वरिष्ठ कवि।छह कविता संग्रह,  तीन गजल संग्रह और एक हाइकु संग्रह प्रकाशित।

मैं उनका भी मित्र हूँ

इतनी धूप में!
मित्र को जाने क्यों हैरत है
लेकिन मित्र के परिसर के पेड़ों को
कोई आश्चर्य नहीं
मैं क्यों धूप से बेफिक्र हूँ

उनका हरा सौंदर्य खिल उठा है
उनकी छाया और शीतल हो गई है
मुझे पाकर
मैं उनका भी मित्र हूँ।

बुनकर

गजब के बुनकर हैं पंछी
हमेशा कुछ न कुछ बुनते रहते हैं

कभी देखो तो
अकेले या जोड़े में
घोंसला बुन रहे हैं तिनकों से
कभी देखो तो
समूह में संगीत
स्वर के तारों से

संगीत आपके कानों में पहुंचने के बाद
आपके अंदर और बाहर बिखर जाता है
आनंद बनकर
घोंसला आंधियों में भी टिका रहता है

गजब के बुनकर हैं पंछी
कितने सुंदर हैं पंछी!

संपर्क :एस२/५६४ सिकरौल, वाराणसी–२२१००२ मो.९४१५२९५१३७