
पोस्ट डॉक्टोरल रिसर्च स्कालर। ‘चौथा आदमी’ और ‘रोल नंबर’ उर्दू से हिंदी में अनूदित कहानी संग्रह। ‘हम भी दीया जलाएंगे’ सद्यः प्रकाशित पुस्तक।

नज़ीर अकबराबादीका जन्म १७३५ में दिल्ली में हुआ।सैयद वली मुहम्मद इनका नाम रखा गया था।मां दिल्ली से आगरा चली गई, साथ में नज़ीर अकबराबादी को भी लेती गई थीं।वहीं पर इनकी पढ़ाई लिखाई हुई।मथुरा में शिक्षक के रूप में काम किया करते थे।इसके बाद इनको कई दरबारों से न्योता आया, किंतु उन्होंने स्वीकार नहीं किया।मीर, सौदा, जुरत, इनशा और मुशाफ़ी जैसे उर्दू शायरी की अग़वाई करने वालों के समकालीन रहे हैं।आमफ़हम ज़िंदगी से नज़ीर अकबराबादी ने शायरी का विषय चुना। ‘दीवान ए नज़ीर अकबराबादी’, ‘कुलियात ए नज़ीर अकबराबादी’ में इनकी शायरी संकलित है।
२६ अगस्त १८३० को इनका निधन हो गया।
हबीब तनवीर का एक प्रसिद्ध नाटक है आगरा बाज़ार।शायद आज भी यह नाटक उतने ही चाव से खेला जाता है जितने प्रेम से हबीब तनवीर ने इसका पहला मंचन किया था।यह नाटक बहुत कुछ कहता है।इसके मर्म में कई बातें छुपी हुई हैं।जिसके चारों तरफ नाटक घूमता है वह हमें दिखाई नहीं देता, लेकिन वह हमारे पाठक व श्रोता के ज़हन में अपनी छाप छोड़ता है।यूं कहा जाए कि वह अपनी जगह ऑकुपाइ कर लेता है।वह ऑकुपाइ करने वाला शख़्स, शायर नज़ीर अकबराबादी (१७३५-१८३०) हैं।
नज़ीर अकबराबादी का जन्म १७३५ में दिल्ली में हुआ था।इनकी मां इन्हें दिल्ली से अकबराबाद ले आई थी जो आज का आगरा है।वैसे तो नज़ीर की शायरी में नज़्में भी हैं, ग़ज़ले भी हैं।नज़ीर को अवामी शायर कहा जाता है।अवाम या जन का तसव्वुर उस समय उतने मायने नहीं रखता था जितने कि आज के समय में रखता है।देखा जाए तो १९वीं शताब्दी से फ़्रांस की क्रांति ने जब तीन सूत्र स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व को व्यवहार में लाया, आम जनता की व्याख्या और उसका महत्व खुलकर सामने आया।भारतीय परिप्रेक्ष्य में आज़ादी के बाद बाबा साहब अंबेडकर के नेतृत्व में संविधान द्वारा ‘एक व्यक्ति एक मत’ के अलावा हर आम भारतीय को राजनीतिक और सामाजिक अधिकार दिलाए गए।परिणामतः जन की और आम की अहमियत भाषण से व्यवहार में आने लगी।जिस समय नज़ीर अकबराबादी लिख रहे थे उस समय शायद ही यह एक कल्पना का विषय रहा होगा।दो सौ साल पहले ही इन्होंने लोकतंत्र की एक व्यावहारिक साहित्यिक दाग़बेल डाल दी थी।इसीलिए बाद में जाकर जब उनके साहित्य की व्याख्या हुई उन्हें अवामी शायर कहा गया।
भारत एक लोकतांत्रिक देश के रूप में विश्व पटल पर उभर कर आया तो उसकी विशेषताओं को गिना जाने लगा।अनेकता में एकता के गुण तथा रंग इसकी साझी संस्कृति की वह मिसाल है जिसे दुनिया में एक अनोखा दर्जा दिलाता है।यह विचार १९वीं व २०वीं सदी के हैं।एक बार नज़ीर के कलाम पर नजर डालें तो साझी विरासत की जीती जागती मिसाल यहां मिलती है-—‘ईदगाह अकबराबाद’, ‘शब बरात’ इनकी नज़में थीं तो वहीं शुद्ध भारतीय त्योहार जैसे होली, दिवाली, राखी आदि भी इनकी नज़्मों के विषय रहे हैं।
