वरिष्ठ लेखिका
‘सच कहती कहानियाँ’, ‘एक अचम्भा प्रेम’ (कहानी संग्रह)। ‘एक शख्स कहानी-सा’ (जीवनी) ‘लावण्यदेवी’, ‘जड़ियाबाई’, ‘लालबत्ती की अमृतकन्या’ (उपन्यास) आदि चर्चित रचनाएँ।

“ज़रा छुओ मेरे बाल, कैसे खिले जा रहे हैं! कलकत्ते में दो दिन न धोओ, तो चिपचिपाने लगते हैं और यहाँ सात दिन हो गए।”-अणिमा बात ख़त्म करती है कि मिनती बोल पड़ी, “ओरे! की कोरे होबे? इंगरेजीर तीनटे पी-पोपुलेशन, पोल्यूशन आर पोवर्टी ऐखाने मिसिंग।” (अरे! कैसे होंगे? अँग्रेजी के तीन पी- आबादी, प्रदूषण और ग़रीबी यहाँ है कहाँ?) दो महिलाओं की ये आपसी बातें ध्यान देने लायक हैं और भूटान के यात्री साक्षी हैं इसके।
भूटान यानी भू का उत्थान- कलकत्ते का पड़ोसी देश। आप सिलीगुड़ी से जलदापाड़ा होते हुए जैसे ही आगे बढ़ते हैं, रास्ता दायीं ओर मुड़ जाता है- फूनशिलिंग की ओर। बड़ा सा दरवाज़ा, बौद्धकालीन नमूनों से सज्जित… साफ़ श़फ़्फ़ाफ़ सड़क और बाईं ओर का रास्ता भारत में ही आगे बढ़ जाता है। उस त्रिकोण पर खड़े होते ही आपको दोनों देशों के नागरिकों की समझ, शिष्टता और सौन्दर्य-बोध समझ में आ जाते हैं।
“माँ! यह नदी ऊपर पहाड़ पर चढ़ती हुई जहाँ से नीचे गिर रही है, वहाँ ये घर कैसे बने हुए हैं? ये पंखे क्यों घूम रहे हैं?” पूछ रहा है नन्हा शाश्वत।
“मुन्ना! भूटान के लोग बहुत भाग्यशाली हैं। इन्होंने नदियों को प्राकृतिक ढंग से ऊपर-नीचे उतार कर, उनसे बिजली पैदा कर ली है और अब उसे ठाठ से दूसरे देशों को भी बेच रहे हैं।”
इसी संदर्भ में रिनपोछे (उप-प्रधानमंत्री) ने बताया : “हमारी सारी नदियाँ एकदम पवित्र हैं, इनमें कोई भी गंदगी नहीं। इसलिए इनमें बालू भी नहीं जमता।… जापान का मन हमारे पेड़ों और नदियों पर ऐसा मचला कि हमसे बार-बार यहाँ काग़ज़ का कारख़ाना बैठाने की प्रार्थना करने लगा। …ओह! कितने लालच दिये उसने,… पर हमारे राजा ने उसे सपाट और स्पष्ट उत्तर देकर कहा : ‘आप हमारे उत्थान के लिए नहीं, अपनी बढ़ोत्तरी के लिए हमें ये ढेरों सब्जबाग दिखा रहे हैं। कागज का कारखाना हमारी नदियों में गंदे रसायन डालेगा, हमारे दऱख़्तों को निगल जाएगा। आपलोगों की सफलता यहाँ टेलीविजन के सस्ते कार्यक—म ले आएगी और यहाँ के लोग भ्रष्ट हो जाएँगे। अत: हमें माफ़ करें। हमें जितना काग़ज़ चाहिएगा आपसे या भारत से खरीद लेंगे, बदले में मु़फ़्त की बिजली बेच लेंगे।’ और बेचारे जापानी शिष्टमण्डल के दूत मुँह उतारे हुए यहाँ से विदा हो गए।”
“जब आप यहाँ किसी विदेशी सभ्यता का प्रवेश नहीं होने देते और कारख़ानों के ख़िलाफ़ हैं, तो आपकी सारी जनता पहनी-ओढ़ी, खाती-पीती, हँसती-मुस्कुराती कैसे नज़र आ रही है? क्या आपके पास कोई अलादीन का चिराग़ है?”
