
जसबीर भुल्लर
(जन्मः1941) पंजाबी के सुपरिचित कथाकार। भारतीय सेना के कर्नल के पद से अवसरप्राप्त। बांग्लादेश को स्वतंत्र करने के लिए 1971 के भारत–पाकिस्तान युद्ध में महत्वपूर्ण भूमिका। इतने महत्वपूर्ण पद पर कार्यरत होते हुए भी साहित्य के प्रति इनका अनुराग अतुलनीय है। कहानी, उपन्यास, बाल–साहित्य, अनुवाद आदि की लगभग 40 पुस्तकों के रचयिता। बच्चों के लिए काफी लेखन।

वह यात्रा सात दिन की थी।
ऐसी अनोखी यात्रा पर मैं पहले कभी नहीं गया था। ऐसा इत्तफाक कभी फिर मिल पाएगा, ऐसी कोई संभावना भी नहीं है।
वह वर्ष था- 1969। मैं फौज में था- भारतीय फौज में। जम्मू-कश्मीर के सीमावर्ती इलाके में उस समय मैं नियुक्ति पर था।
उस इलाके के नारीया पहाड़ धूप से देदीप्यमान थे। खिली धूप में जमीन पर तिरपालें बिछा कर हमने अपने-अपने हथियार धूप में फैला दिए। हमारे हथियार धूप सेंक रहे थे और इसके साथ ही उनकी सफाई भी हो रही थी।
मैं भी धूप में खड़ा था।
नारीया पहाड़ पर सांपों का साम्राज्य था। यहां की सांपों वाली रातों से मैं बहुत उकताया हुआ था। दिन में फैली धूप को मैं अपने भीतर खूब समो लेना चाहता था, इसलिए धूप का आनंद उठा रहा था।
उसी समय मेरे कमांड अफसर का हुक्म आया और मैं धूप से छांव की ओर चल पड़ा।
मेरे कमांड अफसर ने मुझे बताया- ‘मराठा रेजीमेंट की एक टुकड़ी लंबी गश्त पर जा रही है। हमें अपनी रेजीमेंट से भी एक अफसर उनके साथ तैनात करना है। तुम अपनी तैयारी कर लो।’
मैंने कहा- ‘सर! मैं तैयार हूँ।’
एक निश्चित दिन, एक फौजी ट्रक गश्त पार्टी को लेकर नागिन-सा बलखाता सड़क की राह चल पड़ा। एक बेढंगे से गांव से गुजरते हुए सड़क के रास्ते पर पड़ गया। हिचकोले खाते हुए हम वहां पहुंच गए, जहां तक सड़क जाती थी। उसके बाद का सफर अब पैदल ही तय करना था! ट्रक से उतरकर हमने अपने हथियारों का निरीक्षण कियां मैगजीनों में गोलियां भरीं। हथियार लोड किए और उन पर सेफ्टी कवर लगाकर हम अगले पड़ाव की ओर पैदल मार्च करने लगे।
हम कुल 13 आदमी थे। चूंकि लेफ्टिनेंट ईमान और मैं एक ही रैंक के थे इसलिए हम दोनों की खूब निभने वाली थी क्योंकि हम दोनों के बीच रैंक की कोई औपचारिकता नहीं थी।
हर एक फौजी के पास उसका अपना-अपना बोझ था। बड़ा पिट्ठू, वाटर बोतल और निजी हथियार आदि का कुल भार लगभग 20 किलो हो जाता था। हमारे पास एक सप्ताह की खाद्य सामग्री भी थी। सभी फौजियों ने खाद्य सामग्री के इस बोझ को अपने-अपने हिस्से के बराबर उठा लिया।
वह पैदल यात्रा जंगलों और पहाड़ों की थी। तीन दिनों की यात्रा के बाद हमें मानव-आबादी के प्रथम बार कुछ चिह्न देखने को मिले। हमारे नक्शे के अनुसार वह हिंदोस्तान का अंतिम गांव था।
अचानक वर्षा शुरू हो गई। हम धीरे-धीरे एक पहाड़ी मकान तक पहुंच गए। अहाते की छत पर बना एक कमरा ही पूरा घर था। सूबेदार मंगतराम ने आधे खुले दरवाजे को ठोका और फिर धकेल कर पूरा खोल दिया। घर खाली था।
हमने अपने-अपने पिट्ठू उतार कर रख दिए और अपने हथियारों को पिट्ठुओं के सहारे खड़ा कर दिया।
उस घर के प्राणी भेड़ें चरा कर, भींगे हुए घर में दाखिल हुए। भेंड़ों को बाड़े में धकेल कर वे ऊपर आ गए। अपने घर में फौजियों को देखकर वे समझ गए। घर के मर्द ने भयभीत स्वर में पूछा, ‘क्या हम अपने कुछ बर्तन उठा लें?’
