युवा कवि–लेखक। दो काव्य संग्रह ‘सृजन सौरभ’ और ‘धूप और धरती का प्रेम’ प्रकाशित।

भाषा व बोली

1
किसी प्रिय के चले जाने के बाद
इंसान प्रायः हो जाता है मौन

इंसान की ओढ़ी चुप्पी
बताती है कि
जाने वाला न केवल खुद जाता है
बल्कि लेकर चला जाता है साथ
वह भाषा भी जिसमें बतियाते थे
कभी वे दोनों।

2
कितनी समृद्ध है
यह दुनिया भाषाओं से!

इतनी कि यहां हर इंसान के पास
दूसरे इंसान से बतियाने के लिए है
एक अलग भाषा।

3
बात जंगल भी करते हैं
बात जानवर भी करते हैं
जंगलों और जानवरों की भाषा व बोली ने
खारिज किया है
किसी भाषा के लिए
लिपि की अनिवार्यता का सिद्धांत।

4
रंग कई हैं
पर भाषा एक ही है माटी की
नहीं सुना गया माटी का मन
सदियों से दर्ज किया है हमने
केवल माटी का मौन।

5
आदिम वासी है पहाड़
पृथ्वी पर
नहीं है इसकी
अपनी कोई मौलिक भाषा
फिर भी इसे ज्ञान है
दुनिया की तमाम भाषाओं और बोलियों का
पहाड़ हर भाषा और बोली में
बखूबी दोहरा सकते हैं।

सड़क

1
हम चलते हैं अगल-बगल
साथ-साथ
ठीक वैसे ही
जैसे चलती है बाईं सड़क
दाईं सड़क के साथ।

2
सड़कें सोचतीं कि
काश! हम भी नदी होते
हम पर से पुल निकलते
दो किनारे जुड़ते

पुल तो सड़कों के ऊपर भी निकलते हैं
पर इनका दुर्भाग्य कि
इनके बीच बने तो
केवल और केवल डिवाइडर।

3
बरसात ने उधेड़ कर रख दी
इनकी देह
सड़कें भी शिकार हो गईं
सियासत की।

4
अलग-अलग दिशा से बहकर
आती काली नदियों का संगम हैं
दोराहे, तिराहे या चौराहे
इसी संगम पर हर दिन लगता है
ट्रैफिक का महाकुंभ।

5
सड़कों ने अपने घुटने मोड़े हैं
भीतर की ओर
तब पैर पसार कर सोया है फुटपाथ
फुटपाथ के प्रति सड़क का समर्पण
प्रशासन की किताब में अतिक्रमण है।

6
फुटपाथ चल रहा है
सड़क के साथ
जैसे शहर की भीड़ में
चल रही हो मां
थामकर बच्चे का हाथ।

7
गांव का जयकिशन
शहर में जैकी हो गया
गांव की पगडंडी
शहर में पहुंचते-पहुंचते
फुटपाथ हो गई।

8
शहर में नहीं मिली
जिनको कहीं भी पनाह
फुटपाथ ने की है व्यवस्था
उनके गुजर-बसर की
फुटपाथ पर इंसान ही नहीं चलते
फुटपाथ से कइयों के जीवन भी चलते हैं।

9
गांव में फुटपाथ
छुप कर रहता है
सड़क की गोद में
जैसे बच्चा दुबका हो
अपनी मां के आंचल में।

कालूराम जी की बावड़ी, सूरसागर, जोधपुर-342024 (राजस्थान)मो.9413461694