
दस कहानी संकलन, ५ उपन्यास, एक कविता संकलन प्रकाशित तथा ४ कहानी संकलनों का संपादन।अद्यतन उपन्यास ‘थोड़ी सी जमीन थोड़ा आसमान’।

मैं उसे देखती रही थी, न जाने क्यों! कोई खास बात नहीं थी उसमें- व्हील चेयर पर बैठी एक उम्रदराज औरत, उतनी ही उदास जितनी कि शायद उसे ऐसी हालत में होना चाहिए।मैंने उसका चेहरा नहीं देखा था।मगर उसके कच्चे-पक्के बालों के जुड़े से उड़ती लटों में अटकी रोशनी के कतरे सुलग-से रहे थे।मार्च के उतरते दिन का रंग उसके पूरे वजूद को घेरे था।धूप में जलते किसी बेलिबास शज़र का-सा वह चेहरा जाने क्यों एकाएक आंखों में तिनके-सा पड़ गया था…।
उसका साथी बहुत एहतियात से उसका चेयर तालाब के किनारे लगा गया था।जाने से पहले उसके कांधे को सहलाया था- जरा बैठोगी न? मैं अभी आया…।कितनी नरमी थी उसके लहजे में! उनके आसपास जैसे एकाएक ओस का नम दुशाला-सा कुछ तैर आया था।परवाह का एक नाज़ुक, मुख्तसर-सा लम्स भी खुश्क़ मौसम को किस तरह तर कर देता है…।मैं एक अजाने रश्क से भरी उसे देखती रही थी…।किसी के पास इतना क्यों होता है! इस सोच के साथ मेरे भीतर कोई अंधा कुआं बेतरह डबडबा आया था।कोई भरा-पूरा घर किसी उजड़े मकान की याद क्यों दिलाने लगता है!
कला भवन के पिछवाड़े का यह बाग इस मौसम में जरा उजाड़-सा हो उठता है।झील की सतह से उतरता पानी, जर्द होती हरियाली, किनारे पर सुस्त बैठे जल-पक्षी…।मगर धूप और गर्मी के फूल खूब चटक, चमकीले! बोगनबेलिया, गुड़हल, पलाश, सेमल, वाटर लिली… हर तरफ कनारी लपटें, आग की दहक और सुर्खाब…।
शहर में लौटने के बाद अक्सर उतरती शाम के समय यहां आ बैठती हूँ।दिन तो जिंदगी के सौ झमेले में किसी मानिंद गुजर ही जाता है; मगर उजाले के बुझने के साथ-साथ बेचैन परिंदे-सी उदासी घिर आती है भीतर, खुद के मुकाबिल ठहरना मुश्किल हो जाता है।खुद को बहलाने के लिए अक्सर अजनबियत की धूल झाड़ कर जाने-पहचाने की ढूंढ की एक थका देने वाली कोशिश कुछ और थका जाती है…।
यहां कभी हम हुआ करते थे! अजनबी आंखों से इस बहुत अपने शहर को देखती हूँ।नदियों से बह गए पानी की तरह ही जैसे हम भी अपनी देह, मन से बेआवाज बह जाते हैं, कतरा-कतरा बीत जाते हैं…।कॉलेज से गौरैया के चहकते झुंड-सी निकलती लड़कियां, बेमतलब शोर मचाती, हँसती-भागती…।मैं उन्हें रश्क से देखती हूँ।नई उम्र, नई उमंगे, सपने… जाने किस आश्वस्ति से भरी हुई! उनके पास शायद कुछ भी नहीं, मगर सब कुछ है- हौसला, इरादा, गुंजाइश…।जवानी अपने आपमें एक दौलत है।जब यह पास होती है, एक मुफ़लिस भी लबालब भरा होता है।
सोचा, अब आई हूँ तो खुद से मिले बगैर नहीं जाऊंगी! वर्षों पहले यहीं कहीं तो अपना आप छोड़ गई थी… वह पागल दौर याद आता है।तब पास एक सपने के सिवा कुछ नहीं था।अब उसी गुजर गए सपने का मातम और राख लेकर लौटी हूँ, किसी नदी में सिराने के लिए।एक उम्र तो दुनियादारी में खपाया।हासिल के नाम पर शिफर! हां, कुछ बीमारियां भी लौटते हुए साथ हो ली हैं।
अब थोड़ा समय खुद के लिए।बदमाश राका की भी सख़्त हिदायत- जा सिमरन जा, अपनी ज़िंदगी जी ले! उसकी बातें याद आती हैं तो एक साथ हँसी, आंसू आते हैं।
