
प्रकाशित पुस्तकें : ‘जंगल में पागल हाथी और ढोल’, ‘पीठ पर रोशनी’ (काव्य संकलन), ‘ढुकनी एवं अन्य कहानियां’, ‘थके पांव से बारह कोस (कहानी संग्रह)।
जंगल, अंधेरा और ईश्वर
ले देकर जंगल के पास
अब आखिरी अस्त्र बचा है अंधेरा
जो अब उसका एकमात्र सुरक्षा घेरा है
जिसे रात्रि के दूसरे पहर में
जंगल कर देता है आगे
अपने बचाव में
जंगल की आत्मा रात्रि में
अंधेरे का आवरण ओढ़े चुपचाप दबे पांव
निकलती है सैर पर
जब तारों से बरसता है सुख
चांद का रंग गुलाबी होता है
जंगल रहता है सचेत कि
शहर को कानों कान न हो खबर
जंगल शहर से डरता है
शहर एक चालाक दुश्मन है
भली-भांति जानता है
जंगल की इस कमजोरी को
जब शहर जंगल पर हमला करता है
तो सबसे पहले
हथियार के रूप में
प्रयोग करता है प्रकाश
जिसके सामने बेबस हो जाता है जंगल
जैसे आग के सामने बेबस हो जाते हैं हाथी
ईश्वर अपने एकांत के लिए
खंडहर हो चुके मंदिरों की
टूटी हुई मूर्तियों की बांहों में सिसकता है
आखिर में जब सब खत्म हो जाएगा
ईश्वर भी कर जाएगा प्रस्थान एक दिन
अपनी ही बनाई हुई इस दुनिया से घबराकर
जंगल नहीं होंगे
तो ईश्वर नहीं होगा
न ही बचेगी मनुष्यता।
कवि का चेहरा
कोई भी समाचार
अब नया नहीं लगता
घिसी-पिटी, पुरानी
दुहराई हुई-सी
लगती है हर बात, हर घटना
हर समाचारवाचक का चेहरा
दिखता है किसी विदूषक की तरह
कोई भी कविता अब नई नहीं लगती
हर कवि का चेहरा
लगता है
किसी समाचारवाचक की तरह….
कविताओं की भीड़ में
कविता ढूंढना एक मुश्किल काम है
समाचारों की भीड़ में
समाचार ढूंढने की तरह।
संपर्क :आशीर्वाद, बुद्ध विहार, पोस्ट– अशोक नगर, रांची – 834002, झारखंड मो. 8789263238

