
युवा लेखिका और संस्कृतिकर्मी। विद्यासागर विश्वविद्यालय से हाल में डॉक्टरेट की उपाधि। कोलकाता के खुदीराम बोस कॉलेज में शिक्षण।
साहित्य का लक्ष्य हमेशा से खोई आवाजों को नव-स्वर देना रहा है। जिस तरह से वाल्मीकि ने क्रौंच-वध की व्यथा को खोने नहीं दिया था जिस तरह से भक्त कवियों ने धार्मिक आंडबर के बीच मनुष्यता के स्वर को थाम लिया, उसी तरह 1960 के दशक में हिंदी की आधुनिकतावादी कविता ने संपूर्ण सामाजिक व्यवस्था के खिलाफ विरोध दर्ज किया था।
’60 के आसपास एक-डेढ़ दशक तक लिखे गए साहित्य को दुनिया में कई नाम मिले। उसे हिंदी में ‘साठोत्तरी साहित्य’ कहा गया। यह युग कई अर्थों में नए ढंग का था। युवा पीढ़ी का आक्रोश और उग्र व्यवस्था-विरोधिता इसके प्रमुख चिह्न थे। यह साहित्य जीवन की अर्थहीनता की शिनाख्ता करते हुए भी एक ऐसी आवाज की तरह था, जिसमें उस युग के संघर्ष और समस्याओं की भी अभिव्यक्ति हो रही थी। इस दौर में देश की सभी भाषाओं के साहित्य में एक व्यापक बेचैनी और असंतोष दिखता है।
साठोत्तरी साहित्य को लेकर हिंदी साहित्य में कई धारणाएं प्रचलित हैं। कोई इसे आजादी के पहले देखे गए सपनों के टूटने का साहित्य मानता है। कोई इसे स्वातंत्र्योत्तर भारत के कु्रद्ध युवा लेखकों की रचनाशीलता के तौर पर देखता है। कुछ आलोचक इसका सूत्र उस दौर के क्रांतिकारी संघर्षों से तो कुछ इसे अमेरिकी कवि अलन गिंसबर्ग और बीटनिक से जोड़ते हैं।
निश्चश् ही 1960 का दशक मोहभंग का समय था, जब देश चीनी आक्रमण से गुजरा था और सभी आश्वासन झूठे साबित हुए थे। कभी सबके लिए रोटी-कपड़ा और मकान का भरोसा दिया गया था। मौलिक अधिकार, सामाजिक न्याय, लोकतंत्र और आर्थिक आत्मनिर्भरता का आश्वासन मिला था। भारत की विदेश नीति अहिंसा एवं पंचशील पर आधारित थी। हांलाकि चीन और पाकिस्तान के युद्ध ने भारत की अहिंसा-नीति को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। इतना ही नहीं, दुनिया में समाजवादी आदर्शों का अंत होते दिखने लगा। राजनीति में बढ़ी अनैतिकता और मूल्यहीनता के कारण आम लोगों की स्थिति दयनीय और निराशाजनक थी। निराशा और दुविधा से भरी नौजवान पीढ़ी आक्रोशित एवं अधीर हो रही थी। चारों ओर एक बौद्धिक विचलन और अराजकता की स्थिति थी। इस परिदृश्य में साठोत्तरी साहित्य के लेखकों के मन में एक नई किस्सा की सृजनात्मकता बन रही थी, जिसमें अविश्वास और विद्रोह का भाव भरा हुआ था।
साठोत्तरी साहित्य के लक्षण पर हिंदी के प्रसिद्ध आलोचक नंद किशोर नवल की टिप्पणी है- ‘जिसे साठोत्तरी कविता या अकविता कहा गया, उसमें दो प्रकार के कवि थे- एक अमेरिकी बीट पीढ़ी, बांग्ला की भूखी पीढ़ी और अकविता से प्रभावित जो परंपरागत मूल्यों का ध्वंस कर रहे थे, लेकिन जिनके पास एक व्यापक मानवीय और स्वातंत्र्यवादी दृष्टि थी। ऐसे कवियों में सर्वाधिक सशक्त राजकमल चौधरी थे। दूसरे कवि प्रतिबद्ध कवि थे, जो भारतीय स्वतंत्रता और जनतंत्र से बुरी तरह निराश थे, नाराज और भग्नमोह। आक्रोश और मोहभंग की कविता ऐसे ही कवियों ने लिखी जिनके सरताज धूमिल थे।’
साठोत्तरी कविता के चरित्र को समझने के लिए हम हिंदी सिनेमा के एंग्री यंगमैन अमिताभ बच्चन के उभार को भी देख सकते हैं। वे आक्रोशित युवा पीढ़ी का प्रतिनिधित्व करने वाले नायक थे। उस दौर की उनकी फिल्मों में राजनीति और सामाजिक पतन को लेकर एक गहरा असंतोष और क्षोभ मिलता है।
इतना महत्वपूर्ण दौर होने के बावजूद ‘साठोत्तरी साहित्य’ की रचनाशीलता का पर्याप्त व्यावहारिक मूल्यांकन नहीं हो पाया। इस दौर का लघु पत्रिका आंदोलन भी एक विस्मृत अध्याय है। यह सब देखते हुए यह परिचर्चा महत्वपूर्ण लग सकती है और इससे उस दौर के कई विस्मृत महत्वपूर्ण रचनाकारों के बारे में जानने की उत्सुकता पैदा हो सकती है।
सवाल
(1)विश्व परिप्रेक्ष्य में साठोत्तरी साहित्य का क्या महत्व है और क्यों ऐसा साहित्यिक आंदोलन अस्तित्व में आया?
(2)साठोत्तरी साहित्य के आंदोलन के दौर में घटित व्यवस्था विरोध में आज क्या सारवान दिखता है? उस साहित्यिक आंदोलन के बारे में कुछ बताएं।
(3)साठोत्तरी आंदोलन की चर्चा दो-तीन खास रचनाकारों के संदर्भ में सीमित रहती है, उसकी व्यापक रचनात्मक उपलब्धियों के बारे में क्या कहा जा सकता है?
(4)उस युग के प्रतिवाद और विद्रोह में कितनी सच्चाई थी और उन आंदोलनों से बाद का साहित्य कहां जुड़ता है और कहां अलग होता है?
(5)साठोत्तरी व्यवस्था-विरोध 21वीं सदी में कितना बचा है, उस दौर से क्या सीखा जा सकता है?
60 का दशक साहित्यिक आंदोलनों का दशक था |
राजेश जोशी |
साठोत्तरी को अगर एक पद में सूत्रबद्ध करना हो तो कहा जा सकता है कि साठोत्तरी का समय विद्यमान संरचनाओं के विध्वंस का समय है। भाषा शिल्प यहां तक कि संवेदना के सभी बने बनाए ढांचों में निरंतर तोड़फोड़ का समय। विध्वंस के बरक्स सृजनात्मकता के वैकल्पिक प्रतिमान वहां नहीं थे। राजकमल चौधरी की एक कविता पंक्ति में इसकी स्वीकारोक्ति से इसे समझा जा सकता है। राजकमल चौधरी की पंक्ति है- ‘जटिल हुए किंतु कोई भी प्रतिमा बनाने के योग्य नहीं हुए उसके अनुभव।’ लेकिन साठोत्तरी के बारे में कोई मोनोलिथिक एकाश्मक धारणा बनाकर उसे पूरी तरह नहीं समझा जा सकता। यह कहना भ्रामक होगा कि उस दौर में जो कुछ लिखा जा रहा था उसमें कोई एक कॉमन प्रवृत्ति मौजूद थी। उस पूरे दशक की रचनात्मकता को किसी भी स्कूल की कोई एक यूनीफार्म नहीं पहनाई जा सकती।
साठ का दशक अनेक उथल पुथल और विशेष रूप से कविता में अनेक आंदोलनों का समय है। ‘नईकविता’ पत्रिका में एक चर्चित लेख लिखा गया- किसिम किसिम की कविता। जगदीश गुप्त ने अपने इस लेख में लगभग पैंतालीस तरह की कविता के नामकरणों का उल्लेख किया है। सनातन सूर्योदयी कविता, जिसके शुरुआती कवियों में धूमिल का भी नाम लिया जाता है, के अलावा कुछ दिलचस्प नामों को याद किया जा सकता है। मसलन लिंग्वादमोतवादी कविता, ठोस कविता, मुहूर्त कविता, स्वस्थ कविता, टटकी कविता, नंगी कविता, गलत कविता, सही कविता आदि। इस तरह के कई काव्य आंदोलनों का जिक्र वहां मिलता है। प्रमुख रूप से अकविता, बीटनिक कविता तो थी ही। अकविता के प्रतिनिधि कवि जगदीश चतुर्वेदी, राजकमल चौधरी को अकविता का कवि मानने से इंकार कर देते हैं और उन्हें बीटनिक कवियों में रखते हैं। उनको लगता है कि बीटनिक कवियों पर गिंसबर्ग का प्रभाव था। भूखी पीढ़ी के कवियों को भी वे इस प्रभाव से जोड़ते हैं। हालांकि गिंसबर्ग का प्रभाव अकविता पर भी लक्ष्य किया जा सकता है। अकविता और बीटनिक कविता के बीच कितनी ही सहमतियां, असहमतियां रही हों लेकिन वे मूलतः अकविता ही थी।
कवियों का एक ऐसा समूह भी इस दशक में उभरा जो अकविता से पूरी तरह असहमत था और उसने अपनी कविता के लिए युवा कविता जैसा विशेषण चुना। अशोक वाजपेयी ने अकविता की तीखी आलोचना की है। साठोत्तरी के उत्तरार्ध में अर्थात 68 के आसपास नक्सल आंदोलन ने पूरे वातावरण को ही बदल दिया। ऐसे अनेक कवि जो पहले अकविता के साथ थे वे भी नक्सलबाड़ी से प्रभावित कविता के साथ चले गए। ऋतुराज, कुमार विकल और इब्बार रब्बी जैसे कुछ महत्वपूर्ण नामों का उल्लेख किया जा सकता है। अराजकता एक वैचारिक बल्कि विचारधारात्मक अराजकता में बदल गई।
साठोत्तरी का आंदोलन पनपने के कारणों के लिए विश्वपटल पर एक सरसरी निगाह डालें तो बहुत कुछ समझा जा सकता है। 60 का दशक दुनिया भर में आंदोलनों, अराजकता और काउंटर कल्चरल मूवमेंट का समय है। इन आंदोलनों और अराजकताओं का प्रभाव उस दौर के साहित्य पर भी परिलक्षित हुआ। नागरिक अधिकार आंदोलन, स्त्री मुक्ति आंदोलन, समलैंगिकता का आंदोलन और युवा सांस्कृतिक रेडिकलिज्म हिप्पीवाद के रूप में प्रकट हुआ। वियतनाम वार और मार्टिन लूथर किंग की हत्या जैसी अनेक घटनाओं को याद किया जा सकता है। हमारे देश में यही समय है जब संयुक्त परिवार टूट रहा था। चीन से युद्ध हो रहा था और विद्यमान लोकतंत्र से और नेहरू युग से मोहभंग की चर्चा वैचारिक बहस के केंद्र में थी। कुल जमा यह कि साठोत्तरी साहित्य का आंदोलन हर स्तर पर विद्यमान संरचनाओं के विध्वंस का, उसमें तोड़-फोड़ का समय है। रचना के शिल्प, भाषा और संवेदना के बने बनाए ढांचे टूट रहे थे। धूमिल की ‘पटकथा’ या सौमित्र मोहन की ‘लुकमान अली’ बहुत हद तक इस दौर की प्रवृत्ति को समझने के लिए सहायक हो सकते हैं। यह समय आजादी के बाद के रूमानी स्वप्न से बाहर आने का समय था।
साठोत्तरी का आदोलन एक स्तर पर साहित्य को नेहरू युग के रोमेंटीसिज्म से बाहर लाया लेकिन निषेध की उस प्रवृत्ति ने उसे एक निरर्थक अराजकता में बदल दिया। और 68 तक आते-आते नक्सलबाड़ी के सशस्त्र विद्रोह ने साहित्य की इस अराजक प्रवृत्ति को एक नए विद्रोही रोमेंटिसिज्म में बदल दिया। उसने भाषा की कई नई भंगिमाओं को संभव किया और दिनोंदिन बहुत नगरीय होते जा रहे साहित्य को नक्सल आंदोलन ने एक बार फिर गांव की तरफ मोड़ा। व्यवस्था-विरोध का जो निषेधवादी और अराजक स्वर था उसे नक्सल आंदोलन के बाद विचारधारात्मक आधार मिला।
इसलिए मुझे लगता है कि साठोत्तरी पर बात करने के लिए हमें उस समय के भीतर उभर रहे अलग-अलग आंदोलनों को देखना चाहिए। साठोत्तरी कविता में एक तरफ राजकमल चौधरी, धूमिल, सौमित्र मोहन जैसे प्रमुख कवि रहे हैं तो उससे अहसमत कवियों में अशोक वाजपेयी विनोद कुमार शुक्ल, विष्णु खरे, प्रभात त्रिपाठी जैसे कवियों की उपस्थिति भी महत्वपूर्ण है। कहानी में ‘चार यार’ की चर्चा होती रही है. जिसमें ज्ञानरंजन, दूधनाथ सिंह, काशीनाथ सिंह और रवींद्र कालिया का नाम प्रमुखता से लिया जाता है। नक्सलबाड़ी से संदर्भ में भी कुमार विकल, गोरख पांडे, वेणु गोपाल, आलोक धन्वा आदि कई नाम लिए जा सकते हैं। किसी भी समय को दो-चार नामों तक सीमित करके नहीं समझा जा सकता। किसी भी समय के साहित्यिक आंदोलन में कुछ बहुत विश्वसनीय होता है और बहुत कुछ प्रमुख रचनात्मकता का अनुकरण होता है। हर आंदोलन में आई महत्वपूर्ण रचना के मूल्यांकन की आवश्यकता होती है। किसी भी समय की रचनात्मकता के मूल्यांकन के लिए आलोचना की प्रक्रिया से बार-बार गुजरने की जरूरत होती है।
हर आंदोलन को उससे पहले के और बाद समय के संदर्भ में देखना जरूरी होता है। बाद के साहित्य को साठोत्तरी की प्रवृत्तियों के संदर्भ से काट कर नहीं समझा जा सकता। समय के साथ बहुत कुछ बदला है और लगातार बदल रहा है। नई प्रौद्यौगिकी ने बहुत सारे परिवर्तनों को जन्म दिया है। लेकिन फिर भी साठोत्तरी में अपने विद्यमान लोकतंत्र की आलोचना का जो साहस था उससे बहुत कुछ सीखा जा सकता है। उसकी आज ज्यादा जरूरत है। धूमिल की ‘पटकथा’ की वो पंक्तियां शायद आज ज्यादा बड़े सवाल की तरह हमारे सामने आकर खड़ी हो गई हैं कि-
आजादी क्या तीन थके हुए रंगों का नाम है
जिसे एक पहिया ढोता है
या इसका कोई खास मतलब भी होता है?
