वरिष्ठ कवि। कहानी और कविता के दो–दो संग्रह प्रकाशित। मूल रूप से उर्दू में लेखन। उर्दू पत्रिका ‘आजकल’ के पूर्व संपादक।

 चिनार के साए में

अभी हम बेशुमार हैं
आरजुओं और आवाजों के साथ
अभी-अभी एक आदमी हमाम से निकला
साफे की शिकनें दुरुस्त कर रहा है
एक आदमी खेत से लौट रहा है
बच्चे की नजर उतार रही है एक औरत
एक लड़की चिट्ठी लिखते हुए शरमा रही है
शतरंज की बिसात पर एक खिलाड़ी
दुश्मन का घेरा तोड़ने की तदबीर कर रहा है
एक बच्चा- ‘माई एम इन लाइफ’
पर निबंध लिख रहा है
सिगरेट छोड़ देने की नसीहत कर रहा है
किसी को एक डॉक्टर
एक लड़का साइकिल चलाना सीख रहा है
मिजराब के तार कस रहा है कोई
खुदा का शुक्र अदा कर रही है एक औरत
किसी बात पर
मजमा बनाए घेरे खड़े हैं कुछ लोग
एक बाजीगर को
एक नक्शे पर झुके कुछ लोग
एक नई शाहराह को निशानजद कर रहे हैं
कहवाखानों में शोर है जिंदा बहसों का
कहीं तखतों को जोड़कर बनाई जा रही है कश्ती
पहाड़ की सबसे ऊंची चोटी पर
झंडा लहराने जा रहे हैं कुछ ज्याले
दो इंसान एक-दूसरे को जकड़े हैं
जैसे कोई और सच है ही नहीं
प्यार के सिवा
अभी हम बेशुमार हैं
लेकिन कौन देख पाएगा कल
कहना बहुत दुश्वार है
कौन बाप के जनाजे को कंधा दे पाएगा
कौन करेगा बीती उम्र का हिसाब
और उदास हो जाएगा
कौन अपने बच्चों को फलता-फूलता देख पाएगा
कौन अपनी दूरबीन से दिखलाएगा नए आसमान
कठिन है यह कह पाना
कौन सुहाग जोड़े में गुनगुनाएगी
कौन अपने कंगन को छन-छन बजाएगी
कौन जूते पहन कर निकलेगा
और सरहद के पार निकल जाएगा
कौन करेगा गहरे पानियों का सफर
कौन गायक बनकर दिलों को भरमाएगा
कहना बहुत दुश्वार है
अभी हमारे सिरों पर आग है
दहशत है बमबार है
हमारे पैरों के नीचे लरज रही है धरती
जिसने हमें गंदुम और फूल दिया है
जिसने हमारे मृत शरीर को पनाह दी है
हलाकू शरारे बरस रहे हैं उस आसमान पर
जिस पर उगता है
एक बच्चे की उंगली थाम कर
दौड़ने वाला चांद
जिन फजाओं में गीत गाते हैं परिंदे
उनमें जंगी जहाजों की यलगार है
किसी के हाथ दोस्त
किसी के हाथ दुश्मन की तलवार है
घुल रहा है हमारे पानी में जहर
गश्त में हैं मुसलसल
तोप के गोले बंदूक की नाल
कौन है निशाने पर
कौन जद से बाहर है
कहना बहुत दुश्वार है
अभी हम बेशुमार हैं
लेकिन कौन बच पाएगा कल
कहना बहुत दुश्वार है।

अकेली औरत सड़क पर

खूबसूरत हूँ तो क्या?
मुझे देख लो
खाली आंखों से
जैसे रोड़े को
जंगले को देखते हो
या भरी निगाह से
जैसे फूल को देखते हो
जैसे चांद को देखते हो
जैसे शाम के आसमान को देखते हो
जैसे आलीशान मकान को
चमकती कार को देखते हो
मैं भी तो देख लेती हूँ तुम्हें
हरे पेड़ की तरह
फैली धूप की तरह
गुब्बारे की तरह
गेंद की तरह
कलाई घड़ी की तरह

मैं देखती हूँ तुम्हें
कभी हल्की कभी गहरी नजर से
इज्जत से
ईर्ष्या से
इंसान की तरह
इंसान के रूप में

तो अपने नाखून न तेज करो
अपने दांत न दिखाओ
भालू न बन जाओ
सिर ऊपर किए
दोनों पैरों पर चलकर
बस सामने से गुजर जाओ।

संपर्क : 73 बी, पॉकेट-ए, सुखदेव विहार डी डी ए फ्लैट्स, नई दिल्ली- 110025, मोबाईल: 8010470440