दिनकर कुमार
कवि, पत्रकार एवं अनुवादक। 11 कविता संग्रह, 2 उपन्यास और अनूदित 70 पुस्तकें प्रकाशित।

लुत्फा हानूम सेलिमा बेगम
असमिया की चर्चित कवयित्री। सात कविता संग्रह। कविताएं अंग्रेजी, हिंदी, नेपाली, बांग्ला, कन्नड़, गुजराती, राजस्थानी, उज्बेक, स्पेनिश और फ्रेंच सहित अन्य भाषाओं में अनूदित।
पतंग
(उत्सर्ग : दिवंगत पद्मलता राजवंशी)
लड़के-लड़कियां
देख ही रहे थे
मांझे की लटाई हाथ में ही रही
टूटकर चली गई पतंग
कहां जाकर अटकी किसी ने नहीं देखा
क्यों चली गई कोई नहीं जान पाया
कहीं खो गई पतंग
एक बादल से घिरे अपराह्न में
जमीन से पतंग तक थी
सिर्फ एक मांझे की राह
मांझे की राह कभी करीब लाती थी
कभी दूर ले जाती थी
फिर भी टूट गया टूट गया मांझा
खो गया मांझे की राह का सुराग
आकाश में देख रहे हैं वे
खींचकर लाई जा सकती है क्या पतंग
आंसू के मांझे से
उनके सपनों की पतंगें एक दिन
क्या उसी तरह टूट जाएंगी
कोई वजह उनको समझ में नहीं आती
लटाई अपनी छाया को भी
ढूंढ नहीं पाई
उसकी देह की जड़ को तोड़कर जाने वाली
पतंग की बात सोचते हुए
उड़ने वाली पतंग जो हमेशा
चिरशून्यता अभिमुखी
इसीलिए आती नहीं लौटकर।
इह जीवन
कहां कितनों को जो छोड़कर आ गई
निरर्थक होने पर भी
दिन की संगी छायाओं को भी
सभी बन गई वीरान मन का आईना
छूने से परे देखने से परे एक एक किंवदंती
जाना चाहकर भी
नहीं जा पाने की कैसी असंभव वापसी
सोचते ही यादों की चिंगारी
पिछली रात रखी गई मछली की भोर
चिंगारी और भोर
जोत जाती है बराबर कर जाती है
ढहा जाती है
मिट्टी का इह जीवन।
दो आरामकुर्सी
(1)
दो एक जैसी
आरामकुर्सी
कभी आकर बैठता है
सपना
दमकती आंखों के साथ हंसमुख सपना
वहीं बैठकर शाम की चाय पीता है
दोनों पैरों को हिला-हिला कर
आंखें मूंदकर कुछ सोचता रहता है
यथार्थ में जाने के
दिन-वार ढूंढता है शायद।
(2)
उनमें से एक कुर्सी पर कभी
अकेले आकर बैठता है आंसू
आंखों को छोड़कर उसने
तकिए के खोल पर मुंह छिपाया था
उसके बाद हथेली पर चादर के आंचल पर
इन सबको छोड़कर
बालकनी की कुर्सी पर गुमसुम होकर
बैठा रहता है आंसू
सोचता है शायद
क्यों भला बार-बार खो देता है
आंखों में लौटकर जाने की राह।
घर
एक घर बनाया
घर के गेट पर तुम्हारे नाम का फलक लगाया
प्राप्ति की खुशियां निकल न पाए
इसके लिए रात के गेट के ग्रील में ताला
एक घर बनाया
बंजारा बनने से बच गए
वैसे वजह-बेवजह बढ़ गई तुम्हारी बेचैनी
घर घर कहकर तुम बौराए
घर के अंदर रहने पर निकल जाने के लिए
निकल जाने पर घर लौटने के लिए बेकरार हुए
वैसे, घर के अंदर रहकर भी
भावना की बारिश में भीगता
कच्ची धूप में ही मुरझा गया
तुम्हारे सपने का कोंपल
घर के अंदर ही आशंका का बुलेट
धराशायी करता है तुम्हें।
कुर्सी की आत्मगाथा
कही जाने वाली बातें
कभी विदा लेना नहीं चाहतीं
इसीलिए आत्मगाथा का पहला अध्याय-
मैं किसकी, कोई नहीं जनता
मैं भी नहीं जानती
किसी के पास नहीं जाती किसी से नहीं मांगती
क्या चाहती हूँ यह भी नहीं जानता कोई
फिर भी मैं रुकी रहती हूँ किसी के लिए
सजाकर रखती हूँ विश्राम की शीतल गोद
कोई बैठता है कोई बैठने पर उठना नहीं चाहता
कभी जो बैठता है उसकी ही संपत्ति बन जाती हॅूं
मुझे जहां रखा जाता है क्या वहीं रह जाती हूँ
नहीं जानती मैं पर एक बात जानती हूँ
बेहद मामूली, चार पैर और दो हाथों के साथ
मेरा शरीर वैसे भी एक सरल समीकरण
जबकि मेरी खातिर कितनों की
कितनी जटिल कसरत
स्वप्नाभिलाषी मनुष्य से पाती हूँ कतने आमंत्रण
बताना जरूरी नहीं-
औरों के लिए ही उत्सर्गित मेरा जाग्रत जीवन
सोना नहीं जानती इसीलिए
ख्वाब देखना भी नहीं जानती
जहां रहती हूँ वही बन जाता है मेरा ठिकाना
नहीं है सिर्फ एक स्थाई ठिकाना
सभा-समिति में मेरी अहमियत ज्यादा
जबकि वहां कुछ भी बोल नहीं सकती
स्कूल-कॉलेज में भी मेरा
सम्मानजनक स्थान जबकि
मुझे छात्र-छात्रा बनकर
बैठने की इच्छा होती है बैंच पर
कोर्ट-कचहरी में युग-युग से हूँ
अनेक बातों की गवाह होने पर भी
गवाही नहीं दे सकती
विवाह समारोह में मैं अनिमंत्रित अभ्यागत
प्रेक्षागृह में मैं अंध दर्शक
रेस्टोरेंट या होटल में मैं क्षुधातुर नागरिक
विमान में धीमी सिटी बस में
कर्कश सहयात्री बनकर
मैं खुश नहीं शायद टेबल भी खुश नहीं
टेबल के साथ कभी-कभी रहती हूँ
अक्सर नहीं रहती नहीं रहना पसंद करती हूँ
पसंद नहीं टेबल की अहंकारी विलासिता
अपने काम और नाम से मैं खुश नहीं
एक ही काम की परिधि से चाहती हूँ मुक्ति
मैं अपना ‘कुर्सी’ नाम बदलना चाहती हूँ
मनुष्य की अदालत में।
संपर्क :
लुत्फा हानूम सेलिमा बेगम
हाउस नंबर 13, फर्स्ट फ्लोर, बोलोराम बोरा पथ, हैप्पी विला, बारोवाड़ी गुवाहाटी- 781003 (असम) फोन-8876521617
दिनकर कुमार
व्हाइट बिल्डिंग, शांति पथ, कलिताकुची, पोस्ट ऑफिस उदयन विहार गुवाहाटी- 781171 (असम) फोन-9435103755