11 निराला नगर, भदभदा रोड, भोपाल-462003 मो.9424579277
अज्ञातवास : सौमित्र मोहनवह एक निर्गुण लोक में था अपनी चुम्बकीय तरंगों से बनने वाले चुपचाप |
साठोत्तरी साहित्य का संबंध मोहभंग से है |
हरीश त्रिवेदी |
पहले थोड़ा सा काल-भ्रम निवारण हो जाए कि साठोत्तरी का अर्थ क्या है। पश्चिमी गणना के अनुसार 1951 से 1960 तक छठा दशक चला, जैसा कि मेरे गुरुवर विजयदेव नारायण साही की पुस्तक ‘छठा दशक’ में संकलित निबंधों की कालावधि से स्पष्ट है। साठोत्तर का हिंदी के साहित्यिक संदर्भ में अर्थ माना जाता रहा है 1960 के बाद के दशक में लिखा गया साहित्य अर्थात मुख्यतः 1970 तक का साहित्य, जबकि इस साहित्य की कई मुख्य प्रवृत्तियां बाद के एक-दो दशकों तक भी प्रचलित रहीं, तो साठोत्तरी-सत्तरोत्तर तक, और फिर उसके आगे भी उत्तरोत्तर, चलती ही चली गई। जो लेखक सन साठ के आस-पास उभरकर आएगा वह फिर तीन-चार दशक और तो चलेगा ही और इस दौरान ज्यादा बदल भी नहीं जाएगा।
साहित्य दशकों के कटघरों में नहीं लिखा जाता, और अच्छा ही हुआ कि साठोत्तर की तर्ज पर कोई और दशकीय नाम हिंदी साहित्य में कभी और नहीं चला।
वैश्विक परिप्रेक्ष्य ः परिचर्चा का पहला प्रश्न हिंदी के नहीं किंतु विश्व के संदर्भ में है जिससे कुछ ऐसी ध्वनि निकलती है कि हमारी हिंदी की साठोत्तरी आयातित-सी है। मेरी दृष्टि में ऐसा नहीं था। केवल एक नई पश्चिमी विचारधारा उस दशक में यहां प्रभावी रही- जो थी ‘अस्तित्ववाद’, और उसकी भी धूम यहां तब मची जब सार्त्र ने 1964 में नोबेल पुरस्कार लेने से इनकार कर दिया, यह कह कर कि पुरस्कार ले लेने से उनका प्रभाव कम हो जाएगा! हिंदी की एक अकेली उल्लेखनीय अस्तित्ववादी कृति है अज्ञेय का उपन्यास ‘अपने-अपने अजनबी’, पर वह इस दार्शनिक विचारधारा के सार्त्र-जनित फैशन के तीन वर्ष पहले ही 1961 में प्रकाशित हो चुका था और अज्ञेय के निजी पठन-चिंतन का फल था।
साहित्य के इतर साठोत्तर दशक की राजनैतिक-सांस्कृतिक घटनाएं और अधिक महत्व की थीं। केनेडी के 1960 में राष्ट्रपति बनने के बाद अमेरिका और सोवियत रूस के बीच शीत-युद्ध और गरमाया (अथवा और गहरे पानी में चला गया) और 1962 में क्यूबा को लेकर हुई तना-तनी के दौरान लगा कि बस अब अणु-युद्ध छिड़ने ही वाला है। इसके पहले ही 1956 में बीट कवि अलेन गिन्सबर्ग ने अपनी कविता ‘हाउल’ (चीत्कार) में लिख दिया था : ‘अमेरिका, गो फक योरसेल्फ विद योर एटम बंब’ गिन्सबर्ग 1962 में भारत आए और बनारस में बीएचयू के अंग्रेजी विभाग के कुछ प्राध्यापक जब उनके दर्शन करने गए और उन्हें दिगंबर अवस्था में पाया तो उलटे पांव लौट आए।
इस बीच जब वियतनाम युद्ध में अमेरिका बुरी तरह फस गया और 1965 के बाद सेना में अमेरिकन नवयुवकों की जबरदस्ती भर्ती शुरू की गई, तो इससे बचने के लिए कई अमेरिकन यहां भारत या नेपाल भाग आए। इनमें से कई ‘हिप्पी’ या ‘फ्लावर चिल्ड्रेन’ भगोड़े यहां आकर जल्दी ही भंगेड़ी भी बन गए। यह मैंने बनारस में प्रत्यक्ष देखा जब मैं 1967-68में वहां रहता था। लंबे उलझे बालों और मैले-कुचैले कपड़ों वाली यह लगभग विपन्नता की जीवन-शैली भी अमेरिकन पूंजीवादी संभ्रांत संपन्नता के प्रतिरोध में एक छोटी-सी क्रांति थी।
पर इस दशक की सबसे क्रांतिकारी वैश्विक घटना तो फ्रांस में मई-जून 1968 में घटी जब पेरिस में सड़कों पर उतर आए विश्वविद्यालय के हजारों वामपंथी छात्रों-प्राध्यापकों ने और देश भर में हड़ताल करते लाखों मजदूरों ने सरकार का ऐसा चक्का-जाम किया कि लगा कि 1789 की क्रांति फिर आ गई क्या! राष्ट्रपति डि गॉल कुछ समय के लिए लापता हो गए, और जब लौटे और थोड़ी सुलह हुई तो उन्होंने तुरंत नए चुनाव करवाए, जिसमें वे इतने बड़े बहुमत से जीते कि उन्हें स्वयं आश्चर्य हुआ होगा कि उन्हें यह पुनर्जीवन मिला कैसे (486 में 358 सीटें, मतलब 73 प्रतिशत)। वैसे कहा जाता रहा है कि जिस देश में चुनाव होते हैं और तख्ता चुनाव से ही पलट जाता है तो वहां बस उतनी ही क्रांति संभव है। किसी भी देश की अधिकांश जनता शायद कभी क्रांति चाहती भी नहीं है, क्योंकि डरती-सहमती है कि क्या जाने आगे का समय और भी बुरा हो।
इस सब का साहित्यिक प्रभाव भारत या हिंदी पर क्या पड़ा? कहना होगा कि बहुत अधिक नहीं। अमेरिका या अमेरिकन नव-साम्राज्यवाद के खिलाफ कोई उपन्यास लिखा गया क्या? विएतनाम भी बस एक यमक-विभूषित बंगाली नारे में ही सिमट गया : ‘आमार नाम तोमार नाम विएतनाम!’ हां, प्रमुख कवियों में अरुण कमल ने अवश्य मई का एक दिन में लिखा है- ‘तुमने, वियतनाम, तुमने मुझे दी थी वह ताकत/ कंबोडिया, तुमने, तुमने मुझे दी थी वह हिम्मत/ कि मैं भविष्य से कुछ बातें करता…’ उन्होंने एक विएतनामी कवि का अनुवाद भी किया है।
हिंदी का साठोत्तरी साहित्य और तब की भाव-भूमि और संवेदना काफी हद तो अभी हाल तक चलती रही है, जैसा कि ऊपर कहा गया। आज हिंदी पाठकों को ये लेखक सर्वविदित नहीं तो बहुविदित अवश्य हैं और अब भी चाव से पढ़े जाते हैं। साठोत्तरी दशक में प्रकाशित होकर ख्याति पाने वाले कुछ कवि तो लगता है कि जैसे अभी कल तक हमारे साथ थे, जैसे कि कुंवर नारायण (1927-2017) या केदारनाथ सिंह (1934-2018)। कुछ और दुर्भाग्यवश अकाल ही चले गए जिनमें प्रमुख हैं सर्वेश्वर दयाल सक्सेना (1927-1983) और रघुवीर सहाय (1929-1990)। इनमें से तीन कवि अज्ञेय द्वारा संपादित ‘तीसरा सप्तक’ (1959) में चुने जाने के बाद से प्रकाश में आए थे जबकि रघुवीर जी ‘दूसरा सप्तक’ (1951) में ही मान्यता पा चुके थे।
हिंदी कहानी-उपन्यास के क्षेत्र में साठोत्तरी पीढ़ी को नई कहानी पीढ़ी के बाद उदित हुए लेखकों की पीढ़ी माना जाता है। शेखर जोशी ने अपनी सद्यः प्रकाशित पुस्तक ‘फकीरों के शहर इलाहाबाद में’ (2023) में संकलित भाषण ‘पचहत्तर पार के चार यार’ में अपने को नई कहानी पीढ़ी से जोड़ते हुए यह भेद बताया है कि उनकी अपनी पीढ़ी के लेखकों में ‘कुछ मोहग्रस्तता थी, कुछ स्वप्नदर्शिता थी जबकि साठोत्तरी पीढ़ी के लेखक खोखले आदर्शों से, झूठी मान्यताओं से, मोहग्रस्तता से’ मुक्त होना चाहते थे।
यह मोह किस बात का था? इसका कि सन ’47 में आजादी आ गई है तो अपने नए देश में सबका भला होगा, सबकी उन्नति होगी, सब खुशहाल होंगे। पर साठोत्तर दशक में इस आशा को झटके पर झटके लगते चले गए। ’62 में चीन ने हमारा स्वाभिमान बुरी तरह रौंदा (जब घायल हुआ हिमालय, खतरे में पड़ी आजादी)। ’64 में युगपुरुष नेहरू ‘हिंदी-चीनी भाई-भाई’ का भग्न-स्वप्न लेकर चले गए। ’65 में हुई पाकिस्तान से लड़ाई में हमारा पलड़ा कुछ भारी तो रहा पर ताशकंद में शांति-समझौता करते ही प्रधान मंत्री लाल बहादुर शास्त्री का रातों-रात निधन इस आंशिक जीत पर पानी फेर गया।
ऊपर उल्लिखित साठोत्तरी के अज्ञेय पोषित-प्रसारित कवियों के अलावा कुछ और कवियों का नाम लेना आवश्यक है- और याद करें कि ‘तारसप्तक’ के पहले कवि मुक्तिबोध थे और एक और कवि थे रामविलास शर्मा। इन सभी ने (और अज्ञेय ने भी) देश की आजादी पर अनेक तीखी कविताएं अवश्य लिखीं, पर ये साठोत्तरी पीढ़ी के पहले के कवि हैं। इसी तरह धूमिल आयु में कुछ अधिक छोटे थे। वैसे मोहभंग की – या शुरू से ही मोह-रहित – कविताओं का एक संग्रह बनाया जाए तो उसमें इन सभी को सादर स्थान मिलेगा।
इन सब में विभिन्न पाठकों के सर्वप्रिय कवि अवश्य ही भिन्न-भिन्न होंगे और होने भी चाहिए। मेरे लिए वे रघुवीर सहाय हैं जिनकी कविताओं से मुझे पचास-पचपन साल से मोह है जो अब तक भंग नहीं हुआ तो अब क्या होगा। उनके पहले संग्रह ‘सीढ़ियों पर धूप में’ का पहला संस्करण मेरे पास है। उनके साथ एक पखवाड़े भर की अनुवाद-कार्यशाला में बैठा हूँ, और फिर अनेक बार उनके घर जाकर भी उनकी कविताओं के अंग्रेजी अनुवादों पर मिल कर काम किया है। (वे स्वयं अंग्रेजी में एम. ए. थे।) तो अंत में उनकी कविताओं से ही पांच उद्धरण पढ़िए और साठोत्तरी साहित्य की बानगी लीजिए:
राष्ट्रगीत में भला कौन वह
भारत-भाग्य-विधाता है?