रसखान के बारे में भी भारतेन्दु हरिश्चंद्र ने कहा था, ‘इन मुसलमान हरिजन पर कोटिन हिंदू वारिए।’ नज़ीर की नज़्में हैं जिनमें कृष्ण के जन्म का वर्णन इतनी बारीकी के साथ किया गया है कि लोक संस्कृति की एक-एक बात जीवंत हो उठी है-
सब नारी आयीं गौने की औ पास पड़ोसनें आ बैठीं/कुछ ढोल मंजीरे लाती थीं, कुछ गीत ज़चा के गाती थीं/कुछ हरदम मुंह बालक का बलिहारी होकर देख रहीं/कुछ थाल पंजीरी के रखतीं, कुछ सोंठ सठोरा करती थीं/कुछ कहतीं, हम तो बैठे हैं नेग आज के दिन का लेने को/कुछ कहतीं, हम तो आये हैं आनन्द बधावा लेने को।
हमारे आलोचकों की पैनी नज़र नज़ीर अकबराबादी पर पड़ी होती तो निश्चित ही इन्हें साझी भारतीय विरासत का लोकदूत जरूर करार दिया जाता।हज़रत सलीम चिश्ती का उर्स, बलदेव जी का मेला आदि नज़्में इसी क्रम में रखी जाती हैं-
रंग है रूप है झमेले हैं
जोर बलदेव जी का मेला है
हैं कहीं यार और कहीं अग़ियार
कहीं आशिक़ हैं और कहीं दिलदार
कहीं बस्ती है और कहीं गुलज़ार
कहीं जंगल है और कहीं बाज़ार
वही भक्ति है और वहीं अवतार
उसकी लीलाएँ किससे हों इज़हार
आप आता है देखने को बहार
रंग है रूप है झमेले हैं
ज़ोर बलदेव जी का मेला है
कोई चंचल चले है ठुमकी चाल
कुछ वो पतली कमर, वो लंबे बाल
आंखों में हुस्न के नशे, रंग लाल
मिश्री माखन के हाथों ऊपर थाल
कुछ को पोशाक, कुछ को हुस्नो-जमाल
मालनों का ज़ियादा उनसे कमाल
डाल दें हार का गले में जाल
बुद्धि होकर लें साफ़ दिल को निकाल
रंग है रूप है झमेले हैं
ज़ोर बलदेव जी का मेला है
ऊपर आज के बाजार या मॉल संस्कृति को मात देने वाला वर्णन है।भारतीय समाज में मेला अपनी एक खास पहचान और व्यक्ति के जीवन में विशेष स्थान रखता है।कई रचनाकारों ने अक्सर मेले को अपनी रचना का विषय बनाया है।रेणु का कथा साहित्य इसका सशक्त उदाहरण है।नज़ीर के यहां सिर्फ मेला ही नहीं, भारतीय संस्कृति के कई महत्वपूर्ण हिस्सों का रोचक रूप है, जैसे ‘शब बरात’ भारतीय मुस्लिम समुदाय द्वारा मनाया जाने वाला एक विशेष त्योहार है।इस दिन अपने पूर्वजों के नाम फ़ातिहा दी जाती है और खास पकवान पकाए जाते हैं।यहां पर शायर ने इस दिन लोगों की जो मानसिक स्थिति होती है, उसको भी बड़ी बारीकी के साथ परखा है-
दुनिया की दौलतों में जो ज़रदार हैं बड़े
क़ंदों में हलवे, रोग़नी नानें लिये खड़े
पहुंचाते ख़्वान फिरते हैं नौकर कई पड़े
ज़िंदे भी राह तकते हैं, मुरदे भी हैं खड़े
इन ख़ूबियों की रखती है तैयारी शब बरात।
प्रेमचंद ने ‘ईदगाह’ कहानी लिखकर ईद के माहौल को जो शब्द विस्तार दिया है उसका काव्यात्मक रूप नज़ीर के यहाँ मिलता है-
