
सेवानिवृत्त आईपीएस। कवि, लेखक, भोजपुरी लोक गायक। चर्चित उपन्यास ‘गंगारतन बिदेसी’।
पुण्यतिथि : 1 नवंबर

प्रसिद्ध बांग्ला कथाकार विभूतिभूषण बंद्योपाध्याय का मात्र 56 वर्ष की आयु में निधन हो गया था। मृत्यु के तीन साल पहले ही उनके इकलौते पुत्र तारादास बंद्योपाध्याय (1947-2010) का जन्म हुआ था। कोलकाता के महाकरण (राइटर्स बिल्डिंग) में वह इस राज्य के सूचना और संस्कृति मंत्रालय में काम करते थे। 2004 में जब मैं पासपोर्ट अधिकारी और विदेश मंत्रालय के कलकत्ता स्थित शाखा सचिवालय का निदेशक था, कई प्रशासनिक कार्यों के कारण मेरे इस मंत्रालय से नियमित संबंध बने। उसी दौरान तारादास जी से विभूतिभूषण बंद्योपाध्याय का यह प्रसंग सुना, जो उन्होंने एक व्यक्ति से सुना था। मुझे यह घटना बहुत दिलचस्प लगी थी।
तारादास बाबू की उम्र तब लगभग बाईस-तेईस साल की रही होगी। उनके मोहल्ले के एक बड़े भाई, एक स्थानीय और सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी पंचानन घोषाल से मिलने जा रहे थे। पंचानन घोषाल की लेखनी के एक बड़े प्रशंसक होने के नाते, यह सुनकर तारादास बाबू भी उस बड़े भाई के साथ चल पड़े। बंगाल के शरलॉक होम्स कहे जाने वाले पंचानन घोषाल (1907-1990) को अपराध विज्ञान से संबंधित साहित्य का जनक कहा जाता है। वे अपराध मनोविज्ञान में डॉक्टरेट करने वाले पहले भारतीय थे। कहा जाता है कि स्वयं रवींद्रनाथ ठाकुर ने उन्हें अपराध उपन्यास लिखने को प्रोत्साहित किया था। तारादास बाबू उनके बड़े प्रशंसक थे, इसलिए वे यह अवसर गंवाना नहीं चाहते थे। लिहाजा, उनके पास जा पहुंचे।
पंचानन घोषाल से मिलवाते हुए मोहल्ले के उस बड़े भाई ने कहा-
‘ये हैं विभूतिभूषण बंद्योपाध्याय के बेटे तारादास बंद्योपाध्याय।’
यह सुनकर पंचानन बाबू उनकी ओर देखने लगे और अचानक बोले- ‘क्या तुम्हें पता है, तुम्हारे पिता को एक बार पुलिस ने गिरफ्तार किया था?’
तारादास बाबू यह सुन कर चकित हुए ही, घबरा भी गए। चौंककर बोले- ‘असंभव! यह कभी नहीं हो सकता। मैंने लोगों के बीच उनके बारे में सुनकर और पढ़कर उन्हें जितना जाना है, ऐसा कुछ होना संभव ही नहीं है। मेरे पिता ऐसे इंसान कभी नहीं रहे।’
पंचानन घोषाल हँसते हुए बोले-
‘वह बात तुम्हारे जानने की थी भी नहीं, इसलिए तुम नहीं जान पाए। अगर तुम जोराबागान थाने जाकर इसकी खोज करो तो शायद तब के रिकॉर्ड में मिल भी जाए। हालांकि इतनी पुरानी फाइल अब है भी या नहीं, कौन जाने। खैर, असली किस्सा सुनो।’
शाम ढल रही थी। थाने के बड़े बाबू बाहर का सारा दैनंदिन काम निपटाकर लौटे थे। उनकी अनुपस्थिति में जो लोग विभिन्न कारणों से लॉकअप में भरे गए थे, उन्हें बाहर निकालकर उनके सामने लाया गया। बड़ा बाबू ही यह तय करने वाले थे कि इनमें से किसे छोड़ना है और किसे अंदर रखना है।
उनमें से ही धोती-कुर्ता पहने एक भद्र-से दिखने वाले सज्जन पर नजर पड़ी तो बड़े बाबू ने उनकी ओर देखते हुए पूछा-
‘अरे, यह तो निहायत ही भद्रलोक लग रहे हैं, इन्होंने क्या किया?’
हवलदार बोला-
‘सर, काहे का भद्रलोक… ये यहां, यानी थाने की दीवार पर पेशाब कर रहे थे।’
‘क्या! थाने की दीवार पर पेशाब? दिखने में तो पढ़े-लिखे लगते हैं, कपड़े-लत्ते भी भले आदमी जैसे हैं। क्या इन्हें नहीं पता कि खुले में ऐसा करना ठीक नहीं?’
