कवि, कथाकार, समीक्षक। बच्चों के लिए भी कविता लेखन। बाल कविता संग्रह ‘इ इत्ता है, उ उत्ता है’। संप्रति गवर्नमेंट कॉलेज ऑव एडूकेशन, बानीपुर में एसोसिएट प्रोफेसर।

 

 

कोई तो है

कोई तो है
जो दिल को अंदर ही अंदर
आरी से काट रहा है
कोई तो है
जो हमें हँसने पर डांट रहा है

कोई तो है
जो दिन-रात उठते-बैठते
दिमाग में महीन-महीन होल कर रहा है
कोई तो है
जो हमारी भाषा में घुसकर
हमारे ही खिलाफ कठझोल कर रहा है
कोई तो है
जो हमको तुमको इसको उसको
सबको कहीं दूर से कंट्रोल कर रहा है
कोई तो है

कोई तो है जो पीछा करते-करते
बेडरूम के दरवाजे तक आ पहुंचा है
वह जानता है अभी रसोई में क्या पक रहा है
वह जानता है
कि बच्चा कमरे की सफेद दीवार पर
क्या लिख रहा है
वह सुन सकता है-
वाशबेसिन के खराब नल से
बूंद-बूंद टपकते पानी के गिरने की आवाज
वह सूंघ सकता है-
आत्मा के अंधेरे तल में रेंगते अजाने डर की गंध
भले कहीं कोई दिख नहीं रहा है
पर कोई तो है
जो हम सबकी गहरी नींद में सेंध लगाकर
हर एक सपने पर नजर रख रहा है
कोई तो है!

भूल

मैं पहाड़ पर गया
पहाड़ से उतरकर जंगल में
जंगल से निकलकर
मुझे लौट जाना था शहर
अपने घर

ट्रेन से
अपना सामान समेट कर
स्टेशन पर उतरकर
मुझे लगने लगा
कि मैं कुछ तो पीछे छोड़ आया हूँ

मैंने अपना सामान देखा
हाथ में छोटा सा वी.आई.पी.
पीठ पर पिट्ठू बैग
सब ठीक था
पर कुछ तो था
जिसे मैं पीछे भूल आया था
कुछ बहुत जरूरी
जो समेटने से रह गया

घर पहुंचकर पता चला
कि नहीं, कोई सामान नहीं
बल्कि मैं खुद छूट गया हूँ
खुद को ही
समेटने से चूक गया हूँ

अब मुझे फिर पहाड़ पर चढ़ना होगा
फिर किसी नदी में उतरना होगा
अनदेखे, अनजाने घने जंगलों में
एक दिगंत से दूसरे दिगंत तक
फिर-फिर चलना होगा
तुम्हारी आंखों के दिन-रात में
पेड़ की खामोशी की तरह सिहरते हुए
पल-पल ठहरना होगा
मुझे खुद को खोजने
फिर बे-ख़ुदी से गुजरना होगा।

जंगल से

जंगल-से
थोड़ा-सा जंगल
अपने साथ रख लो
थोड़ी-सी हवा
थोड़ा-सा पानी
थोड़ी-सी मिट्टी
जो तुम्हारे जूतों में लगी है
साथ लेते जाओ

अपनी आंखों में
आंख भर आकाश भर लो
जिसमें पेड़ से पत्तियों का गिरना शामिल हो
चुपके से थोड़े से जंगली फूल
अपनी स्मृतियों में रख लो
थोड़ी-सी चुप्पी
थोड़ी-सी गंध
सूर्योदय से सूर्यास्त के बीच
कल-कल बहती नदी का पानी
अपने कंठ में भर लो
जंगल में
समय निकाल कर
घड़ी भर समय साथ लेते जाओ
अपने लिए।

संपर्क : 388/8, बेहाला एअरपोर्ट रोड, मेन गेट, पो- पर्णश्री पल्ली, कोलकाता- 700060. (पश्चिम बंगाल)  मो. 9831198760