युवा लेखक और पेशे से अस्थि एवं जोड़ रोग के विशेषज्ञ। कई काव्य संग्रह और व्यंग्य संग्रह प्रकाशित।

 

धीरे-धीरे हम एक ऐसे युग में प्रवेश कर चुके हैं जहां हमारा सोचना, समझना, चिंतन सब आउटसोर्स होने लगा है। और यह मैं कोई फिल्मी डायलॉग नहीं बोल रहा हूँ, बल्कि सबकी रोजमर्रा की आदतों का शांत-सा, लगातार और लगभग अदृश्य-सा परिणाम आपके सामने रख रहा हूँ। जिस तरह फोन ने हमारे भीतर के याद रखने वाले आदमी को रिटायर कर दिया, उसी तरह एआई हमारे भीतर के समझने वाले आदमी को भी परमानेंट छुट्टी पर भेजने की तैयारी में है। फर्क बस इतना है कि फोन ने हमसे कुछ स्मृतियां छीनी थीं, एआई हमसे स्मृतियों के साथ-साथ संघर्ष, जिज्ञासा और अपने निष्कर्ष तक पहुंचने की मेहनत भी छीन सकता है।

शुरुआत हमेशा मासूम-सी लगती है। बस एक मेल ड्राफ्ट कर दो। बस एक पैराग्राफ ठीक कर दो। बस कुछ आइडिया दे दो। फिर वही बस ‘जरा-सा’ धीरे-धीरे जीवन की स्थायी नियति बन जाती है। यह सुविधा का नशा है- और सुविधा का नशा बाकी नशा से ज्यादा सभ्य दिखता है। इसलिए वह ज्यादा खतरनाक भी है क्योंकि यह आपको गिराते हुए भी आपको ऐसा महसूस कराता है कि आप उड़ रहे हैं। आप उत्तर तेजी से पा रहे हैं, भाषा आपकी चमकदार हो रही है, काम आपका मिनटों में हो रहा है-और भीतर कहीं आपकी अपनी बुद्धि, अपनी शैली, अपनी पकड़, अपनी त्रुटियां पकड़ने की क्षमता सब कुछ ऑटो-सेव होकर किसी कोने में दबती जा रही हैं।

इस डर को लोग अक्सर पुराने डर बताकर टाल देते हैं- जैसे किताबों के आने पर एक डर बहुत ही व्यापक रूप से फैलाया गया कि किताबें हमारी  स्मृति खत्म कर देंगी, या कैलकुलेटर हमारी गणितीय क्षमताओं को खत्म कर देगा।

इतिहास में तकनीक के खिलाफ हमेशा से घबराहट रही है, यह सच है। मगर यहां एक बारीक फर्क है : किताब और कैलकुलेटर आपको जवाब नहीं थमा देते। वे आपको एक ढांचा देते हैं; सोचने का एक फ्रेमवर्क। वे आपकी सक्रियता खत्म नहीं करते, बस उसे दिशा देते हैं। एआई खासतौर पर जनरेटिव एआई कई कदम आगे है। यह आपकी जगह लिख सकता है, आपकी जगह निर्णय का मसौदा बना कर ‘रेडी टु सर्व’ पेश कर सकता है, आपकी जगह सोच-विचार कर दिया गया निर्णय दिखने वाला टेक्स्ट दे सकता है। समस्या यह नहीं है कि यह मदद करता है। समस्या यह है कि यह मदद इतनी चिकनी-चुपड़ी है कि आपके मस्तिष्क को कुछ घर्षण ही नहीं मिलता, जबकि सीखने का पूरा विज्ञान घर्षण पर खड़ा है- गलती, सुधार, उलझन, जद्दोजहद, पुनःप्रयास! बिना घर्षण के ज्ञान नहीं बनता सिर्फ कंटेंट बनता है।

पिछले कुछ समय में जो शोध सामने आए वे लोगों को असहज कर रहे हैं, क्योंकि वे हमारे रोजमर्रा के अनुभव पर प्रश्नचिह्न खड़ा कर रहे  हैं। माइक्रोसॉफ्ट और कार्नेगी मेलॉन यूनिवर्सिटी की 2025 की एक स्टडी (319 नॉलेज वर्कर्स) बताती है कि जिन लोगों का एआई पर भरोसा ज्यादा होता है, वे एआई-सहायता वाले कार्यों में अपनी स्वयं की क्रिटिकल थिंकिंग को कम सक्रिय करते हैं- यानी मेहनत का केंद्र समस्या सुलझाने से हटकर एआई को कैसे इस्तेमाल करें उधर शिफ्ट होने लगता है।

