युवा कवयित्री।फिलहाल कॉपीराइटर के रूप में काम।

शब्द 

1
पहले शब्द तितलियां थे
चारों तरफ उनको पकड़ने की भीड़ थी
सुंदर सतरंगी पंखों वाले शब्द
शब्द पकड़ लिए गए
और शीशे के बोइयामों में भर दिए गए
तितलियां मर गईं
फिर शब्दों से उनके तन को नोच लिया गया
और पंखों की आभा बचा ली गई
अब शब्द सड़ गए हैं, उनसे बदबू आ रही है।

2
पहले शब्द चिड़िया थे
मुंह खोलते ही मोती से दांत चमक उठते
अब शब्द तीर हैं
छूटते ही खून निकल आता है
फिर भी
मुंह खोलने की आदत पुराने बवासीर जैसी है
नहीं छूटती।

3
शब्द पहले सावन थे
आते ही पड़ जाते थे झूले
शब्द अब राक्षस हैं
दहाड़ते ही निकल पड़ते हैं लोग
लाखों की संख्या में
बिना कुछ सोचे समझे
किसी सुरक्षित स्थान पर मरने को।

4
पैरों के छाले, भूख और मन का दुख
ये अब शब्द के बराबर हैं
शब्दों का गर्भाधान हुआ है या पतन
इसपर बहस जारी है।

संपर्क :२२० ए/२, सावित्री नगर, नई दिल्ली–११००१७ईमेल –kriti.kk64@gmail.com