फटा सुथन्ना पहने जिसका
गुन हरचरना गाता है।
…
कौन कौन है वह जन-गण-मन-
अधिनायक वह महाबली
डरा हुआ मन बेमन जिसका
बाजा रोज बजाता है।
(अधिनायक)
बीस बरस बहुत बरस होते हैं एक स्वतंत्र देश में
लालसा मनुष्य की तिल-तिल कर मिट गई।
(एक अधेड़ भारतीय आत्मा)
बीस वर्ष
खो गए भरमे उपदेश में
एक पूरी पीढ़ी जनमी पली-पुसी क्लेश में
बेगानी हो गई अपने ही देश में
(मेरा प्रतिनिधि)
निर्धन जनता का शोषण है
कह कर आप हँसे।
लोकतंत्र का अंतिम क्षण है
कह कर आप हँसे…
(आपकी हँसी)
अंग्रेजों ने अंग्रेजी पढ़ाकर प्रजा बनाई
अंग्रेजी पढ़ाकर अब हम राजा बना रहे हैं।
(अंग्रेजी)
डी – 203, विदिशा अपार्टमेंट्स, 79, इंद्रप्रस्थ एक्स्टेंशन, दिल्ली–110092 मो.9818355433
|
|
नई कहानी, अकहानी, समांतर जैसा आंदोलन फिर क्यों नहीं उभरा |
जितेंद्र भाटिया |
हमारे देश में स्वतंत्रता का इतिहास एक तरह से आंदोलनों का इतिहास रहा है और स्वतंत्रता के बाद के दो-तीन दशकों में इसी की प्रति-छाया स्वरूप हिंदी साहित्य में भी कई वैचारिक आंदोलन आए। ‘नई कहानी’ से पहले साहित्य में जो आबोहवा थी, उसके बारे में कमलेश्वर-यादव-राकेश जैसों ने अज्ञेय को निशाना बनाते हुए कहा कि इस स्वातंत्र्योत्तर उफान में ‘अपनी स्वयं की गति नहीं थी’ और वैचारिक रूप से इसकी संवेदना, स्वतंत्रता आंदोलन के ‘हैंगओवर’ या नीरज के ‘कारवां गुजर गया, गुबार देखते रहे…’ की शक्ल में एक उपसंहार जैसी थी- जिसे खत्म कर साहित्य को देश के नए यथार्थ से जुड़ने की आवश्यकता थी।
इन्हीं विचारों ने हिंदी में ‘नई कहानी’ को जन्म दिया, जिसके झंडे को विधिवत स्वीकार किए बगैर कमलेश्वर-यादव-राकेश की त्रयी के अलावा मन्नू भंडारी, अमरकांत, भीष्म साहनी और निर्मल वर्मा ने हमें अपनी श्रेष्ठ कहानियां दीं। महत्वपूर्ण यह है कि ये सारे लेखक स्वतःस्फूर्त थे, लेकिन आंदोलन के झंडाबरदारों के साथ धनंजय वर्मा जैसे समीक्षक लेखकों ने उनकी सोच को सूत्रबद्ध कर एक आंदोलन की शक्ल दी।
मेरे मन में साहित्यिक आंदोलनों के बारे में सकारात्मक और नकारात्मक, दोनों ही तरह के अभिमत हैं। ये आंदोलन न सिर्फ अपने समय और उसके लेखन को परिभाषित करने में सहायक होते हैं, बल्कि इनकी उत्प्रेरक ऊर्जा में कई बार नई रचनात्मकता भी जन्म लेती है, जिसके जरिए समकालीन वैचारिक दृष्टि में भी इजाफा होता है। लेकिन दूसरी ओर ये आंदोलन कई बार एक खास किस्म की सामूहिक ‘मीडियाक्रिटी’ और दोयम लेखन को भी जन्म देते हैं। ये प्रवृत्तियां साठोत्तरी लेखन के ‘अकहानी’ दौर, इससे पहले के ‘नई कहानी’ दौर और ‘अकहानी’ के बाद आए ‘समांतर’ आंदोलन- सभी में देखी जा सकती हैं। इनके उत्कर्ष में सिर्फ दो-चार नाम स्मरण में रहे और शेष दसियों का नामोनिशान तक मिट गया! आपके द्वारा उठाया गया यह सवाल साठोत्तरी या ‘अकहानी’ आंदोलन ही नहीं, लगभग हर आंदोलन पर लागू होता है। लेकिन इसके साथ ही यह भी मानना होगा कि इन आंदोलनों के जरिए समकालीन रचनात्मकता के नए संकेत भी हमें उस समय की कहानियों में देखने को मिले!
‘नई कहानी’ आंदोलन जहां स्वतंत्र भारत के नए, उभरते यथार्थ को समर्पित था, वहीं साठोत्तर या ‘अकहानी’ आंदोलन के मूल में अपनी परंपरा को रद्द और ‘अस्वीकार’ करने या इसके विरुद्ध विद्रोह करने का भाव मुखर था। इसमें यूरोप के उस समय चर्चा में आ रहे ‘अवांगार्द’ आंदोलन का प्रभाव भी देखा जा सकता था, जिसमें गिंसबर्ग, ज्यां जेने और हेनरी मिलर जैसे बौद्धिक गुरुओं की चौंका देने वाली प्रवृत्तियां और रचनाओं में उनका ‘बोहेमियन’ जीवन, उनके शारीरिक संबंधों का हल्कापन, नशीले पदार्थों के सेवन का सहज स्वीकार और पारंपरिक मूल्यों के प्रति वितृष्णा का भाव था। पाश्चात्य विदेशी साहित्यिक समाज की यह अत्यंत फैशनेबल दुनिया थी, जिसमें अपने से पहले प्रचलित विचारधाराओं को खारिज कर एक सर्वथा ‘मुक्त’, ‘साइकेडेलिक’ रंगों की नई दुनिया रचाए जाने का नशीला, सपनों भरा आमंत्रण था!
इन्हीं वैश्विक प्रवृत्तियों के प्रभाव में हमारे यहां साठ के दशक में साहित्य की यह दुनिया ‘अकहानी’ की शक्ल में उभरी। जैसा कि इसके नाम से जाहिर है, इसमें अब तक लिखी गई कहानी को खारिज करने का भाव सबसे ऊपर है। इसी के साथ इस कहानी ने अनास्था, अपारंपरिक (बोहेमियन) के साथ जिन ओढ़े हुए ‘असांस्कृतिक’ और चौंका देने वाले प्रभावों को आत्मसात किया, उसका हमारे वंचित समाज की हकीकत से बहुत कम वास्ता था। हां, इस दौर के कई लेखकों (दूधनाथ सिंह, ज्ञानरंजन, महेंद्र भल्ला) आदि के पास एक नई तेजदार और प्रभावी भाषा जरूर थी। लेकिन इस भाषा का इस्तेमाल अक्सर संवेदना जगाने की जगह महज गुदगुदाने या चौंका देने के लिए होता था। इस संदर्भ में रवींद्र कालिया की बहुत-सी रचनाओं के साथ ‘अकहानी’ संग्रह (सं. सुरेंद्र अरोड़ा) में शामिल बहुत सी कहानियों को परखा जा सकता है। इनमें से कई कहानियों में हमें व्यवस्था के प्रति विरोध और अस्वीकार का भाव दिखाई देता है, लेकिन इस अस्वीकार को समाज के किसी वंचित या प्रभावित व्यापक वर्ग से जोड़कर देखना मुश्किल होगा। यही नहीं, इनमें आततायी का चेहरा भी किसी सत्ताधारी ताकत की शिनाख्त करने की जगह किसी छोटे-मोटे ‘गैंगलीडर’ या तानाशाही संपादक तक सीमित रह जाता है (ज्ञानरंजन की ‘घंटा’ या रवींद्र कालिया की ‘काला रजिस्टर’)। इस कारण इन्हें किसी बड़ी वर्ग चेतना से जोड़कर देखना मुश्किल हो जाता है। इन्हें पढ़ते हुए पाठक की संवेदना भी उसकी बुनावट और भाषाई दिलचस्पियों से आगे नहीं निकल पाती। किसी भी आंदोलन के शीर्ष में, लेखकों में एक-सी ‘संवेदनात्मक गतिविधियां’ रचने की जो होड़-सी लग जाती है, उसमें बहुत कुछ नश्वर, ‘मीडियाकर’ और तात्कालिक साबित होता है, जिसे नष्ट हो ही जाना होता है। कई दूसरे आंदोलनों की तरह साठोत्तरी दौर में भी बहुत सारे नाम उछले, लेकिन इनमें से अधिकांश की रचनाओं को उतनी ही जल्दी भुला भी दिया गया। दिलचस्प यह भी है कि ‘अकहानी’ के साठोत्तरी दौर और इससे आगे ‘समांतर’ की शुरुआत के आते-आते अधिकांश बड़े ‘अकहानीकारों’ का लेखन भी समाप्तप्राय हो जाता है। वे या तो कहानी लिखना छोड़ देते हैं या फिर संपादन या किसी और दिशा में मुड़ जाते हैं।
कामतानाथ एक अत्यंत संवेदनशील कथाकार थे। उनकी सपाट शैली में हमें लगातार एक ताप महसूस होता रहा है। वे साठोत्तरी के ‘अकहानी’ समय से सक्रिय थे, हालांकि उनकी अधिकांश महत्वपूर्ण कहानियां 1970 के बाद के ‘समांतर’ दौर की हैं। एक बार जब मैंने उनसे पूछा था कि कोई आंदोलन किसी लेखक की रचनात्मक जमीन को किस हद तक प्रभावित करता है तो उन्होंने अपनी ही दो कहानियों का जिक्र करते हुए कहा था कि ‘अकहानी’ के अनास्था वाले दौर में उन्होंने अपनी चर्चित कहानी ‘लाशें’ लिखी थी, जिसमें मुर्दाघर के कई चौंका देने वाले तथ्य थे, लेकिन ‘छुट्टियां’ आते-आते तक वे किसी चमत्कार से गुजरे बगैर अपनी कहानियों को प्रभावी बनाना सीख गए थे। इसमें बहुत कुछ योगदान ‘समांतर’ की उस सोच का था कि हमें अपने वास्तविक परिवेश से संपर्क साधकर-अनुभव से भी एक कदम आगे ‘अनुभव के अर्थ’ तक पहुंचना है।
साठोत्तरी पीढ़ी के अंत में अपना साहित्यिक सफर शुरू करने वाले मुझ जैसे लेखकों ने ‘अकहानी’ दौर की जिन ओढ़ी हुई और आयातित भंगिमाओं के विरुद्ध ‘समांतर’ की शुरुआत की थी, उसमें ‘अकहानी’ को पूरी तरह खारिज करने का भाव नहीं था। इस आंदोलन का महत्वपूर्ण योगदान उसका शिल्प और उसकी भाषा थी, जिससे हमने बहुत कुछ सीखा और स्वीकार किया। यह भाषा इससे पहले के ‘नई कहानी’ के प्रणेताओं की भाषा से काफी अलग और मेरी समझ में अधिक असरदार थी।
लेकिन वैचारिक स्तर पर हमारी सोच इन कहानीकारों से काफी अलग थी। हमारी कहानियां विदेशी और आयातित आग्रहों से मुक्त अपनी जमीन की और लौट आने की कहानियां थीं। ये कहानियां बिना किसी नाटकीयता या छद्म बौद्धिकता का सहारा लिए समाज के वंचितों की बात जमीनी धरातल पर करती थीं। पूर्ववर्ती कथाओं से यह अंतर इतना साफ था कि इसे रेखांकित करना बेहद जरूरी था।
साठ के दशक में ही ‘अकहानी’ आंदोलन की कहानियों के इर्दगिर्द कमलेश्वर ने अपना विवादास्पद लेख ‘ऐय्याश प्रेतों का विद्रोह’ लिखा था। इसके कई मुद्दे वही थे जिन्हें बाद में हमने ‘समांतर’ के दौर में महसूस किया, हालांकि इसके कुछ विचारों से हमारा इत्तफाक नहीं था।
कमलेश्वर का लेख छपने के बाद साठ के दशक के बहुत से लेखक कमलेश्वर और धर्मवीर भारती (जिन्होंने शायद अपनी पत्रिका ‘धर्मयुग’ में वह लेख छपा था) के विरुद्ध खड़े हो गए थे और बहुतों ने बरसों तक टाइम्स ऑफ इंडिया की तथाकथित ‘व्यावसायिक पत्रिका’ (मुख्यतः ‘धर्मयुग’ और ‘सारिका’) का बहिष्कार किया था। इससे लेखकों और पाठकों, दोनों का नुकसान हुआ था। आज तथाकथित छोटी पत्रिकाओं और व्यावसायिक पत्रिकाओं का यह फर्क अर्थहीन हो गया है, क्योंकि दोनों ही वर्ग की पत्रिकाओं के सामने अब एक जैसा पाठक-संकट खड़ा दिखाई देता है!
