मैं कांप गया हूँ, पर कुचला नहीं गया

राजमोहन गांधी
जन्म 7 अगस्त 1935। महात्मा गांधी के पोते और जाने-माने जीवनीकार, लेखक और इतिहासकार। 1990-92 तक राज्यसभा के सदस्य थे।

राजमोहन गांधी के ‘इंडिया आफ्टर 1947’ को उसी तरह लिया जा सकता है जिस प्रकार आजादी के 75 साल पूरे होने पर जश्न मनाया गया। निश्चित रूप से जश्न मनाने के लिए बहुत कुछ है, किंतु एक दर्जन से भी अधिक पुस्तकें लिखने वाले राजमोहन गांधी ने अपनी कृतियों में हमारे अतीत और उस समय के महत्वपूर्ण लोगों के जीवन के विभिन्न पहलुओं को जिस तरह से सामने रखा है, वे हमें सोचने के लिए विवश करते हैं। पुस्तक में बहुत सारी बातें ऐसी हैं, जो हमें असहज बनाती हैं। प्रस्तुत है उनके साथ एक साक्षात्कार।

प्रश्न – किसी राष्ट्र के जीवन में पचहत्तर साल कोई बहुत बड़ा समय नहीं होता। 1947 में आप किशोर थे और आपने अपनी पुस्तक में अपनी पीढ़ी के लोगों के मन में भारत के बारे में विद्यमान आदर्श और आशाओं की बात की है। हालांकि आज भी समाज में स्वतंत्रता, समानता तथा बंधुत्व का वह सपना पूरा नहीं हुआ है, बल्कि उसके उलट बर्बर कबिलाई आचरण का एक नया रूप पूरी ताकत के साथ उपस्थित है। आप आज के भारतीय लोकतंत्र के बारे में क्या कहेंगे? क्या आप इस भारत को और इसके वर्तमान स्वरूप को समझ पा रहे हैं?

राजमोहन गांधी – अगस्त की उस आधी रात को मैं बारह वर्ष का था और दिल्ली के अपने फ्लैट में बड़ी उत्सुकता और उत्तेजना के साथ रेडियो से आजादी की गूंज सुनने के लिए जगा हुआ था। बाद के दशकों में मेरी पीढ़ी के भारतीयों को इस बात पर गर्व हुआ कि दुनिया ने एक ऐसे राष्ट्र के स्वतंत्र और लोकतांत्रिक वातावरण को मान्यता दी है, जहां सभी प्रचलित मानदंडों के अनुसार लोकतंत्र को विफल हो जाना चाहिए था। हालांकि जून 1975 में मेरे सामने वह अवसर भी आया कि आपातकाल का विरोध करना पड़ा, जो अंततः 19 महीने बाद समाप्त हुआ।

आज के भारत में कुछ चीजें ऐसी हैं जो मेरी आत्मा को बेधती हैं। बुढ़ापे में मैं अपने बचपन के सपने पर एक भयानक प्रहार महसूस कर रहा हूँ। सबसे ज्यादा जो बात मुझे आहत करती है, वह है जमीनी स्तर पर होने वाली क्रूरताओं के प्रति ऊपरी स्तर पर छाई चुप्पी। आक्रामक समूहों तथा उन्मादी टीवी चैनलों द्वारा मानदंड तय किए जा रहे हैं। हमारा सबसे अधिक आकांक्षित राष्ट्रीय लक्ष्य था समानता, जिसे वर्चस्ववादी लोग आज समाप्त करने पर तुले हुए हैं।

इन स्थितियों से मैं कांप गया हूँ, हालांकि मेरी आशाएं पूरी तरह कुचली नहीं गई हैं। मेरी आशा का एक आधार है भारतीयों की वह कामना कि वे दुनिया का एक हिस्सा बनें, दुनिया में सब जगह रहें और सभी जगह समान अधिकारों की उम्मीद करें। यह विचार कि भारत में मुसलमान और ईसाई केवल दोयम दर्जे के नागरिक बनकर रहें, उस समय धूल-धूसरित हो जाएगा, जब समानता के साथ जीने की लोगों की जिजीविषा के साथ उसे टकराना होगा।