हमने अपनी मनमानी से उनके घर पर अपना कब्जा कर लिया था, परंतु उन पहाड़वासियों के माथे पर कोई बल नहीं पड़ा।
‘हम नीचे अहाते में अपना खाना पका लेंगे।’ उस मर्द ने बड़े विनती भरे स्वर में कहा।
‘आज हम आपलोगों को खाना खिलाएंगे।’ लेफ्टिनेंट ईमान ने मुस्करा कर कहा!
औरत, मर्द और उनके दोनों बच्चे अंदर आ गए और चुपचाप जमीन पर बैठ गए। कमरे के एक कोने में चूल्हा-चौका था। दो फौजी उठकर उस कोने में चले गए। वे उस रात के भोजन के लिए टीन के बंद डिब्बों को खोलने लग पड़े। टीन के डिब्बों में से पका-पकाया भोजन बाहर निकल रहा था। पीर बख्श और उसका परिवार पके-पकाए भोजन के करिश्मे को देखकर हैरान था।
हमारी खाद्य सामग्री में टॉफियां भी थीं। एक फौजी ने उठ कर उन सबको दो-दो टॉफियां बांट दीं! टॉफियां खाकर उन पहाड़वासियों की मानसिक परेशानी कुछ कम पड़ गई। वे आश्वस्त हो गए।
हम पीर बख्श के साथ इधर-उधर की बातें हांकने लगे और फिर बातों ही बातों में मुद्दे की बात पूछ ही ली- ‘यह बन्नी गांव तो बिलकुल सरहद पर स्थित है!’
‘सरहद… सरहद क्या होती है?’ पीर बख्श के पल्ले यह बात न पड़ी।
‘साहब के पूछने का मतलब यह है कि यहां सरहद पर दुश्मन आपको तंग तो नहीं करते?’ सूबेदार मंगतराम ने उसे अच्छे ढंग से बात समझाने का प्रयत्न किया।
‘दुश्मन? …कौन दुश्मन?’
‘पहाड़ के उस पार रहने वाले लोग।’ सूबेदार ने कहा।
‘वे हमारे दुश्मन नहीं हैं। वहां तो मेरी बेटी का ससुराल है।’ पीर बख्श की पत्नी ने पहाड़ के उस पार रहने वाले लोगों के साथ अपने रिश्ते का खुलासा करते हुए कहा- ‘जी, वे तो हमारे अपने लोग हैं। हमलोग कई बार भेड़ें चराते-चराते वहां पहुंच जाते हैं और अपनी बेटी से भी मिल आते हैं।’
‘क्या आप नहीं जानते कि पहाड़ के उस पार एक अलग मुल्क है?’ लेफ्टिनेंट ने कुछ हैरान हो कर पूछा।
‘दूसरा मुल्क? नहीं जी, दूसरा गांव कहो।’ पीर बख्श ने मानो लेफ्टिनेंट ईमान की गलती को सुधारते हुए कहा, ‘एक राजे के दो मुल्क कैसे हो सकते हैं भला! जैसी मिट्टी यहां की है, वैसी ही मिट्टी वहां की भी है।’
‘दोनों तरफ का यह एक ही राजा कौन था?’ मैं यह सोच कर अपना सिर खुजलाने लगा।
वह रात बिताने के लिए हमने एक निकटवर्ती स्कूल में जाने की सोची। भोजन से निपटने के बाद पीर बख्श हमें स्कूल तक छोड़ने के लिए चल पड़ा।
वह स्कूल-तीखी हवाओं के बीच स्थित एक कमरे का बस ढांचा मात्र ही था। उस स्कूल की न कोई चौखट थी, न खिड़कियां और न ही कोई दरवाजा था। मैंने पीर बख्श से पूछा- ‘मास्टर जी कहां रहते हैं?’
‘वह तो कहीं बाहर से आते हैं।’
‘कल वह मिल जाएगा?’
‘नहीं जी, वह तो साल में बस 2-3 बार ही आता है। पिछले महीने वह आया था। अब पता नहीं कब आएगा?’
‘फिर बच्चों की पढ़ाई कैसे होती है?’
