सभ्यता का संग्रहालय (क़विता संग्रह) – सरला माहेश्वरी
सूर्य प्रकाशन मंदिर, बीकानेर – मूल्य – २५० रुपये
कविताओं में वर्तमान समय की राजनीति के कुत्सित यथार्थ का चित्रण है और न्याय के लिए संघर्ष करता जीवन झलकता है| एक बेचैनी और व्यग्रता को रचनात्मक आकार दिया गया है इन कविताओं में|

तुम्हारा नाम क्या है तिब्बत (यात्रा-इतिहास-राजनय) – चंद्रभूषण
अंतिका प्रकाशन, गाजियाबाद – मूल्य – २०० रुपये
तिब्बत के बारे में यह किताब विश्वपटल पर १९४९ से जारी चीनी कम्युनिस्ट साम्राज्य निर्माण की अंतर्कथा है| चीन के ताजा इतिहास, तिब्बत की अस्मिता कथा, नवनिर्माण की वास्तविकता, चीनी राष्ट्रवाद से पड़ोसी देशों की समस्याओं के बारे में समझ बनाती है यह किताब|

उम्मीद चिनगारी की तरह (कविता संग्रह) – कौशल किशोर
रुद्रादित्य प्रकाशन, प्रयागराज – मूल्य – २२५ रुपये
इस संग्रह की कविताओं में कवि का राजनीतिक अनुभव और इतिहास की प्रतिध्वनियां दर्ज हैं| सत्ता की निर्ममता और हर ओर की बर्बर घटनाएं सामने लाई गई हैं| कविताओं में मोहभंग के चित्र के साथ प्रतिरोध है|

बूँद बूँद ग़ज़ल (ग़ज़ल संग्रह) – विनोद प्रकाश गुप्ता ‘शलभ’
राधाकृष्ण प्रकाशन, दिल्ली – मूल्य – ४९५ रुपये
इन गजलों में गजलकार का सूक्ष्म निरीक्षण और विवेक झलकता है| गजलों में निर्भीकतापूर्वक सत्य को उजागर किया गया है| शब्दचयन में नए प्रयोग हैं|

कर्बला दर कर्बला (उपन्यास) -गौरीनाथ
अंतिका प्रकाशन, गाजियाबाद – मूल्य – २९५ रुपये
यह उपन्यास एक दस्तावेजी उपन्यास है| इसमें भागलपुर के अँखफोड़वा कांड और नब्बे के दशक में महीनों चले सांप्रदायिक दंगों की दास्तान है| यह इतिहास से जुड़े तथ्यों-संदर्भों को रचनात्मक भूमि पर रखने की सफल कोशिश है|