युवा कवयित्री और सहायक शिक्षिका।

तुम और मैं

तुमने कहा था खुश रखोगे मुझे
हुआ भी कुछ ऐसा ही
अब मैं सिर्फ खुश रहती हूँ
मुस्कराती हूँ

रूठना तो मैंने कबके छोड़ दिया
बात मानो
मैंने एक दो बार रूठ कर देखा है
कोई मनाने आया ही नहीं
अब मैं सिर्फ हँसती हूँ

मेरे मुस्कुराने और हँसने के बीच
आंसू अब भी बचे हैं
बस थोड़े सख्त हो गए हैं

मैं तुम्हारी ऊंची दीवारों के बीच
रोशनदानों के बीच देखती हूँ
गौरैया आती है
कोदो के दाने ले उड़ जाती है
हरसिंगार, रातरानी, बेगोनिया, अमलतास
सब खिलते हैं
वे अपने होने का एहसास दे जाते हैं

इन सबके बीच
मैं वर्षों से ढूंढ रही हूँ एक कोना
चंद लम्हे जो मेरे हों
जहाँ रो सकूं मैं जी भर
मिल सकूं एक बार फिर खुद से।

संपर्क :एच/एन-37, बी. एल-22, सुगियापाड़ा, कांकिनाड़ा-743126, कुश विद्यालय के करीब,उत्तर 24 परगना (पश्चिम बंगाल) मो.8420986065