मैथिली और हिंदी के प्रमुख रचनाकार। मैथिली तथा हिंदी में कई कविता संग्रह। मैथिली के कविता संग्रह पर साहित्य अकादेमी का सम्मान।

जाल

जाल तो नहीं था
जिसे मैं जल के विस्तार पर फैला देता
और मछलियां फंसाकर समेट लेता

सिर्फ एक डोंगी थी
एक पुरानी पतवार
डोंगी हथियार का बोझ न संभाल सकी
और न बांह कुंदे की मार

नदी
पहले मेरी रोटियां जुटाती थी
आदमी और मवेशियों को दिन भर
इस पार से उस पार करवाती थी
और शाम होते ही
अपने वक्ष में छिपा लेती थी
बड़े प्यार से सहलाती रहती थी
मेरा सारा शरीर
ठीक मां की तरह

आज डोंगी और पतवार नहीं रहे
किंतु नदी है
कभी मुझे बांहों में भरती हुई
और कभी जल बिंदु बन
मुझ पर बरसती हुई।

रेत

अभी जो लहर आई थी
रेत को भिंगो गई
उसने मुझे भी छुआ था
सूखी रेत तो सजल हो गई
लेकिन मेरे ठूंठ पर
कोई कोंपल न फूटी

दूसरी लहर की प्रतीक्षा करती रेत
उड़कर मेरी आंखों की
किरकिरी न बनी
लेकिन मेरी उंगली
तेज चाकू बन गई
और उसे चीरती रही
अपने बांझपन की
पूरी निर्ममता के साथ

रेत ने कोई प्रतिवाद न किया
न मेरी उंगली से उलझी
सिर्फ प्रतीक्षा करती रही
एक के बाद दूसरी लहर की
उसे कहां चिंता थी
मेरे जहर की।

संपर्क :सौभद्र निवास, शोकहरा, बरौनी-851112 (बिहार), मो. 9709396299