
सुपरिचित कवि। अद्यतन कविता संकलन ‘इन हाथों के बिना’। केदारनाथ अग्रवाल स्मृति शोध संस्थान से जुड़े।
मृत्यु समय
जब लोग सुबह
सूरज की तरह उठकर
काम के लिए निकल रहे हों
ऊर्जा से भरे हुए
हवा और धूप के हाथ
हाथ में लेकर घूम रहे हों
चिड़ियां दानें की तलाश में
कोसों दूर की यात्रा में हो
धूप पेड़ों से उतरकर
खेतों और आंगनों में
टहल रही हो
तब तुम आना मृत्यु
क्रूर नहीं, कोमल हाथों से उठाना
मुझे याद है
तुम्हारे कोमल हाथों से हुई
पिता की मृत्यु
घर के सब लोग जगे हुए थे
हवा और धूप की तरह
पिता नहा चुके थे
बदल चुके थे अपने कपड़े
ले रहे थे गर्म-गर्म चाय की चुस्कियां
कितने स्नेहिल हाथों से छुआ था तुमने
सब कुछ ऐसा हो कि लगे
धरती अभी-अभी उठी है
चलने के लिए
मैं उठ जाऊं धरती से
धरती पर पदचापों को सुनता हुआ।
काली रातों में चमकेंगे
स्कूल जाना ठीक नहीं है
बाजार जाना ठीक नहीं है
सड़क पर निकलना ठीक नहीं है
मंदिर-मस्जिद जाना ठीक नहीं है
कुछ कहना ठीक नहीं है लेकिन
कुछ न कहना भी ठीक नहीं है
लिखना भी ठीक नहीं है
न लिखना भी ठीक नहीं है
बोलेंगे तो मारे जाएंगे
न बोलेंगे तो भी मर जाएंगे
बोलेंगे तो गूंज में रहेंगे और
सांसों में एक दिन बस जाएंगे
लिखेंगे तो अनंत काल तक
शब्दों में रहेंगे
जब किताबें पढ़ी जाएंगी
जीवित होकर खड़े हो जाएंगे और
काली रातों में चमकेंगे।
संपर्क : डी. एम. कालोनी, सिविल लाइन, बांदा–210001 मो.9450169568


बेहतरीन कविताएँ