युवा कवि। विभिन्न पत्रिकाओं में कविताएं प्रकाशित। पहला काव्य–संग्रह ‘सुधारगृह की मालकिनें’। इग्नू में अध्ययन।

 पोस्टकार्ड

1.
अपनी छोटी आंखों में
कैद कर लेती हो पूरा शहर
साल का यह कैसा मौसम है
तुम्हारे आने से
पहाड़ों का रंग सफेद हो चुका है
और धूप तुम्हारे हाथों में बर्फ देख
बाहर नहीं आना चाहती

प्रेम तुम्हारी प्रतीक्षा में खड़ा
सर्दी से ठिठुरता लैंप पोस्ट है
जो बांट रहा है अपनी रोशनी
और खींच लेना चाहता है
तुम्हारी परछाई के साथ एक तस्वीर

सड़कें चाहती हैं तुम दौड़ो
फूल तुमसे खुशबू चुरा लेना चाहते हैं
और लकड़ियों का ढेर पहली बार खुश है
खुद के जला दिए जाने पर

मैं संगीतकार होता तो बनाता
तुम्हारी बालियों की आवाज से धुन
चित्रकार होता तो बनाता तुम्हारा चेहरा
पौधा होता तो उग आता
तुम्हारी हथेलियों पर कत्थई रंग लिए
लेकिन मैं बौराया आदमी हूँ
जो कहीं फूलों की घाटी में लोट रहा है
और पूछ रहा है – धूप क्या लौट रहे हो तुम
चूमकर उसके पांव?

जैसे खाली कर दिए जाते हैं कमरे
और छोड़ दिए जाते हैं शहर
नई नौकरी मिलने पर
चार पहियों पर चलते हुए हम भूल जाते हैं
रिक्शे के चक्कों की आवाज
जले हुए चाय के पतीलों से
नहीं आती अब कोई गंध
जैसे ऑफिस के बाहर नहीं मिलता एक दिन
रोज की तरह फूल बेचता
सत्तर बरस का वह बूढ़ा

यह जीवन होने से अधिक
छूट जाने के लिए बना है

बिस्तर के सिकुड़े कोने में
जब मौजूद होती हो तुम
नींद का तुम्हारी आंखों से गायब होना जुल्म है
तुम गीतों से बातें करने वाली लड़की हो
जिसकी उंगलियों को छूने से बारिश हो जाए

दोस्त, जिसके याद आने से कौंध जाता है मन
गला हो जाता है भारी
जिसके चले जाने से लौटती है उदासी
वह नहीं बनना मुझे
मैं तुमसे किसी अजनबी की तरह मिलूं
पुनः मिलने की आशंका साथ लिए!
चिट्ठी की तरह मिलूं पढ़े जाने के लिए
छोटे गांव की तरह मिलूं
जहां राही प्यास बुझाते हों

उस प्रेमी की तरह नहीं मिलना चाहता मैं
जो भुला दिये जाते हैं अंततः।

2.
मैं सोचता और तुम आ जाती सामने
इस बार-बार के सफर में नहीं पहुंचता कहीं
जानता हूँ यह शहर तुम्हारा नहीं
फिर भी भटक जाने की आस लिए
बदलता हूँ शहर
काश! किसी रोज मिलो तुम
या मैं तुम्हारे शहर में अचानक चला जाऊं
तुम जब मुझसे सालों बाद कभी मिलोगी
तो मैं क्या करूंगा यह सोचते हुए हरबार
कहीं गुम हो जाता हूँ
तुम्हारी उन आंखों में वह प्यार
न मिल पाने से खौफ खाता हूँ
और उन हथेलियों को देखने भर से
उदास हो उठेगा मेरा मन
जिन्हें मैं पूज तो सकता हूँ
किसी पागल प्रेमी की तरह
लेकिन छू नहीं सकता।

3.
तुम अब और भी खूबसूरत दिखती होगी
मैंने तुम्हारी एक तस्वीर बनाई है
जिसमें तुम पहले से और खूबसूरत दिखती हो

