
वरिष्ठ कवि। अद्यतन कविता संग्रह ‘इस दुनिया को सुंदर बनाने में लगा हूँ’ आलोचना पुस्तक ‘नई कविता की भूमिका’।
टैगोर टॉप*
इतनी ऊंचाई पर सिर्फ टैगोर ही रह सकते थे
प्रकृति को अपनी सांसों की चलन से
नियंत्रित करते हुए
टैगोर टॉप की ऊंचाई
टैगोर की कविता की एक मामूली-सी
झलक है
यहां यह अनुमान लगाना गलत नहीं है कि
तेंदुआ हो या बाघ एक साथ बैठकर
सुन रहे होंगे गुरुदेव की कविताएं
टैगोर ऊंचाई को लेकर उड़ रहे हैं
अपनी कविता की तरह
हर बार एक नया टैगोर टॉप बनाते हुए
समुद्रतल से जितनी बार भी नापा जाएगा टैगोर टॉप
टैगोर की कविता का कद
हर बार भौतिक नाप को तहस-नहस कर देगा
गूगल के तमाम उत्तरों को समुद्र में बहाते हुए
जहां से नापी गई है टैगोर टॉप की ऊंचाई
पर्यटकों को संतुष्ट करने के लिए।
* (उमागढ़, नैनीताल में टैगोर टॉप पर चढ़ने की प्रक्रिया में)
मौका
मैं हवा को उदास होने का
एक मौका जरूर दूंगा
कितना मजा आएगा उस समय
अपना दुख
साझा ही नहीं करूंगा।
मरीचिका
पानी की एक बूंद पाने के लिए
मैं अपनी प्यास को इसमें डुबाता हूँ
पानी पा लेने की कल्पना भी
प्यास बुझा सकती है
मैं रेत की पीठ पर लिखता हूँ
कि तभी रेत की आंधी चलती है
और मेरी आंखों में मुझसे
सौ मीटर दूर का रेगिस्तान
अपने पूरे अस्तित्व के साथ
समा जाता है
अगर मैं गलत नहीं हूँ तो अनुभव करता हूँ
और इस क्षण तो यही सही है
भले ही किसी वायुमंडलीय अपवर्तन के
कारण हुआ हो
क्या फर्क पड़ता है कि पूरा जलाशय
आंसुओं का एक पेड़ बन गया है
जो टपक रहा है
टप
टप
टप
पानी की एक बूंद पाने के लिए
मैं अपनी प्यास को इसमें डुबाता हूँ
आप विश्वास नहीं करेंगे
सूरज मेरी आंखों की दहलीज पर खड़ा है
और प्रतीक्षा कर रहा है
कि अब गिरा कि तब गिरा
पेड़ का एक-एक फल
टप
टप
टप
मैं अपनी प्यास को कविता में पीता हूँ
और जीवित रहता हूँ
अगली मरीचिका के प्रकट होने तक।
नया पाठ
मैं चिड़िया घोंसला और उसके बच्चे को लेकर
दावा तो नहीं करता लेकिन फिर भी
बिलकुल नए पाठ में रहना पसंद करूंगा
अगर लिखना ही पड़े तो लिखूंगा
कि चिड़िया के पहले बच्चे की
नींद से गर्म घोंसले में
मेरी सांसों को भी
पैर रखने की मनाही है
पृथ्वी चिड़िया की आत्मा में गा रही है
भैरवी के सुरों में चिड़िया के सात आसमानों
के पार वाली खुशी
मैं इस बात से कतई इंकार नहीं कर सकता कि
खुशी के ठीक नीचे वाली परत में
किसी अकल्पनीय डर का भावानुवाद
चहलकदमी नहीं कर रहा है
और पृथ्वी चिड़िया की आत्मा में गा रही है
बजा रही है ऐसा वाद्य-यंत्र
जिसे चिड़िया के बच्चे बजाएंगे भविष्य में
अपने गले के पवित्र
ध्वनि-यंत्र से
इस कविता को चिड़िया भी गाएगी
बच्चे की नींद को गर्म और बाहर की दुनिया को
प्रेम के पाठ में जीवित रखने के लिए।
बिलकुल यहीं से नहीं की तरह
बिलकुल यहीं से नहीं की तरह
मेरा दिन शुरू होता है
बिलकुल यहीं से
एक टूटी हुई घड़ी की घंटे की सुई की तरह
मैं समय को भूलने की कड़ियों में
उलझाए रखना चाहता हूँ
मैं अपने पूरे दिन को
समय को धता दिखाते हुए पूरा करना चाहता हूँ
और यह पूरा काम मैं अपनी पीठ पर सूरज को
ढोते हुए करता हूँ
बिलकुल यहीं से मैं प्रेम को जानते हुए भी
मानता हूँ कि
विशेष परिस्थितियों में यह स्वीकार करना
जरूरी कला हो सकता है कि मैं प्रेम को
कतई नहीं जानता हूँ
बिलकुल यहीं से प्रेम को
आध्यात्मिक घोषित करना
किसी तरह के सामाजिक उत्तरदायित्व का
पालन करना भी हो सकता है
प्रसाद के ‘आंसू’ की तरह
बिलकुल यहीं से नहीं की तरह
मेरा दिन शुरू होता है
और इसका यह अर्थ बिलकुल नहीं है कि
नहीं की तरह मेरे दिन का अंत भी होता है
मैं जानता हूँ कि शाम होते-होते मैं
पहाड़ की टूटी हड्डियों को जोड़ सकता हूँ
घास के मैदान के फटे होंठों पर कोई
कारगर क्रीम लगा सकता हूँ
किसी ताजमहाल को बनाने वाले मजदूरों की
बरसी मना सकता हूँ
किसी समुद्र को इतना समझदार बना सकता हूँ
कि वह मछलियों की आंखों के आंसुओं के
खारेपन का अतिक्रमण करने के बारे में
सोचे ही नहीं
बिलकुल यहीं से मैं शाम की स्क्रिप्ट को
राग यमन के साथ जोड़कर सुनता हूँ
अपने जीवन में आरोह और अवरोह दोनों में
सातों स्वरों का आनंद लेते हुए
मैं इस राग को जीवन में उतारता हूँ
और सच पाता हूँ कि
सादगी में ही नफासत है
सचमुच बिलकुल यहीं से
नहीं की तरह शुरू करते हुए
मैं कतई नहीं चाहता कि बारिश हो
और मेरा एक पैर भींग जाए बारिश में
और दूसरा रेगिस्तान में
इस तरह टूटे कि आनंद का
पूरा मजा किरकिरा हो जाए
मैं जीवन को उसकी संपूर्णता में देखना
पसंद करता हूँ।
संपर्क : डी-101, रामरघुआनंदा अपार्टमेंट्स, फेज-1, बाबरपुर मुस्तकिल, सिकंदरा, आगरा-282007 मो. 9358430238