दूसरा आधार है वर्चस्व और सत्तावादी शासन के विरुद्ध भारतीय प्रतिरोध का साहस। भारतीयों को यह पसंद नहीं है कि उन्हें कहा जाए कि क्या करो, क्या नारे लगाओ, किस बात पर विश्वास करो। दूसरे के विरुद्ध व्यापक प्रोपेगैंडा कुछ ही समय तक चल सकता है।

प्रश्न – हमने एक युवा लड़के के रूप में आपके जीवन के बारे में पुस्तक में अनेक जगहों पर पढ़ा है, जो वस्तुतः एक अखबार के कार्यालय में रहता था। संपादकों को उस समय बड़ी कठिनाई का सामना करना पड़ता था। और 1970 के दशक में ‘हिम्मत’ में आपने इंदिरा गांधी के आपातकाल का विरोध करते हुए कई नैतिक और आचार संबंधी प्रश्न उठाए थे। जहां तक मुझे पता है, आपको 1976 में सरकारी विरोध के कारण वाणिज्यिक प्रेसों में अपनी पत्रिका छपाने में भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा था। उस लड़ाई को लड़ने के बाद आज के समय में आप भारतीय मीडिया की स्थिति के बारे क्या सोचते हैं?

राजमोहन गांधी – जहाँ तक मुझे 1940 के दशक के बारे में याद है, मैं इस ऐतिहासिक तथ्य की गवाही दे सकता हूँ कि प्रिंटिंग प्रेस की स्याही भारतीय स्वतंत्रता की लड़ाई का एक शानदार हथियार थी, लगभग उतनी ही कीमती जितनी सेनानियों का खून था। उसके बहुत बाद आपातकाल का समय आया, जब अन्य प्रकाशनों के साथ-साथ ‘हिम्मत’ ने उल्लेखनीय भूमिका निभाई। आज के भारत में कुछ ही साहसी और बहादुर पत्रकार हैं जो हमारे देश के विभिन्न कोने में होने वाले अन्याय की कहानियाँ छापते हैं और वीडियो दिखाते हैं। प्रमुख मीडिया, चाहे वे प्रिंट मीडिया हों या इलेक्ट्रोनिक, शायद ही वैसी कहानियाँ या वीडियो सामने ला पाते हैं। परंतु भारत में बड़ी संख्या में उद्यमशील और जोखिम उठाने वाले पत्रकार अभी भी मौजूद हैं।

इस समय भारत के अधिकांश बड़े मीडिया हाउस ताकतवर सरकार से भयभीत हैं। जीवित रहने के लिए वे प्रचार को प्रमुखता देते हैं, भले ही उसे वे नापसंद करते हों। और ऐसे आउटलेट भी हैं, जिन्होंने वर्चस्व की सेवा करके लाभ कमाया है। उनकी जोरदार आवाज आज की भारतीय हवा पर हावी है।

सौभाग्य से मुट्ठीभर बड़े मीडिया हाउस बिना किसी डर या पक्षपात के समाचार और टिप्पणियाँ देना जारी रखे हुए हैं। उन पत्रकारों को भी नमन है जो ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से जनता के एक बड़े समुदाय तक खबरें पहुँचा रहे हैं और बता रहे हैं कि कहाँ क्या घट रहा है।

प्रश्न – आप एक बहुत ही व्यक्तिगत राम की बात करते हैं, जो हिंदुओं को प्रेरित और अनुप्राणित करते रहे हैं और जो उनके जीवन में नित्य उपस्थित हैं। एक ऐसा राम जो उनके भीतर हैं और वह राजनीतिक शटलकॉक (चिड़िया) नहीं हैं। आज हमारे सामने एक बाहुबली राम का प्रचार किया जा रहा है, जो एक विशिष्ट साइट से जुड़ा हुआ है और वर्गीकृत शिकायतों के लिए एक शुभंकर बना हुआ है। क्या इस प्रक्रिया में हमने कुछ खो दिया है या जैसा कि इसके समर्थक तर्क देते हैं, राम का एक नया रूप उभर रहा है, जो एक हठधर्मी हिंदू सभ्यतागत राज्य का उत्पाद है। क्या यह नया राम आपसे कुछ कहता है और क्या उसके नए अवतार का कोई औचित्य है?