“हाँ! हमारा राजा अलादीन का चिराग़ ही है। उसके पास हर समस्या का तोड़ है।”
प्रश्न: “आप लोग आज के युग में भी राजा को इतना महत्व देते हैं?.. आप सब पढ़े-लिखे हैं, फिर राजा की ऐसी अहमियत?”
रिनपोछे ने प्रतिप्रश्न किया: “आपके पास अभी जो लड़की नुपूर बैठी थी, उसका क्या क़िस्सा है? क्या सलाह कर रही थी वह आपसे?”
“अरे! वह तो एकदम पागल है। कहती है, माँ के आदेश से बूढ़े से शादी करनी पड़ी। उसे छोड़ने की क्या जल्दी है। इच्छा होगी, तब छोड़ दूँगी। और बच्चा? उसकी मुझे क्या चिंता है। राजा जानें। अब आप ही बताइए राजा का इससे क्या लेना-देना?”
रिनपोछे का उत्तर चौंका देने वाला था: “वह सही कह रही है। राजकीय आदेशानुसार भूटान का हर बच्चा देश की धरोहर है। उसका पालन–पोषण, देखभाल, पढ़ाई–लिखाई सब सरकार के जिम्मे है। हमारे यहाँ उस व्यक्ति को सज़ा दी जा सकती है, जो सरकार के अनजाने भूखा सो रहा है या बिना घर के रहता है। उसे राज्य से खाना मिलेगा और सरकार उसका घर बनाएगी। आप चाहें, तो भी फुटपाथ पर नहीं सो सकते। क्या इन छ: दिनों में आपको भूटान में कोई भूखा–नंगा भिखारी दिखाई दिया?”
अब दस व्यक्तियों का हमारा दल एक-दूसरे का मुँह देखने लगा और सबकी गर्दनें नकारात्मकता में हिलने लगीं। सब आपस में बतियाने लगे : “भई, है तो बड़ी अज़ीब बात! पर सही भी है।”
हाँ, ऐसे ही ढेरों अजूबों का खजाना है भूटान।
विकसित पश्चिमी देशों में, जहाँ लाखों डॉलरों का सालाना शिक्षण शुल्क है, विकासशील देशों में भी जब उच्च शिक्षा आकाश छू रही है, वहाँ छुटका-सा भूटान साक्षरता के लिए कटिबद्ध है। वहाँ न केवल पेंसिल, कॉपी, यहाँ तक कि भोजन भी नि:शुल्क ही मिलता है। जो आवासीय स्कूल-कॉलेज हैं, वे भी पूर्णत: नि:शुल्क हैं। आज के युग में यह एक अनहोनी-सी बात लगती है। लेकिन एक अनोखी बात और भी है, जिसे भूटान होनी बना रहा है …और वह है नि:शुल्क चिकित्सा। न केवल भूटानवासियों हेतु; बल्कि प्रत्येक ज़रूरतमंद के लिए वहाँ अस्पताल के द्वार खुले हैं। 84.6 प्रतिशत आबादी को व्याधि-रोधक टीके मुहैया करवाता है यह देश।
झरनों के ऊपर रस्सियों से लटका उस पार जाता हुआ किसान सरीखा कोई आदमी आपको दिखे, तो समझ जाइए, उसके जिम्मे है बीहड़ इलाकों में जाकर बच्चों को सारे टीके देना। ‘ट्रिपल एंटीजेन’, ‘पोलियो’, ‘बी.सी.जी.’ जैसे जितने भी टीकों के नाम आप गिनाएँगे, वहाँ का किसान गर्दन हिलाकर कहेगा, ‘हाँ, मेरे बच्चे को ये दिये जा चुके हैं।’ 84.6 प्रतिशत आबादी को ‘इम्यूनाइज्ड’ कर देना एक बड़ी बात है।