शीत ऋतु का आना सुख था तुम्हारे लिए
कोहरे की धुंध को देखना और छू लेना
ऐसा लगता जैसे
बरसों पूर्व सूख चुकी नदी को
हो पानी का इंतजार
साइकिल चलाना सीखा तुमने
जिन कच्चे रास्तों पर
उस सड़क को देखकर उदास होता हूँ
जिन मेड़ों ने अनगिनत बार चूमे तुम्हारे पांव
अब गायब हो चुके हैं अपनी जगह से

छुट्टियों में शहर से तुम जब निकलती हो
पहाड़ों की ओर
मैं तब भी लौटता हूँ अपने गांव
तुम्हारी प्रतीक्षा में चुनता हूँ हरसिंगार के फूल
और करता हूँ याद तुम्हारी इठलाती आंखों को
जिन्हें कभी देखा था-
एक फूल के छिपने भर बची खाली
जगह जितने पास से

अच्छा बताओ- ठंडी हवाओं का स्पर्श
जब पहुंचता है तुम्हारे मन तक
दूर किसी घाटी की सर्द सुबह
बैठी होती हो जब तुम अपने सबसे करीब और
चूमता है सूरज तुम्हारा माथा
तब तुम्हें नहीं आती मेरी याद?

झीलों से बातें करती हो
और यात्राओं से प्रेम
पसंदीदा गीतों को रखती हो अपने साथ
और चेहरे पे आती मुस्कान में
रहता हो एक और पहचान
तब तुम लौटती हो वहां
जहां खुद के होने का बोध तुम्हें सुंदर बनाता है

दोस्त!
पहले तुम्हें चिट्ठियां लिखता हूँ
फिर ढूंढता हूँ पता
फूलों का ढेर बनाता हूँ
तब खोजता हूँ तुम्हारी हथेलियां
गिरता हूँ फिसलकर दूर जमीन पर
पर तुम्हारी हँसी नहीं सुन पाता
मेरी स्मृतियों के अलावा
कहीं नहीं बची तुम्हारी तस्वीर!

जब तुम अपनी सारी यात्राओं से थक हारकर
लौटती होगी घर
अपने बिस्तर पर मन के सौंदर्य को उकेरती होगी
चादर की सिकुड़न में समाती होगी तुम्हारी थकान
हवा खोल देती होगी खिड़कियां
शुरू होता होगा चिड़ियों का पुराना रिपीट संगीत

तुम्हारी घड़ी का समय चिढ़ाता होगा तुम्हें बार-बार
अपनी अगली छुट्टी और इस दिन के बीच
पुरानी चीजों
पुराने कामों
और पुरानी यादों के लौटने का
होता होगा जब समय
क्या तब तुम याद करती हो मुझे

तुम्हारे न होने ने कई चीजों को बेरंग कर रखा है
तुम्हारे होने से मैं जान पाता था
इंसान को प्रेम में क्यों होना चाहिए

4.
यह दिसंबर का महीना है
और ओस तुम्हारे पांव को बरसात की तरह
चूम लेना चहती है

तुम इस सर्द सुबह कोहरे के बीच खड़ी हो
उन खेतों में
जहां से सूरज तुम्हारी तस्वीर खींच रहा है

गेहूं और चने के पौधे सोच रहे हैं
यह कैसी महक है तुम्हारे आने से
तुम्हारे केसों में कोई फूल भी नहीं दिखता

जिसके चेहरे को समेट लिया था
तुमने अपनी आंखों में पहली बार
क्या उसे एकटक निहारते हुए
उससे लिपट जाना चहती थी तुम?

