छत्रपाल
(1949-2019) डोगरी के प्रतिष्ठित साहित्यकार। मूल नाम जोगेंद्र पाल सराफ। इनकी कहानियों का अनुवाद प्रायः हर प्रमुख भारतीय भाषा के साथ-साथ पोलिश भाषा में भी प्रकाशित। टेलीविजन के लिए काफी लेखन। साहित्य अकादमी पुरस्कार के साथ आकदमी के अनुवाद पुरस्कार से भी सम्मानित।

कृष्ण शर्मा
(1959, जम्मू) वरिष्ठ डोगरी साहित्यकार एवं कुशल अनुवादक। साहित्य अकादमी पुरस्कार तथा अनुवाद पुरस्कार से सम्मानित।

 

उस रोज बारिश हो रही थी।

वह एक तंग और घुमावदार गली से अपनी चप्पलें घसीटता गुजर रहा था। अवस्था उसकी अभी छोटी ही थी। अभी पिछले सप्ताह ही उसका बीसवां जन्मदिन किसी गूंगे बच्चे की तरह निस्तब्धता और उदासी से गुजर गया था।

वह मेरी कहानी का नायक था, यानी मेरे द्वारा सृजित एक पात्र।

गली कदम-दर-कदम आगे बढ़ती एक आलीशान भवन के भीतर घुस गई। वह बाहर खड़ा रहा, क्योंकि यह घर उसका नहीं था। उसके मन में भीतर जाने की आकांक्षा जगी। लेकिन, वह कुछ पल सोचता रहा कि अपने कुरूप चेहरे के साथ वह भीतर प्रवेश करे अथवा नहीं। उसका चेहरा दाहिनी ओर से जल जाने के कारण किसी को भी भयभीत कर सकता था। इसमें दोष मेरा ही था, मैं मुखड़ों को सुंदर आकार देने में स्वयं को सदैव असमर्थ पाता हूँ। यही कारण था कि उसके चेहरे के बाईं ओर युवावस्था का भोलापन तो मौजूद था, लेकिन चेहरे के दूसरी ओर राक्षसों जैसी विकरालता दिखती थी।

वह घर के भीतर नहीं गया। बस, एक बार जी भरकर उसने घर की ओर देखा और दृश्य की संपूर्णता को अपने भीतर समेट लिया। वह लौट आया और एक अंतहीन तलाश में फिर निकल पड़ा। उसके दृढ़ निश्चय और उसकी आंखों में झिलमिलाते उस घर के मॉडल को देख मैं डर गया था। मुझे चिंता हुई कि अपनी कुरूपता की विडंबना को बिसार, ऐसा सुंदर घर तलाशते-तलाशते अवश्य ही वह किन्हीं दिवास्वप्नों में गुम हो जाएगा।

मैंने उसे समझाया- ‘देखो, घर उधार के आंगनों-दीवारों या फिर चोरी किए गए छतों से नहीं बनते… घर कमाने पड़ते हैं। किस आधार पर तुम स्वयं को एक घर के योग्य मानने लगे हो…?’

उसने क्रोध से मेरी ओर देखा और बोला- ‘भले ही तुमने मेरे नसीब में एक घर नहीं लिखा, लेकिन मैं अपने भीतर की, जमीन पर ही सही, तुम्हें एक घर खड़ा करके दिखा दूंगा। घर रूपी जो बीज तुमने मेरे भीतर बो दिया है, उसका मैं पोषण अवश्य करूंगा। उसे बड़ा करूंगा।’

जाते हुए उसने मेरी ओर आंख उठाकर देखा तक नहीं। वह मेरे विरुद्ध विद्रोह करके जा रहा था। मैं उसे रोकना तो चाहता था, लेकिन मेरी रचनाशीलता के समस्त तंतु नाकाम सिद्ध हुए…  मेरे पास उसे स्वतंत्र छोड़ देने के अतिरिक्त और कोई उपाय बचा ही नहीं था।

वह निकल चुका था एक घर की तलाश में। इधर मैं जुटा रहा अपने आसपास असंख्य पात्रों की फौज खड़ी करने में, ताकि मुझे रचनाकार कहलाने का गौरव महसूस होता रहे।

एक बार फिर बारिश हो रही थी।

एक चौराहे पर खड़ा मैं अपने पात्रों के लिए मुखौटे, नैन-नक्श और रंग-रूप तलाश रहा था कि वह मुझे दूर से आता दिखा। समय ने उसके चेहरे पर भोलेपन की जगह अब परिपक्वता पोत दी थी। अत्यंत अचरज की बात यह थी कि उसके हाथ में एक खुली हुई छतरी थी और छतरी के नीचे एक नारी देह बरसाती में लिपटी धीरे-धीरे उसके साथ सटकर चल रही थी, जिसकी सिर्फ गोरी पिंडलियां ही दिख रही थीं।

मैंने उसे आवाज देकर रोकना चाहा, लेकिन वह मेरी ओर देखे बिना सामने से निकल गया। उसके साथ चल रही नारी भले ही मेरे द्वारा सृजित नहीं थी, फिर भी मुझे तसल्ली हुई कि शायद अब उसे घर की तलाश में सफलता मिल जाए। मेरी दृष्टि दूर तक भीगी सड़क पर झिलमिलाती एक जोड़ी परछाई का पीछा करती रही थी।