है धूम आज मदरसा ओ ख़ानक़ाह में
तांते बंधे हैं मस्जिद जामा की राह में
गुलशन से खिल रहे हैं अजब कजकुलाह में
सौ-सौ चमन झमकते हैं एक-एक निगाह में
क्या क्या मज़े हैं ईद के आज ईदगाह में।
…
कुछ भीड़-सी है भीड़ कि बेहद बेशुमार
ख़ल्क़त के ठठ के ठठ हैं बंधे हर तरफ़ हज़ार
हाथी न घोड़े, बैल, रथों-ऊंट की क़तार
गुल शोर बाले भोले खिलौने की है बहार
क्या क्या मज़े हैं ईद के आज ईदगाह में।
इस तरह के उर्स व मेले सिर्फ और सिर्फ धार्मिक अनुष्ठानों के केंद्र मात्र न होकर सामान्य जन को अपनी कला का प्रदर्शन करने के और बुद्धिजीवियों द्वारा बहस-मुबाहिसे के लिए, चिंतन-मनन के केंद्र भी रहे हैं।
‘ईदगाह अकबराबाद’ एक ओर है तो ‘शब बरात’ का वर्णन दूसरी ओर, कहीं ‘नानक शाह गुरु’ हैं तो कहीं ‘गुरु गंजबख़्श की वंदना’, ‘जनम कन्हैया जी का’, ‘श्रीकृष्ण और नरसी मेहता’ भी इनकी शायरी का विषय रहे हैं तो भला ‘हज़रत सलीम चिश्ती का उर्स’ कैसे छूट सकता है।भारतीय त्योहार जैसे ‘होली की बहारें’, ‘दिवाली’, ‘राखी’ आदि नज़्में प्रमाण हैं नज़ीर की वैचारिकता के खुलेपन की।उर्दू के प्रसिद्ध आलोचक आल-ए-अहमद सुरूर उर्दू के कुछ अहम शायरों का ज़िक्र करते हुए कहते हैं, ‘मीर आंच के आशिक़ हैं, ग़ालिब शौक़ी फ़िक्र के, इक़बाल ख़ुदी के, अनीस मुकाम ए शब्बीरी के और नज़ीर अकबराबादी उस तहज़ीब के आशिक व आरिफ़ हैं जो सदियों के चमन बंदी का सुमरा है।’
भारत के मौसमों को भी इन्होंने शायरी में पिरोया जैसे ‘बसंत’, ‘उमस’, ‘आंधी’, ‘मौसमे बरसात’, ‘जाड़े की बहारें’, ‘पंखा’ साथ ही साथ ‘तिल के लड्डू’ शीर्षक कविताओं में।जिंदगी के हर एक सोपान को उन्होंने नज़्मों में ढाला है, जैसे ‘बचपन’, ‘जवानी’, ‘बुढ़ापा’, ‘मौत’ को।इतने विषयों को उठाते हुए भी उनमें शुष्कता नहीं है।गंभीर विषय में भी एक तरलता को बनाए रखना नज़ीर के ही बस की बात है- —
दुनिया में अपना जी कोई बहला के मर गया
दिल तंगियों से और कोई उकता के मर गया
आक़िल था वो तो आप को समझा के मर गया
बेअक़्ल छाती पीट के घबरा के मर गया
दुख पाके मर गया, कोई सुख पाके मर गया
जीता रहा न कोई, हर इक आ के मर गया।
वक्त और ज़माने की लीक तोड़कर हर एक वक्त समय के लिए जिंदा रहने वाली नज़्में नज़ीर ने कुछ इस तरह कही हैं, ‘सबके दिल को फ़िक्र है दिन रात आटे दाल की।’ ‘आटे दाल का भाव’, ‘आदमीनामा’ इनकी कालजयी रचनाएं कही जा सकती हैं।
मनुष्य के जीवन की न्यूनतम इकाई है दाल-रोटी, इसको नज़ीर का नज़रिया कैसे अनछुआ कर सकता था।ज़िंदगी का सारा फ़लसफा इसमें उभर आया है।यूं कहा जाए तो नज़ीर ‘आदमीनामा’ के ज़रिये ही जाने जाते हैं।
