लेखक और टेलिविजन  ब्रॉडकास्टर। 80 से ज्यादा पुस्तकें हिंदी, पंजाबी, अंग्रेजी और उर्दू भाषा में प्रकाशित।

जापानी साहित्य में हाइकु कविता को विश्व पटल पर स्थापित करने वाले विश्व के वरिष्ठ संवेदनशील कवियों में शामिल शुनतारो तानीकावा (1931-2024) पिछले दिनों इस दुनिया से विदा हो गए ।शुनतारो ने संवेदनशीलता के साथ धरती की सुंदरता का वर्णन किया है, साथ ही मनुष्य के रिश्तों तथा भविष्य का भी। इसलिए वह विश्व के अपने समकालीन अन्य विश्व कवियों से अलग खड़े दिखाई देते हैं। उनकी अंग्रेजी में अनूदित पुस्तक है- ‘फ्लोटिंग द रिवर इन मेलांकॉली’। यहां उनकी कुछ कविताओं के अंश हैं।

हम जिंदा रहेंगे
फूल खिलेंगे
मर जाएंगे
जिंदगी खेलने
और धूप में खिले रहने का
नाम है
यह जगत तमाशा है।

—
उनकी कविताएं हमेशा आपके साथ हैं ।
मैं जानता हूँ कि मैं कौन हूँ
मैं अब यहां हूँ
लेकिन हो सकता है
मैं एक पल में ही चला जाऊं
भले ही मैं अब यहां नहीं हूँ, मैं… मैं हूँ, मैं हूँ
लेकिन सच तो यह है कि
मुझे ‘मैं’ नहीं बनना है।

—
मैं थोड़ा-सा तो पौधा हूँ
मैं कमोबेश एक मछली हो सकता हूँ
मैं फीकी चमक वाला अयस्क हूँ
हालांकि मैं इसका नाम नहीं जानता
और निस्संदेह मैं लगभग आप ही हूँ।

—-
क्योंकि मैं भुलाए जाने के बाद
गायब नहीं हो सकता
मैं एक लय हूँ
मैं एक सूक्ष्म तरंग और एक कण हूँ
यदि मैं इतना अभिमानी हो सकता हूँ
अपने दिल की धड़कन की लय पर
सवार होकर
प्रकाश वर्ष की दूरी से
मैं जानता हूँ कि मैं कौन हूँ
तो मुझे पता है तुम कौन हो
भले ही मैं आपका नाम नहीं जानता
भले ही कोई जनगणना रिकॉर्ड न हो
मैं आपमें भीड़ जमा कर रहा हूँ
किसी और दिन के लिए

—-
यह धरती की सबसे अच्छी सचाई है
बारिश में भीगकर खुशी महसूस हो रही है
तारों भरे आकाश के साथ
घर जैसा महसूस हो रहा है
भद्दे चुटकुलों पर चिढ़ता हूँ
मैं ‘मैं’ हूँ
मैं ‘मैं’ हूँ की कहावत से परे

—-
बच्चे खूबसूरत हैं
जो मेरे पास आकर मुझे नजदीक से देखते हैं
फिर उछलते हुए दूर चले जाते हैं
ये नंगे बच्चे ऐसे ही हैं
जैसे पानी भरे तालाबों में उठती हैं लहरियां
जीवन का युद्ध कभी खत्म नहीं होगा
और
वह भी धीरे, अचानक इतनी सहजता से
सहेजते हुए पुराने दिन पूरे हो जाएंगे
फिर खुद से वे बात करेंगे
अभी की चिल्लाहट गुम हो जाएगी
आवाज बदल जाएगी
फिर जो भी बोलेंगे बच्चे
ऊंचाई से पहाड़ से
उन्हें मैं बिलकुल ही समझ नहीं पाऊंगा।

संपर्क : 9/850, मालवीय नगर, जयपुर- 203017 (राजस्थान) मो.9478730156