यह सिर्फ ऑफिस तक सीमित नहीं है। कॉग्निटिव ऑफलोडिंग नाम का जो सिद्धांत पहले इंटरनेट/सर्च के संदर्भ में चर्चा में आया था, वह अब एआई के साथ और गहरा होता दिख रहा है। 2011 में स्पैरो (बेट्सी स्पौरो) और साथियों ने दिखाया था कि जब हमें पता होता है कि जानकारी ऑनलाइन मिल जाएगी, तो हम उसे याद रखने की कोशिश कम करते हैं- यानी दिमाग ‘कहां मिलेगा’ याद रखता है, ‘क्या है’ ‘कैसे है’ और ‘क्यों है’  इसे नहीं। इसे ही लोकप्रिय रूप से गूगल इफेक्ट या डिजिटल अम्नेसिया कहा गया।

अब कल्पना कीजिए: अगर ‘क्या है’ याद रखने का काम हमने सर्च को सौंपा था, तो ‘कैसे सोचा जाए’ का काम हम एआई को सौंप रहे हैं। अब आप कम से कम इतना तो सोचिए  कि ‘कैसे सोचा जाए’ का काम सौंप देने के बाद बचता क्या है? बस एक उपभोक्ता जो सुंदर वाक्यों का उपभोग करता है, मगर उनके पीछे की समझ से दूर होता चला जाता है।

इसी दिशा में 2025 की एक और रिसर्च लाइन सामने आई है जिसमें एआई टूल्स के अधिक इस्तेमाल और क्रिटिकल थिंकिंग स्कोर के बीच नकारात्मक संबंध दिखाया गया है। इसमें कॉग्निटिव ऑफलोडिंग को एक मध्यस्थ के रूप में बताया गया, यानी जितना अधिक आप सोच का बोझ बाहर रखते हैं, उतना भीतर का तंत्र ढीला पड़ता जाता है। यह बात खासकर युवा प्रतिभागियों में अधिक दिखी, क्योंकि उनका ‘ट्रेनिंग-ग्राउंड’ ही एआई बनने लगता है। एक प्रकार से यह मान सकते हैं कि नींव बनने से पहले ही छत तैयार हो रही है!

इस पूरे खेल में सबसे खतरनाक चीज है ‘भ्रम’। आपको लगता है कि आप बहुत सक्षम हो गए हैं, क्योंकि आपके पास तुरंत उत्तर है। सोक्रेटीस ने लिखित शब्द के बारे में कहा था कि इससे ‘विस्डम का भ्रम’ पैदा होगा। लोग सोचेंगे कि वे जानते हैं, जबकि वे बस पढ़ भर रहे होंगे। आज वही बात नए रूप में लौट आई है। लोग सोचेंगे कि वे सोच रहे हैं, जबकि वे बस जनरेटेड टेक्स्ट को चुन-चुनकर कॉपी कर रहे होंगे।

जब सोचने का अभ्यास घटता है तो सिर्फ स्मृति नहीं घटती- निर्णय क्षमता, जोखिम की पहचान, विवेक और तार्किक क्षमता भी घटती है। क्योंकि विवेक कोई ऐप में इन्सटॉल्ड सॉफ्टवेर नहीं है, वह आदत है। आप रोज इस्तेमाल नहीं करेंगे तो वह कमजोर होगा। यही कारण है कि कुछ रिपोर्ट्स/आर्टिकल्स में एआई पर निर्भरता को ‘कॉग्निटिव लेजीनेस’ और ‘मेंटल ऑटोपायलट’ जैसा नाम दिया गया है।

डार्क साइड यहीं खत्म नहीं होता। एआई सिर्फ आपकी सोच नहीं कम करता, वह आपकी सोच को एक जैसा यूनिफाइड भी कर सकता है। क्योंकि जनरेटिव मॉडल अक्सर सबसे संभावित, सबसे सामान्य, सबसे औसत-स्वीकृत वाक्य चुनता है। वह विवाद से बचता है, किनारों को गोल करता है, तीखेपन को नरम बनाता है। परिणामत: आपकी भाषा चमकती है, मगर आपकी आवाज फीकी हो सकती है। लेखन कि धार कुंद हो सकती है। धीरे-धीरे लेखन आपका नहीं रहता, वह टेंप्लेट (पहले से बना खाका) बन जाता है। और जब समाज का लेखन टेंप्लेट बन जाता है तो समाज के विचार भी टेंप्लेट बनने लगते हैं। यही वह जगह है जहां एआई सुविधा से आगे जाकर संस्कृति पर असर डालता है। हमारे मुहावरे, हमारे तर्क, हमारी कल्पना, हमारी असहमति-सब पर।