‘बस हो ही जाती है, जी! वह जब आता है, तो बच्चों को इकट्ठा करके पढ़ा जाता है।’
शाम की परछाइयां धीरे-धीरे विलुप्त हो रही थीं। पसर रहे अंधेरे में मेरी मुस्कराहट गुम हो चुकी थी।
बन्नी गांव में जितने भी घर थे- वे अंगुलियों पर गिने जा सकते थे। कुछ घरों की दूरी आपस में एक मील से भी अधिक थी।
उस गांव के कुछ लोग खेतिहर थे और कुछ भेड़ें पालते थे। नई-नई चारागाहों को ढूंढ़ने के प्रयास में ये चरवाहें कई बार दूरस्थ इलाकों में चले जाते और घर मुड़ने में उन्हें कितने ही दिन लग जाते थे।
वहां गांव में लोग घरों पर ताले नहीं लगाते थे। वहां चोरी-डकैती का कोई डर नहीं था। कई-कई दिनों के प्रवास के बाद घर वापिस आए चरवाहों को अपने घरों में अपनी चीजें सुरक्षित ही मिलतीं- बिना हिले-डुले।
इस गांव के खाली घरों की पड़ताल करते हुए हमारे गश्ती दल को सीमावर्ती दुश्मन का कोई भी सुराग नहीं मिला और न ही दुश्मनी की कोई भनक लोगों से मिली। वास्तव में, उस इलाके के वासी परिंदों की भांति थे, जो उड़ान भरते वक्त अपने बच्चों को भी अपने साथ ही रखते थे। उनके निर्जन घोंसलों में से फौजियों को भला क्या मिलने वाला था?
पिछले दो दिनों से हमारे पल्ले कुछ भी नहीं पड़ा। उससे अगले दिन भी शाम ढल चुकी थी। बादल छंट चुके थे और अब वर्षा की कोई संभावना नहीं थी। रात काटने के लिए अब हमने एक खुले खेत में अपना डेरा जमा लिया था।
उस खेत के ऊपर पहाड़ के शिखर की तरफ एक मकान दिखाई दे रहा था। हमने उस अलग-थलग पड़े घर की पड़ताल करने का निश्चय कर लिया।
फौजियों को वहां छोड़कर मैं और लेफ्टिनेंट ईमान उस ओर चल पड़े। सूबेदार मंगतराम भी तेज-तेज कदमों से हमारे साथ आ मिला। वह पुराना सैनिक था। उसका तजुर्बा हमारे लिए लाभदायक था।
हमें एक बूढ़ा उस मकान के बाहर ही मिल गया। उसने बताया कि कल पीर बख्श भेड़ों के झुंड को लेकर जाते हुए मिला था और उसने आपलोगों के बारे में बताया था। ‘तुम हिंदोस्तान से आए हो, न?’
उस बूढ़े के सवाल से मैं सकते में आ गया। मैं इस सोच में पड़ गया कि कहीं हम गलती से दुश्मन मुल्क के किसी गांव में तो नहीं पहुंच गए? क्या पता नक्शा जांचने में हम गलती कर बैठे हों।
उस बूढ़े की प्रतिक्रिया देखने के लिए मैंने ‘हां’ में अनुमोदन किया, परंतु बूढ़े को हमारा हिंदोस्तानी होना, कोई विशेष बात नहीं लगी। उसने पूछा- ‘रात फिर खेत में ही गुजारोगे?’
‘हां।’
‘मेरे पास रह जाओ, बेशक।’
बूढ़े के पास ठहर कर कई बातों के सुराग मिल सकते हैं, यह सोचकर मैं और लेफ्टिनेंट ईमान वहां रहने के लिए तैयार हो गए।
‘तुम सभी यहां रह जाओ।’ बूढ़े ने जोर देकर कहा। ‘नहीं! हम वहां पर ही रह लेंगे। अगर बारिश होने के आसार दिखे, तो उठकर यहां आ जाएंगे।’ सूबेदार मंगतराम ने कहा। उसने वापिस जाने की आज्ञा मांगी और सलाम करके चला गया।
हम उठ कर ढलान में आ गए।
बूढ़े की पत्नी और बहू खाना तैयार करने में जुट गईं। बूढ़े ने चारपाइयां लगा कर उनपर मैली-सी दरियां बिछा दीं। उसे दुनिया भर की खबरें जानने की बहुत उत्सुकता थी। हम आराम से चारपाइयों पर बैठ गए। उतावले बूढ़े ने झट से पूछ लिया- ‘आजकल हिंदोस्तान का राजा कौन है?’
