युवा कवि।  विविध विषयों पर कंटेंट-लेखन। कई प्रतिष्ठित पत्रिकाओं में कविताएं प्रकाशित।

बंधी हुई नदी

कुछ शब्द बहुत भारी होते हैं
चेतना की नदी में उतरते हैं
जैसे पानी में उतरती है ईंट
गरजती नदी को रोक देती हैं
फुसफुसाती ईंटें
दीवार बन
बांध देती हैं उसे
रुक जाती है कलम चलते-चलते
फैलने लगती है उसकी परछाईं गहरी स्याह
और निगल जाती है वह सब
जो कभी हिम्मत से लिखा था
अटक जाती है हलक में वह सांस
जो गीत बनने वाली थी

बहती नदी साथ लाती थी गरमाहट
अब उसके बिना, नसों में लहू जमने लगा है
यह ठंड कोई वक्ती ठंड नहीं है
इसकी बर्फानी चादर एक बार
रूह पर चढ़ जाती है तो फिर उतरती नहीं
खामोशी जीवन का
एक अभिन्न अंग बन जाती है
इस शीत लहर के बाद
हर चौपाल से उठ जाते हैं
बहस की खिली धूप में लगने वाले
विचारों के मेले
अब बस एक थका हुआ आवारा
कुत्ता वहां पड़ा रहता है

बातें अब साहिल पर सहमी बैठी रहती हैं दीवारों से सटकर चलती हैं
कोशिश करती हैं न छेड़ें पानी को
सभी अब कबीर से सहमत हैं
तराजू लेकर हर लफ्ज को तौलते हैं
जानते हैं कि हर शब्द एक नुकीला पत्थर है
जो किसी को भी जख्मी कर सकता है

पर अब भी कोख में पलते हैं कुछ सवाल
कभी-कभी रौशनी बन आखों से फूट पड़ते हैं
पर लबों तक आते-आते दम तोड़ देते हैं
किसी अजन्मे बच्चे की तरह
जिसका न कोई नाम होता है न कोई मजार

वो बाग जहां बेपरवाह फूल खिलते थे
अब कांटों से पटा है
वो आकाश जहां नए नक्षत्र जन्मते थे
अब घने बादलों में कैद है
रंगसाज जो बगावत के रंग घोलते थे
खुद फीके पड़ गए हैं
उनके बसंती सपने अब पीले पड़ रहे हैं

शायद यह कीमत है उन भारी शब्दों की
जो देवदूत के पंख से बनी
न्याय की कलम के दुरुपयोग से पैदा होते हैं
यह कलम अपने फैसले कागज पर नहीं
सपनों के साझे आकाश पर लिखती है
उसकी स्याही तारों की रोशनी और
टूटे हुए नक्षत्रों की धूल से बनी है
वही स्याही अब दुनिया के संगीत में घुलकर
एक ठंडी लहर बन रही है
और हर सुरीली चीज को बेसुरा कर रही है।

वह जिसने तालाब चुराया
(अमृता प्रीतम को पढ़ते हुए)

एक तालाब था
हर रात उसमें चांद उतरता था
वह चांद वाली बुढ़िया
अपना चरखा छोड़ कर
कुछ पल अपनी परछाईं
देख लिया करती थी उसमें

उसके किनारे वह लेटा था
साथ कोई बाल्टी नहीं लाया था
न ही कोई गुनगुनाता पंप
बस धीरे से उसने अपनी त्वचा उतार दी थी
खाल के बटन खोल दिए थे
जैसे कोई पुराना कोट उतार रहा हो

सबसे पहले उसने चुराई
काई की हरी फुसफुसाहट
और उसमें छिपी
एक पूरी जीती-जागती आस्था
फिर सोख ली मछलियों की कूद से
छलकती घुटी चांदनी
वही चांदनी जो अब
उसकी नसों की लाल नदियों में तैरती है
यह कुफ्र देख कमल भी सहम कर सिमट गए
पर साथ ही जमा ली जड़ें
उसके फेफड़ों की कोमल मिट्टी में

अब उसकी आखों के कोनों में
पतंगें मंडराते हैं
ड्रैगन्फ्लाइ उड़ती हैं
और घूंट चाहे वह पानी की भरे
स्वाद हमेशा
तलछट में छिपी चांदनी का ही आता है।

प्रेम कविता और चूहा

एक प्रेम कविता थी
और एक चूहा था
कविता खुली पड़ी थी
एक सधी हुई गहरी चाहत में पिरोए थे अक्षर
शब्द-पंखुड़ियां यों सजाई थीं
कि छूने की हिम्मत न हो
मगर वो चूहा
पसलियों के भीतर धड़कते दिल जितना
उसमें ऐसी श्रद्धा कहां
वो सरसराता हुआ छंदों के बीच से गुजरता
रूपकों को यहां-वहां ढकेलता
विशेषणों को लुढ़काता
और अधूरे अधभुने सपनों की गीली स्याही पर
अपने नन्हें पैरों के निशान छोड़ता चलता

उसके पंजों तले कागज यों चरमराता
जैसे कोई दबी हुई हँसी हो
जैसे कोई ‘मैं प्यार तू’ कहते-कहते
अपने शब्द ही निगल गया हो।
चूहे ने कुछ पढ़ा नहीं था
बस जी रहा था वह
किसी इकरार में बना लिया था उसने
अपना बिल
इजहारों के बीच फुदकता
खींच ले जाता था तमाम कसमों-वादों को
कुतर-कुतर अपने बिल में

पर अचरज ये कि इस सबके बाद
कविता आसानी से सांस ले पाई
मानो मुहब्बत को थोड़ी वहशत
थोड़ी उथल-पुथल चाहिए थी
सच होने के लिए।

संपर्क :703, एंजेलो सीएचएस, हीरानंदानी एस्टेट, गोहोदबंदर रोड, ठाणे पश्चिम, मुंबई – 400607