राजमोहन गांधी – भारत का रुतबा बढ़ाने वाला और भारत के शत्रुओं को पराजित करने वाला राम, चाहे जहाँ कहीं मौजूद हों, वे कभी बाहुबली, आक्रामक या विभेदकारी नहीं होंगे, बल्कि एक एकजुट राष्ट्र के निर्माता के रूप में होंगे। यह एक ऐसी जगह होगी जहाँ भारतीय एक-दूसरे पर विश्वास करते हैं और एक-दूसरे से सहयोग करते हैं। आज का नया राम निश्चित रूप से मुझे प्रेरित नहीं करता। और निश्चित तौर पर भारत के अल्पसंख्यकों को डराने के लिए गढ़ा गया राम एक शुभंकर भर है, जो बाकी दुनिया को प्रभावित नहीं करेगा।

जहां तक इस नए अवतार में न्याय का प्रश्न है, मैं कोई दार्शनिक नहीं हूँ, पर मैं यह मानता हूँ कि पूरी दुनिया में जहाँ कहीं बदला लेने की परियोजना चलती है, उसमें न्याय का कुछ अंश हो सकता है, पर मेरी धारणा है कि बदला लेने की भावना में मूर्खता का अंश काफी बड़ा होता है। निश्चित रूप से भारतीय आबादी के विभिन्न वर्गों में बदले की भावना के विरोध में जो अगली प्रतिक्रिया होगी, उससे भारत मजबूत नहीं होगा। 

जिस व्यक्तिगत राम (या हिंदू या गैर-हिंदू द्वारा दी गई कोई अन्य अभिव्यक्ति) की बात की जा रही है, वह एक दीपक है जो दुनिया के कठिन क्षेत्र में अंधेरी शाम में चलने वाले किसी भी व्यक्ति को रोशनी दिखाकर मदद कर सकता है या वह एक ऐसा छाता है जो किसी की भी धूप या बारिश से बचा सकता है, वह चाहे भारतीय हो या गैर-भारतीय। कौन जाने शायद नए राम के अवतार की पुकार कुछ लोगों को एक दयालु अवतार की ओर ले जाए।

प्रश्न – आपने अपने दादा महात्मा गांधी के बारे में रवींद्रनाथ टैगोर द्वारा 1921 में की गई एक टिप्पणी उद्धृत की है जिसमें टैगोर ने कहा था, आपने मुस्लिम और हिंदुओं को एक साथ एक राजनीतिक मंच पर आने और मिलकर अंग्रेजी राज के खिलाफ लड़ने के लिए राजी किया है… किंतु आपकी एकता की यह भावना क्या उनके दिल और दिमाग में गहराई तक प्रवेश कर सकी है? इस बात को एक सदी बीतने के बाद टैगोर के प्रश्न का उत्तर आप कैसे देना चाहेंगे? हम कहाँ सफल हुए और कहां असफल हुए हैं।?

राजमोहन गांधी – निश्चित रूप से यह एक महत्वपूर्ण प्रश्न है। प्रश्न हो सकता है कि क्या विभिन्न समूहों, और कई बार परस्पर विरोधी समूहों के बीच गहरी और दीर्घकालीन एकता थी, एकता है या एकता हो सकती है? उस समय ब्रिटिश दोनों के ही राजनीतिक शत्रु थे। पर यही कहना पर्याप्त नहीं है। ब्रिटिश शासन के खिलाफ बड़ा संयुक्त संघर्ष निश्चित रूप से 1857, 1919, 1921, 1930, 1942 और अन्य समय हुए। पड़ोसी के रूप में हिंदू और मुसलमान दोनों अकसर एक-दूसरे के त्योहारों में भाग लेते थे। लेकिन वह मेलजोल अपर्याप्त था और उनके बीच कोई वास्तविक अंतर्मिलन नहीं था। 

