वरिष्ठ कवि, कथाकार। ताज़ा संग्रह : ‘अधूरी रहना कविता की नियति है’।

बेख़याली के ख़याल

बीवी की मौत के छह हफ्तों बाद
वह काम पर वापस आया है
देख कर लगता है
गमी से उबर चुका है
खुश है कि किसी ने
हफ्तों बाद आने पर बुरा-भला नहीं कहा
सुबह से लगा हुआ है, अथक
मैं पेशाब कर रहा था जब दूसरी ओर
उसे कमोड साफ करते देखा
उसका यह काम है, वापस मिल गया है
याद करने की कोशिश करता हूँ
कि उसकी गैरमौजूदगी में
कौन सफाई का काम संभाल रहा था
सोचता हूँ कि उसके अंदर कुछ तो चल रहा है
पिछले साल ही शादी हुई थी
तो क्या कोई गड़बड़ थी
मसलन क्या वह बीवी पर ज़ुल्म करता था
क्या इसलिए उसपर कोई असर नहीं दिख रहा
क्या दुबारा शादी कर वह फिर से दहेज लेगा?
पूछ तो सकता नहीं
पर अपनी हैसियत के मुताबिक
अजीबोगरीब सवाल मन में उठने देता हूँ
ये सवाल बस यहीं तक यानी वाश-रूम तक या
यहां से निकल कर चलने पर
थोड़ी देर तक साथ रहेंगे
फ्लश चलाकर वापस मुड़ते ही उसकी आंखें
दिखती हैं, वह ब्रश वगैरह लिए
पल भर के लिए खड़ा मेरी ओर ताकता है
तभी एक चमक दिखती है
उसकी आंखों की पुतलियों में, मौत की झलक
स्याह रंग की रेखाएं दोनों आँखों के बीच में से
गुजरती हुईं
मैं नजर झुका कर आगे बढ़ता हूँ
फर्श में से उठता ठंडक का एहसास
मेरे बदन पर रेंगता चढ़ता है
सब कुछ ठीक है, काम पर आकर वह खुश है
काम के इन पलों में हमारा टकराना
कहीं दर्ज़ नहीं रहता
आखिर मैं कौन सा उसका सुपरवाइजर हूँ
अचानक उसकी आवाज आती है- नमस्ते सर
और मेरे हलक से खरखराती सी
कैसे हो की कविता फूट सी पड़ती है
आगे बढ़ जाता हूँ जैसे बढ़ना है मुझे
जैसे जंगें होनी हैं कहीं धरती पर
जैसे उसके दुबले जिस्म और
फूले पेट का पीछे छूटना है
जैसे कुछ पल, कुछ घंटे, कुछ दिन
इस तरह गुजरनी है जिंदगी
हमें ज्यादा नहीं बोलना है
वह जानता है यह सब
बिना मेरी तरह उलझते हुए
मैं इन खयालों से छुटकारा पाने को परेशान नहीं हूँ
गोकि ऐसे खयाल कहां टिकेंगे जेहन में
उसकी मेहनत को
जरूरत से ज्यादा वक्त मैं नहीं देता
वह मेरे लिए काम करता है
दफ्तर में हर किसी के लिए काम करता है
वह काम करता रहेगा
मेरे मरने तक
या कि हर किसी के मरने तक
उसे कहां आराम मिलेगा
वह है
तो बेख़याली के खयाल हैं ज़िंदगी में।

बहार

कौन सी जगह थी जहां से कई बार गुजरता हूँ
बीमार हूँ नहीं और इलाज मांगता फिरता हूँ
कैद में बहार मुझसे गुफ्तगू करती
कि आजाद कैसे घूमता फिरता हूँ
फिलहाल शायरी कहूँ कि कविता लिखूं
सवाल संजोता फिरता हूँ
बात कितनी तरह से कहूँ
कि इस तरह जीता बार-बार मरता फिरता हूँ
तो सुनो बहार आए न आए
धरती रोती रहती है
हमें महज फूल दिखते हैं

फूल दिखते हैं रंग-बिरंगे
बहार में नमी है
वह धरती के अश्कों से है

आंसू टपकते नहीं हैं
बहार भीगती है
रंगों का क्या उनको तो खिलना है

सब कुछ बाकायदा है
बहार का आना न आना
धरती बेतरतीब रोती है

फूल खिलते ही रहते हैं
अश्क सूख जाते हैं
बहार प्यास से तड़पती है
जाओ बहार से कह दो
धरती की प्यास अपना ले
फूलों को पराग बिखेर लेने दे