चिकित्सा के क्षेत्र में ही एक बड़ी बात और, जो किसी भी देश के लिए अनुकरणीय है, वह यह कि भूटान अपने किसानों को जहाँ एक ओर ट्रैक्टर आदि की सुविधा देता है, वहीं दूसरी ओर किसान शहर की ओर न भागें, इसके लिए किसानों में से ही कुछ को चुन उन्हें प्राथमिक चिकित्सा सिखा कर डॉक्टरी का सामान दे देता है। वे खेतों में अपनी और साथी किसानों की दवा-दारू कर लेते हैं। ख़ास बीमारी होने पर एम्बुलेंस आने तक मरीज को सम्भाले भी रखते हैं। वहाँ के अस्पतालों में कई विदेशी और भारतीय ख्यातिप्राप्त सर्जन हैं।
भारतीय सीमा पर स्थित स्विस लोगों द्वारा बनाया गया एक अस्पताल तो देखने लायक है। वहाँ का रख-रखाव, सफ़ाई, सज्जा और बड़ी-बड़ी मशीनें देखकर आपको भ्रम हो जाएगा कि आप अमेरिका के किसी बड़े अस्पताल में खड़े हैं, पर आप वहां का रजिस्टर देखेंगे, तो आश्चर्यचकित रह जाएँगे कि ऑपरेशन करवाने वालों में 75 प्रतिशत मरीज भारतीय, बर्मी, नेपाली आदि हैं।
यह कहने पर कि यह तो ज़्यादती है, इससे तो आपका बजट चरमरा जाएगा, वहाँ का सरकारी उत्तर था- ‘बीमार को वापस कैसे लौटाया जा सकता है? यह मानवीय धर्म के ख़िलाफ़ है। हम क्षमता भर करेंगे, जब नहीं कर पाएँगे तब सोचेंगे।’ यह अकेला उत्तर हमें चौंका कर स्तब्ध करने को पर्याप्त था। क्या किसी देश की सरकार ऐसी करुणामय और आदमी के दु:ख-दर्द को समझने वाली भी होती है और वह भी राजा की?
इस राजा ने तलाक़ को कलंक नहीं माना, अविवाहिता माँ की वैसी ही पूजा की जाती है जैसी विवाहिता की। हमने दस दिनों के प्रवास में वहाँ तीन विभिन्न गाँवों के तीन विवाहों में भाग लिया। हम सबने दो विवाहों में यह देखकर दाँतों तले अँगुली दबा ली कि इनमें वर-वधू के साथ बच्चे भी बैठे थे। एक तो लगभग दस साल का होगा। उसकी कोई चर्चा या निंदा नहीं हो रही थी- एक स्वाभाविकता व्याप्त थी- मानों यह एक सहज-सी बात हो।
हममें से एक ने जिज्ञासा भी की कि “क्या ये इनके ही बच्चे हैं?” उत्तर मिला: “हाँ! …शायद।”
प्रश्न : “क्या नहीं भी हो सकते हैं?” और वही उत्तर : “शायद…।”
हमारे अवाक चेहरों को देखकर उन्होंने कहा: “इससे क्या फ़र्क पड़ता है? ये विवाह कर रहे हैं तो ठीक, न करें तो ठीक।”
“क्या इससे अराजकता नहीं फैलेगी? यह तो आप आदिवासी क़बीलों जैसी बात कर रहे हैं।”
“भई! इसमें ग़लत क्या है? अभी तक यह लड़की अपना अलग घर चला रही थी, अब इसके साथ चलायेगी।”
यह बात पूरी तरह हमारे पल्ले तो नहीं पड़ी, पर हमने ‘हाँ इ’ में गरदन ज़रूर हिला दी।
यहाँ रिनपोछे हमारे साथ थे और कुछ दूर खड़े हमारी असमंजस से भरी मुद्रा देख रहे थे। उन्होंने पास आकर कहा: “चाय पीने घर चलिए, वहीं बातें होंगीं।”
घर पर उन्होंने अपने पूजनीय राजा के विवाह की तस्वीरें हमें दिखाई- राजा का विवाह हो रहा है… तीन बहनें एक साथ मंडप में बैठी हैं। यह पूछने पर कि ‘इनके वर कहाँ हैं?’ रिनपोछे का उत्तर था: “तीनों ही राजा को चाहती थीं… इसलिए उन्हीं से विवाह करने को कटिबद्ध थीं।”
“हैं!… और यह बच्चा?”
