
वरिष्ठ कवि और पत्रकार। चार कविता संग्रह और तीन गद्य कृतियां प्रकाशित। संप्रति लखनऊ से प्रकाशित त्रैमासिक साहित्यिक पत्रिका ‘रेवांत’ के प्रधान संपादक।
जीवन प्रार्थना के शिल्प में
एक ही दिन
एक ही समय
तीन तीन जलसे
कहां जाऊं, कहां न जाऊं
न जाऊं तो नाराजगी झेलूं
डर तो यह कि इस भीड़ में
कहीं गुम न हो जाऊं
अब लोग जुलूस में नहीं
जलसे में मिलते हैं
कुछ हैं जो बाग में
गुलाब की तरह खिलते हैं
कभी दिल्ली, कभी भोपाल
आज लखनऊ, कल इलाहाबाद
वे जानते हैं सभी गुर
चिड़िया की तरह उड़ते रहते हैं फुर्र-फुर्र
मूसा हैं, तो मार्क्स भी
दुनिया का सारा दुख-दर्द संताप भी
करना हो कुछ तो
काम आती है लखनऊ की जबान ही
अंदाज भी क्या खास
पहले आप, पहले आप
मूवमेंट नहीं इवेंट का जोर है
सजी-धजी दूकानों में होड़ ही होड़ है
कवि जी इधर थे, पहुंच गए उधर
ऐसा ही जोड़-तोड़ है
खोजेंगे बाहर
खुले आसमान के नीचे सड़क पर
बंधी मुट्ठियां, लहराते हाथ, बढ़ते कदम
न मिलेगा, न दिखेगा
जो है सब कविता में है, गल्प में है
प्रतिरोध भी, अनुरोध भी
जीवन भी प्रार्थना के शिल्प में है।
संपर्क : एफ – ३१४४, राजाजीपुरम, लखनऊ – २२६०१७मो.८४००२०८०३१