अश्क ही जिंदगी हैं
बहार शराब है
फूल बेबसी के तमगे हैं

धरती सिकुड़ती है
फूल राग अलापते हैं
बहार कैद में सो जाती है।

रब्बा

गम की काली रात पूरी हो गई रब्बा
बेबस ख्वाबों की परी सो गई रब्बा

हकीकत कि जागती परेशां इक रूह है
हर आलिम को नौकरी दो भई रब्बा

सड़क पर सोए को जगाने से पहले
पानी के साथ इक रोटी दो भई रब्बा

बहुत हुआ जंग के बादलों का खेला
बहुत रोया इंसां तू भी रो भई रब्बा

हमने तो जरा सा प्यार मांगा था
कहां हक़ीक़ी खो गई रब्बा।

बादलों की बातचीत

– क्या बात है, क्यों मुस्कुरा रहे हो?
– सोच रहा हूँ, पिघलने पर कैसा लगता है।
– वाक़ई, वैसे मुस्कुराते तुम अच्छे लगते हो
तुम्हारे होंठ छू लूं?
ओह!
पीली रोशनी में लिपटी एक गेंद फर्श पर गिरती है
और उसमें एक छेद कर देती है।
और बस ग़लती से,
इतनी उदासीनता से कि तुम जान भी नहीं पाते
तुम्हारी उंगलियां उस छेद को छूती हैं
और अचानक महसूस होता है कि
यह एक दूसरे छेद का विस्तार है
कि जीवन पिघलते लफ्जों का खिलवाड़ है

लफ्ज जन्नत की ओर उठ रहे हैं
जैसे बर्थ-डे पार्टियों में गुब्बारे हों
लाल-पीले अपने साथ धागों को
पतली पूँछ सा हिलाते
ऐसा ही है
चाहो न चाहो
क्या कोई बादल इससे बच सकता है?

समांतर कायनात

एक और संसार है
एक सुरंग के जरिए इससे उस कायनात में
आ-जा सकते हैं

हर रोज
हर कोई कायनातों के बीच सफ़र करता है
जेहन
अलग-अलग कायनातों से मिली जानकारियों का
खजाना है

अवसाद और उल्लास के बीच
किस्म-किस्म के संगीत के छींटों से
जिस्म भीगता है
दोपहर सूरज रात चांद और बादल
कल आज और कल

चेहरे अजनबी
लौट आते हैं
अचरज नहीं होता कि कहीं यादों में
दूसरे कायनात में उनसे मिलने के खयाल जड़े हैं

आखिर में दुख
जीवन-गीत बन बचा रहता है
सपने देखना, सपने न देखना
जाने क्यों साथ चलता रहता है।

छोटे सुख

1.
गीजर से गर्म पानी बहता रहे
टूटा बटन लगाते हुए
सुई की सीप में धागा डल जाए
इतना काफी है कि जिंदगी से खुश रहूँ
कूड़ा सही जगह पर फेंकूं
धुला कपड़ा क्लिप लगाकर टांग दूं
एक दिन छोटे सुखों में
बस एक दिन ऐसे गुज़र जाए
कि भूल जाऊं कि जंगें छिड़ी हुई हैं
एक दिन की पूंजी से
गुजार लूं बाकी तीन सौ पैंसठ रातें
छोटे-छोटे सुख
छोटी-छोटी बातें।

2.
ऐसा नहीं कि जिंदगी में गम न रहें
शर्त यह कि गम हमबदन रहें

शाम अकेली और सुबह अकेली भली
कुछ खयाल हमसफर आदतन रहें

दिन भर इंतजार न हो कि रात आती है
अलसुबह दबे पांव रात आती रहे

रात ही रात, रात से अदावत क्यों करूं
दिन ख्वाब में वह फिर लौट आती रहे

छोटे सुख, छोटे ख़्वाब आते रहें
किसी से कहने को छोटी-छोटी बातें रहें।

सामने

सामने बहुत कुछ है
सब कुछ
अंदर खालीपन है
अंदर से कोई लफ्ज सामने आ खड़ा नहीं होता
सामने शीशे के पार दूर तक जंगल है

अंदर कुर्सियों का समाज बसा है
चमकीले पर्दों पर सूचनाएं नाचती हैं
देखता-पढ़ता जानना चाहता हूँ
कि किसके इंतजार में हूँ
कोई शब्द है सामने जहां पहुंचूंगा
अंदर एक आदमी खुद से बतियाता गुजरता है
एक आदमी दो आदमी अनेक आदमी
खुद से बतियाते गुजरते हैं
आदमी इस भ्रम में है कि कोई उसे सुन रहा है

अभी वह साठ फीसदी कहता पास से गुजरा है
शीशे के पार जमीं पर एक पीली बत्ती थिरकती है
अंदर का पीलापन उससे हाथ मिलाता है
ऊपर सूरज पार करता है हवाओं की दीवारें
जगह बनाता हूँ कि सूरज आए
वक्त है कि उसे होना है
कि वह दुनिया भर प्यार के रंग बरसाए
अंदर फीका पड़ता हर धब्बा रंग की धार के बाद
सामने कहीं दुनिया के छोर से आगे बस जाए।

संपर्क:आईआईटीआई, गाछीबावली, हैदराबाद–500032