
युवा कवयित्री। दो कविता संग्रह – ‘शब्दों की दुनिया’, ‘कंचनजंघा समय’ सहित आलोचना की कुछ पुस्तकें प्रकाशित। उत्तर बंग विश्वविद्यालय के हिंदी विभाग में प्रोफेसर।

फागुन
बिछा दिया पलाश ने अपनी पंखुड़ियों से
चटक लाल कालीन
बाग बगीचा जंगल जंगल
कि आओगे फागुन तुम
तुम्हारा बाल सखा सेमल भी फूल उठा है
छलक रहा है लाल अभिमान
फूला नहीं समा रहा
अपनी विशाल काया में
तुम्हारे आते ही चिहुंक उठेगा अशोक
जागेगा
धधकती आग-सा चोला पहन
सजेगी फुनगी ही नहीं
गांठ में भी फूटेंगे टूसे
अशोक पलाश और सेमल की
नरम धधक में
तपेगी कोयलिया
और अपने गीतों से भर देगी
कचनार में कोमलता
चंपा में सौम्यता
सुनो!
तुम्हारी मात्र आहट से
उड़ जाएगी
मन की सारी उदासी
जैसे उड़ जाते हैं नीरस सूखे पत्ते
जब चलता है तुम्हारे पंखे का पवन
छेड़ो न अपनी धुन
प्यारे फागुन
सुनाओ फिर से
आग रंग हवा और पतझर का
गीत वह अनिवार
छितरा दो चहकते सारे रंग
अपनी ऊर्जा अपनी आग
वन में ही नहीं घर-घर में
और जन-मन के अंतस में!
पतझर पर चलकर आ रहा वसंत
पतझर पर चलकर आ रहा वसंत
जैसे भजन गुनगुना रहा कोई संत
कभी पतझर पर
चरर-मरर डगमगाता
जैसे चलना सीखे बच्चा
अपनी मां के संग
फुनगी पर बैठकर
पत्तों को ओसाता
जैसे धान ओसाए
कोई किसान मंद-मंद
बनकर मतवाली
डोलने लगी डाली-डाली
जैसे प्रिय का हाथ पकड़कर
झूमे उसका कंत
खेतों ने बदले फसलों के ढंग
सरसों तीसी गन्ना मसुरी
मुस्काकर खिलती हैं फसलें
बिहुंस उठे वन के सब मृदुल रंग
सरसों-दाने में झांस आई
अलसी-दाने की देह गदराई
चना शख्त थोड़ा हुआ सख्त
शुरू हुई हवा की हुड़दंग
कि पतझर पर चलकर आ रहा वसंत
जैसे भजन गुनगुना रहा कोई संत।
तीस्ताई हवा
तीस्ता की हरी हिलोरों को सहलाती
मेरे नन्हे पलों को पुचकारती
हौले-हौले डोली हवा
आते ही कहने लगी
कि चलना है तुझे भी मेरे संग-संग
हरियरी की बीथियों में
देखना है समय का रंग
नजर की सीढ़ियों से
देखना जरा
तीस्ता के तट में कितना कटाव आया है
जंगल में बसे लकड़ियों के घर
तीस्ता के हरे जल में अब भी झांकते हैं या नहीं
कहीं जंगलों में उग तो नहीं आए
कंकरीट के ढेर सारे मकान
कहीं कोई मॉल पानी को मुंह तो नहीं चिढ़ा रहा!
सुना है हर बरसात में
कंकरीट के भवन हल्के पड़ जाते हैं
ऊपर से गिरती पगली नदी
अपना पाट ढूंढ़ती
रात-विरात उन्हें साथ ले जाती है
सब शांत हो जाता है फिर
बाढ़ के बाद
जंगल शांत नदी का नाद शांत
पहाड़ धसक जाने से रास्ते शांत
और भवनों के जीवन शांत
और मनुष्य भी कम जिद्दी नहीं
ढूंढ़-ढूंढ़ कर खड़ी करता अपनी पताका
कि लौटने लगता कुछ ही दिनों में
रास्तों पर वही कोलाहल
नया निर्माण और गृहप्रवेश
जुटने लगती जीने की सामग्री
क्या यह सच है कि
शांति और हलचल रहते हैं एक साथ
तीस्ता के तट पर
देखना जरा
चलना मेरे संग-संग
सुनना मेरी ध्वनि-तरंग
कितना कुछ बिखरा पड़ा है
सहेजना है कितना कुछ
तीस्ताई हवा ने किया मनुहार
तू बस हो तैयार
चल मेरे संग-संग
कभी तो मन बना।
बालासन
वही नदी पगली
समेटने को आतुर वे ही किनारे
नया कुछ भी नहीं है इसमें
नायाब होती है छटा
रंग बदल-बदलकर
गगन के नदी में लहराने से
या वहां
तुम्हारे और मेरे साथ होने से!
संपर्क : हिंदी विभाग, उत्तर बंग विश्वविद्यालय, राजा राममोहनपुर, सिलीगुड़ी, जिला –दार्जिलिंग -734012 मो.9434462850

पतझर पर चलकर आ रहा वसंत
जैसे भजन गुनगुना रहा कोई संत… अद्भुत लिखा है आपने. प्रणाम