फिर आता है विश्वास का संकट। एआई बहुत आत्मविश्वास से गलत भी बोल सकता है। सबसे बुरा तब होता है जब वह गलत बात सही शैली में कह दे। अखबारों में छप रहे नित नए हेल्थ संकट इसी विश्वास के प्रमाण हैं। मानव मस्तिष्क शैली से प्रभावित होता है- हम अक्सर ‘कैसे कहा’ को ‘क्या कहा’ से अधिक वजन दे देते हैं। एआई इस कमजोरी को अनजाने में बढ़ा देता है। अगर उपयोगकर्ता के पास फर्स्ट-प्रिंसिपल्स की समझ नहीं है, तो वह एआई की गलती पकड़ नहीं पाएगा। यही वह जगह है जहां एआई एक सहायक कम और एक अदृश्य गुरु अधिक बन रहा है- और अदृश्य गुरु अगर भ्रम फैलाए, तो शिष्य की हालत आप समझ ही सकते हैं।

इसे शिक्षा में देखिए। छात्र अगर एआई से निबंध लिखवा रहे हैं, तो वे सिर्फ अपना समय नहीं बचा रहे, वे अपनी सीखने की प्रक्रिया का सबसे आवश्यक हिस्सा खो रहे हैं: सोचकर लिखना। कुछ चर्चित लेखों में ऐसे प्रयोगों का जिक्र आता है जहां एआई से लिखने पर समझ/याददाश्त/ब्रेन एंगेजमेंट में गिरावट जैसी बातें सामने रखी गईं। यह चिंता बढ़ी कि छात्र काम तो जमकर कर रहे हैं, पर सीख नहीं रहे हैं।

अब चिकित्सा, कानून, वित्त जैसे क्षेत्रों में देखिए। यहां एक छोटी-सी गलती की कीमत बहुत बड़ी हो सकती है। अगर डॉक्टर किसी एआई-सारांश पर आंख बंद करके भरोसा कर लें, या कोई रेजिडेंट डिफरेंशियल डायग्नोसिस खुद बनाने की जगह मशीन से निकलवा ले, तो प्रशिक्षण का आधार कमजोर होगा। अनुभवी व्यक्ति शायद मशीन की गलती पकड़ ले, लेकिन जो व्यक्ति सीखने की अवस्था में है- वही सबसे ज्यादा जोखिम में है। क्योंकि अनुभव का निर्माण ही हाथ गंदे करने से होता है: चार्ट पढ़ना, नोट्स बनाना, केस पर बहस करना, गलत होना, फिर सही होना! एआई अगर यह सब पहले दिन से निगल जाए, तो डॉक्टर बनेंगे-पर क्लिनिकल इंट्यूशन कहां से आएगा?

डार्क साइड का एक और चेहरा है – सूचना प्रदूषण। एआई कंटेंट बनाना इतना आसान कर देता है कि इंटरनेट पर औसत टेक्स्ट की बाढ़ आ जाती है। जब हर तरफ टेक्स्ट ही टेक्स्ट हो, तो सच/झूठ का अनुपात बिगड़ने लगता है। प्रचार, अफवाह, डीप फेक, नकली डॉक्यूमेंट- सबका उत्पादन सस्ता हो जाता है। इसके बाद समाज की ऊर्जा समझने में नहीं, छांटने में लगती है। और छांटने की क्षमता अगर वही एआई तय करे जो कंटेंट भी बना रहा है, तो यह एक गोल चक्कर-सा बन जाता है जहां सच्चाई मध्यस्थों की दया पर टिक जाती है।

अब एक और तथ्य को हम डिस्कस करें- नैतिक आलस्य: ‘एआई ने कहा है जी’ यह एक नया बहाना बन सकता है। कभी लोग कहते थे ‘नियम यही है’, अब कहेंगे ‘मोड्यूल यही बोल रहा है।’ जिम्मेदारी का यह विस्थापन खतरनाक है। मनुष्य का सबसे बड़ा गुण यह है कि वह अपने निर्णय का नैतिक भार उठाता है। अगर निर्णय का भार मशीन पर डाल दिया, तो हम गलती भी मशीन पर डाल देंगे और अपने भीतर का अपराधबोध, आत्म सुधार और विवेक -सब धीरे-धीरे क्षीण हो जाएगा।