इस वक्त धूप की तल्खी कम हो जाती है।यहां, झील के किनारे भीड़ भी कुछ कम होती है।बस एक-दूसरे से दूरी बरतते कुछ जोड़े, जिन्हें इन दिनों दुनिया की भीड़ में निहायत अपनी एक दुनिया की खोज रहती है।
इन्हें देखकर जाने क्यों कई बार न चाहते हुए भी खीज-सी उठती है।भीतर का अकेलापन तिनके-सा सुलग उठता है।महसूस होता है, कोई अकहे तंज कस रहा, चिढ़ा रहा…।खुद को समझाती हूँ, थोड़ा दराज दिल होने की कोशिश करती हूँ।सबके हिस्से मुहब्बत होती, खुशी और उम्मीद बराबर तक़सीम होती तो कोई किसी से रश्क़ नहीं करता, रंज में नहीं डूबता।यह भीतर की गरीबी होती है जो हमें तंग-दिल, बेरहम बना देती है।
मैं खुद पर शर्मिंदा होती हूँ मगर मुझसे बेहतर कौन मेरी मुफ़लिसी जानता है… अपने जमाने से खाली पड़े प्याले से किसकी प्यास बुझाऊं और कैसे! मेरे अपने आपसे रिश्ते ने जीवन के तमाम रिश्तों के माने बदल डाले हैं।समझने लगी हूँ, खुद से सुलह किए बिना किसी से दोस्ती अब शायद मुमकिन नहीं।इसलिए इंतजार में हूँ, अपने ही लौटने का… बिना टूटे इसमें सतत बने रहना, शिकस्त न मानना…।सचमुच, यह इंतजार मेरी जिंदगी का सबसे मुश्किल इंतजार है! इसमें होते हुए जैसे मैं हर पल बनती और फना होती हूँ…।
उस औरत की ओर खाली निगाहों से देखते हुए मैं अपने ख़्यालों में भटक गई थी शायद।चौंकी तब जब उसके व्हील चेयर को ढलवा जमीन पर लुढ़कते देखा।वह तालाब की ओर जा रही थी।मैंने भाग कर उसके चेयर को पकड़ा था।वह मेरी तरफ गर्दन घुमा कर मुस्कराई थी, एक घबराहट भरी मुस्कराहट- ‘ओह! बहुत थैंक्स! आप न आती तो…’ ‘तो… कुछ नहीं होता, इस गर्मी में आप झील की दो-चार डुबकी लगा लेतीं…।’ मैंने माहौल को हल्का करने की गरज से कहा था मगर वह दुबारा मुस्करा नहीं पाई थी।जाने कैसी आवाज में कहा था- ‘नहीं, शायद जल-समाधि ही हो जाती, मुझे तैरना नहीं आता…।’
‘ऐसा कुछ नहीं होता सुकून! मैं आ ही रहा था!’ न जाने कब पीछे से आकर उसके साथी ने व्हील चेयर संभाल लिया था- ‘वैसे आपका बहुत शुक्रिया मिस…’ कहते-कहते उसने एक लम्हे के लिए ठिठक कर मेरी ओर सवालिया नजरों से देखा था। ‘मैं प्रीत… प्रीता अवस्थी…’ उनके साथ बड़े गेट की ओर बढ़ते हुए मैंने बताया था। ‘आपको शायद पहली बार यहां देख रही हूँ, आप यहां की तो नहीं…’ व्हील चेयर पर बैठी औरत ने, जिसे उस आदमी ने सुकून कह कर पुकारा था, मुझसे पूछा था।
‘यहीं की हूँ, बस कुछ सालों के लिए विदेश चली गई थी, हाल ही में लौटी हूँ…।’ सामने से गुज़रते हुए एक रिक्शे को रोक कर मैं बैठ गई थी- ‘उम्मीद है, फिर मिलना होगा, बहुत छोटा शहर है यह!’ सामने की भीड़ में धंसते हुए अपने पीछे हिलते हुए हाथों को महसूस कर मुझे अजीब लगा था।इस शहर के हर गोशे में भरे चीखते हुए सन्नाटे और खालीपन ने लौटने के बाद से मेरा लगातार पीछा किया और डराया है, मगर आज दो हिलती हथेलियों ने जैसे मुझे मेरी अजनबियत से एकाएक निजात दिला दी थी।सीने में आंसू अब्र की तरह लहरा कर उठे थे मगर मैंने उसे आंखों की कोर पर ही जब्त कर लिए थे।हर बात पर रोने के वे मासूम दिन अब नहीं रहे…।