“यह राजा का ही है। इन लड़कियों के पिता कुछ महत्त्वाकांक्षी हैं। राजा के पड़ोस में रहने के कारण उन्होंने बचपन से ही राजा से ख़ूब हेल–मेल बढ़ा लिया। लड़कियों को भी यह सिखा दिया कि उनकी जन्म–कुंडली में इस लड़के से ही उनका विवाह लिखा हुआ है।”
बचपन और युवावस्था का परिणाम यह बच्चा और राजा का अपनी प्रतिबद्धता के प्रति समर्पण ही है यह विवाह। गद्दी पाने के बाद ही विवाह होगा यह ठान बैठे लड़कियों के पिता ने राज्याभिषेक की प्रतीक्षा की और बाद में यह विवाह हुआ।
यह पूछने पर कि ‘आप लोगों को यह अटपटा नहीं लगा?’ उन्होंने एकदम सहजता से कहा: “आवर किंग वाज ‘हुक्ड’, बट वी आर हैपी दैट ही केप्ट हिज प्रॉमिस।” (राजा को चतुराई से फाँसा गया था, लेकिन प्रजा खुश है कि उन्होंने अपना वादा निभाया।)
वैसे भी चूँकि वहाँ ‘विवाह’, ‘तलाक़’, ‘बच्चा’, ‘लांछन’ आदि कोई मुद्दा ही नहीं है- तो फिर उसकी चर्चा ही कैसे हो, निंदा तो दूर की बात है।
भूटान का प्राकृतिक सौन्दर्य तो अनुपम और अद्वितीय है ही, पर उस सौन्दर्य की रक्षा और संवर्द्धन भी मनोहारी है। 14 हज़ार ़फुट की ऊँचाई पर चेललापास की फहराती सफ़ेद झंडियों के बीच हमारी गाड़ी ऐसी नरमाई से चल रही थी मानों कालीन पर चल रही हो।… ऐसा रास्ता?… इस ऊँचाई पर? ऐसा रख-रखाव? …हुआ तो कैसे?… आश्चर्य!
पूरे पहाड़ को अंदर से काट कर बनाया हुआ 340 मेगावाट का चुखा-बिजली बाँध पन्द्रह साल बाद भी ऐसा साफ़-सुथरा कैसे (?) जैसे अभी बना हो। क्या यहाँ के लोगों को पान-मसाला खा कर थूकना नहीं आता; पान तो दरकिनार? क्या यहाँ की मकड़ी जाले नहीं बुनती? यदि बुनती है, तो भूगर्भ में बनी यह आठ मंज़िला इमारत जाले से क्यों नहीं भरी? और यदि यहाँ के लोग भी पान खाते हैं, तो हम भारतवासी बगल में झाँककर अपने इस पड़ोसी देश से कुछ सीखते क्यों नहीं?
अन्य देशवासियों की मु़फ़्त चिकित्सा, भारत के भूकम्प और अन्य आपदाओं से इस प्रकार का लगाव वहाँ की बौद्ध परम्परा के करुणा पक्ष की जीती-जागती मिसाल है।
ऐसे ढेरों प्रश्न हर यात्री को जंगली गुलाब, आर्किड, एथोमेथी की वादियों में से गुज़रते… पारो-चू (नदी) हा-चू के पानी में पैर डालते… झरनों के पानी को उछालकर पीते… शाखाओं में लगी सफ़ेद ध्वजाओं से प्रार्थना के स्वर सुनते… पारदर्शी हवा को लंबी साँस ले फेफड़ों में भरते… आकाश की ओर दोनों हाथ उठा ऐसी ही भिक्षा माँगते हुए घेरते रहते हैं। शब्द गले में ही घुट कर रह जाते हैं। …हवा चेतावनी देती है- ‘चुप! मत बोलो इस अछूती वादी में। …चारों ओर पहाड़ियों से घिरे इन रास्तों में।… मत करो, कौमार्य भंग इसका… अपने स्वरों से… पाप होगा।…
‘ये करबद्ध बंदी प्रतीक्षारत… गंधर्व किन्नरों के, किरण पुरुष के… चुप!… मत करो, अपने स्वर से… नरम कोमल, कच्ची… इस माटी को क्षत।’
संपर्क सूत्र : 3 लाउडन स्ट्रीट, कोलकता-700017
image : Mauritius Photo Safari by Joseph Manglaviti