नज़ीर प्रासंगिक शायर हैं हर दौर में, हर समय और जमाने में।कम से कम उस वक्त तक जब तक कि एक तरह से इस धरती पर आदमी है, और आदमी के साथ ‘दाल और रोटी’।नज़ीर की भाषा में ‘आटा और दाल’ जुड़ा हुआ है।इश्क व मुहब्बत, राग-रंग-विराग आदि के मूल में जो छिपा है, उसकी नफ़्स को नज़ीर ने पकड़ लिया था।हिंदी साहित्य या भारतीय साहित्य में मार्क्सवादी, प्रगतिशील विचारधारा ने परंपरागत उपमानों, बिंब, प्रतीकों की नवीन व्याख्या की थी।१९४९ में अज्ञेय ने ‘कलगी बाजरे की’ लिखकर कहा था कि ‘ये उपमान मैले हो गए हैं।’ बांग्ला कवि सुकांत भट्टाचार्य ने लिखा था, ‘चांद एक झुलसी हुई रोटी है’।नज़ीर हैं कि दो सौ साल पहले यह उपमान गढ़ गए हैं-—
हम तो न चांद समझें न सूरज हैं जानते
बाबा हमें तो ये नज़र आती हैं रोटियां।
एक तरफ़ रोटियां हैं दूसरी तरफ़ ‘मुफ़्लिसी’ का बयान है। ‘पेट का फ़लसफ़ा’ नज़्म में देखिए-
करता है कोई ज़ोरो-जफ़ा पेट के लिए
सहता है कोई रंजो-बला पेट के लिए
सीखा है कोई मक्रो-दग़ा पेट के लिए
फिरता है कोई बे सरोपा पेट के लिए
जो है सो हो रहा है फ़िदा पेट के लिए।
एक और शेर है-
नट-खट, उचक्के चोर, दग़ाबाज़ राहमार
ऐयार, जेबकतरे, नज़रबाज़, होशियार
सब अपने-अपने पेट के करते हैं कारोबार
कोई ख़ुदा के वास्ते करता नहीं शिकार
बिल्ली भी मारती चूहा पेट के लिए।
किसी विषय को एक वाद या इज़्म के लेंस के माध्यम से देखना आज का ट्रेंड है।नज़ीर ने ‘बंजारानामा’ लिखा तो शायद ही उनके मन मस्तिष्क में कोई इज़्म या वाद रहा होगा। ‘बंजारानामा’ पढ़ते हुए कई नज़रिए पाठक के मन में उभर आते हैं।आज के आदिवासी विमर्श के अंतर्गत एक समुदाय और उसकी प्रवृत्ति कहीं-कहीं एक आध्यात्मिकता का, जीवन की वास्तविकता का रंग लेती हुई नज़र आती है। ‘बंजारानामा’ में ‘झोंपड़ा’ शब्द का प्रयोग जीवन की वास्तविकता को सूचित करता है।
‘कौड़ी’, ‘रुपया’, ‘आगरे की ककड़ी’, ‘रीछ का बच्चा’, ‘बदुआ’ ऐसी नज़्में हैं जो अकादमिक विचार-विमर्श के दायरे से परे रहने वाले एक आम पाठक को भी इनके बारे में जानने और पढ़ने के लिए उकसाती हैं।
भाषा और शैली को लेकर देखा जाए तो कबीर और नज़ीर में एक विशेष एकरूपता के दर्शन होते हैं।कबीर की कोशिश थी कि वह आम और लोक की भाषा में अपनी बात रखें और उन्होंने कहा भी था- ‘संसकिरत है कूप जल भाखा बहता नीर’।अभिव्यक्ति के लिए भाषा एक साधन मात्र है साध्य नहीं।नज़ीर की भाषा ख़ालिस हिंदुस्तानी भाषा है।उस समय फ़ारसी का बोलबाला था।आज की मान्यता प्राप्त भाषाएं अपना रूप ले रही थीं।इस दृष्टिकोण से देखा जाए तो इस लोकभाषा के साहित्यिक प्रवर्तन की क़तार में नज़ीर अव्वल आएंगे।नज़ीर थे तो वैसे ही ब्रज के वासी, जहां कृष्ण भक्त सूर ने अपनी बंद आंखों से कृष्ण के बचपन को, माता यशोदा, राधा और ब्रज के एक-एक कण को आत्मीय सौंदर्य का रूप प्रदान किया था।इसका दूसरा उदाहरण हिंदी साहित्य में नहीं मिलता।तभी तो नज़ीर को भी वे संस्कार मिले, जो उन्हें उस लोकभाषा और कृष्ण के प्रेम की साहित्यिक अभिव्यक्ति से दूर न रख सकी।फिर भी वे कहीं अपनी बड़ाई नहीं जताते।अपने बारे में कहते हैं-