यह लेख सिर्फ भय पैदा करने के लिए नहीं है। डर उपयोगी तभी है जब वह दिशा दे। दिशा यहां बहिष्कार नहीं है। एआई को पूरी तरह छोड़ देना न संभव है, न ही जरूरी। असली जरूरत है- एआई के साथ रहने की सभ्यता सीखने की। ठीक वैसे ही जैसे शहर में रहने के लिए ट्रैफिक-सेंस चाहिए, जंगल में रहने के लिए सर्वाइवल-सेंस चाहिए। एआई के युग में कॉग्निटिव सेंस चाहिए।

पहला नियम: एआई को ‘उत्तर-यंत्र’ नहीं, ‘सोच का साथी’ बनाइए। उत्तर मांगने की जगह प्रश्न पूछिए । इस मुद्दे पर 5 विरोधी तर्क क्या हो सकते हैं? इस निष्कर्ष की कमजोर कड़ियां क्या हैं? मेरे तर्क में कौन-सी धारणाएं छिपी हुई हैं? जब एआई आपको चुनौती देता है, तब वह आपको कमजोर नहीं मजबूत करता है। जब वह आपको आराम देता है, तब वह आपको धीरे-धीरे खोखला भी कर सकता है।

दूसरा नियम : कुछ काम जानबूझकर बिना एआई के सहयोग लिए करें। जैसे सप्ताह में कुछ दिन बिना गूगल मैप के रास्ता ढूंढ़ना, वैसे ही सप्ताह में कुछ लेख/ईमेल/नोट्स बिना एआई लिखना। आपको लगेगा समय ज्यादा लग रहा है, पर वही समय आपके मस्तिष्क का जिम है। शरीर ‘यूज इट ऑर लूज इट’ पर चलता है, दिमाग भी। यह कोई प्रेरणादायक पोस्टर या नैतिक उद्धरण की बात नहीं है, यह आदतों का विज्ञान है।

तीसरा नियम : आउटपुट से पहले ‘वेरिफिकेशन की शर्त’। खासकर स्वास्थ्य, कानून, वित्त, और सार्वजनिक सूचना में। अगर एआई ने कुछ तथ्य दिया है, तो स्रोत मांगिए; क्रॉस-चेक करिए। आपकी समझ जितनी बढ़ेगी, आप उतना बेहतर रिव्यू कर पाएंगे। और यह रिव्यू करने की क्षमता ही आपको मशीन-निर्भर मजदूर नहीं, मशीन-समर्थ विशेषज्ञ बनाएगी।

चौथा नियम : बच्चों और युवाओं के लिए ‘ग्रंट वर्क’ बचाइए। जिस काम को हम उबाऊ कहकर एआई को दे देना चाहते हैं, वही काम आधार बनाता है। लंबा निबंध, बेसिक कोड, नोट्स, सारांश- यह सब सिर्फ काम नहीं प्रशिक्षण है। प्रशिक्षण हट गया तो कौशल का पेड़ बिना जड़ों के खड़ा रहेगा, पहली आंधी में ही गिर जाने वाला।

और पांचवां, सबसे जरूरी : अपनी पहचान की रक्षा। एआई आपकी भाषा सुधार सकता है, पर आपकी दृष्टि नहीं दे सकता, जब तक आप उसे अपने भीतर से न दें। इसलिए अपने अनुभव, अपनी गलती, अपनी यात्रा, अपने स्थानीय मुहावरे, अपनी निजी संवेदना-इन सबको लिखते रहिए। एआई से मदद लीजिए, पर अपनी आवाज गिरवी मत रखिए। क्योंकि अंत में मनुष्य को मशीन से अलग जो बनाता है, वह उत्तर नहीं- आपके अनुभव से उपजा दृष्टिकोण है।

एआई की डार्क साइड का सबसे बड़ा खतरा यह नहीं कि मशीनें बुद्धिमान हो जाएंगी। बड़ा खतरा यह है कि हम इंसान सुविधा की चमक में, अपने भीतर की बुद्धि का अभ्यास छोड़ देंगे। हम समझेंगे कि हम तेज हो गए हैं, जबकि हमने बस अपना सोचने का बोझ कहीं और रख दिया है। जिस दिन सोचने की जिम्मेदारी भी आदत से उतर गई, उस दिन एआई की जीत नहीं होगी- हमारी हार होगी।

सवाल एआई को रोकें या अपनाएं नहीं है। सवाल यह है कि क्या हम अपनी बुद्धि को इतना प्रशिक्षित रखेंगे कि एआई हमारे हाथ में औजार रहे-और हमारा मस्तिष्क, हमारी नैतिकता, हमारी कल्पना हमारे भीतर का मानव कहीं किसी सर्वर पर किराए पर न चला जाए।

गर्ग हॉस्पिटल, स्टेशन रोड, गंगापुर सिटी, राजस्थान – 322201 मो.9785006828