वतन लौटने के बाद सालों से बंद पड़े मकान के दो कमरे मैंने किसी तरह साफ करवाए हैं।खुले स्पेस के नाम पर साथ की छोटी–सी बालकनी, शहर और आकाश पर खुलता हुआ।कुछ हो न हो, एक टुकड़ा आकाश जरूर चाहिए।उसे मैं कभी आंखों से ओझल नहीं होने देती।आकाश है तो उड़ान का आश्वासन भी है।
फिलहाल इतना ही बहुत था मेरे लिए।थोड़े-से जरूरी सामान के साथ आई हूँ।उम्र भर बहुत जोड़ लिए, अब घटाने का वक्त है।हल्का होना चाहती हूँ।जरूरी है, वरना आगे का सफर मुश्किल हो जाएगा।
मकान के सामने का अहाता उजाड़ पड़ा है।टूटे गमलों और हर तरफ बिखरे ईंटों के ढेर से बेतरतीव।बस कोने में एक बूढ़ा पारिजात का पेड़ और उसके आसपास बेला की घनी झाड़ियां… इन दिनों खूब फूल रही।रातों को मार्च की गर्म हवा इनकी खुशबू से तर हुई रहती है।लपटों की तरह रह-रह कर उठती इस खुशबू में माज़ी की कितनी यादें घुली-मिली होती हैं! गई रात तक बालकनी में बैठी-बैठी इन दिनों अक्सर उन्हीं गुजर गए वक्त के सफर पर होती हूँ।यह कैसी त्रासदी है कि मन दौरे-हाजिर में न ठहर कर अधिकतर आने वाले या गुजर गए वक्त की राह पर भटकता फिरता है…।
असित के साथ सब कुछ खत्म कर लगा था, कितनी आसानी से सब समेट लिया।कितना आसान तो था! बेकार में एक उम्र लगाया।अब, इस एकांत में महसूस हो रहा है, कुछ सामान बक्सों में नहीं, जान से बंधे होते हैं।उन्हें आखिरी तक ढोना होता है या शायद उससे भी आगे तक…।
राका ही शायद इस बचे-खुचे जीवन की अकेली बंधन है।उसे तोड़ना नहीं था, बस किसी तरह अलगा आई हूँ।उसी के दिए हौसले से।वरना अपने कंफर्ट ज़ोन से निकलना आसान नहीं होता।वर्षों की कैद एक पंछी में भी पिंजरे की आदत पड़ जाती है।आकाश को सलाखों के पीछे से तकना और उसमें बेलौस उड़ना दो अलग बातें हैं।अरसे बाद खुले आसमान में पंख पसारे तो लगा किसी गहरे समंदर में डूब रही हूँ।पानी की मानिंद हवाएं सांसें घोंटने लगीं।बेइंतिहा डर लगा।
मेरी छोटी-सी बच्ची ने मां बन कर बांहों में लिया तो अकेली निकल पड़ने का मन बन पाया- ‘तुम फिर से मेरे लिए रुक जाओगी तो खुद को कभी माफ नहीं कर पाऊंगी ममा! मुझे तुम्हारा हौसला बनने दो प्लीज़, कमज़ोरी नहीं!’ जब भी इस उजाड़ में मन डगमगाता है, राका के वही अल्फाज़ कंधा बन कर संभाल लेते हैं।नहीं, अब लौटने का कोई सवाल ही नहीं।कुछ रास्तों में इयू टर्न नहीं होते।उन पर बस आगे बढ़ना होता है।
हर रात राका से व्हाट्सप्प पर चैट होती है।कभी-कभी वीडियो कॉल भी।स्क्रीन पर उसका किशोर चेहरा चांद-सा जगमगाता है।पूछती है, ‘कहो, आज क्या अडवेंचर किया? हिमालय की चोटी कितनी दूर है?’ लाफिंग इमोजी के साथ वही ‘हाहा’! मैं लिखती हूँ, बस थोड़ी दूर।चढ़ते ही झंडा गाड़ कर तुम्हें सेल्फी भेजूंगी! सचमुच, एक उम्र के बाद बेटियां सहेली ही बन जाती हैं।मांएं बच्ची बनती जाती हैं, बेटियां सयानी!
कुछ दिन घर पर ही पड़ी रही थी।राका के भेजे हुए प्ले लिस्ट से गीत सुनते हुए।उसे मेरी पसंद पता है, गुलाम अली, रेश्मा, रब्बी, लता… गीत किसी भी सफर में साथ हो लेते हैं, साथ-साथ चलते चांद की तरह, बिना हाथ पकड़े, बिना राह रोके…।वह लिखती है, ‘आज हम डैड की नई दोस्त के साथ डिनर पर गए थे।दोनों सीरियस लगते हैं।शादी की बात कर रहे थे!’