1947 में हिंदुस्तान-पाकिस्तान बंटवारे के समय भयंकर हत्याएँ हुईं, खासकर पंजाब के दोनों हिस्सों में। लेकिन उस वर्ष की दुखद घटनाओं का अध्ययन करने वाले विद्वानों ने पाया है कि हर पक्ष में हत्यारों की तुलना में रक्षकों की संख्या कहीं अधिक थी। बंटवारे से पहले और बाद में अधिकांश भारतीयों ने दो-राष्ट्र के सिद्धांत को खारिज कर दिया था। हालांकि सह-अस्तित्व शायद ही कभी दीर्घकालीन संबंधों में परिवर्तित हो पाया। फिर भी, बंटवारे के बाद छह दशकों तक बॉलीवुड और उसके संगीत ने हिंदू-मुस्लिम दोस्ती को बहुत अधिक बढ़ाया और उसी तरह देश के विचार संपन्न नेताओं ने भी। भारत ने राज्य और जनता के स्तर पर दो-राष्ट्र के सिद्धांत को अस्वीकार कर दिया।

हालांकि आज शत्रुता वस्तुतः जोश, पावर और लाभ पैदा कर रही है।  

प्रश्न – गांधी ने 1947 में ही इतिहास को फिर से लिखने के प्रयास के खतरों के बारे में चेतावनी दी थी। उनको डर था कि भारत की मुस्लिम विरासत को कहीं खत्म न कर दिया जाए। इतिहास हमेशा बहस और पुनरीक्षण पर आधारित रहा है। पर इस समय हम जो देख रहे हैं वह बहुत ही डरावनी स्थिति है। एक इतिहासकार और विद्वान के रूप में क्या आपको महात्मा गांधी की तरह इस बात का डर है कि सोशल मीडिया द्वारा जो कुछ आक्रामक तरीके से प्रचारित किया जा रहा है, उसके परिणाम भयावह होंगे?

राजमोहन गांधी – अतीत के साथ-साथ हर नई चीज को समझने की चाह प्रशंसनीय होती है। लेकिन अतीत को खत्म करने की परियोजना को अच्छा नहीं माना जा सकता। सच तो यह है कि अतीत को सर्वशक्तिमान ईश्वर भी नहीं बदल सकता, आपको वह पसंद है या नहीं। जो हो चुका है वह हो चुका। मुगलों ने भारत पर शासन किया। उसी तरह अंग्रेजों ने भी शासन किया। हालांकि अतीत खत्म नहीं होता।

कोई भी व्यक्ति अतीत को समाप्त नहीं कर सकता। लेकिन प्रौद्योगिकी, सोशल मीडिया, सरकारी आदेश और काट-कपट की गई पाठ्यपुस्तकें – ये सब मिलकर कुछ समय के लिए अतीत की यादों को मिटाने का प्रयास कर रहे हैं। इसी प्रकार शहरों, गांवों, सड़कों तथा भवनों के नाम बदले जा सकते हैं। कानून और संविधान के बावजूद पूजास्थलों को वापस करने के लिए बाध्य किया जा सकता है।

मैंने अपनी पुस्तक में लिखा है कि नवंबर 1947 में महात्मा गांधी ने ‘हरिजन’ में एक लेख लिखा था कि भविष्य में इतिहास का पुनर्लेखन किया जा सकता है और मुस्लिम काल को मिटाने का प्रयास हो सकता है। हम यह भी भूल जा सकते हैं कि दिल्ली में एक जामा मस्जिद थी या अलीगढ़ में एक मुस्लिम विश्वविद्यालय तथा आगरा में एक ताजमहल था।

अतीत पर और अतीत के प्रतीकों पर हमला आज के भारतीयों के मन और आंखों पर हमला है। यह हमला अनेक भारतीयों, वे चाहे मुस्लिम हों या गैर-मुस्लिम, की भावनाओं पर भी है। यह यदि इसी प्रकार बढ़ता रहा तो भारत की प्रतिष्ठा खतरे में पड़ जाएगी।

