
युवा कवि। कविता संग्रह ‘पत्थर तोड़ती औरत’ और लघुकथा संग्रह ‘देवता झूठ नहीं बोलता’ प्रकाशित। संप्रति सरकारी सेवा में।

संभावनाएं
संभावनाएं बनी रहती हैं
हमेशा ही
उदासियों का कोहरा छट जाने की
बंजर धरा पर
बीज के उग आने की
और अरसा पहले घर छोड़ कर गए
बेटे के लौट आने की
संभावनाएं मौजूद रहती हैं
बर्षों से सूखे पड़े
किसी झरने, कुएं या बावड़ी में
शीतल जलधारा के प्रस्फुटन की
या फिर बहुत आत्मीय से किसी
दूर छूटते जा रहे
रिश्ते को सहेजने की
संभावनाएं होती हैं
घटाटोप अंधेरे में
किसी जुगनू के प्रकाश की
भीषण जाड़े के मौसम में
ठंड से ठिठुरती गौरैया के पंखों में
अपने बच्चों के लिए
स्नेहिल ताप की
और कचहरी में सालों से लंबित पड़े
किसी मुकदमे में जीत की
जरूरी हैं संभावनाएं
ताकि पतन से उत्थान की ओर
ले जाई जा सके
कलुषित मनुष्यता
संवारा जा सके
पृथ्वी का सबसे उपेक्षित कोना भी
संभावनाएं
स्त्रोत हैं ऊर्जा का
संभावनाओं का बने रहना
आवश्यक है
वह पोषित करती हैं जिजीविषा
और बचाए रखती हैं
उम्मीदों को!
संपर्क :एसजेवीएन कॉलोनी दत्तनगर, पोस्ट ऑफिस- दत्तनगर, तहसील – रामपुर बुशहर, जिला – शिमला, हिमाचल प्रदेश-172001 मो. 9418036526