पढ़ कर भीतर कोई प्रतिक्रिया नहीं होती।शादी…।कुछ अल्फाज जिनसे कभी मन पीपल के पत्ते-सा कांप-कांप उठता था, आज रद्दी कागज बने पड़े हैं।आजकल खुद की निस्संगता हैरान करती है।चलते-चलते जाने किस मुकाम पर आ गई हूँ! भीतर सब कुछ मर गया है।दुख भी, खुशी भी…।बस एक दूर तक फैला उदास सन्नाटा और निर्लिप्तता! यह अच्छा है।ख़्वाहिशों के हजार गम के बदले अपना चुना हुआ एक गम! जिंदा होने के ढेरों दुख से बेहतर है पत्थर होने का यह अकेला दुख…।
लगभग चार-पांच दिन बाद झील के किनारे पहुंची तो सुकून को अपने इंतजार में पाया।देखते ही मुस्कराई- ‘शुक्र है, मुझे लगा आप लौट गई होंगी।’ मुझे अपना यह इंतज़ार अच्छा लगा।मुझे देख उनके पति भी निश्चिंत हो गए थे।थोड़ी दूर बैठ कर किसी से बात करने लगे थे।
इसके बाद टुकड़ों-टुकड़ों में उनके बारे में जाना था।सुकून लेखक हैं।पहले कुछ वर्षों तक नौकरी भी करती रही।एक बेटी है जो शादी के बाद विदेश में रहती है।पिछले कुछ सालों से स्ट्रोक की वजह से व्हील चेयर पर है।हँस कर कहती है, तब से उत्तरा के पापा अपना सब कुछ छोड़ कर मेरे फुल टाइम ड्राइवर बन गए हैं।सुबह से शाम तक मेरी कुर्सी धकेलते फिरते हैं।
सुकून को लेकर जाते हुए उसके पति को उस दिन मैंने कुछ अधिक ध्यान से देखा था।कोई किस आसानी से दूसरे के हाथ–पैर बन जाते हैं! दोस्त, हमसफर… ऐसे ही होते हैं न! इनके होते अपनी कोई लाचारी लाचारी नहीं बनती! लफ़्फ़ाजी से इतर वक्त पर बढ़े दो हाथ, आश्वस्त करता एक कंधा, हर हाल में साथ खड़ा एक भरोसा, एक आश्वासन ही तो होता है न दोस्त!
एक दिन उनके घर गई थी, उन्हीं के आग्रह पर।एक बेतरतीब खूबसूरती से भरा रहवास- हर तरफ किताबें, मौसमी फूलों से लदे गमलें, किचन गार्डन, दरवाजे पर हवा के हल्के झोंकों पर ठुनकता चाइम…।सुकून पूरे घर में घूम-घूम कर काम कर रही थी और उसका पति उसकी कुर्सी धकेलता फिर रहा था- ‘देख रही हैं, इसी तरह इसे रोज घूम्मी करवाता रहता हूँ।एक मिनट चुप नहीं बैठेगी।सब काम खुद करना है।कितना कहता हूँ, मुझे करने दो!’
‘हां! ताकि पूरे घर का कवाड़ा कर दो!’ सुकून सलीके से कप में चाय उड़ेलती है- ‘ज़िंदगी भर तो एक चम्मच तक हिलाना नहीं आया…’ ‘बस-बस अब अपना पिटारा खोल कर मत बैठ जाना!’ हँसते हुए उसके पति चाय पीते हैं।मैं दोनों को एक अनाम कसक से भरी देखती हूँ।ईंट-पत्थर, सामानों से नहीं, घर तो इन्हीं बातों से बनता है- नोक-झोंक, शरारत, शिकायतें, हर हाल में साथ…।यहां पकते खानों की सुगंध में आत्मीयता की ऊष्मा है, दीवारों, टेबल, कार्निश पर सजी तस्वीरें एक भरे-पूरे जिए जीवन की गवाही देती हुई-सी जैसे…।
सुकून अपनी किताबें दिखाती रही थी।फिर खाते हुए टेबल पर देर तक बातें…।मैं सुकून को सुनती रही थी।लगा था, उसके भीतर खूब सारी बातें इकट्ठी हुई पड़ी हैं।वह बोलना चाहती है।बातें करते हुए उसकी आंखें पारे-सी चंचल, चमकदार हो उठती थीं।उसे इस तरह उछाह से भर कर बोलते हुए देखना मुझे अच्छा लगता था।उसके भीतर आज भी कहीं एक बच्ची है जो मौका मिलते ही अपनी दो रिबन बंधी चोटियां हिलाती हुई तितलियों, गुड्डियों के पीछे बेफिक्र भाग छूटना चाहती है।