अब मैं जब कभी उस विशेष गली से गुजरता तो उस विशेष घर के समक्ष एकाएक ठिठककर खड़ा हो जाता। मेरे भीतर भी कहीं वैसा ही घर हासिल करने की आकांक्षा सिर उठाने लगती। मुझे लगने लगता कि घर को लेकर अपने भीतर दबी आकांक्षा शायद मैं अपने पात्र के द्वारा पूरी करवाना चाहता हूँ।

उससे अगली बार मैंने उसे देखा तो मुझे उस पर बड़ा तरस आया। उसके हाथ में आज छतरी की केवल हत्थी ही रह गई थी। वस्त्र तार–तार थे और सूरत और भी डरावनी दिख रही थी। आंखों में भटकन के रेगिस्तान तप रहे थे। वह किसी इतिहासहीन, संस्कृतिहीन एवं अतीतहीन मनुष्य की भांति अपनी ही तलाश के समुद्र में किसी अनाम टापू की तरह डूब चुका था।

इस बार उसने मुझे पहचान लिया था। शायद यही कारण था कि निकट आने पर क्रोध में उसकी मुट्ठियां कसने लगीं- ‘अपने मानसपुत्र को तुमने आधा-अधूरा और अक्षम क्यों रखा…?’ कहकर वह रुका नहीं और दांत पीसता भाग खड़ा हुआ।

शायद उसके दिमाग में कोई विष-बेल उग आई थी और वह अर्द्ध-विक्षिप्त हो गया था। उसकी हालत देखकर मुझे गहरा दुख हुआ। मैंने सौगंध खाई कि भविष्य में मैं इस प्रकार के पात्रों का सृजन कभी नहीं करूंगा… लेकिन, मैं नहीं जानता था कि समय के पथ पर अभी एक और आघात खड़ा मेरी प्रतीक्षा कर रहा था।

एक रोज फिर बारिश हो रही थी- मूसलाधार! मैं एक सड़क से गुजर रहा था। बारिश से बचने के लिए मैंने आसपास कोई आश्रय ढूंढ़ने का यत्न किया। एक जगह सड़क किनारे भीड़ का गोल घेरा दिखा। कौतूहल में मैं आगे बढ़ा। गोल घेरे के मध्य वह पीठ के बल गिरा पड़ा था। उसकी छाती पर घर का एक मॉडल टिका था जिसे उसने दोनों हाथों में भींच रखा था। घबराहट में मैं और आगे बढ़ा। झुककर मैंने ध्यानपूर्वक उसका चेहरा देखा। वह मर चुका था। उसकी मृत्यु के साथ ही उसकी बरसों पुरानी घर की तलाश भी समाप्त हो चुकी थी।

अपने विद्रोही पात्र का ऐसा दर्दनाक अंत देख मेरी आंखें भर आईं। एकाकीपन से ग्रसित अपने किसी पात्र की इतनी भयानक मौत की मैंने कभी कल्पना भी नहीं की थी। मैंने उसका चेहरा ढक दिया, ताकि लोग उसकी कुरूपता पर न हँसे, जिसका जिम्मेदार स्वयं मैं ही था।

लोगों ने मुझसे पूछा- ‘यह कौन है? क्या करता था? कैसे मरा?’

मैंने बताया- ‘इसका कोई नाम नहीं था… यह हमेशा कुछ तलाशता रहता था। यह केवल मेरा परिचित था… इसकी मौत का जिम्मेदार मैं ही हूँ…’ मेरी बातें सुनकर सभी हँसने लगे।

उसकी छाती पर टिका घर का मॉडल मैंने उठाया और वहां से सरपट भागा। अपने द्वारा सृजित पात्र की अधूरी तलाश को पूरा करना अब मेरी पहली जिम्मेदारी थी।

बारिश और तेज हो गई।

दौड़ते-दौड़ते सहसा मैं ठिठका। अरे, यह क्या हुआ? मेरी कानी अंगुली बारिश के पानी में नमक की तरह घुलने क्यों लगी है? सकपकाहट में मैंने अपना अंगूठा मुंह में रखा तो पूरा मुंह नमक के स्वाद से भर गया।

मैंने इधर-उधर देखा और एक गली के भीतर घुस गया।

सभी घरों के किवाड़ बंद थे। सिर छिपाने के लिए कहीं कोई आश्रय नहीं दिखा। मेरा अंग-अंग बारिश के पानी में घुलता चला जा रहा था। घर के मॉडल को छाती से चिपटाकर मैं बेतहाशा भागने लगा।

गली घुमावदार और लंबी होने के कारण, शायद मैं गली के उस छोर तक पहुंच ही न सकूं, जहां वह मॉडल जैसा घर स्थित है… शायद वहां तक पहुंचते-पहुंचते मेरे शरीर के सारे अंग पानी में घुल जाएंगे। वास्तव में, अब तक मुझे उस दारुण सच्चाई का भान हो चुका था कि मैं कोई रचनाकार नहीं, बल्कि स्वयं किसी और के द्वारा गढ़ा गया नमक का एक पुतला भर हूँ।