सवाल पूछा जा सकता है कि पिछले पचास वर्षों में हिंदी में फिर से ‘नई कहानी’ या साठोत्तरी ‘अकहानी’ या ‘समांतर’ जैसा कोई नया आंदोलन क्यों नहीं उभरा? इसका सीधा-साधा उत्तर यही है कि ‘पानी इतना कम है, उसमें नंगा नहाएगा क्या और निचोड़ेगा क्या?’
हिंदी साहित्यिक पत्रिकाओं ने पिछले पचास वर्षों में जिस रफ्तार से अपने पाठक खोए हैं और जिस तेजी से बड़ी पत्रिकाओं के दफ्तरों पर एक के बाद एक ताले लगे हैं, उसमें आंदोलन छोड़िए, छपी हुई विधा में साहित्य को जिंदा रखना तक मुश्किल हो चला है। पिछले पचास बरसों में समाज, उसकी बौद्धिक प्राथमिकताओं और पाठकों की रुचियों में आमूल परिवर्तन आ चुके हैं। पचास वर्ष पहले अकेले ‘धर्मयुग’ पत्रिका की पांच लाख प्रतियां छपती थीं। आज आप समाचार पत्रों को छोड़ ऐसी किसी संख्या की कल्पना भी कर सकते हैं?
यूं तो आज के ‘इंटरनेट’ युग ने हजारों, बल्कि लाखों तथाकथित नए लेखकों को जन्म दिया है, जिनमें से अधिकांश की महत्वाकांक्षा ‘फेसबुक’ के ‘लाइक’ या ‘डिसलाइक’ अथवा हँसते-रोते मुखड़ों या लाल रंग वाले दिल के जरिए समझी और नापी जाती है। ‘फेसबुक’ के साथ सबसे बड़ी दिक्कत यह है, और यह बात मैं हमेशा दोहराता हूँ, कि यह आपकी मौलिकता को नष्ट कर आपको करोड़ों दूसरे लोगों की तरह हू-ब-हू एक जैसी मशीनी ‘शॉर्ट कट’ भाषा में लिखने, व्यवहार में लाने और अंततः सोचने पर विवश करता है। इसके व्याकरण को स्वीकार किए बगैर आप इसमें प्रवेश नहीं कर सकते। इसी व्याकरण के जरिए आज साहित्य या बौद्धिक संवाद के नाम पर लाखों टन ‘सॉफ्ट’ कचरा हमारे लैपटॉप और फोन पर सवार, चारों दिशाओं में अनंत दूरियों तक फेंका जाने लगा है।
ऐसे में साहित्य की प्रवृत्तियों को समझने और उससे भी आगे उनको ‘साठोत्तर’ जैसे किसी आंदोलन में तब्दील करने का समय किस सिरफिरे के पास है?
602 गेटवे प्लाज़ा, हीरानंदानी गार्डन्स, पवई, मुंबई–400076 मो. 8169449650
|
|
साठोत्तरी साहित्य ने आधिपत्य और वर्चस्व को चुनौती दी |
विजय कुमार |
(1) साठ का दशक बीसवीं सदी के इतिहास में युवा पीढ़ी के आक्रोश, स्थापित व्यवस्थाओं और बूर्जुआ जीवन मूल्यों से तीव्र मोहभंग, असहमति व विरोध के दौर के रूप में जाना जाता है।
साठ का यह दशक कई दृष्टियों से अभूतपूर्व था। भारत हो या पश्चिम के उन्नत विकसित समाज- सभी जगह इस दशक के दौरान यथास्थितिवाद के विरुद्ध एक गहरी उथल-पुथल रही। वैश्विक स्तर पर इस अशांति और विद्रोह के अनेक रूप और भंगिमाएं उभर कर सामने आईं। राजनीतिक दलों, समाज व्यवस्था, जीवन पद्धति के ढांचों, संस्कृति के मान्य रूपों, कला, संगीत और साहित्य की परंपरागत अभिव्यक्तियों, बूर्जुआ कला मूल्यों और सौंदर्य रुचियों के खिलाफ सभी जगह एक अनास्था, बेचैनी, विक्षोभ, विद्रोह और तोड़-फोड़ दिखाई दी। इसे वर्चस्ववादी संरचनाओं को चुनौती देने वाले एक काउंटर-कल्चर या प्रति-संस्कृति का दशक भी कहा गया है।
अमेरिका के वियतनाम युद्ध में लिप्त होने के खिलाफ स्वत:स्फूर्त एक बड़े युद्ध-विरोधी नागरिक आंदोलन ने जन्म लिया था। विभिन्न यूनिवर्सिटियों के कैंपस में छात्रों के धरना और प्रदर्शन होने लगे। धीरे-धीरे ये धरना और प्रदर्शन युवा आक्रोश के एक व्यापक नागरिक आंदोलन में बदल गए। नस्ली भेदभाव और सामाजिक असमानता के खिलाफ इन आंदोलनों ने आधिपत्य और वर्चस्व के परंपरागत रूपों को चुनौती दी थी।
उस दौर में बूर्जुआ समाज की जीवन शैली और नैतिक वर्जनाओं की धज्जियां उड़ाई जा रही थीं। हर तरह की घेरेबंदी के खिलाफ विद्रोह का स्वर था। स्त्री चेतना के आंदोलन, जेंडर जागरूकता, समलैंगिकता के अधिकार के स्वर इस युवा आक्रोश के विविध आयामों को रच रहे थे। कैंपस में छात्र असंतोष की गतिविधियां, राजनीतिक हत्याएं, फैक्ट्रियों में व्यापक स्तर पर मजदूर हड़ताल, नव-वामपंथ के उभार, कला के लोकप्रिय रूपों में पॉप संगीत और बीटनिक पीढ़ी का उदय, हिप्पी आंदोलन आदि इस ‘प्रति-संस्कृति’ के विभिन्न आयामों को रच रहे थे।
वियतनाम युद्ध में एक बड़ी संख्या में जो सैनिक हताहत हुए उनमें अधिकांशतः अश्वेत थे। यह अमेरिकी सैन्य व्यवस्था में नस्ली भेदभाव का एक बड़ा प्रमाण था। अश्वेत लोक गायकों, गीतकारों और संगीतकारों ने साठ के दशक में अमेरिका में वियतनाम युद्ध के विरोध से लेकर नागरिक अधिकारों की चेतना के बहुत सारे गीत लिखे जो जनमानस में राष्ट्रगीत की तरह लोकप्रिय हुए। अश्वेत अमेरिकी कवयित्री माया एंजिलो की प्रसिद्ध आत्मकथा ‘आई नो व्हाई द केज्ड बर्ड सिंग’ को इस उथल-पुथल के बीच अतिशय लोकप्रियता मिली।
अमरीकी कवि एलेन गिन्सबर्ग की प्रख्यात कविता ‘हाउल’ इसी अशांत दौर में लिखी गई। व्यवस्था विरोधी चेतना के इस उभार से बौद्धिक, लेखक, कलाकार, शिक्षाविद, पत्रकार, वकील, सेवानिवृत सैन्य अधिकारी और चिकित्सक भी जुड़ते चले गए।
फ्रांस में 1968 का छात्र असंतोष पेरिस में सोनबर्न यूनिवर्सिटी के सरकार-विरोधी व्यापक आंदोलन के रूप में उभरा। उसने कैंपस में घेराव, हड़ताल, पुलिस दमन के खिलाफ मोर्चाबंदी का रूप ले लिया। साठ के दशक के इस युवा आक्रोश की अलग-अलग व्याख्याएं होती रही हैं। कुछ इसे वर्चस्ववाद और जकड़बंदी के विरुद्ध किसी संभावित क्रांति की मुख्य आधारभूमि मानते हैं तो कुछ इसे युवा पीढ़ी के केवल एक अराजक और दिशाहीन आक्रोश के रूप में देखते हैं।
लेकिन यह सच है कि पश्चिमी समाजों में युद्धोत्तर समय में जब वामपंथी शक्तियां निस्तेज होती जा रही थीं और परंपरागत संसदीय प्रणाली से परिवर्तन की कोई संभावना नहीं दिखाई दे रही थी तो पश्चिम के पूंजीवादी समाज में उठा यह युवा आंदोलन चे ग्वेवारा, हो ची मिन्ह आदि को अपने संघर्ष में आइकन के रूप में देख रहा था।
स्थापित शक्ति संरचनाओं, व्यवस्था में विभिन्न श्रेणियों, वर्गीकरण और परंपरागत प्रतिमानों के लिए यह आक्रोश एक चुनौती बन गया।
फ्रांस में इस युवा विद्रोह को बीसवीं सदी के प्रख्यात दार्शनिक और साहित्यकार ज्यां पाल सार्त्र ने अपना समर्थन दिया था और व्यवस्था के खिलाफ युवा आंदोलनकारियों के साथ प्रत्यक्ष हिस्सेदारी की थी। उनके अस्तित्ववादी दर्शन और मनुष्य की स्वतंत्रता की अवधारणा से इस युवा असंतोष ने अपनी नैतिक ऊर्जा और एक वैधता हासिल की। उधर जर्मनी में प्रख्यात जर्मन दार्शनिक हरबर्ट मार्क्यूज भी छात्र आंदोलन के साथ खड़े थे। पतनशील पूंजीवादी समाज की स्थितियों और आधुनिक औद्योगिक सभ्यता में मनुष्य की आंतरिक रिक्ति से संबंधित उनके विश्लेषण में मार्क्स और फ्रायड को एक साथ जोड़कर देखने की पद्धति ने भी छात्र आंदोलन को एक वैचारिक ऊर्जा दी।
1964 में प्रकाशित हरबर्ट मार्क्यूज की पुस्तक ‘वन डाइमेंशनल मैन’ ने छात्र आंदोलन को गहरे प्रभावित किया। फ्रांस, जर्मनी और इटली जैसे पश्चिमी यूरोपीय देशों में फैले व्यवस्था-विरोध के इस आंदोलन की धमक पूर्वी यूरोप में चेकोस्लोवाकिया तक भी पहुंची। वहां साम्यवादी शासन पर सोवियत रूस के वर्चस्व के खिलाफ जनतांत्रिक अधिकारों के आंदोलन ‘प्राग स्प्रिंग’ ने जन्म लिया।
(2) साठ के दशक में उभरे उस व्यवस्था विरोधी आंदोलन का कोई एक रूप नहीं था। उसके अलग-अलग शेड्स आपको दिखाई देंगे। हमारे यहां भारतीय भाषाओं के रचनात्मक परिदृश्य में भी साठ का दशक एक गहरी बैचेनी, असंतोष और उथल-पुथल से भरा हुआ था। बांग्ला भाषा में युवा कवियों का भूखी पीढ़ी आंदोलन, आंध्र में दिगंबर पीढ़ी का उदय, मराठी में दलित कविता आंदोलन और हिंदी में अकविता और नक्सलवाड़ी कविता के रूप में जो प्रवृतियां उभरीं वे स्वतंत्रता मिलने के डेढ़ दशक बाद आर्थिक, राजनीतिक, सामाजिक और सांस्कृतिक परिवेश से हुए मोहभंग की हताशा और आक्रोश से भरी प्रतिक्रियाएं थीं।