वर्षों के शोर-गुल, आपाधापी के बाद कुछ एकांत चाहती थी।अपने में होना चाहती थी।लगता था सब कुछ पाने, सहेजने के चक्कर में सबसे अधिक खुद को ही खोया है।बकौल राका के, अब एक डेट खुद के साथ! इस डेट में मन लग भी रहा था मगर बीच में जाने कहां से सुकून आ गई थी, एक मीठे किटकैट ब्रेक की तरह! वह किसी तरह की हलचल नहीं, एक बहती बयार-सी सुकून ही थी।तो कुछ दिन अपने आपसे हर हिसाब-किताब स्थगित रख कर उसके साथ हो ली थी।अनायास ही।
सुकून के पति नीरव को अब कहीं जाना होता या कोई जरूरी काम होता तो उसे मेरे घर छोड़ जाता था या मुझे उनके यहां बुला लेता था।गर्मी की लंबी, अलस दुपहरें बातें करते या धूप के नर्म पड़ने पर लेक के किनारे टहलते हुए बीततीं।इन दिनों सुकून अपने पांचवें उपन्यास पर काम कर रही थी।जब वह लिखती मैं उसकी बालकनी में बैठी उसकी कोई कहानी पढ़ती होती।उसके फ्लैट का यह दक्षिण तरफ खुलनेवाली बाल्कनी मेरी प्रिय जगह बन गई थी।इसके ठीक ऊपर एक गुलमोहर का पेड़ था जो इन दिनों खूब फूल रहा था।फ्लैट का अहाता सुर्ख-सिंदूरी फूलों से अंटा रहता।हवा चलती तो ये रंगीन आंचल-से लहरा उठते।
अरसे बाद इतनी फुर्सत से किताबें पढ़ी थीं।ठीक जैसे कॉलेज के दिनों में गर्मी की छुट्टियों में पढ़ा करती थी।हँसी, गीत, बातों से भरी सुकून की कहानियों में अक्सर मुझे एक ऐसी औरत मिलती जो अपने घर की चारदीवारियों में कैद जाने किस प्रतीक्षा में खिड़की के पार आकाश को तकती रहती।उसकी इधर की लिखी अधिकांश कहानियों में इसी अकेली, उदास, चिर प्रतीक्षित स्त्री का प्रच्छन्न अक्स होता, फिर उसका नाम, उम्र, परिस्थिति कुछ भी हो।सुकून की हँसी, कौतुक से भरे चेहरे से मैं उसके लिखे का मिलान नहीं कर पाती।खिलखिलाहट में गूंजते मौन जैसा कुछ जो महसूस होते हुए भी पकड़ में नहीं आता! उसमें कोई एक और है, बहुत चुपचाप! दिखती है मगर नहीं दिखती…।
एक बार अपनी यही दुविधा उसके सामने रखने पर वह मुस्कराई थी- खुशरंग इंद्रधनुष को देखते हुए किसी को उसके पीछे हुई घनघोर बारिश का ख्याल नहीं आता…।उस दिन मुझे उसकी उजली आंखें बरस-बरस कर फीके पड़ गए बादलों-सी लगी थीं।ठंडे देशों में सर्दी के मौसम में सतह पर जम गईं झीलें याद आई थीं, उनके अंदर का मौन हलचल महसूस हुआ था।
दुनिया के विभिन्न देशों में घूमने के किस्से मेरे वह बहुत चाव और उत्सुकता से सुनती।खासकर अफ्रीका और कोलोम्बिया की कहानियां।उसे शहरों से अधिक जंगल, पहाड़, मरुभूमि पसंद हैं।कहती, यदि मैं मर्द होती तो कोई जोगी या बंजारा होती, दुनिया भर विरह के बाउल गीत गाती अपने ‘मोनेर मानुष’ को ढूंढती फिरती।
‘मर्द होने से ही क्यों?’ मेरा प्रश्न वह टालने लगती, ‘क्योंकि औरत होने पर जीवन की अधिकतर संभावनाएं अपने आप खत्म हो जाती हैं, खासकर हमारे जैसे देशों में…!’
मुझे जान कर हैरानी होती कि जीवन का अधिकतर समय उसने एक हाउस वाइफ की हैसियत से घर पर ही गुजारा है।सवाल पर वही हथियार डालती-सी मुस्कराहट- जाने क्या करती रही… फिर अपने किचन की ओर इशारा करती- यही, इस चूल्हे के इर्द-गिर्द चक्कर लगाती रही! यही तो हम पृथ्वी रूपी स्त्रियों का सूर्य है…।
‘तुमने नौकरी कंटीन्यू क्यों नहीं की?’ मेरे सहज-से प्रश्न उसे असहज कर जाते- ‘नहीं, कुछ समय तक की, फिर… छोड़ दी…।’
‘क्यों?’
‘इनको लगता था, मेरी जरूरत घर पर अधिक है।बेटी छोटी थी, फिर… इनकी बहुत व्यस्तता की नौकरी…।’
‘मगर इतना जो लिखा…?’
