
वरिष्ठ कवि। अद्यतन कविता संग्रह ‘अच्छा आदमी होता है अच्छा’। भिलाई इस्पात संयंत्र में कार्यरत।
चांद से सरोकार की कविताएं
1.
उसने नदी में देखा
अपना चेहरा
तालाब में देखा अक्स
देखा फिर
कुएं, पोखर में भी
फिर बड़ी सी परात में भी देखा
तो दिखी वह
दिलचस्प और
समानता यह
कि वह
आसमान का चांद भी
यहीं-यहीं से गुजरा।
2.
चांद
पुंलिंग लगता जरूर
व्याकरण बोध में
पर साहित्य
या साहित्य परंपरा
या फिर जीवन में
वह रूपक जो बना
वह स्त्री का था
वह इस रूप में
निखरा भी खूब
फबा भी
या सजा भी खूब
अब जिस चांद को
मैं कॉल कर रहा था
उसने रांग नंबर कहा
और रख दिया।
3.
अभी अभी 2018 में
कुछ माह पहले
जिस आफिस में
काम करता हूँ न मैं
हम सब चंद्रग्रहण देख रहे थे
मैंने उत्सुकतावश पूछा मित्रों से
क्यों होता है ये चंद्रग्रहण
फिर पूछ लिया उन्हीं से
सवाल अगला
अच्छा ये बताओ मित्र
चांद, सूरज और पृथ्वी में
कौन करता है किसकी परिक्रमा
इस सवाल पर दो चार मित्रों ने
नेट ऑन कर गूगल खोल लिया
मैंने फिर कहा
अच्छा जब गूगल खोला है यार
मेरे मित्रों
तो देखना जरा
किस किस देश के झंडे में है चांद
या आकृति चांद की
होती है किस देश के झंडे में
पता नहीं इस बात पर
मेरी क्या बात थी
किस जनम का बैर था
मित्रों के एक मित्र
यारों के एक यार ने कहा
लगभग खीझते और झिड़कते हुए
इसलिए बस कवि जी आपको
हम हिंदुस्तानी नहीं मानते!
संपर्क :मोगरा–76, बी ब्लाक, तालपुरी, भिलाई नगर, जिला–दुर्ग, छत्तीसगढ़ 490006 मो. 9827489585


सुंदर कविताएँ हैं।