बूढ़े का यह सवाल भी पहले पूछे गए सवाल जैसा ही अनोखा था, जिसका उत्तर देने में मैं ‘भंबल भूसे’ में पड़ गया। फिर कुछ पल सोच कर मैंने देश के तत्कालीन राष्ट्रपति वी.वी. गिरी का नाम बोल दिया।
‘यह नाम तो मैंने पहली बार सुना है?’ बूढ़े की आवाज में बेयकीनी थी।
‘नहीं बाबा! यही राजा है।’ लेफ्टिनेंट ईमान ने भी यकीन दिलाया।
‘फिर नेहरू कौन है?’
‘नेहरू तो आला-वजीर था और उसे स्वर्गवास हुए तो कई वर्ष बीत गए हैं।’
बूढ़े को हमारे जवाब सच्चे प्रतीत नहीं हुए।
रात हुई और चौके में रखे दीपक की लौ कांपने लगी। बूढ़े की पत्नी भोजन परोस कर हमें थालियां पकड़ा गईं। अगले चक्कर में वह चौके में से दीपक उठा कर वहां दालान में ही रख गई।
वह दालान पूरा घर था। फारिग होकर दोनों औरतों ने हमारे पास ही अपनी चारपाइयां लगा लीं और उस पर लेट गईं।
बूढ़े ने उठ कर दीपक शांत कर दिया। वह भी अपनी चारपाई पर आकर लेट गया और उसने पूछा-
‘आजकल महाराज कहां पर हैं?’
‘महाराज!’ यह एक अन्य अनोखा सवाल था। बूढ़े के सवालों से दिमाग में आया कि यह तो अभी रियासतों वाले जमाने में बैठा हुआ है। रियासतों का युग तो कभी का खत्म हो चुका था और जो राजसिंहासन पर आसीन होना चाहता था, वह कांग्रेस पार्टी में शामिल हो गया था। मैं उसे यह बात नहीं समझा सकता था, इसलिए मैंने उत्तर दिया-
‘महाराज शायद दिल्ली में ही होंगे।’
‘हां।’
‘खजाने भी बंद ही होंगे?’
‘हां।’
हम बूढ़े को आज के हालात समझाने के चक्कर में नहीं पड़ना चाहते थे। संक्षिप्त उत्तर ही उस समय वाजिब थे।
‘क्या आपको मालूम है कि पूरे बन्नी गांव में मेरे जितना किसी ने भ्रमण नहीं किया। मैं तो राजधानी भी घूम के आया हूँ।’ बूढ़े ने बड़ी शान से कहा।
‘राजधानी भी?’
‘हां! राजधानी भी।’
दालान से बाहर आकाश पर तारे दिखाई दे रहे थे। तारों को निहारते हुए वह बूढ़ा पुराने दिनों की यादों में खो गया- ‘अब्बू ने तब महाराज के लिए वार्षिक भेंट देने जाना था। मैं छोटा-सा था। अब्बू ने मुझे अपने कंधे पर बिठा लिया था। हमें वहां पहुंचते-पहुंचते कई दिन और कई रातें लग गई थीं। तब मैंने पहली बार महाराज के दर्शन किए थे।’
‘यह तो बहुत पुरानी बात है।’
‘हां, बीस-पच्चीस वर्ष तो हो ही चुके होंगे।’
बूढ़े की आयु उस समय लगभग 75 वर्ष दीखती थी। रियासतों की समाप्ति तो बहुत पहले हो चुकी थी। उसके हिसाब में कहीं बहुत बड़ा घपला था। मैंने पूछा, ‘बाबा! इस समय आपकी आयु कितनी है?’
‘उसकी आयु भी 20-25 ही होगी।’
‘…और तुम्हारी बहू की?’
‘बस यही 20-25 वर्ष…।’
‘नहीं बाबा! बहू की आयु तो आप लोगों से कुछ कम होगी?”
लेफ्टिनेंट ईमान मन ही मन मुस्कराते हुए बोला।
‘हां, क्या पता कम ही होगी, मैंने भी कभी पूछा नहीं है।’
बेचारे बूढ़े को बीस, पच्चीस से अधिक गिनती के बारे में कुछ ईल्म ही नहीं था। उसने अधिक गिनती करके हासिल भी क्या करना था?