‘खूब पढ़ने-जानने की धुन, एक सीमित दायरे में सही, जीवन अनुभव और अपनी हजार आंखों, उंगलियों, बाहों वाली कल्पना! इन्हीं के पंखों पर बैठ कर सात समंदर, सातों आसमान हो आई…।’
वह सच न बोलकर भी झूठ नहीं बोलती थी।बस कुछ था जो निहायत उसका अपना था।उसमें किसी का हिस्सा नहीं हो सकता था।मैंने इस बात को समझा और ध्यान में रखा था।उसका संकोच मुझे आगे कुछ और पूछने से रोक देता।मगर कई सवाल मन में उठते रहते, पढ़ी-लिखी होकर घर में बैठी रही।दुनिया देखने का इतना शौक मगर शायद ही कहीं गई!
कितना अजीब है कि अक्सर हमारी जिंदगी का सबसे अहम नाम, पता, फोन नंबर किसी आम डायरी में दर्ज नहीं रहता।उसके लिए एक अलग ही किताब होती है।इतना गोपन, इतना सहेजा कि खुद से भी प्रायः भुला हुआ।
उस दिन जाने रात के किस प्रहर वह डायरी हाथ लग गई थी।एक पन्ने वाली डायरी, उसपर एक ही नाम- आशुतोष! इस नाम के साथ दो उजली, गहरी आंखों की स्मृति है जो आज भी किसी झील या भरे बादल को देख ताजा हो उठती है।
कम उम्र का प्रेम! पहला प्रेम! जिसे लोग अक्सर मूर्खता या कोरी भावुकता कहते हैं।मगर यह भावुकता, यह जादू जीवन में दुबारा तो नहीं घटता! दिल उस तरह फिर कभी नहीं धड़कता, इच्छाएं बांध टूटी नदी नहीं बनतीं…।एक ही मौसम होता है जीवन में जब बादल सचमुच गुलाबी दिखते हैं, नशा बिन पिए चढ़ता है।लोग बात-बात पर चांद-तारे तोड़ने के मंसूबे बांधते हैं।
क्यों अलग हो गए थे हम! उससे जो अपनी जिंदगी लगता था! वे कारण कोई कारण तो नहीं थे! कैसी मामूली बातें हमारी जिंदगी की दिशा तय करती हैं…।उसकी जाति अलग थी, मेरे कजिन ने भाग कर शादी की थी, वह बहुत गोरा था, मेरी दबी हुई रंगत… शायद ऐसा ही कुछ! अब याद कर दुख नहीं होता, हँसी आती है! अपनी मासूमियत, अपने रात-दिन बहे आंसुओं के लिए अफसोस होता है।
उन दिनों कितनी बार किसी पंखे से दुपट्टा बांध झूल जाने का मन होता था।खुद को सजा देकर उस डरपोक को सबक सिखाने की इच्छा– तब वह समझेगा उसने क्या खोया है! रो–रो कर पागल हो जाएगा…।उसके रोने की कल्पना कर फिर मैं छाती, दुपट्टा भिगो कर रोती रहती!
दूसरे दिन बिना किसी इरादे के मैं उस कॉलेज के सामने जा खड़ी हुई थी जहां कभी हम दोनों पढ़ते थे और आज वह पढ़ाता है।होश आया तो लौटने की गुंजाइश नहीं थी।वह सामने खड़ा था- कोई और बन कर! उन बहुत पहचानी आंखों में अजनबियत लिए।हम एक टेबल के दो तरफ असहज-से बैठे थे।बीच में गुजर गए पचीस सालों का जंगल फैला था।कैंटीन से मंगाई ठंडी, बेस्वाद चाय जबरन सुड़कते हुए खुद पर बेतरह गुस्सा आता रहा था।क्यों आई यहां मैं, किसलिए! उठकर बिना मुड़े भाग जाने का मन कर रहा था।ठीक जैसे पचीस साल पहले आषाढ़ की एक धारासार बरसती दोपहर को इसी कॉलेज के प्ले ग्राउंड से रोते हुए भाग गई थी।भीगी हुई किताबों को सीने में समेटे।उसने रोकने की कोशिश नहीं की थी।छाता पकड़े मुझे जाते हुए निस्संग भाव से देखता रहा था।
उसका बार-बार घड़ी देखना, सीधी आंखों में न देखकर संक्षिप्त-सा ‘हाँ ना’ में जवाब देना…।वह लगातार दो लेक्चर लेकर लौटा था और लंच के बाद किसी सेमिनार में जाने वाला था।यह बात वह मुझे तीसरी बार बता चुका था।हाथ की फाइल को खोल कर बार-बार कुछ ध्यान से पढ़ने लगता, इधर-उधर के ड्रावर टटोलता… मैं उसके किसी सवाल के इंतजार में बैठी रही! स्टाफ रूम में आसपास के टेबलों पर बैठे टीचर्स हमें कौतूहल भरी नजरों से देख रहे थे।कुछ आते-जाते रुक कर गैर जरूरी-से सवाल कर जाते।