बंगाल में युवा कवियों का भूखी पीढ़ी आंदोलन मूलतः अमेरिकी बीट जनरेशन से प्रेरित था। मलय राय चौधुरी, समीर राय चौधरी, शक्ति चट्टोपाध्याय, देवी राय जैसे अनेक युवा रचनाकार इस आंदोलन के सदस्य थे। स्थापित व्यवस्था के आदर्शों का विरोध, मूर्ति भंजन, हाशिए के स्वरों और स्थानिकता का महत्व एक नई भाषा और अभिव्यक्ति की खोज, यौन मर्यादाओं और प्रतिमानों का उल्लंघन तथा अराजकता से भरा तेवर इस आंदोलन की विशेषताएं थीं। यह आंदोलन भले ही अल्पजीवी रहा पर इसने बांग्ला कविता के स्थापित सौंदर्य मानकों को झकझोर डाला।
तेलगु भाषा में दिगंबर पीढ़ी कविता आंदोलन उभरा। उन्होंने खुद को चेराबंद राजू, निखिलेश्वर, ज्वालामुखी, नग्नमुनि, महास्वप्न और भैरवय्या जैसे नामों से पुकारा। ऐसी कविताएं लिखी गईं, जो शायद शैली में बहुत परिष्कृत नहीं थीं। इन कविताओं में आक्रोश भरी अश्लीलता की गुणवत्ता थी। अपनी शुरुआत में यह आंदोलन विचारधारा और संगठनों के खिलाफ था, लेकिन उन्होंने खुद को सामाजिक-राजनीतिक और आर्थिक समस्याओं का सामना करने से दूर नहीं रखा।
मराठी में साठ के दशक में अन्ना भाऊ साठे, नामदेव ढसाळ, अरुण कांबळे, दया पवार, शांताबाई कांबळे, राजा ढाले, बेबी कांबले, भीमसेन देठे, वामन निंबालकर, लक्ष्मण माने, उर्मिला पवार जैसे अनेक दलित कवियों और लेखकों की एक सशक्त पीढ़ी उभरी। दलित पैंथर आंदोलन के आक्रामक तेवर को लिए हुए दलित जातियों से आए इन रचनाकारों ने सदियों से शोषितों, वंचितों, हाशिए पर जीवन जी रहे तबके की दबी-कुचली भावनाओं और पीड़ाओं को एक दहकती हुई भाषा में रखा और दलित अस्मिता के विमर्श को जन्म दिया। इसने समाज में जातिभेद के खिलाफ मोर्चा खोला और मुख्यधारा की जड़ीभूत अभिजात सौंदर्य रुचियों के विरुद्ध हड़कंप मचा दिया।
इसी कड़ी में भुजंग मेश्राम जैसे कवि ने आदिवासियों के अनेक प्रश्न, समस्याओं, अस्मिता, भाषा, जल, जंगल, जमीन जैसे अनेक मुद्दों को उठाया। इन सभी कवियों का समकालीन भारतीय साहित्य पर एक दूरगामी प्रभाव पड़ा।
हिंदी में अकविता और नक्सलबाड़ी आंदोलन से प्रभावित जो कविता साठ के दशक में उभरती हैं, उनकी पृष्ठभूमि में एक सर्वाग्रही विघटन और संक्रमण की स्थितियों के बीच विकसित हुई युवा पीढ़ी का विद्रोह था। समकालीन परिस्थितियों का सीधा दबाव रचनाकार के संवेदन तंत्र पर था। यह परंपरा से गहरे मोहभंग की स्थिति थी। रचनाकर्म इस युवा पीढ़ी के लिए भव्य, मोहक, महिमा मंडित कर्म नहीं बल्कि अपने बुनियादी अस्तित्व को बचाए रखने की किसी अनिवार्यता की तरह था। यह कविता अपनी पूर्ववर्ती नई कविता की एक एंटीथीसिस के रूप में उभरी। पूर्ववर्ती पीढ़ी की सौंदर्य दृष्टि और साहित्य प्रतिमान इस युवा पीढ़ी को निरर्थक लगे। उसके सामने अपना निपट वर्तमान था और उसके तीव्र अस्वीकार और निषेध की एक विकल्पहीन स्थिति थी।
इस बदले हुए सौंदर्यबोध की पृष्ठभूमि में स्वतंत्रता के डेढ़ दशक बाद का मोहभंग, राजनीतिक दिशाहीनता का वातावरण, आर्थिक व्यवस्था और बेमेल विकास की असंगतियां, एक खोखली हो चुकी प्राचीन संस्कृति के अवशेष और सार्वजनिक जीवन में सर्वग्रासी नैतिक पतन की स्थितियां थीं। आत्म निर्वासन इस युवा पीढ़ी के समूचे संवेदन तंत्र को एक गहरे विडंबना बोध, निहिलिज्म व अराजकता के भाव जगत से जोड़ता था और एक आवेगपूर्ण भाषा में उसकी अभिव्यक्ति थी। अकविता आंदोलन अल्पजीवी रहा। साठ के दशक के उत्तरार्ध में नक्सलबाड़ी आंदोलन से प्रभावित जो उग्र वामपंथी कविता उभरी जो वह संसदीय प्रणाली को एक बुर्जुआ ढकोसले के रूप में देखती थी और एक बुनियादी परिवर्तनकामी आकांक्षा के साथ किसान मजदूरों की सशक्त क्रांति के समर्थन की प्रतिबद्धता इस कविता के केंद्र में थी। कवि निजी राग सौंदर्य या रूपवादी आग्रहों से मुक्त होकर अपने संसार को एक वर्गदृष्टि युक्त प्रतिबद्धता से जोड़ता था। कविता की विषय वस्तु, संवेदना, लहजे, भाषा, रूप विन्यास और समग्र सौंदर्यबोध में एक मूलगामी परिवर्तन घटित हुआ।
(3) यह सच है कि हिंदी की साठोत्तरी कविता के सर्वाधिक महत्वपूर्ण कवि राजकमल चौधरी, धूमिल और सौमित्र मोहन हैं। इन तीनों के काव्य व्यक्तित्व एक दूसरे से बहुत अलग हैं और इनकी अपनी-अपनी विशिष्ट रचनात्मक उपलब्धियां रही हैं। राजकमल चौधरी ने अनुभूति और संरचना दोनों के स्तर पर नई कविता की रूमानियत को धमाके के साथ ध्वस्त कर दिया। उनके यहां काव्य व्यक्तित्व और अस्तित्व के बीच खड़ा किया गया अंतराल एकबारगी मिट जाता है। व्यक्तित्व भौतिक अस्तित्व बन जाता है। भौतिक अस्तित्व ही काव्य अस्तित्व बन गया। रचनाकार के बाहर-भीतर का फर्क मिट गया। राजकमल चौधरी के अनुभव जगत में एक मूल्यवान अराजकता है। यह कहा गया है कि राजकमल के अनुभव में यह एक ऐसी अराजकता है जो संस्कृति का गुरुत्वाकर्षण खत्म होने पर पैदा होती है। एक ओर संस्कृति का गुरुत्वाकर्षण समाप्त हो जाना और दूसरी ओर काव्य दशा का एक आत्मपरक रूप। यह दोनों स्थितियां मिलकर राजकमल चौधरी के व्यक्तित्व को एक अपूर्व सृजनात्मकता से भर देती हैं। अपने उस आत्म रूप के भी खिलाफ जो बाहर के सांस्कृतिक शून्य से पैदा हुई विकृतियों का प्रतिफलन है। कवि आत्मपरक है पर आत्ममुग्ध नहीं। यह एक बड़ी रचनात्मक उपलब्धि थी।
धूमिल की कविता में व्यापक सामाजिक विसंगति को जानने के बाद एक पैसिव किस्म का मोहभंग नहीं, बल्कि बौखलाहट और बेचैनी भरी सकारात्मक तल्खी है। वे शोषण की स्थितियों के भंडाफोड़ नरेटिव को एक विलक्षण रचनाधर्मी आवेग के साथ जोड़ते हैं। एक कसी हुई आक्रामक भाषा में स्थितियों का सृजनात्मक डॉक्यूमेंटेशन करते हैं।
सौमित्र मोहन की कविता में शिल्प के स्तर पर एक जटिल यथार्थ को दुस्वप्न, एब्सर्ड और अवचेतन की अतिरंजनाओं के बीच इस प्रकार पकड़ा गया है कि विसंगति, क्रमहीनता, विखंडन और विद्रूप का एक भाव जगत पाठक के सामने अर्थ की तहदारी को उपस्थित करता है। कविता में समय के नैतिक, राजनीतिक, सांस्कृतिक, सामाजिक छिलके उतरते जाते हैं। कथ्य और शिल्प की एक अद्भुत संलग्नता समय की बहुत सारी सूक्ष्मताओं को उघाड़ती है। यह कविता में रचा गया एक अति यथार्थवादी प्रतिसंसार था।
(4) आंदोलन उठते और गिरते हैं। उनके विश्लेषण, मीमांसा, मूल्यांकनों में बाद की पीढ़ियों के लिए एक महत्वपूर्ण विरासत के रूप में बहुत कुछ बचा रहता है। कुछ सफलताओं और कुछ विफलताओं की दास्तान कही जाती हैं, लेकिन सबसे अधिक मूल्यवान होता है उस उथल-पुथल के दौर की मूल स्पिरिट को समझना। किसी भी दौर पर बात करते हुए एकेडमिक्स में बहुत सारे जड़ और सुविधाजनक क्लीशे बन जाते हैं। लेकिन उन सामान्यीकरणों के बाहर अपने समय में खड़े होकर एक बीते हुए समय का पुनर्मूल्यांकन करना जरूरी होता है। महत्वपूर्ण है सफलताओं और सफलताओं के निष्कर्षों के बाहर उस युग की प्रतिरोध चेतना, असंतोष, आक्रोश, निर्वासन और विकलता को जानना। इनकी प्रासंगिकता बाद के समय के लिए बनी रहती है।
(5) इक्कीसवीं सदी का सबसे बड़ा सच है मनुष्य को घेरने वाली शक्ति-संरचनाओं की एक अभूतपूर्व नियंत्रणकारी ताकत। बाजार, टेक्नोलॉजी और उपभोग की संस्कृति ने मिलकर मनुष्य की सब्जेक्टिविटी या उसकी आत्म-सत्ता के स्पेस को लगभग लील लिया है। जीता-जागता मनुष्य आज सत्ता-संरचनाओं और उसके संस्थानों के लिए अब केवल एक संख्या मात्र है। मनुष्य के बाह्य जगत के साथ उसका अंतर जगत भी अब इन दमनकारी ताकतों की जद में है। उस पर सतत निगरानी रखी जा रही है।
पिछले दौर का रचनाकार संस्थानों से बाहर निकला था। वह अपने इस निर्वासन के अर्थ को रच रहा था। जड़ीभूत सौंदर्य रुचियों के ढांचों और प्रतिमानों को तोड़ने की वह विकलता महत्वपूर्ण थी। लेकिन रचयिता के सांस्थानीकरण की प्रक्रिया तो अब बहुत सूक्ष्म और बहुआयामी हो चुकी है। तमाम तरह की छद्म चेतनाओं से घिरे हुए रचनाकार के लिए अपने किसी आत्म जगत का संरक्षण और अपनी असहमति के स्पेस को बनाए रखना आज सबसे बड़ी चुनौती है। समकालीनता के इस अर्थ की पहचान जहां एक ओर शोषण और दमन के सूक्ष्म रूपों की शिनाख्त है, वहीं प्रतिरोध की एक वैकल्पिक ऊर्जा को जिलाए रखने की पेशकश भी। इन अर्थों में बीते हुए दौर परवर्ती पीढ़ी के लिए हमेशा प्रासंगिक बने रहते हैं। परवर्ती रचनाकार अपने समय को रचते हुए पूर्ववर्ती दौर की उस विस्मृत ऊर्जा का अपने भीतर पुनर्संयोजन करता है। पिछले दौर के आंदोलनों की सफलताएं या विफलताएं अपनी जगह हैं। मूल्यवान उस दौर के रचनाकारों के भीतर उस प्रतिरोध भरी विकलता और असंतोष की एक विरासत है। यही उस बीते समय की सबसे बड़ी प्रासंगिकता है।