सज्जन हाथ जोड़ते हुए बोले-
‘सर, कहा न, दोबारा कभी ऐसा नहीं होगा। बहुत जोर से लगा हुआ था सर, कहीं शौचालय भी नहीं मिल रहा था। अब कपड़ों में ही हो जाता, इसलिए थोड़ा आड़ मिला, वहीं कर लिया। यह थाना है, यह समझ नहीं पाया था।’
बड़े बाबू नाराज होकर बोले-
‘तो कपड़ों को बचाने के लिए आप दूसरों की दीवार पर पेशाब करेंगे? गजब आदमी हैं आप!… थाना हो या किसी का घर, क्या फर्क पड़ता है! ऐसे, आप करते क्या हैं?’
‘सर, मैं अध्यापक हूँ।’
‘अध्यापक? किस स्कूल में?’
‘खिलातचंद्र मेमोरियल स्कूल में।’ (यह उन दिनों धर्मतला क्षेत्र का एक प्रसिद्ध स्कूल हुआ करता था।)
‘ओ रे बाबा, खिलातचंद्र स्कूल?’ बड़ा बाबू को संदेह हुआ तो पूछा- ‘ये स्कूल कहां है, जानते भी हैं?’
‘जानता हूं सर! विश्वास न हो तो फोन भी कर सकते हैं सर। मेरे पास स्कूल का नंबर है, कहें तो दे दूं?’
बड़े बाबू ने स्कूल का फोन नंबर लिया और कॉल किया। हां, बात सही निकली। तब वे और भड़क गए-
‘तो आप मास्टर होकर ये सब कर रहे हैं? आपके छात्र क्या सीखेंगे?’
भद्रलोक घबराए हुए बोले-
‘सर, गलती हो गई। कहा न, मजबूरी में हुआ। ऐसा पहले कभी नहीं हुआ सर! आगे कभी नहीं होगा।’
बड़ा बाबू का हावभाव देखकर उन्हें कोई उम्मीद नहीं दिख रही थी। डर हुआ कि उनपर मुकदमा दर्ज कर कोर्ट न भेज दिया जाए। लोक में बदनामी होगी सो होगी, हैरानी भी कम नहीं होगी। तब उन्होंने सहानुभूति पाने की कोशिश में अंतिम कोशिश करते हुए कहा-
‘इसके अलावा मैं थोड़ा-बहुत लिखता भी हूँ, सर!’
‘अच्छा! क्या लिखते हैं?’
‘गल्प, उपन्यास वगैरह।’
‘कौन-सा उपन्यास?’
‘पता नहीं आपने सुना है या नहीं, मेरे एक उपन्यास को थोड़ी प्रसिद्धि भी मिली है… वही, ‘पथेर पांचाली’।’
बड़े बाबू फिर गुस्से में बिफर गए और बोले-
‘अब एक जोर का झापड़ दूंगा, सब गल्प निकल आएगा। बहुत सह लिया। ‘पथेर पांचाली’ किसका लिखा है, जानते हैं?’
‘जी, मेरा लिखा हुआ है। विभूतिभूषण बंद्योपाध्याय। आपने फोन करके स्कूल का जब नाम पूछा था, तभी तो बताया था।’
अब बड़े बाबू अवाक रह गए। आश्चर्य से उनकी ओर देखते रहे। फिर कांपते स्वर में बोले-
‘आप विभूतिभूषण बंद्योपाध्याय?’
इतना कहकर बड़े बाबू कुर्सी छोड़कर उठ खड़े हुए, मेज का चक्कर काटकर उस आरोपी के चरणों में गिर पड़े। सिर नवाकर प्रणाम किया और फिर बोले-
‘जाइए, करिए मूत्रत्याग, इस थाना में जहां मन करे करिए! जितनी खुशी करिए। पुण्यभूमि हो उठेगा आज मेरा थाना!’
इतना सुनाकर पंचानन बाबू ने तारादास बाबू से कहा-
‘समझे? सचमुच तुम्हारे पिता को पुलिस ने पकड़ा था।’
तारादास बाबू बोले-
‘यह आपकी गढ़ी हुई कहानी है। आप लेखक हैं, किसी से थोड़ा-सा कुछ सुना होगा और उससे इतनी सुंदर एक कहानी गढ़ डाली।’
पंचानन घोषाल मुस्कराए और धीरे से बोले-
‘कहानी क्यों होगी भला? और मैं किसी और से क्यों सुनूंगा? उस दिन का बड़ा बाबू तो मैं ही था। वही पंचानन घोषाल, जिसने उनके पैर छूकर पुण्य पाने का सौभाग्य पाया था!’
बी 602, खाकी एस्टेट, गली नंबर 702, एक्शन एरिया-2डी, (मंगलदीप मेट्रो स्टेशन के पास) न्यू टाउन, कोलकाता – 700161 मो.9830647777