परिवार के बारे में पूछने पर पहली बार उसमें कुछ उत्साह दिखा था।अपने बच्चों के बारे में विस्तार से बोलता रहा था।उसकी पत्नी अनुराधा इसी कॉलेज में केमिस्ट्री पढ़ाती है, अपने डिपार्टमेंट की हेड है… इन साधारण-सी बातों में कुछ खास नहीं था।मगर बताते हुए आशुतोष की आंखों की गुरूर भरी चमक, एक भरे-पूरे जीवन का छलकता हुआ संतोष मुझे न जाने क्यों अवसन्न कर गया था।उसकी बात बीच में ही काट कर, ‘अब मुझे चलना होगा’ कहते हुए स्टाफ रूम से हड़बड़ी में निकल आई थी।आशुतोष ने कुछ नहीं कहा था।उसी तरह चुपचाप बैठा निस्संग भाव से मुझे जाते हुए देखता रहा था।
इस तरह वहां से भागकर मैंने खुद को उसपर एक बार फिर जाहिर कर दिया था।बता दिया था उस निर्मम को कि इतने सालों बाद भी वह मुझमें कहीं शेष है, आज भी वह मुझे चाहे तो तकलीफ पहुंचा सकता है! ओह! कितना लज्जाजनक था यह सब…।
लौट कर सारी दुपहर बिस्तर पर मुंह ढांपे पड़ी रही थी।इस बीच दो तीन बार सुकून का फोन आया था।मैंने नहीं उठाया था।शाम को मेल चेक किया तो असित का मेल आया हुआ था।उसकी वही हमेशा की व्यंग्य और अपमान-अवज्ञा की भाषा में- वह शादी कर रहा है, अब आगे से मुझे उससे फूटी कौड़ी भी नहीं मिलेगी।बेटी से जब चाहे मिलना भी अब मुमकिन नहीं होगा।जब तक वह अठारह की न हो जाए…।
इन बातों में नया कुछ भी नहीं था, मगर जाने क्यों मैं अरसे बाद इस तरह से फूट कर रोई थी।लगा था भीतर कोई बांध टूट गया है।भरी हुई तो पहले से थी।इस कमजोर क्षण में बीते हुए सालों का सहा-जिया, त्रासद स्मृतियां एकदम-से उफन कर मुझे सर से पांव तक ढंक गई थीं।मैं तो समझती थी मैं अपने अतीत से, हर अनचाहे से निकल आई हूँ, मुक्त हो गई हूँ…।
चौथी बार सुकून का फोन आया तो मैंने उठाया।वह घबराई हुई-सी थी- ‘दरवाजा खोलो! मैं बाहर हूँ।’
मुंह धो कर दरवाजा खोलने में देर हुई थी।सुकून का पति उसे सहारा दे कर खड़ा था।मुझे देखते ही उसे मुझे सौंप कर चला गया था।वह जल्दी में था।उसे कहीं जाना था।
‘तुम ठीक हो?’ बैठते हुए सुकून ने मुझे ध्यान से देखा था- ‘ओह मैं तो डर ही गई थी! कितनी बार फोन किया! कॉल बेल बजाया, शायद बिजली नहीं।नॉक भी किया… जाने किस दुनिया में रहती हो!’
उसकी आवाज में बसी फिक्र ने मेरा रहा-सहा धैर्य भी खत्म कर दिया था।निर्मम प्रहार भी सह जाते हैं मगर अपनेपन के दो बोल नहीं! भीतर का डबडबाता भराव एकाएक बाहर उलीच आया था।मैं फिर फूट पड़ी थी।
सुकून ने मुझे रोका नहीं था।मेरा हाथ पकड़ कर मुझे सुनती रही थी।मुझे याद नहीं मैंने अपने दुख और हताशा में उससे क्या–क्या कहा था।आखिर मेरे थक कर चुप हो जाने पर उसने अपना रुमाल निकाल कर मुझे थमाया था– ‘रो लो जी भर कर! खुद को खाली कर लो! राहत मिलेगी… वरना वक्त–बेवक्त यह टीसता रहेगा, कभी चैन से बैठने नहीं देगा।’
‘यह छल, झूठ, विश्वासघात… तुम-सी खुशकिस्मत इंसान ये बातें कभी नहीं समझ सकती सुकून…।’ मैं एक बार फिर रोने लगी थी और ऐसा करते हुए मुझे खुद पर ही गुस्सा आने लगा था।क्या हो गया है आज मुझे! इतनी लिजलिजी, इतनी भावुक तो न थी कभी!