ए–302, महावीर रचना, सेक्टर–15 सीबीडी बेलापुर, नवी मुंबई 400614 मो. 9820370825
जब कुछ नहीं लिखा जाता
|
साठोत्तरी साहित्य की ईमानदार बेचैनियों से कुछ सीखने की जरूरत है |
राजेंद्र कुमार |
बीसवीं शताब्दी का छठा दशक बीतते-बीतते भारतीय लोकतंत्र की विडंबनाएं उजागर होने लगी थीं। स्वतंत्रता, समता, और विश्व बंधुत्व जैसे पदबंध जिस उत्साह के साथ प्रचारित हुए थे, वह मंद पड़ने लगा था। पंचवर्षीय योजना, पंचशील, धर्मनिरपेक्षता, गुटनिरपेक्षता के आर्थिक सामाजिक और राजनीतिक मुहावरे जबानी फिचकुर जैसे प्रतीत होने लगे थे। 1962 में चीन के हमले ने नेहरू की विदेश नीति पर प्रश्नचिह्न लगा दिए। नेहरू अब संभावना नहीं रह गए। अब संस्कृति कर्मियों के एक बड़े वर्ग के लिए लोहिया आकर्षण के केंद्र बनते देखे गए। 1967 में उनका भी निधन हो गया। लेकिन उनके सांस्कृतिक चिंतन का प्रभाव, जो खासकर इलाहाबाद में साहित्यिक संस्था परिमल के सदस्यों और नई कविता आंदोलन पर था, वह अभी भी कुछ लेखकों में रहा।
1965 में अज्ञेय के संपादन में ‘दिनमान’ जैसे साप्ताहिक पत्र का निकलना विचारप्रधान पत्रकारिता के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक महत्व की परिघटना साबित हुई। रघुवीर सहाय और सर्वेश्वर जैसे कवियों-लेखकों को सजग पत्रकार के रूप में ‘दिनमान’ ने प्रतिष्ठा दिलाई। व्यावसायिक घरानों के टाइम्स आफ इंडिया और हिंदुस्तान टाइम्स समूहों से प्रकाशित ‘धर्मयुग’, ‘साप्ताहिक हिंदुस्तान’, ‘कादंबिनी’ आदि की धूम थी। 60 से 70 तक का दशक हिंदी की व्यावसायिक पत्रकारिता का स्वर्णयुग रहा। धर्मवीर भारती, कमलेश्वर आदि लेखकों ने संपादक के रूप में इनसे जुड़कर इन्हें निखारा। इधर भैरव प्रसाद गुप्त और श्रीपत राय ने कथा-प्रधान मासिक पत्रिकाएं निकाल कर नवलेखन में कहानी विधा को केंद्र में ला देने में योग दिया। आलोचना के क्षेत्र में नामवर सिंह, देवीशंकर अवस्थी, सुरेंद्र चौधरी ने कथालोचना का स्वरूप स्पष्ट किया।
व्यावसायिक पत्रकारिता की सीमाएं भी उजागर होने लगीं तो लघु पत्रिका आंदोलन का जन्म हुआ। ज्ञानरंजन ने जबलपुर से ‘पहल’ निकाल कर एक तरह से इस आंदोलन की अगुवाई की।
प्रयोगवाद और प्रगतिवाद, दोनों से रचनाशीलता की जो लीकें बनी थीं, उनके प्रति आत्यंतिक मोहग्रस्तता से उबरने की जरूरत समझी गई और वस्तुपरक दृष्टि से उनपर पुनर्विचार किया गया। कविता और कहानी में समकालीन समाज और जीवन के जटिल और तेजी से बदलते यथार्थ को अभिव्यक्ति देने का सवाल केंद्र में आ गया। अकविता, युयुत्सु कविता, बीटनिक कविता, अकहानी, समांतर कहानी, सहज कहानी आदि कई आंदोलन चले। पर जीवन में इतनी त्वरा, इतनी अनिश्चितता, संशयात्मकता, निस्संगता आ गई कि पहले की तरह किसी आंदोलन को अधिक ठहर पाना असंभव होता गया। विश्व की अनेक भाषाओं के साहित्य से परिचित होने के अवसर ज्यादा तेजी से सुलभ हुए और सत्तर के दशक में टेलीविजन जैसे इलेक्ट्रॉनिक माध्यम ने लेखकों को आकृष्ट किया। संचार क्रांति ने स्थानीयता और वैश्विकता के तार जोड़े। इन सबके प्रभाव ने सामाजिक परिदृश्य भी बदला और सांस्कृतिक परिदृश्य भी। नए अनुभवों और नए विचारों से तालमेल की जद्दोजहद बढ़ी। हिंदी साहित्य इन सबके बीच अपने स्वरूप को किसी स्थिर संरचना में उपलब्ध करने के संकटों की चुनौतियों से रूबरू होने को विवश हुआ।
(2) यों तो साहित्य में राजनीतिक चेतना और विचारधारा के प्रश्नों की ओर उन्मुखता प्रगतिवादी धारा में पहले ही आ चुकी थी लेकिन लोकतंत्र की संसदीय व्यवस्था की विद्रूप और विडंबनापूर्ण परिणतियां खुलकर सामने आईं तो उनके प्रति विद्रोह के स्वर साहित्य में तीव्रता से उभरने लगे। पूंजीवादी औद्योगिक विकास में आस्था डगमगाती गई और तेजी से बढ़ रहे मध्यवर्ग के ढुलमुल संस्कारों के व्यामोह पहचान में आने लगे।
मध्यवर्ग आज और भी अधिक अपने अंतर्विरोधों से ग्रस्त है। व्यवस्था से उसकी ‘नाभि-नालबद्धता’ अब और भी प्रगाढ़ है। आज की उपभोक्तावादी संस्कृति ने मध्यवर्ग को मस्त वर्ग में तब्दील कर दिया है। सत्ता-व्यवस्था के प्रतिरोध के बजाय उसमें किसी तरह खुद को समायोजित कर लेने में ही वह अपने को सुरक्षित समझ बैठा है। इसलिए प्रतिरोध की चेतना कुंद हो रही है। ऐसे में साठोत्तरी छटपटाहटों के बीच साहित्य में जो आवाजें उभरी थीं, उनसे सीख लेते हुए जनवादी रचनाशीलता को पुनर्योजित किया जाता है।
(3) साठ के दशक में नामवर सिंह की आलोचनात्मक कृति ‘कविता के नए प्रतिमान’ में यद्यपि अधिकांश जगह नई कविता आंदोलन के संदर्भ रहे, लेकिन इसकी विशेष उपलब्धि यह रही कि मुक्तिबोध को उनकी प्रवर्तनकारी भूमिका में पहचानने का पहला महत्वपूर्ण प्रयास नामवर सिंह द्वारा संभव हुआ। मुक्तिबोध यहीं से व्यापक चर्चा के केंद्र में आकर समकालीन सोद्देश्य रचनाशीलता के प्रस्थान बिंदु बन गए। रघुवीर सहाय, सर्वेश्वर, धूमिल, कुमारेंद्र पारसनाथ सिंह, शलभ श्री राम सिंह जैसे कवियों और काशीनाथ सिंह, दूधनाथ सिंह, विजयमोहन सिंह आदि कथाकारों ने सामाजिक और राजनीतिक यथार्थ की निर्मम शिनाख्त की संवेदना अपनी रचनाओं में अर्जित की।
(4) प्रतिवाद और विद्रोह की संवेदना के मूल में वह क्षोभ, आक्रोश जो जनाकांक्षाओं को पूरा करने में संसदीय लोकतंत्र की विफलता से उपजा था। सत्ता-प्रतिष्ठानों से निकलने वाले पत्रों में प्रतिवाद और विद्रोह के स्वरों को किसी स्पष्ट विचारधारात्मकता और दृढ़ पक्षधरता के साथ आ पाते न देख कर लेखकों ने अपने-अपने सहयोगी प्रयासों से लघु पत्रिकाओं के प्रकाशन का मार्ग अपनाया। समाज में जनवादी चेतना जगाने के लिए जिस इतिहास-दृष्टि और दायित्वबोध की अपेक्षा थी, उसे विकसित करने में लेखकों की एकजुटता में लघु पत्रिका आंदोलन ने विशेष योग दिया। प्रतिवाद और विद्रोह की एक राह साहित्य में ऐसी भी निकली जिसने व्यंग्य को स्वतंत्र विधा के रूप में प्रतिष्ठित कर दिया। परसाई इस विधा के सर्वाधिक चर्चित रचनाकार के रूप में उभरे। आगे श्रीलाल शुक्ल का उपन्यास ‘रागदरबारी’ इस दिशा में मील का पत्थर साबित हुआ।
’70 के दशक में जयप्रकाश नारायण के आंदोलन से लेखकों के जुड़ने के उत्साह में साठोत्तरी साहित्य की प्रतिवादी और विद्रोही चेतना की अभिव्यक्ति का परिपाक हुआ। ’75 में आपातकाल की घोषणा के साथ, इसी परिपाक से आशंकित होकर पत्र-पत्रिकाओं को सेंसरशिप से गुजरने के लिए बाध्य किया गया।
(5) 21 वीं सदी भूमंडलीकरण, उदारीकरण और निजीकरण के जिन आर्थिक मुहावरों पर अमल के उत्साह के साथ आई, उसने वैश्विक स्तर पर बाजारवाद और उपभोक्तावाद को बढ़ावा दिया। भूमंडलीकरण मानो एक खुला आवाहन हो कि ‘दुनिया भर के पूंजीपतियों एक हो’। टेक्नोलॉजी के अभूतपूर्व विकास ने भी इसमें योग दिया। भारत में इसकी परिणति क्रोनी पूंजीवाद के रूप में हुई। इसने हमारे लोकतंत्र में अपने राजनीतिक स्वरूप से ऐसी सेंध लगाई कि उसके जनवादी चरित्र की सारी संभावनाएं नि:शेष होती दिख रही हैं। राजनीति में धार्मिक-सांप्रदायिक प्रवृत्तियां और आस्था-विश्वास के नाम पर परंपरागत रूढ़ियां फिर सर उठाने का अचूक अवसर पा गईं।
साठोत्तरी साहित्य में मोहभंग के स्वर अपने समय के परिप्रेक्ष्य में उभरे थे। आज की स्थिति में क्या एक ऐसा ही मोहभंग बदले हुए समय में नहीं अपेक्षित है? पुनरुत्थानवाद के विरुद्ध आज फिर दृढ़ नकार के मोर्चे पर कैसे साहित्य के माध्यम से डटा जाए, इस संबंध में पिछली सदी के साठ के दौर के साहित्यांदोलनों के इतिहास से सीखा जा सकता है और आज के अनुभवों के आधार पर प्रतिरोध की नई दिशा तलाशने में उनसे सबक लिया जा सकता है।