इस दिसंबर ने देखा था
दो परछाईं की दूरीयों को एक हो जाते
और कत्थई हाथो के रंगों को
गाढ़ा कर चुके उन हथेलियों को भी
तुम वह जादू हो जिसे देख
प्रेमी पत्र लिखना भूल जाए
यात्री अपनी राह छोड़ तुम्हारे पीछे चलने लगे
और तितलियां गुलाबी फूलों से तुम्हारे लिए रास्ता बनाने लगें

फिर प्रेम से भरे कमरे में
उदास क्यों रहता है तुम्हारा मन
कौन है जो तुम्हें पीछे बुलाता है बार-बार

कोलकाता की पीली टैक्सियों की भीड़ में
तुम्हारा जीवन
इतना धीरे कैसे हो सकता है

सोचता हूँ!
तुम्हारे शहर के चौक पर
खोल दूं किताबों की दुकान
तुम्हारे घर की ओर जाती बसों में
चलें सिर्फ तुम्हारे पसंदीदा गीत

दोस्त तुम इतनी खूबसूरत हो
कि जिससे तुमने प्यार किया
उसकी आंखों में
तुम्हारे चेहरे को
तस्वीर की तरह सजा दिया जाना चाहिए।

5.
छोटी आंखों में छुपा हो जादू कोई
जिन किताबों को तुमने छुआ
झरने लगे उनसे खत
जिस पेड़ के पास बैठी
वहां उड़ने लगी तितलियां
तुम्हारे बोलने से सांझ की चिड़ियां
सुनने लगीं तुम्हारी बातें
गुमसुम उदास होने से तुम्हारे
दिन को बादलों ने घेर लिया
कैद किया तुम्हारे होने को सबने
जो भी रहा तुम्हारे साथ

नीले रंगों में
सफेद फूलों की हल्की खुशबू से लिपट तुम
आती गई बार-बार
दौड़ती, दूर से भागती

बुनती गई कहानियां
अपने मन में
बुदबुदाती, बिस्तर से उड़
पहाड़ों में चली जाती

कितनी आंखें देखी इस दुनिया में
जिनके सामने टकराया
नहीं बोला कुछ
और बढ़ा आगे एकदम चुप्प

पतझड़ में पत्तों को चुनता
बच्चों की तरह!
बौराया हुआ घूमता अपने शहर से
तुम्हारे शहर की ओर
तुम्हारे नाखूनों से छूटने नहीं देना चाहता
मेरी मौजूदगी का रंग

एकदम से अलग हो जाता हूँ
कैमरे के फोकस से
जब रहूं तुम्हारे साथ
देखता एक नदी में डूबती मधिम रौशनी में
खत्म होती कहानियां
लोग उठते हैं घर जाने को
और मैं – तुम्हारे चेहरे पर उभरी
अपनी तस्वीर खोजता हूँ

पलटकर तुम जब मुस्कुरा देती हो
ऐसे जैसे
छोटी आंखों में छुपा हो जादू कोई
जहां गायब हो चुका होता हूँ मैं।

6.
घूमता हुआ शहर
जब काटता है नदी के चक्कर
घुप जाती है किसी की याद
हथेलियों में कील की तरह
एक टुकड़ा
जो खो चुका है पानी में
उसे ढूंढ़ता हूँ किसी मुहाने पर
उम्मीदें!
देर हुई रेल से छूट चुकी
खाली जगह भरते हुए करता हूँ इंतजार

जैसे मेरा हाथ कटकर गिर चुका है
किंतु स्पर्श दौड़ता है रगों में
मैं झुंझलाता हुआ गाता हूँ गीत
भटका हुआ दौड़ता हूँ

और जब दो प्रेमियों को देखता हूँ साथ
याद आता है –
किसी ने मेरा प्रेम चुराया
किसी ने वापस नहीं बुलाया
जिसकी सुंदरता से बनाया था मैंने एक फूल
जिसकी बातों से लिखे थे अनगिन प्रेम पत्र
उसे मेरा चेहरा याद नहीं
उसे मेरा नाम नहीं पता…

ग्राम – केदारचक , पोस्ट + थाना – अथमलगोला, लैंडमार्क – पानी टंकी, जिला – पटना, बिहार–803211 मो.8434260542