कहते हैं जिसको नज़ीर सुनिए टक उसका बयां
था वह मुअल्लिम गरीब बुज़दिल व तरसिन्दा जां।
उनके कलाम से ज्ञात होता है कि वह फ़ारसी, अरबी, हिंदी, पंजाबी और संस्कृत के ज्ञाता थे।उन्हीं के शब्दों में- —
फ़हम न था इल्म से अरबी के कुछ उसे
फ़ारसी में हां मगर जाने था कुछ ऐन न आं
इतनी सादगी थी कि कुछ कहा न जाए।यह नज़ीर की ख़ूबी है।नज़ीर नज़्में अमूमन राह चलते कहा करते थे।मोहल्ले-गलियों से शहर आते।हालत यह थी कि रास्ते में किसी ने सलाम किया और वह ठहर गए।लोग हैं कि राह चलते उनसे फ़रमाइश किया करते थे, जैसे कोई कंजड़ा मिला तो उनसे कहा- मियां ककड़ी पर भी कुछ कह दो।फ़क़ीर मिला तो आग्रह कर दिया- कोई क़िस्सा कह दीजिए कि उसके ज़रिए भीख मांग कर खा सकूं।ऐसे कई नज़्में उन्होंने राह चलते कह डालीं।उनकी इसी तबीयत और नज़्मों के कारण उनकी शोहरत दूर-दूर तक फैली।इसने लगभग दो सदियों बाद हबीब तनवीर को नाटक लिखने पर मजबूर किया।नज़ीर वक्त की नफ़्स को जानते थे, इसलिए कहा था-—
देख ले इस चमन को दिल भर के नज़ीर
फिर तेरा काहे को इस बाग़ में आना होगा।
भारतीय समाज में जाति व्यवस्था न स़िर्फ रूढ़ बन चुकी है, बल्कि दिन-ब-दिन विकृत विकराल रूप लेती चली जा रही है।भारतीय साझी संस्कृति कई गुणों को अपने में समेटे हुए है।रह-रह कर इसको ठेस पहुंचाने की कोशिश की जाती है।यहां तक कि इस विकृत मानसिकता ने लोगों को इस क़दर पस्त कर दिया है कि मानवता भी इसके आगे ज़लील हो जाए।नज़ीर इन हताश हालात से अपने को अछूता न रख सके।इस व्यवस्था से वह किस कदर प्रभावित हुए होंगे, यह ‘आदमीनामा’ नज़्म में देखा जा सकता है-—
दुनिया में बादशाह है, सो है वो भी आदमी
और मुफ़्लिसो-गदा है, सो है वो भी आदमी
ज़रदार बेनवा है, सो है वो भी आदमी
नेमत जो खा रहा है, सो है वो भी आदमी
टुकड़े चबा रहा है, सो है वो भी आदमी।
…
पगड़ी भी आदमी की उतारे है आदमी
चिल्ला के आदमी को पुकारे है आदमी
और सुन के दौड़ता है, सो है वो भी आदमी।
नज़ीर की सबसे बड़ी ख़ूबी यह है कि वह किसी हालत पर एक निर्णय नहीं सुनाते, बल्कि अपने ख़ास ढंग से पाठक के मन-मस्तिष्क पर एक असर छोड़ते हैं।पाठक अनायास सोचने पर मजबूर हो जाता है।अपनी नज़्मों और ग़ज़लों में स्थिति को यथारूप में प्रस्तुत करते हैं, जैसे ‘आदमीनामा’ में-
मरने में आदमी ही कफ़न करते हैं तैयार
नहला-धुला उठाते हैं कांधे पर कर सवार
कल्मा भी पढ़ते जाते हैं रोते हैं ज़ार-ज़ार
सब आदमी ही करते हैं मुर्दे के कारोबार
और वो जो मर गया है, सो है वो भी आदमी।
…
याँ आदमी मुरीद है और आदमी है पीर
अच्छा भी आदमी ही कहता है ऐ ‘नज़ीर’
और सब में जो बुरा है, सो है वो भी आदमी।