12बी/1, बंद रोड, एलनगंज, इलाहाबाद (प्रयागराज)-211002, मो.9336493924
|
|
यह दौर अस्तित्ववाद और आधुनिकतावाद का था |
रविभूषण |
(1) 1960 के दशक में केवल कला साहित्य में ही नहीं, प्राय: सभी क्षेत्रों में हम अभूतपूर्व बदलाव देखते हैं- यह दशक सत्ता-विरोधी दशक है। रंग विरोधी आन्दोलन और पॉप संस्कृति के उदय का दशक है। यह शीत-युद्ध का दशक है। इस दशक में यूरोप में छात्र-आंदोलन हुए, सोवियत ब्लॉक में दरारें दिखीं, परिचर्चा यूरोप में छात्रों ने यथास्थिति के विरुद्ध प्रदर्शन किए।
संयुक्त राज्य अमरीका में इस दशक को ‘सांस्कृतिक दशक’ और यूके में ‘स्विंगिंग सिक्सटीज’ कहा गया है। बर्लिन की दीवार का निर्माण और आरंभ इसी समय हुआ। विश्व भर में चीजें बड़ी तेजी से बदलने लगी थीं। इस बदलाव से वंचित कोई महादेश नहीं था। साठ के दशक में 16 अफ्रीकी देशों ने अपने यूरोपीय औपनिवेशिक शासकों से स्वतंत्रता प्राप्त की। वियतनाम युद्ध-विरोध आंदोलन सर्वत्र फैला। ’60 के दशक को ‘एक खतरनाक दशक’ कहा गया है क्योंकि इस समय दुनिया कई समस्याओं में घिरी-फंसी थी।
साठ के दशक में विविध क्षेत्रों में, विविध स्तर पर एक साथ घटनाएं, विचार, आंदोलन, प्रति-संस्कृति आदि हम देखते हैं। ‘यह दशक सोवियत समाजवाद एवं पश्चिमी पूंजीवाद के बीच युद्ध का दशक है। इस दशक के आरंभ में मिल्टन फ्रीडमैन ने ‘कैपिटलिज्म एंड फ्रीडम’ पुस्तक में आधुनिक ‘करेंसी मार्केट’ की अवधारणा रखी, राजनीतिक और सामाजिक स्वतंत्रता के लिए मुक्त बाजार और मुक्त विनिमय प्रणाली को आवश्यक माना, राजनीतिक स्वतंत्रता के लिए आर्थिक स्वतंत्रता का तर्क प्रस्तुत किया, न्यूनतम सरकारी हस्तक्षेप को मुक्त बाजार के लिए आवश्यक बताया। साठ का दशक, कला, साहित्य, संस्कृति, राजनीति के साथ ही नए आर्थिक विचारों और सिद्धांतों का भी दशक है।
इस पर कम विचार होता है कि अर्थशास्त्र में नोबेल पुरस्कार की शरुआत इस दशक के अंत में, 1968 में क्यों हुई? प्रमुख अर्थशास्त्री वॉन हाएक ने 1960 में प्रकाशित अपनी पुस्तक ‘द कांस्टीट्यूशन ऑफ लिबर्टी’ में साफ शब्दों में सरकार को समाप्त करने, प्रद्योगों के निजीकरण, सब्सिडी की समाप्ति, सामाजिक सुरक्षा में खर्च में कटौती और ट्रेड यूनियन की शक्ति को कम करने की बात कही है। 1968 में गुन्नार मिर्डल की किताब आई- ‘एशियन ड्रामा : ऐन इन्क्वायरी इनटू द पॉवर्टी नेशंस’। मैक्लुहन ने इसी दशक में ‘ग्लोबल विलेन’ का कंसेप्ट दिया। झुको, डेल्यूज देरिदा की प्रमुख किताबें प्रकाशित हुईं, रेजिस देव्रे की किताब ‘रिवोल्यूशन इन दि रिवोल्यूशन’ का प्रकाशन वर्ष 1967 है।
इंटरनेट की शुरुआत इसी दशक में अमरीकी रक्षा-विभाग में अन्वेषक-कार्य के लिए की। जनवरी 1961 के ‘लुक’ मैगजीन के संपादक जार्ज लियोनार्ड ने ‘यूथ ऑफ द सिक्सटीज : द एक्सप्लोसिव जेनेरेशन’ लिखा और इस दशक का मूक पीढ़ी एवं पारंपरिक पीढ़ी से भिन्न एक असंतोष और गड़गड़ाहट के साथ विस्फोट रूप में देखा। यह दशक बड़े पैमाने पर सामाजिक परिवर्तन का महत्वपूर्ण एवं आकर्षक दशक है।
दूससरे विश्व युद्ध के बाद, पहली बार फ्रांस लोकप्रिय विद्रोह के समीप था। फ्रांस में एक करोड़ श्रमिक हड़ताल पर थे। वहां के छात्र और ब्रिटिश छात्र भी राजनीतिक व्यवस्था को चुनौती दे रहे थे, सवाल पर सवाल कर रहे थे। फ्रांस के छात्र आंदोलन के समर्थन में ज्यॉ पाल सार्त्र भी थे। महिलाओं ने इसी दशक में समान अधिकारों और वेतन के लिए संघर्ष किया, युवाओं ने यौन-क्रांति की बात की, व्यवस्था और सरकार को कठघरे में रखा, युद्ध के खिलाफ शांति की मांग की गई, पारंपरिक मानदंडों को अस्वीकार कर प्रति-संस्कृति विकसित की।
यह दशक युवा आंदोलन, छात्र-आंदोलन, स्त्री-आंदोलन, नागरिक अधिकार-आंदोलन, भेद-भाव से मुक्ति के आंदोलन की है। द्वितीय विश्वयुद्ध के बाद किसी एक दशक में आज तक साठ के दशक जैसा आंदोलन दिखाई नहीं देता। साठोत्तरी साहित्य पर विचार के लिए भारत सहित सभी देशों और विश्व-परिप्रेक्ष्य पर ध्यान देना आवश्यक है। स्वाधीन भारत में केवल इसी एक दशक के साथ साहित्य का नाम (साठोत्तरी साहित्य) जुड़ता है। इस साहित्यिक आंदोलन के पीछे वैश्विक स्तर पर घटी घटनाएं भी हैं।
उस समय के साहित्यिक माहौल को समझने के लिए आवश्यक है सामाजिक-राजनीतिक माहौल को समझना। अब तक व्यवस्थित रूप से साठ के दशक के हिंदी साहित्य पर, साहित्यिक आंदोलन पर कम विचार किया गया है। अमरकांत की ‘हत्यारे’ कहानी 1962 में प्रकाशित हुई थी। पचास के दशक में ‘नई कविता’ और ‘नई कहानी’ का आंदोलन प्रमुख था। ये आंदोलन विशुद्ध साहित्यिक आंदोलन थे।
साठोत्तरी साहित्य में हम एक साथ मोहभंग, आक्रोश, स्वप्न-भंग, निराशा, कुंठा, हताशा, दिग्भ्रम देखते हैं। 1960-62 में राजनीति और साहित्य में भी बदलाव दिखाई देता है। सुरेंद्र चौधरी जिन दो-तीन कहानियों- ‘हत्यारे’, ‘घंटा’, ‘रक्तपात’ में एक प्रकार का उत्तेजक आवेश देखते हैं, वह इस दशक में है। अस्तित्ववाद और आधुनिकतावाद दोनों हिंदी साहित्य में इसी समय प्रमुख होते हैं। एक प्रकार से यह दिशाओं की तलाश का समय है।
‘साठोत्तरी आंदोलन’ से बेहतर पद साठोत्तरी बदलाव है। पचास के दशक में ‘नई कविता’ और ‘नई कहानी’ अपनी पहचान बना चुकी थी। आज हमें वह आंदोलन के रूप में दिखाई देता है, पर उस समय वह कोई बड़ा आंदोलन नहीं था क्योंकि सभी कवियों एवं कहानीकारों के स्वर और विचार एक समान नहीं थे। ‘नई कविता’ पत्रिका का प्रकाशन पचास के दशक में हुआ था और ‘नई कहानियां’ का प्रकाशन साठ के दशक के आरंभ में। नामवर सिंह के चार लेख ‘कहानी’ पत्रिका में पहले प्रकाशित हो चुके थे। कहानी के आलोचक के रूप में उन्हें जनवरी 1960 से दिसंबर 1962 तक ‘नई कहानियां’ में ‘हाशिए पर’ स्तंभ में प्रकाशित 13 निबंधों से उन्हें प्रसिद्धि मिली।
हिंदी के लेखक साठ के दशक में मोहभंग के साथ नई तरह से नए मार्गों की तलाश कर रहे थे। व्यवस्था-विरोध का कोई एक स्वर नहीं था। 1967 के नक्सलबाड़ी आंदोलन के पहले और बाद के व्यवस्था-विरोध में अंतर है। 21 फरवरी 1967 के बाद नक्सलबाड़ी आंदोलन आरंभ हुआ। नामवर सिंह इसी वर्ष ‘आलोचना’ के संपादक बने।
राजनीति और साहित्य दोनों ही क्षेत्र में साठ का दशक विशेष महत्वपूर्ण है। भारत ने दो युद्ध झेले- भारत-चीन युद्ध (1962) और भारत-पाक युद्ध। बिहार में अकाल पड़ा। खाद्यान्न संकट बढ़ा। लेखकगण बाहरी आवाज अधिक सुन रहे थे। स्वतंत्र भारत में बीस वर्ष बाद ‘बसंत की गर्जना’ सुनाई पड़ी। उस समय की व्यवस्था-विरोध में सारवान आज भी व्यवस्था-विरोध ही है। राजनीति और साहित्य दोनों में वैसा व्यवस्था-विरोध आज हम नहीं देखते। पचास-साठ वर्ष बाद का भारत पूरी तरह बदल चुका है। साठ का दशक साहित्यिक और राजनीतिक आंदोलन का दशक था। आज वैसा आंदोलन नहीं है।
(3) साठोत्तरी पद जितना कहानी में प्रसिद्ध हुआ, उतना कविता में नहीं। इस दशक के आरंभ में लिखी गई कुछ कहानियों को नामवर सिंह ने ‘नई कहानी’ से भिन्न मानकर एक नई शुरुआत की ओर ध्यान दिलाया।
विजममोहन सिंह ने ‘साठोत्तरी कहानी’ शीर्षक से 15-16 कहानीकारों की कहानियों का एक संकलन निकाला। ज्ञानरंजन, काशीनाथ सिंह, दूधनाथ सिंह, रवींद्र कालिया (और विजयमोहन सिंह भी) इसी दशक के कथाकार हैं। कहानी के क्षेत्र में, उसकी आलोचना के क्षेत्र में यह दशक सर्वाधिक उर्वर है। नामवर सिंह की ‘कहानीः नई कहानी’, सुरेंद्र चौधरी की ‘हिंदी कहानी : प्रक्रिया और पाठ’ पुस्तक इसी दशक में आई। देवीशंकर अवस्थी को ‘नई कहानी : संदर्भ और प्रकृति’, राजेंद्र यादव की ‘एक दुनिया : समानांतर’, कमलेश्वर की ‘नई कहानी की भूमिका’ का भी प्रकाशन दशक यही है। कलकत्ता में ‘कथा दशक’ का एक बड़ा आयोजन हुआ।