दोनों औरतें सोने का नाटक कर रही थीं। बूढ़े की बातें सुन रही थीं, परंतु बूढ़े की बातों में दखलंदाजी करने की हिम्मत उनमें नहीं थी।
बन्नी गांव में समय ठहरा हआ था। बाहरी दुनिया से टूटकर ये लोग कैसे जीवनयापन कर रहे थे, यह जानने के लिए लेफ्टिनेंट ईमान ने उन्हें कुरेदना शुरू कर दिया- ‘बाबा! आपकी जरूरतें कैसे पूरी होती हैं?’
‘जरूरतें!’ बूढ़ा हँसा और बोला, ‘पुत्र! बन्नी में किस चीज की कमी है? सबकुछ यहां पर मौजूद है। जरूरत पड़ने पर एक-दूसरे के साथ चीजों को बांट लेते हैं।’
‘…. और नमक?’
‘एक आदमी वर्ष में एक-दो बार कहीं बाहर से नमक लेकर भी आता है और नमक के बदले वह हमसे अपनी जरूरत की वस्तुएं ले जाता है।’
‘वह आदमी कौन है?’
‘आदमी तो भगवान के ही भेजे होते हैं। वह भला और कौन हो सकता है?
लेफ्टिनेंट ईमान का भी बातें करने का उत्साह ठंडा पड़ गया। वह पासा पलटकर लेट गया! ब़ूढे बाबा के शब्दों ने उसे फिर झकझोर दिया- ‘पुत्र! अंग्रेज भला हिंदोस्तान से चले गए हैं?’
ईमान ने कोई जवाब देना उचित नहीं समझा।
जवाब में मैंने कहा- ‘बाबा! हां, पर यह बात तो बहुत पुरानी है। उन्हीं दिनों नेहरू प्रधानमंत्री बने थे।’
‘नेहरू तो फिर अंग्रेज नहीं होंगे।’ बूढ़े ने आत्म प्रलाप करते हुए कहा- ‘परंतु क्या पता नेहरू अंग्रेज ही हों!’
बूढ़े से बातें करने के पश्चात हमें अन्य कोई भी बात किसी से भी पूछने की कोई आवश्यकता नहीं थी।
वापसी का हमारा सफर कुछ सुगम और कुछ कम भी था। रास्ते में कहीं-कहीं छोटे-मोटे मकान दिखाई देते रहे थे।
गश्त के आखिरी दिन, सभी सैनिक उत्साह से भरे हुए थे। खाद्य सामग्री उठाने के लिए मजदूरों को जो पैसे उन्हें देने पड़ते थे, वे उन्होंने बचा लिए और परस्पर मिलकर सारा भार बांटकर उठा लिया।
‘सर, जवानों के लिए तो कोई बड़ा भोज होना चाहिए!’ सूबेदार मंगतराम ने बड़े जोश में कहा।
लेफ्टिनेंट ईमान ने उत्साह भरे स्वर में कहा- ‘साब, पलटन में जा कर बड़ा खाना अवश्य आयोजित होगा। रास्ते में अगर कहीं मुर्गे मिलें तो अवश्य खरीद लेना। बंद डिब्बों का खाना- दाल-भाजी खा-खाकर तो मुंह का स्वाद कुछ अजीब हो चुका है।’
रास्ते में खच्चर-डंडी के साथ लगते एक मकान के सामने कुछ मुर्गे और मुर्गियां चोगा चुग रहे थे। एक अधेड़ आदमी पत्थर बर बैठा मजे में हुक्का पी रहा था। सूबेदार मंगतराम ने आगे बढ़कर पूछा- ‘बड़े मियां, क्या मुर्गे बेचोगे?’
‘हां, बताओ कितने पैसे दोगे?’
‘दो रुपए।’ उसने अपनी ओर से कुछ मूल्य बढ़ कर कहा।
हमने जरूरत के अनुसार कुछ मुर्गे खरीद लिए और अपने रास्ते पर आगे बढ़ गए। हम 10-12 किलोमीटर का रास्ता तय कर चुके थे, जब हमारे एक जवान ने स्वभाववश पीछे देखा तो पाया कि पिछले मोड़ पर कोई हाथ दिखा कर सामने का इशारा कर रहा है।
यह वही आदमी था जिसने हमें मुर्गे बेचे थे। वह बदहवास था और उसकी सांस धौंकनी की भांति चल रही थी।
हमारे पास पहुंचकर उसने अपनी सांस पर नियंत्रण करने के बाद बहुत गुस्से में कहा, ‘तुम लोगों ने मेरे साथ धोखा किया है। तुमने मुझे मुर्गों का दाम बहुत कम दिया है।’
‘नहीं, कम पैसे तो नहीं दिए। तुमने जितने मांगे, हमने गिनकर तुम्हें थमा दिए।’ सूबेदार मंगतराम ने स्पष्ट किया।
‘मेरा बेटा स्कूल में पढ़ता है, उसे सब पता है।’ उसने पूरे दावे के साथ कहा है कि एक मुर्गे का दाम दो रुपए बहुत कम होता है।’
मैं उस पहाड़िए की सादगी पर बहुत मुस्कराया। दस रुपए का एक और नोट उसे थमाते हुए कहा- ‘मियां, अब तो पैसे कम नहीं हैं न?’
