![]() |
| अनुवादक – मंजु श्रीवास्तव आकाशवाणी में उद्घोषणा के कार्य।कविता संग्रह : ‘हजार हाथ’।बांग्ला और अंग्रेजी से कई रचनाओं का अनुवाद। |

फेडरिको गार्सिया लोर्का ने अपने 38 साल के जीवन में साहित्य, रंगमंच और चित्रकला में अपनी खास जगह बनाई। संगीत का भी उन्हें अच्छा ज्ञान था। वे पियानो वादक थे। लोर्का कवि के रूप में जाने जाते हैं, लेकिन लेखन की शुरुआत उन्होंने गद्य से की थी।
कुदरत
एक पंखे की तरह
खुलता और बंद होता है
जैतून के वृक्षों का बगीचा
जैतून के बगीचे के ऊपर है
सिमटा हुआ आकाश
और भोर के नक्षत्रों की
ठंडी अंधेरी बरसात
नदी किनारे
धुंधली रोशनी में
कंपकंपाते हैं जलबेंत
बूढ़ी हवा में झुर्रियां हैं
चीखते-चिल्लाते जैतून वृक्षों को
ढोया जा रहा है
जाल में फंसे पक्षियों का एक झुंड
अपनी लंबी-लंबी दुमों को हिलाता है
अंधकार में।
भोर होने से पूर्व
हां, प्रेम की तरह ही
अंधे होते हैं तीरंदाज भी
हरी-हरी रातों में
धंसते हुए तीर
गर्म कुमुदनी का एहसास देते हैं
औंधा पड़ा चंद्रमा
बैंगनी बादलों के बीच घुसता है
और उनके कंपन को
भर देता है ओस से
हाँ, पर प्रेम की तरह ही
अंधे होते हैं तीरंदाज भी।
मृत बच्चे की कविता
ग्रनाडा की हर दुपहर
हर दुपहर एक बच्चा मरता है
हर दुपहर पानी बैठता है
और अपने साथियों से गपियाता है
मृतक काईदार पंख पहनता है
मेघाच्छन्न पवन और स्वच्छ पवन
मीनारों के बीच उड़ान भरते दो तीतर हैं
और दिन एक घायल लड़का
जब शराब की अंधी गुफाओं में
मैं तुमसे मिला था
हवा में लार्क पक्षी की
जरा सी भी फड़फड़ाहट नहीं बची थी
न ही बचा था जमीन पर
बादल का कोई कण
जब तुम नदी में डूबे थे
पहाड़ियों पर गिरा एक जलदानव
और घाटी
कुमुदनियों और श्वानों के साथ लुढ़कने लगी
मेरे हाथों में बैंगनी परछाई सा
ठंड का फरिश्ता
नदी-तीर मृत है तुम्हारा शरीर।
भोर
न्यूयार्क की भोर में हैं दलदल की चार धाराएं
और काले कबूतरों का जत्था
उछलता हुआ सड़े हुए पानी में
आग के भयानक हादसों से बचकर
कराहती है भोर न्यूयॉर्क में
साजिशन दी गई यातनाओं से
निजात पाने के लिए जटामासी खोजते हुए
न्यूयार्क में भोर पहुँचती है
पर उसके स्वागत में कोई गान नहीं है
क्योंकि
सुबह और उम्मीद की कोई गुंजाइश नहीं है
कभी-कभी झुंड के झुंड सिक्के धंस जाते हैं परित्यक्त बच्चों के अंदर
किसी बरमे की तरह और
खत्म कर देते हैं उन्हें
जो लोग तड़के तड़के बाहर निकलते हैं
उनकी हड्डियां जानती हैं
कि वहां न कोई स्वर्ग है
न प्यार जो खिले और मरे
वे जानते हैं कि
वे लापरवाह खेलों और निष्फल श्रमों
आंकड़ों और कानूनी दफाओं के दलदल में
फँसते जाएंगे
आधारहीन विज्ञान की ढीठ चुनौतियों के बीच
रोशनी जंजीर और शोर शराबों में दफन है
भीड़ नगरों में निद्राहीन लड़खड़ाती है
जैसे वह खून-खराबे के बीच
किसी भग्न पोत से बचकर आ रही हो।
मंजु श्रीवास्तव, सी–११.३, एनबीसीसी विबज्योर टावर्स, न्यू टाउन, कोलकाता–७००१५६ मो.९६७४९८६४९५