मेरी बात सुनकर सुकून खिड़की की तरफ सरक गई थी और देर तक बाहर देखती रही थी।जब मुड़ी थी, उसकी आंखें किसी और की-सी हो गई थीं, बरसने से पहले थमके हुए बादल जैसी- ‘हमेशा फेंस की दूसरी तरफ की घास अधिक हरी नजर आती है… सबको मेरा बोलना दिखता है, मौन सुनाई नहीं पड़ता!’
उसकी बात ने मुझे एकाएक चुप करा दिया था।मैंने गौर से उसका चेहरा देखा था।आज वह पहली बार बोल रही थी- ‘तुम कमज़ोर होगी, आश्रय मांगोगी तो पुरुष तुम्हारा सेवियर बन जाएगा।यह उसके अहंकार को तुष्ट करता है।मगर औरत, वह भी व्यक्तित्ववाली… उसे सहता नहीं!’
सुकून अब अपने कमजोर पैरों की तरफ देख रही थी- ‘जब तक अपनी पहचान, अस्मिता के लिए जूझती रही, घर में अशांति बनी रही, झगड़े होते रहे…।’
‘मगर…’ अपनी उलझन में जाने मैं क्या कहना चाहती थी, मगर सुकून बिना रुके बोलती रही थी- ‘अब सब ठीक है- मैं लाचार हो गई हूँ, उसपर निर्भर हो गई हूँ… तो अब कोई इन्सेक्यूरिटी नहीं, मसाला नहीं…’ फिर हँस कर मेरी ओर देखा था- ‘जानती हो, जिस आदमी को मेरे अपने पांवों पर दो कदम चलना मंजूर नहीं था आज वही व्हील चेयर पर बैठा कर मुझे पूरी दुनिया घूमाने को तैयार है… तो शर्त बस इतनी-सी, मदद ले लो, सहारा ले लो, मगर अपने पांवों पर नहीं, अपने बूते नहीं…।’
अपना रोना भूलकर मैं सुकून को देखे जा रही थी।वह जैसे एकालाप में थी- ‘बहुत बड़ी कीमत दी है इस शांति की, साहचर्य की सुकून जिसे तुम रश्क से देखती हो! घर चाहिए, अपने पुरुष का प्रेम चाहिए तो पहले खुद की, अपने सपनों और आत्म सम्मान की बलि देनी पड़ेगी।स्वयं को पूरा रखते हुए हम किसी का बेटर हाफ नहीं बन सकते…।’
उसने बढ़कर मेरा हाथ पकड़ लिया था- ‘तुम्हारा घर से बाहर होना, मेरा घर में होना एक ही बात है, एक ही दुख है… मर्दों के लिए दोनों जहान होते हैं, घर भी, बाहर भी; मगर औरत के लिए या तो घर या बाहर…।’
आज पहली बार सुकून को रोते हुए देख रही थी।बहुत मुश्किल से उतरे थे उसके आंसू, जैसे पत्थर के टुकड़े हों! रोका नहीं था उसे, बस उसके साथ हो ली थी।यह एक अलग तरह का सुख था- किसी के साथ मिलकर एक ही दुख में रोने का विरल सुख! साझे का दुख भी एक सुख होता है।यह बात हर अकेला इंसान जानता है।पाषाण अहल्या के आज जीवित होने का दिन था! शिलाओं की नदी बनने का दिन था, निर्बाध बहने का दिन था…।
कुछ देर बाद उसका पति आ कर उसे व्हील चेयर पर बैठा कर एहतियात से ले जाने लगा तो पहली बार उसका सुख देख कर रश्क नहीं हुआ।अब जानती थी, वह बिलकुल मेरी जैसी थी।अभावों की अंतःसलिला नदी! जैसी शायद कमोबेश हर औरत होती है।बनाने वाले ने इस मामले में उसके साथ कोई पक्षपात नहीं किया।अलग-अलग भाषा, रूप, देह में सबको एक-सा प्रारब्ध दिया…।
संपर्क :हाउस नं.५३९/७, तीन माड, मायना, शिवोली, गोवा – ४०३५१७ मो.९८२२५८११३७



लंबे अरसे के बाद बेहद लरज़ती और दिलकश भाषा में किसी कहानी ने रोमांचित कर दिया। एक-एक शब्द पोर-पोर में उतरता चला गया! मजबूरन मुझे यह कहानी दो बार पढ़नी पड़ी। शायद ऐसा कम ही होता है!