साठोत्तरी लेखन एवं आंदोलन कुछ लेखकों तक सीमित नहीं था। इसको व्यापकता और समग्रता में देखने की अधिक कोशिशें नहीं हुईं। सर्वाधिक चर्चा जिन कथाकारों की हुई, उन्होंने नई कहानी की मित्र त्रयी (मोहन राकेश, कमलेश्वर और राजेंद्र यादव) की तरह बढ़-चढ़कर न तो आंदोलन में भाग लिया, न आलोचना पुस्तकें लिखीं। साठ के दशक का उसकी विविधता एवं समग्रता में कम आकलन हुआ। अमरकांत की ‘हत्यारे’ और ज्ञानरंजन की ‘घंटा’ कहानी पर एक साथ विचार नहीं किया गया। ‘चांद का मुंह टेढ़ा है’ का प्रकाशन 1964 में हुआ।
‘नई कविता’ के आठवें अंक में प्रकाशित ‘नई कविता : किसिम किसिम की कविता’ में जगदीश गुप्त ने लगभग चार दर्जन नामों को सूचीबद्ध किया- ‘अकविता’ से सब सुपरिचित हैं, पर ‘युयुत्सावादी कविता’, ‘सूर्योदयी कविता’, ‘विद्रोही कविता’, ‘क्षुत्फातर कविता’, ‘ताजा कविता’, ‘टटकी कविता’, ‘ठोस कविता’ (कंक्रीट कविता), ‘शुद्ध कविता’, ‘सही कविता’, ‘अभिनव कविता’, ‘अधुनातन कविता’, ‘एब्सर्ड कविता’ आदि अब केवल पत्र-पत्रिकाओं के पृष्ठों पर हैं। आज खिलकर कल मुरझाने वाले आंदोलन, काव्यांदोलन इस दशक में अधिक हैं।
जगदीश गुप्ता ने अपने निबंध में समकालीन कविता संबंधी विचारधारा का एक परिदृश्यात्मक अवलोकन किया था। तारे नेक थे, सितारे कम थे, ‘लहर’ और ‘वातायन’ पत्रिका की भूमिका अधिक थी। 1961 में ‘लहर’ का कवितांक 1964 में इसी पत्रिका का ‘भारतीय काव्यांक’ में नई कविता से अपने को अलग करने का प्रबल आग्रह था। 1963 में जगदीश चतुर्वेदी ने कवियों को ‘अभिनव काव्य का नियंता’ कहा। वीरेंद्र कुमार जैन ने साठ के दशक की आरंभिक कविताओं को, काव्य-चेतना को पतन-पराजय, कुंठा, आत्म पीड़ना और जीवित आत्मघात के असूझ अंधकार में आत्महारा दिशाहारा होकर ‘भटकने’ की बात कही। राजकमल चौधरी, धूमिल अकविता से जुड़े थे। वे ‘मुक्ति-प्रसंग’ और ‘पटकथा’ में सर्वथा भिन्न रूप में दिखाई पड़े।
गंगा प्रसाद विमल, जगदीश चतुर्वेदी और श्याम परमार की तिकड़ी ने ‘विजप’ निकला। नई कविता और नई कहानी से अलग कर इस दशक के अनेक कवियों-कहानीकारों ने अपनी विशिष्टता और मौलिकता की ओर ध्यान आकृष्ट किया। 1967-68 के समय से दृश्य बदलने लगा। राजनीतिक आंदोलन ने साहित्यिक आंदोलन को किनारे किया।
साठोत्तरी साहित्य में हम बड़ी आसानी से उस कल खंड को समझ सकते हैं, अगर कविता की ही बात करें, तो मुक्तिबोध की ‘अंधेरे में’, राजकुमार चौधरी की ‘मुक्ति प्रसंग’, सौमित्र मोहन की ‘लुकमान अली’ और धूमिल की ‘पटकथा’ के साथ ‘चांद का मुंह टेढ़ा है’ और ‘आत्महत्या के विरुद्ध’ (रघुवीर सहाय) को एक साथ रखकर देखें, बहुत कुछ स्पष्ट हो जाएगा। ‘राग दरबारी’ और ‘अलग-अलग वैतरनी‘ उपन्यास को देखें और आलोचना में नामवर सिंह की ‘नई कविता के प्रतिमान’ के साथ अमृतराय की ‘नई समीक्षा’ पर ध्यान दें तो नवता के प्रति आग्रह अभी शेष था। निस्संदेह उस दौर की रचनात्मक उपलब्धियां अधिक महत्वपूर्ण हैं। विवेचना-गोष्ठी को देखें, पत्र-पत्रिकाएं उल्टें, साठ के दशक जैसा रचनात्मक उपलब्धियों का ऐसा समर्थ दशक और कोई नहीं है।
(4) साठोत्तरी साहित्य के प्रतिवाद और विद्रोह के दो चरण हैं- पहला 1960 से 1967 तक है। दूसरा, 1967 के बाद का है। पहले चरण में कई बाह्य प्रभाव भी हैं, जिनमें ‘भूखी पीढ़ी’, गिंसबर्ग, हिप्पी और बीटल्स प्रमुख हैं। कुछ नया कर गुजरने की चाह है, इसमें प्रदर्शप्रियता के साथ अनुकरण भी है। श्रीराम वर्मा ने- ‘मरी हुई औरत के साथ संभोग’ जैसी कविता लिखी और इसे ‘अंतश्चेतना द्वारा लिखी गई कविता’ कहा। विकृत संबंधों को लेकर कुछ कहानियां भी लिखी गईं। कविताएं अधिक। प्रतिवाद और विद्रोह के ऐसे आरंभिक स्वर अधिक समय तक कायम नहीं रहे। साहित्य से बाहर कवियों-लेखकों का ध्यान गया।
रघुवीर सहाय ने आत्महत्या के विरुद्ध’ (1967) के वक्तव्य में लिखा- ‘लोकतंत्र मोटे, बहुत मोटे तौर पर लोकतंत्र ने हमें इंसान की शानदार जिंदगी और कुत्ते की मौत के बीच चांप लिया है।’ अकविता से जुड़ अधिसंख्य कवियों ने साहित्य के बाहर समाज को, राजनीति को देखना आरंभ किया। कविता को ‘स्वाभाविक कविता की दिशा’ कहने वाले श्याम परमान ने ‘अकविता और काव्य-संदर्भ’ (1968) पुस्तक की ‘प्रस्तावना’ में मुक्तिबोध को याद किया- ‘साहित्य के साहित्य में निर्वासन आवश्यक है’ उन्होंने अकविता को ‘विद्रोह की कविता’ नहीं कहा है। अकविता की ‘नियति’ को उन्होंने ‘अकेलेपन की नियति’ न मानकर ‘विकृत संबंधों को नियति’ माना।
उस समय के साहित्यिक आंदोलनों से बाद का साहित्य नहीं जुड़ता है। कहानी में महीप सिंह ने ‘सचेतन कहानी’ और अमृतराय ने ‘सहज कहानी’ की बात की, पर इसने आंदोलन का रूप नहीं लिया। इसके बाद के सत्तर के दशक में कमलेश्वर की ‘समानांतर कहानी’ ने एक कथा-आंदोलन का रूप लिया था, कुछ अंशों तक जनवादी कहानी ने भी, लेकिन उस समय से आज तक कोई बड़ा या प्रभावशाली आंदोलन साहित्य से गायब है। बाद का साहित्य अलग है क्योंकि राजनीति में हलचलें कहीं अधिक हुईं।
सत्तर के दशक से आजतक की कविता, कहानी को समकालीन कविता, कहानी कहा जाता है और 1990 के दशक से बदले परिदृश्य में यही मौजूद हैं, केवल कुछ अंशों में भूमंडलोत्तर साहित्य का नाम प्रयोग में है। साहित्य साहित्यिक आंदोलनों से अलग होकर सामाजिक, राजनीतिक आंदोलनों से जुड़ता है। साहित्य की पहचान का तरीका बदल गया। साहित्यिक आंदोलन, राजनीतिक आंदोलनों के समक्ष अधिक प्रभावशाली और टिकाऊ नहीं होता। साठ के दशक में साहित्यिक बहसें कहीं अधिक थीं। ‘परिमल’ कहीं अधिक सक्रिय था। इलाहाबाद में जीवंतता एवं सरगर्मियां थीं। लघु मानव के बहाने हिंदी कविता पर एक बहस साही ने की थी। उस दौर में कई साहित्यिक संस्थाएं सक्रिय थीं।
(5) साठोत्तरी विद्रोह अब इतिहास है। वर्तमान में, इक्कीसवीं सदी में विद्रोह का वैसा रूप शेष नहीं है। वैसे तो साहित्य की विद्रोही परंपरा एवं प्रतिपक्ष की भूमिका कभी समाप्त नहीं होती। वह समयानुसार अपने रूप और आकार ग्रहण करती है। साठ के दशक में सच बोलने का साहस था। उस समय के साहित्य से ही नहीं, राजनीति से भी आज का साहित्य और राजनीति भिन्न है। साहित्यकार आज कहीं अधिक साधन-संपन्न है। वह अब कुछ अर्थों में ‘मैनेजर’ और ‘कैलकुलेटिव’ भी है। सच बोलने और लिखने के साहस में कमी आई है। उस समय कहने को ही सही, कल्याणकारी राज्य (वेलफेयर स्टेट) था। आज कॉरपोरेट राज्य (कॉरपोरेट स्टेट) है। यह समय उस समय से कहीं अधिक विद्रोह का है, वास्तविक विद्रोह का। उस समय निर्भयता थी। आज भयग्रस्तता है। इक्कीसवीं सदी में मेरी समझ से उस समय के विद्रोह का कुछ भी अंश मौजूद नहीं है।
उस समय केवल साहित्य में हीं नहीं, साहित्य के बाहर भी विद्रोह था। एक विद्रोही चेतना थी, जिसका आज के समय में अभाव है। उस दौर से सीखने को बहुत कुछ है। पहली बात यह है कि जनांदोलन से कटकर, विमुख होकर साहित्यिक आंदोलन का न कोई अर्थ है, न पहचान है। साहित्य की पहचान उसके सामाजिक सरोकारों से होती है।
आज के समय में कोई सामाजिक एवं राजनीतिक आंदोलन राष्ट्रीय स्तर पर दिखाई नहीं देता। कुछ स्थानों में निश्चित रूप से आंदोलन दिखाई देते हैं, पर उसका कोई देशव्यापी प्रभाव नहीं है। साहित्यिक आंदोलन साहित्य में अपने को, अपने साहित्य और विचारधारा की ओर ध्यान आकृष्ट करने के लिए होता है। साहित्यिक आंदोलन का समय बीत चुका है, पर विद्रोह का समय कभी नहीं बीतता। इस समय साहित्य में विरोध, विद्रोह, प्रतिरोध के जो स्वर सुनाई देते हैं, उनमें कवि-लेखकों की इसके जरिए अपने को प्रतिष्ठित करने की इच्छा ज्यादा रहती है। 21वीं सदी में साहित्यकार की भूमिका उस समय से कहीं बड़ी है और यह इसपर निर्भर करती है कि परंपरा से क्या ग्रहण किया जा रहा है और क्या छोड़ा जा रहा है।
204, रामेश्वरम साउथ ऑफिस पाड़ा, डोरंडा, रांची–834002 (झारखंड) मो.9431103960
मृत्यु-भोग
|
संपर्क : 20/1, खगेंद्र चटर्जी रोड, काशीपुर, कोलकाता-700002 मो.8420627693