प्रश्न – आप अपने दादा जी को उद्धृत करते हैं, जिसमें उन्होंने लिखा है, जो बात उन्हें (चरमपंथियों को) सबसे ज्यादा चुभती है, वह यह है कि मैं उन्हें मारने के लिए उकसाने के बजाय अपनी जान देने के लिए कहता रहता हूँ। आपकी एक टिप्पणी यह भी है कि जब तक नैतिकता की दृष्टि से साफ-सुथरे और सामूहिक अपील वाले नेता सामने नहीं आते तब तक लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई हमें छोटे-छोटे दायरों में लड़नी पड़ेगी। इससे पता चलता है कि अंततः परिवर्तन आएगा। क्या आपके पास उस पीढ़ी के लिए कोई सलाह है जिसके सामने उसका पूरा जीवन पड़ा है?

राजमोहन गांधी – मैं पहले ही अपना विचार दे चुका हूँ कि दो चीजें बदलाव में अपना योगदान दे सकती हैं – पहला, भारत के लोगों की दुनिया से जुड़ने की इच्छा और इस बात की नापसंदगी कि कोई भारतीय ही उनपर निरंकुश शासन करे। मैं आशा करता हूँ कि आज के युवा भारतीय, जो किशोर या बीस वर्ष की आयु के हैं, अपने भीतर इस तथ्य को मजबूती से जगह दें।

मैं उनसे कहूंगा – मैं आशा करता हूँ कि आप स्वयं को इस ग्रह के बाकी लोगों के साथ एक सर्वांग सह-हिस्सेदार के रूप में देखेंगे – और यह कि आप अपने विचारों, विश्वासों और अभिव्यक्ति की आजादी की रक्षा करेंगे तथा वैसी ही आजादी अन्य भारतीयों को भी प्रदान करेंगे। ऐसे प्रयासों में आपके मित्रों से जो वाहवाही मिलेगी उससे कहीं अधिक महत्वपूर्ण होगी आपकी अंतरात्मा की आवाज। जब आपको पता चलेगा कि किसी व्यक्ति पर झूठे आरोप लगाए गए हैं या उसे सजा दी गई है तो उम्मीद है कि आप उसके बचाव में अपनी आवाज उठाएंगे।

दूसरी बात यह है कि आपको सही अर्थों में भारत को जानना चाहिए। खासकर भारत के उन हिस्सों और उन भारतीयों के बारे में, जो आपकी प्रथागत परिधि से बाहर हैं। अपने देशवासियों के कुछ समूहों के बारे में मनगढ़ंत और मिथ्यापवादों को पहचानें और उसे खारिज करें। यात्राएँ अद्भुत शिक्षक हैं, परंतु वे महँगी हैं, और जोखिम भरी भी, किंतु पढ़ना (केवल इंटरनेट पर नहीं) और सुनना भी आपको उतना ही समृद्ध कर सकता है। अपने से अलग पृष्ठभूमि वाले भारतीयों को सही अर्थों में जानें। यदि आमने-सामने से संभव नहीं हो तो उनके शुभचिंतकों द्वारा लिखी गई किताबों को पढ़कर उनके बारे में जानें।

तीसरा, यदि संभव हो तो समान या असमान पृष्ठभूमि वाले दोस्तों के छोटे समूह बनाएँ, जो पारस्परिक सम्मान और आपसी समझ के साथ-साथ स्वतंत्रता, समानता तथा मित्रता के प्रति साझा प्रतिबद्धता विकसित कर सकें।

भारत को पास्परिक अज्ञानता, पारस्परिक नापसंदगी और पारस्परिक भय से मुक्त कराना भारत को ब्रिटिश शासन से मुक्त कराने से भी कठिन कार्य हो सकता है। आप इसे साकार करने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। यह बूढ़ा आदमी आपको शुभकामनाएँ देता है कि आपको इस कार्य के लिए पूरी शक्ति और सौभाग्य मिले।

(अंश) अंग्रेजी से अनुवाद :अवधेश प्रसाद सिंह