दस रुपए लेकर पहाड़िया बड़ी उमंग में वहां से मुड़ गया। इतने लंबे तय किए रास्ते का उसके चेहरे पर कोई मलाल नहीं दिखा।
दोपहर के समय हम उसी स्थान पर पहुंच गए जहां से एक सप्ताह पहले रुखसत हुए थे।
फौजी ट्रक ने हमें दोपहर ढलने के बाद लेने आना था। जवानों ने पिट्ठू उतारकर एक कतार में रख दिए और हथियारों की सफाई करने लगे। जिन जवानों की ड्यूटी खाना बनाने की थी, वे अपने काम में जुट गए और उन्होंने लकड़ियां इकट्ठी करके आग जला ली।
मैंने और लेफ्टिनेंट ईमान ने वापिस पहुंचकर इस लंबी गश्त के विषय में अपनी-अपनी रिपोर्ट पेश करनी थी। बन्नी के इलाके में मीलों-मील सरहद खुली पड़ी थी। कहीं पर भी कोई रोक-टोक नहीं थी। कोई किसी भी दिशा से आकर हिंदोस्तान में प्रवेश कर सकता था। अगर यहां पर सुरक्षा-हित फौजी चौकी स्थापित की जाए तो उसके लिए कौन-कौन से प्रशासनिक मामले दरपेश आएंगे, मुझे बस इस दृष्टि से अपनी रिपोर्ट पेश करनी थी।
लेफ्टिनेंट ईमान की रिपोर्ट सुरक्षा के मामले के साथ जुड़ी हुई थी। उसे अपनी रिपोर्ट में बन्नी के लोगों की रोजमर्रा जिंदगी के विषय में बताना था, उनकी आर्थिक दशा पर भी प्रकाश डालना था। वह उनके बारे में क्या लिखेगा, यह सोच रहा था।
बन्नी के लोगों के संकल्प में न कोई अलग देश था और न ही कोई हदबंदी थी। वे किसी सरहद को नहीं जानते थे। वे बेझिझक, बिना किसी रोक-टोक के सरहद की लकीरें पार कर जाते थे। तथाकथित सरहदों के पार उनकी रिश्तेदारियां थीं, जहां उनका आना-जाना लगा रहता था।
हम जिन लोगों में दुश्मनी की गंध सूंघने गए थे, वे लोग तो परिंदों की भांति मासूम और निश्छल थे। उनकी दृष्टि में कोई सीमाबद्धता नहीं थी। उनकी उड़ान स्वच्छंद थी। किसी सरहद की मोहताज नहीं थी।
लेफ्टिनेंट ईमान बाकी लोगों से हटकर एक पत्थर से पीठ सटाकर बैठ गया और अपनी रिपोर्ट लिखने लगा।
मैं उसके पास जाकर हँस पड़ा- ‘कम ऑन ईमान! रिलैक्स! उन्हें कोरा कागज पकड़ा देना और कहना- यही है मेरी रिपोर्ट!’
मेरी बात सुनकर वह खामोश रहा और बिलकुल नहीं मुस्कराया।
उस समय मैं उसकी चुप्पी की थाह नहीं पा सका! हम बन्नी गांव के लोगों में दुश्मनी की टोह लेने गए थे, परंतु वे सचमुच पूरे मनुष्य थे। उन्होंने हमारी सांस्कृतिक धरोहर को मलिन नहीं होने दिया था। उनके लिए हर आदमी ‘रब’ का बाशिंदा था।
![]() |
नीलम गोयल |
संपर्क :
जसबीर भुल्लर, 582, फेज– 3-ए, मोहाली-160059, पंजाब मो.9781008582
नीलम गोयल,1595 सेक्टर 38बी, चंडीगढ़-160036 मो.9855136369


