाया।

‘उन्हें अभी बुलाओ।’ कहकर केशरी जी फिर कुछ सोचने लगे।

थोड़ी देर के बाद केशरी जी के कमरे में फिर लड़कियों का हुजूम बैठा था। इस बार ऊपरवारी टोला और बभनटोल की लड़कियां ज्यादा थीं। हालांकि आज यह मीटिंग ज्यादा देर तक नहीं चली और कुछ ही देर के बाद लड़कियां वापस अपने घर की ओर निकल गईं। इधर किसी ने दक्खिन टोला और पछियारी टोला में होने वाली तैयारी को देखते हुए पुलिस को सूचना दे दी थी और पुलिस के कुछ जवान नहर के किनारे गश्त लगा रहे थे।

अगली सुबह ऊपरवारी टोला और बभनटोल में भी वही पोस्टर सटे थे। हर घर की दीवार पर पोस्टर। लोगों को लगा कि दक्खिन टोला और पछियारी टोला से ही आकर किसी ने पोस्टर साटे हैं। इसको लेकर पहले तो दबे मुंह बात हुई और फिर गली-चौराहों पर चर्चा होने लगी। कमाल यह था कि बभनटोल की महिलाएं पोस्टर साटने वालों के पक्ष में बोल रही थीं। उनका कहना था कि लड़कियों को परेशान करने वालों का उपाय गांव भर को मिलकर करना चाहिए।

शाम होते-होते सुदर्शन तिवारी के बैठका में लोग जुट गए थे और इसपर बातचीत शुरू हो गई। कई लोगों का कहना था कि अगर पछियारी और दक्खिन टोला में तैयारी हो रही है, तो उन्हें भी जवाब देने की तैयारी कर लेनी चाहिए। कुछ लोगों का कहना था कि उनलोगों के चुप रहने से फिर दूसरी तरफ गरमी बढ़ गई है। हर आदमी कुछ न कुछ बोल रहा था। शोर कुछ ज्यादा ही होने लगा था। अचानक सुदर्शन तिवारी झटके से उठे। उन्होंने सबको चुप रहने का इशारा किया और एक तरफ हटकर किसी को फोन करने लगे।

शाम होते-होते रामगढ़ थाने के दारोगा हरबंस यादव सुदर्शन तिवारी के दरवाजे पर मौजूद थे। दोनों ने थोड़ी देर कुछ बात की और फिर कुछ लोगों के साथ पछियारी टोला की तरफ निकल गए। यहां हंसराज मल्लाह के दरवाजे पर दर्जनों लोग जमा थे। माहौल एकदम गरम था और कई लोग चिल्लाकर बदमाशों के घर पर चढ़कर हिसाब-किताब कर देने की बात कर रहे थे। शोर इतना ज्यादा हो रहा था कि कौन क्या कह रहा था, यह बता पाना मुश्किल था। तभी सुदर्शन तिवारी और हरबंस यादव के साथ ऊपरवारी टोला के लोग वहां पहुंचे। अचानक वहां हो रहा शोर बंद हो गया और लोग हैरत से उन्हें देखने लगे।

सुदर्शन तिवारी ने हाथ जोड़े- ‘बेटियां टोलों में बंटी नहीं होतीं। आपकी बेटी के साथ बदमाशी हुई है तो अपमानित हम भी हुए हैं। हम अपने बेटे की तरफ से माफी मांगते हैं।’

सभी लोग चुप। किसी को कुछ कहते नहीं बन रहा था। तभी हरबंस यादव ने झुककर कहा- ‘यदि आपलोग कहें तो पुलिया पर बैठकर बदमाशी करने वाले सभी लड़कों को लाकर आपके हवाले कर देते हैं। जो सजा देनी हो दीजिए। इनमें मेरा बेटा भी शामिल है। यह जानकर हम लज्जित हैं।’

हंसराज मल्लाह उठकर खड़े हुए- ‘देखिए, न तो हमें किसी को सजा देनी है और न किसी को माफ करना है। हम चाहते हैं कि बेटियां हँसती-खेलती स्कूल जाएं। उनके रास्ते में कोई रुकावट नहीं हो।’

हरबंस यादव ने कहा- ‘हम ऐसा करते हैं कि पुलिया पर कुछ पुलिस के जवानों की तैनाती करा देते हैं।’

‘नहीं-नहीं।’ सुदर्शन तिवारी ने हाथ हिलाए। ‘इसकी जरूरत नहीं है। पुलिस की गश्ती से क्या होगा। गांव के लोग ही कुछ करेंगे। मुझे अभी दो-तीन महीने तक गांव से बाहर नहीं जाना है। मैं खुद पुलिया पर थोड़ी देर रहूंगा। गांव के जो भी लोग चाहें वे मेरे साथ रहें। वैसे मैं इस बात की गारंटी करना चाहता हूं कि मेरा बेटा पुलिया की तरफ देखेगा भी नहीं।’ बैठक खत्म हुई लेकिन गुस्सा और अविश्वास का माहौल बना हुआ था।

अगले दिन दस बजे। पुलिया का माहौल बदला था। यहां पर रोज जमा होने वाले लड़के नहीं गांव के बड़े-बूढ़े टहल रहे थे। इधर हाई स्कूल लड़कियों की हँसी से गूंज रहा था। आज एक भी लड़की स्कूल से गैरहाजिर नहीं थी। लेकिन आज ओमप्रकाश केशरी स्कूल नहीं आए थे। वह तो अपने कमरे में पांव पसारे बैठे थे। आज दिन के दस बजे भी उनके कमरे से भजन की आवाज सुनाई पड़ रही थी- वैष्णव जन तो तेने कहिये जे पीर पराई जाने रे..!

संपर्क : फ्लैट नं. ३०१, निरंजन अपार्टमेंट, आकाशवाणी मार्ग, खाजपुरा, बेली रोड, पटना–८०००१४ मो.९९३४९९४६०३

(All Images Badri Narayan )