
सुपरिचित कवि। अद्यतन कविता संकलन ‘समय का अकेला चेहरा’। केदारनाथ अग्रवाल स्मृति शोध संस्थान से संबंद्ध।
छोटी हरी घास
1.
आते हुए घोड़ों की टापें
सुनाई नहीं पड़ीं
यह कौन है जो
रौंद रहे हैं
छोटी हरी घास
कह रहे हैं
डरो नहीं तुम
हम तुम्हें नहीं
इस हरी छोटी
घास के लिए आए हैं
जो दबती नहीं
बार-बार हमारे
चरे जाने के बावजूद
बार-बार उग आती हैं
यह आगजनी
यह मारकाट
तुम्हारे लिए नहीं
इस छोटी-हरी
घास के लिए है
जो नुच-चुथ और
झुलस जाने के बावजूद
फिर से बार-बार उग और
उठ जाती है
बार-बार हमारी
आंख में चुभ जाती है।
2.
घास हँसती है और
कहती है
तुम्हें नहीं मालूम
मैं घास हूँ घास
बड़ी नहीं छोटी घास
ज्यों ज्यों रगड़ खाती हूँ
जड़ें फैलाती जाती हूँ
मुझ पर लड़े गए
युद्ध पर युद्ध
मुझ पर ही लड़े मरे
खाक हुए
राख करने के चक्कर में
जो थक हार बैठे मेरे द्वार
मैं बिछ गई
कोमल हरे बिछौने-सी
सहलाई उनकी
घायल थकी पीठ।
संपर्क : डी. एम. कालोनी, सिविल लाइन, बांदा–२१०००१ मो.९४५०१६९५६८