नज़ीर हर धर्म की संस्कृति और रीति रिवाज का इस तरह ज्ञान रखते थे कि हर संदर्भ अपना जीवंत रूप ले लेता है।नज़ीर से अपरिचित पाठक यदि उनको पढ़ता तो उसको लगता कि कृष्ण का वर्णन कोई कृष्ण भक्त कर रहा है।इसी तरह कुछ और उदाहरण हैं।
शमीम हनफ़ी ने नज़ीर के बारे में कहा था कि ‘ऐसा खुलापन न इनसे पहले किसी बड़े शायर के हिस्से में आया, न इनके बाद।’ कई रूपों में शमीम हनफ़ी कबीर और नज़ीर के विचारों में एकरूपता देखते हैं।जैसे कबीर के यहां पोथियों वाले ज्ञान से अधिक महत्व अनुभव का है।नज़ीर भी कुछ ऐसे ही कहते हैं-
सब किताबों के खुल गए माने
जब से देखी नज़ीर दिल की किताब।
नज़ीर को पढ़ते हुए लगता है कि बड़े नाम-निहाद-शख़सियतों की बड़ी-बड़ी गूढ़ बातों पर बोलना-लिखना, उसका ख़ुलासा करना एक तरह से उतना मुश्किल नहीं है जितना कि नज़ीर जैसे सरल-सहज कवि के काव्य को तफ़सील से समझना और समझाना।खासकर यह शायर उन बातों का ज़िक्र करता है जिनका सामना आम लोग जिंदगी के हर मोड़ परकरते हैं। —
गर तू है लक्खी बंजारा और खेप भी तेरी भारी है/ए ग़ाफ़िल तुझ से भी चढ़ता एक और बड़ा ब्यौपारी है/क्या शक्कर, मिश्री, क़न्द, गिरी क्या सांभर मीठा खारी है/क्या दाख, मुनक्का, सौंठ, मिर्च, क्या केसर लौंग सुपारी है/सब ठाठ पड़ा रह जावेगा जब लाद चलेगा बंजारा।
यह जीवन की वास्तविकता है- बिना किसी लाग लपेट के।इसीलिए नज़ीर अवामी शायर हैं।लोक के महत्व को जानने वाला, उन्हीं की ज़बान बोलने वाला।उनसे बड़ा लोकतांत्रिक शायर, इतने सहज अंदाज़ वाला शायद ही मिले।
दुनिया के, ख़ासकर भारत जैसे लोकतांत्रिक देशों में जब-जब लोकतंत्र पर ख़तरा मंडराएगा, नज़ीर जैसे शायर प्रासंगिक होते रहेंगे।उनके कलाम का पुनःपाठ, पुनः-पुनः पाठ, उनके नज़रिए, उनके दृष्टिकोण की पुनःव्याख्या, पुनः-पुनः आलोचना की ज़रूरत शिद्दत से महसूस की जाती रहेगी।आज दुनिया के कई देशों में ‘आम’ या ‘सामान्यजन’ पर नाना प्रकार से ख़तरा मंडरा रहा है।इस मामले में अफ़ग़ानिस्तान तो खुल कर सामने आ गया है, निकट भविष्य में न जाने कितने देश धार्मिक कट्टरता के तालीबानी चंगुल में फंस कर हताश-निराश होकर, अपनी पहचान को खो बैठेंगे… या फिर नज़ीर के कलाम से प्रेरित होकर असहाय, निरस्त ‘आम आदमी’ लावे की तरह फूट पड़ेगा, संघर्ष करेगा और फिर से रचेगा एक नया इतिहास! इसी आम के पैरोकार हैं नज़ीर।
बी–३, टीचर्स कॉलोनी, चैथम लाइन, इलाहाबाद विश्वविद्यालय, प्रयागराज–२११००२,मो. ९८४८७११६८४

नज़ीर अकबराबादी का निधन अगस्त 1830 में हो गया। उनका काव्य पढ़ते हुए आधुनिक हिंदी के निर्माता के रूप में वे नज़र आते हैं। लेकिन इसका श्रेय उनके बहुत बाद के साहित्यकार भारतेन्दु को दिया जाता है। नज़ीर अकबरबादी का नाम भी नहीं लिया जाता है। यह बात अजीब लगती है।